December 23, 2025 8:49 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के तहत भारत के निर्यात पर लगने वाला 100 प्रतिशत शुल्क समाप्त। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- इस समझौते से नवाचार, विनिर्माण और निर्यात में व्‍यापक निवेश की संभावना।
  • इस वर्ष नवंबर महीने में आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में एक दशमलव आठ प्रतिशत की वृद्धि।
  • कृषि मंत्रालय के अनुसार, देश में इस वर्ष अब तक 5 सौ 80 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी फसल बोई गयी।
  • संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरस ने बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा पर चिंता व्यक्त की। कहासभी अल्पसंख्यकों को सुरक्षित महसूस करना चाहिए।
  • महिला क्रिकेट में, भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी-20 मैच आज विशाखापट्टणम में।

*******

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता-(एफटीए) वार्ता के बाद भारत द्वारा न्यूजीलैंड को निर्यात किए जाने वाले माल पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। मुक्‍त व्‍यापार समझौता दोनों देशों के बीच निवेश साझेदारी को उल्‍लेखनीय रूप से मज़बूत करेगा। इस समझौते के हिस्‍से के रूप में न्‍यूजीलैंड ने अगले पंद्रह सालों में भारत में बीस बिलियन अमरीकी डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। एफटीए पर केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि हम जल्‍द ही कनाडा के साथ भी टर्म्‍स ऑफ रेफ्रेंस पर चर्चा शुरू करने जा रहे हैं।

यह फाइव आइज़ देशों के साथ हमारा तीसरा मुक्त व्यापार समझौता हैऑस्ट्रेलिया और यूनाइटेड किंग्डम के बाद अब न्यूज़ीलैंड के साथ। हम जल्द ही कनाडा के साथ भी टर्म्स ऑफ़ रेफ़रेंस पर चर्चा शुरू करने जा रहे हैं। वहीं अमरीका के साथ हमारी बातचीत पहले से ही उन्नत चरण में है, जो वैश्विक भूराजनीति में भारत के बढ़ते रणनीतिक महत्व को दर्शाती है।

श्री पीयूष गोयल ने बताया कि एफटीए किसानों, उद्योगपतियों, छात्रों और नवोन्‍मेषकों को व्‍यापार निर्माण में कई अवसर प्रदान करेगा। उन्‍होंने कहा कि यह समझौता एक बड़े रूप में व्‍यापार, पर्यटन, अनुसंधान एवं विकास, शिक्षा, नवोन्‍मेषक और सेवाक्षेत्रों विशेषकर किसानों के लाभ और डेयरी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की गुणवत्‍ता, उत्‍पादन और आय बढ़ाने में सहायता करेगा। श्री गोयल ने उल्‍लेख किया कि यह आपसी समझौता भारत और न्‍यूजि़लैंड की आर्थिक साझेदारी तथा आधुनिक भारत की एक विकसित राष्‍ट्र बनने की यात्रा में मजबूती प्रदान करेगा। नई पीढी की व्‍यापारिक साझेदार का प्रतिनिधित्‍व करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्‍व में तीसरा मुक्‍त व्‍यापार समझौता इस साल संपन्‍न हुआ। श्री गोयल ने कहा कि एफटीए विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अंतर्गत वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, समावेशी और लचीली अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

न्यूज़ीलैंड के साथ यह मुक्त व्यापार समझौता व्यापार, शिक्षा, अनुसंधान और विकास तथा नवाचार को शामिल करता है। इसमें सेवाओं के क्षेत्र जैसेपर्यटन और खेल को भी बड़े पैमाने पर शामिल किया गया है। विशेष रूप से यह समझौता तकनीकी सहयोग के माध्यम से हमारे किसानों और डेयरी क्षेत्र को लाभ पहुँचाएगा, जिससे गुणवत्ता, उत्पादकता और किसानों व डेयरी कर्मियों की आय में वृद्धि होगी।

*******

इस वर्ष नवंबर महीने में आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में एक दशमलव आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एक रिपोर्ट…

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि सीमेंट, इस्‍पात, उर्वरक और कोयले के उत्‍पादन में नवंबर महीने में सकारात्‍मक वृद्धि दर्ज हुई है। मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष नवंबर महीने में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में कोयला उत्‍पादन में दो दशमलव एक प्रतिशत, उर्वरक उत्‍पादन में पांच दशमलव छह प्रतिशत, सीमेंट उत्‍पादन में 14 दशमलव पांच प्रतिशत और इस्‍पात उत्‍पादन में छह दशमलव एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नवंबर महीने में कच्‍चे तेल के उत्‍पादन में तीन दशमलव दो प्रतिशत और प्राकृतिक गैस उत्‍पादन में दो दशमलव पांच प्रतिशत की गिरावट आई है। समाचार कक्ष से मैं, मनोज।

