मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत की। चक्रवात दित्वा से हुई तबाही के बाद निरंतर सहायता का आश्वासन दिया।
- सरकार का भारत में उपयोग के लिए निर्मित या आयातित मोबाइल हैंडसेट में संचार साथी ऐप पहले से इंस्टॉल करने का निर्देश।
- काशी–तमिल संगमम का चौथा संस्करण आज शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू होगा।
- अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीकृत लोगों की संख्या 8 करोड़ 34 लाख से अधिक हुई। इनमें 48 प्रतिशत महिलाएं।
- महिला हॉकी जूनियर विश्व कप में भारत ने नामीबिया को 13-शून्य से हराकर अभियान की शुरूआत की।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका से कल टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान श्री मोदी ने श्रीलंका में चक्रवात दित्वा से प्रभावित लोगों को बचाव और राहत प्रदान करने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु के अंतर्गत भारत की निरंतर सहायता का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि महासागर परिकल्पना और सबसे पहले सहायता प्रदाता की स्थिति के अनुरूप भारत, श्रीलंका को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करना जारी रखेगा। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति दिसानायक ने आपदा में भारत की सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। श्री मोदी ने चक्रवात दित्वा के कारण श्रीलंका में हुई जान-माल की हानि और व्यापक तबाही पर अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
—–
इस बीच श्रीलंका में चक्रवात दित्वा के कारण बाढ और भूस्खलन की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार इससे तीन सौ 90 लोगों के मारे जाने और तीन सौ 52 लोागों के लापता होने की खबर है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है। भारत के एसी 130 जे विमान के जरिए लगभग 10 टन चिकित्सा सहायता भेजी गई है। इसमें भीष्म मॉड्यूलर ट्रॉमा क्यूब और वायु सेना का चिकित्सा दल शामिल है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आईएनएस सुकन्या, श्रीलंका के पूर्वी प्रान्त में स्थित त्रिकोमाले पहुंचा। इसमें 12 टन आवश्यक सामग्री भेजी गई।
श्रीलंका में बचाव कार्य तेज़ हो गए हैं, जहां भारतीय टीमें स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। भारतीय वायु सेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों ने बाढ़ग्रस्त इलाकों से 96 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला, जिनमें तीन गंभीर रूप से घायल लोग भी शामिल थे। हेलीकॉप्टरों ने साढे पांच टन से ज़्यादा राशन और दवाईयां भी उन क्षेत्रों में पहुँचाई जो पूरी तरह कट चुके हैं। ज़मीन पर, एनडीआरएफ टीमें लगातार जीवन बचाने के मिशन में लगी हुई है और उन्होंने 43 लोगों को-जिनमें छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएँ और बुज़ुर्ग शामिल हैं, उनको उन जगहों से निकाला जहां सड़क का रास्ता नहीं है। बादुल्ला में, अधिकारियों ने पाँच फ़ीट से अधिक मलबे के नीचे से एक मृत व्यक्ति को बरामद किया और वहां खोज अभियान अभी भी जारी है। बडी नदियों में पानी फिर बढ़ने का खतरा बना हुआ है, और ऐसे समय में भारत का ऑपरेशन सागर बंधु पूरी तरह से सक्रिय है, राहत दलों को मज़बूती समर्थन देते हुए और श्रीलंका की मुश्किल घडी में साथ खड़ा हुआ। अहमदमुई फारूखी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
—–
सरकार ने मोबाइल हैंडसेट की प्रमाणिकता की पुष्टि के लिए मोबाइल में संचार साथी ऐप, पहले से इंस्टॉल करने के निर्देश जारी किए हैं। एक रिपोर्ट…
नागरिकों को नकली हेंडसेट खरीदने से बचने, दूरसंचार संसाधनों के संदिग्ध दूरपयोग की आसान रिपोर्टिंग और संचार साधन पहल की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए दूरसंचार विभाग ने मोबाइल हैंडसेट निर्माता और आयातकों को भारत में उपयोग के लिए निर्मित या आयातित, सभी मोबाइल हैंडसेट में संचार साथी मोबाइल एप्लिकेशन पहले से इंस्टॉल करने का निर्देश दिया है। विभाग ने कहा कि पहले से इंस्टॉल किया गया संचार साथी एप्लिकेशन अंतिम उपयोगकर्ताओं के लिए पहली बार उपयोग करने या डिवाइस सेटअप करने पर आसानी से दिखाई देने योग्य और सुलभ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एप्लीकेशन की कार्यक्षमता को अक्षम या प्रतिबंधित नहीं किया जाना चाहिए। विभाग ने मोबाइल हैंडसेट निर्माता और आयातकों को यह भी निर्देश दिया है कि वह पहले से निर्मित और भारत में बिक्री चैनलों में मौजूद उपकरणों में साफ्टवेयर अपडेट के माध्यम से साथी एप को पहुंचाने का प्रयास करे। विभाग ने निर्माता को 90 दिनों के भीतर कार्यान्वयन पूरा करने और 120 दिनों में रिपोर्ट जमा करने को कहा है। शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—–
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
—–
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कल लोकसभा में कहा कि अटल पेंशन योजना में आठ करोड़ 34 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। इनमें 48 प्रतिशत महिलाएं हैं।
मई 2015 में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा प्रणाली के माध्यम से सशक्त बनाना है। यह योजना 18 से 40 वर्ष के नागरिक के लिए है जिसका बैंक या डाकघर में बचत खाता हो। लाभार्थी, 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन लाभ प्राप्त कर सकता हैं। वर्ष 2035 से ये लाभ मिलने की संभावना है।
—–
सकल वस्तु और सेवा कर -जीएसटी संग्रह नवंबर 2024 की तुलना में पिछले महीने शून्य दशमलव सात प्रतिशत बढ़कर एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। पिछले वर्ष इसी अवधि में कुल सकल जीएसटी राजस्व एक लाख 69 हजार करोड़ रुपये था।
—–