*******

देश में इस वर्ष अब तक 5 सौ 80 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी फसल बोई गयी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 8 लाख हेक्टेयर अधिक है। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने इस महीने की 19 तारीख तक रबी फसलों के अंतर्गत की गई बुआई की प्रगति की रिपोर्ट जारी की। मंत्रालय ने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान तीन लाख हेक्‍टेयर की तुलना में इस वर्ष गेहूं की बुवाई 301 लाख हेक्टेयर से ज्‍यादा भूमि पर हुई है। 126 लाख हेक्‍टेयर में दलहन की खेती हुई जबकि धान की रुपाई में तेरह लाख हेक्‍टेयर से ज्‍यादा की वृद्धि हुई।

*******

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि पिछले ग्यारह वर्षों में नरेन्‍द्र मोदी सरकार के अंतर्गत देश के स्वास्थ्य सेवा परिदृश्‍य में बडा बदलाव आया है। श्रीमती पटेल ने कल नई दिल्ली में वर्धमान महावीर चिकित्‍सा महाविद्यालय और सफदरजंग अस्पताल के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्‍य सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा को सुलभ और किफायती बनाना है। उन्‍होंने बताया कि देश में चिकित्‍सा महाविद्यालयों, एमबीबीएस की सीटों सहित स्‍नातोकत्‍तर पाठ्यक्रमों की सीट में व्‍यापक वृद्धि हुई है।

आयुष्मान भारतप्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आज देश के 62 करोड़ से अधिक नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के माध्यम से ब्रांडेड दवाओं की तुलना में बहुत कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं सभी के लिए सुलभ हों।

राज्यमंत्री ने कहा कि आयुष्‍मान भारत योजना और प्रधानमंत्री जन औषधि योजना से आम जनता को व्‍यापक लाभ हो रहा है।

देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 800 से अधिक हो गई है। पहले एमबीबीएस की सीटें लगभग 51 हजार थीं, जो आज बढ़कर 1 लाख 28 हजार से अधिक हो चुकी हैं। इसी तरह पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सीटें 31 हजार से बढ़कर करीब 82 हजार हो गई हैं। देश में एम्स की संख्या भी 7 से बढ़कर 23 हो गई है। यह हमारी पिछले साढ़े ग्यारह वर्षों की यात्रा है।

श्रीमती पटेल ने बताया कि देश भर में एक लाख 78 हजार से ज्‍यादा आयुषमान आरोग्‍य मंदिर भी कार्य कर रहे हैं जो लोगों को व्‍यापक स्‍तर पर प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करा रहे हैं।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

रिज़र्व बैंक ने कहा है कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में घरेलू मांग में मजबूती के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था में पिछली छह तिमाहियों में सबसे तेज़ वृद्धि हुई है। जुलाई से सितंबर के बीच अर्थव्यवस्था में वृद्धि दर छह तिमाहियों में सबसे अधिक आठ दशमलव दो प्रतिशत रही। पिछली तिमाही में यह सात दशमलव आठ प्रतिशत थी।

*******

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत पहले चरण में लगभग 32 लाख अचिह्नित मतदाताओं को सुनवाई के बुलाया जाएगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने यह जानकारी दी। गणना के दौरान, राज्य भर में कुल 31 लाख 68 हज़ार 424 अचिह्नित मतदाताओं का पता लगा था। अधिकारियों ने कहा कि 2002 की मतदाता सूची में परिवार के सदस्यों से नाम न मिलने वाले मतदाताओं के लिए 27 दिसंबर से सुनवाई शुरू होगी।

*******

संयुक्‍त राष्‍ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरश ने बांग्‍लादेश पर बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि सभी अल्‍पसंख्‍यकों को सुरक्षित महसूस करना चाहिए। संयुक्‍त राष्‍ट्र बांग्लादेश में हाल की हिंसा पर चिंता जताई है। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने कहा कि बहुसंख्‍यक समुदाय से संबंध नहीं रखने वाले लोगों की रक्षा की जानी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि मोहम्‍मद युनुस की अंतरिम सरकार प्रत्‍येक बांग्‍लादेशी को सुरक्षित रखने के लिए कार्य करेंगे।   पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पिछले वर्ष अगस्‍त महीने में बर्खास्‍तगी के बाद राजनीतिक अशांति बढ़ने के बाद हिंसा में बढ़ोतरी हुई है। इस महीने की शुरूआत में इंकलाब मंच के प्रवक्‍ता युवा नेता शरीफ उस्‍मान हादी की हत्‍या ने तनाव को और बढ़ा दिया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने पिछले सप्‍ताह शांति का आह्वान किया।

*******

इधर, नई दिल्‍ली स्थित बांग्‍लादेश उच्‍चायोग ने अपरिहार्य परिस्थितियों के मद्देनज़र वीज़ा जारी करने सहित सभी कांसुलर सेवाओं को अस्‍थायी रूप से निरस्‍त कर दिया है। बांग्‍लादेश के विदेश मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार अगले नोटिस तक यह निलंबन प्रभावी रहेगा। बांग्‍लादेश के एक अग्रणी दैनिक द बिजनेस स्‍टैंडर्ड ने सोमवार को इस खबर की पुष्टि की।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने अमरीकी नौसेना के लिए अपने गोल्‍डन फ्लीट दृष्टिकोण के हिस्‍से के रूप में एक नया और विशाल युद्धपोत बनाने की घोषणा की है। फ्लोरीडा में अपने रिज़ार्ट मार-ए-लागो में उन्‍होंने कहा कि ये सबसे तेज़, बड़ा और अब तक बने युद्धपोतों से सौ गुना ज्‍यादा  ताकतवर होगा। ट्रम्‍प के अनुसार यह युद्धपोत दूसरे विश्‍व युद्ध के दौर के आयोवा-श्रेणी के युद्धपोतों से बहुत बड़ा होगा और इसमें हाईपरसॉनिक प्रक्षेपास्‍त्र, रेलगन, उच्‍च शक्ति की लेज़र तकनीकों से लैस होगा। इन तकनीकों को अभी नौसेना द्वारा विकसित किया जा रहा है। नौसेना ने एक महीना पहले बढ़ती देरी और लागत में वृद्धि का हवाला देते हुए एक नए छोटे युद्धपोत के निर्माण की अपनी योजना को रद्द कर दिया था। 

*******

अमरीका का ए.एस.टी. स्पेसमोबाइल ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 संचार उपग्रह कल स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजकर 54 मिनट पर इसरो द्वारा एल.वी.एम-थ्री-एम. सिक्‍स रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। यह सेटेलाइट विशेष हार्डवेयर के बगैर मानक स्‍मार्ट फोन के लिए प्रत्‍यक्ष सेल्‍युलर ब्रॉडबैंड की सेवा प्रदान करेगा। इसका उद्देश्‍य अंतरिक्ष से सीधे वैश्विक 4-जी/5-जी कनेक्टिविटी, कॉल को सक्षम बनाने, वेब पहुंच और वीडियो सेवाएं प्रदान करना है।

*******

भारत ने अफगानिस्तान को निरंतर मानवीय सहायता और स्वास्थ्य सेवा सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने पिछले सप्ताह भारत दौरे पर आए अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान यह बात कही। विदेशमंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस बैठक के दौरान कैंसर की दवाओं और टीकों का प्रतिकात्‍मक हस्‍तांतरण किया गया। अफगानिस्‍तान की स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भारत से दवाईयों, टीकों और और 128-स्लाइस सीटी स्कैनर की एक बड़ी खेप अफगानिस्‍तान भेजी जा रही है। अफगानिस्‍तान के मंत्री 16 से 21 दिसम्‍बर तक भारत के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली में पारंपरिक चिकित्सा पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के दूसरे वैश्विक शिखर सम्मेलन में भी भाग लिया।

*******

महिला क्रिकेट में, भारत और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला का दूसरा मैच आज विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। भारत ने श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पिछले मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हराया था।

*******

मौसम विभाग ने बिहार के अलग-अलग स्‍थानों पर आज ठंड की स्थिति रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने पंजाब में अलग-अलग स्‍थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है। हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्‍थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोज़ी।

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच मुक्‍त व्‍यापार समझौते पर सहमत होने का समाचार सभी अख़बारो की पहली सुर्खी बनी है। अमर उजाला की ख़बर है- एफ.टी.ए. पर भारत-न्‍यूजीलैंड सहमत, 15 साल में आएगा बीस अरब डॉलर का निवेश। राजस्‍थान पत्रिका लिखता है- भारत के किसानों, व्‍यापारियों के लिए खुला न्‍यूजीलैंड का बाज़ार। एयर इंडिया के विमान में आई तकनीकी ख़राबी, बीच सफर से लौटने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग- दैनिक जागरण की सुर्खी है। पत्र लिखता है- पिछले सात दिनों में एयर इंडिया की उड़ान के साथ हुई ये दूसरी घटना।  आई.टी. शेयरों में शुरू हुई तेजी, चार दिन में चार प्रतिशत उछाल, सेंसेक्‍स एक प्रतिशत चढ़ा- दैनिक भास्‍कर के कारोबार पन्‍ने की ख़बर है। जनसत्‍ता ने दिल्‍ली-एन.सी.आर. सहित उत्‍तर भारत में कडाके की ठंड की ख़बर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- दिल्‍ली में सुबह और शाम कोहरे का अनुमान, राष्‍ट्रीय राजधानी में 14 उड़ानें रद्द, उत्‍तर भारत में कड़ाके की ठंड, घाटी में पारा हिमांक से नीचे।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के तहत भारत के निर्यात पर लगने वाला 100 प्रतिशत शुल्क समाप्त। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- इस समझौते से नवाचार, विनिर्माण और निर्यात में व्‍यापक निवेश की संभावना।
  • इस वर्ष नवंबर महीने में आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में एक दशमलव आठ प्रतिशत की वृद्धि।
  • कृषि मंत्रालय के अनुसार, देश में इस वर्ष अब तक 5 सौ 80 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी फसल बोई गयी।
  • संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरस ने बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा पर चिंता व्यक्त की।
  • महिला क्रिकेट में, भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी-20 मैच आज विशाखापट्टणम में।

*******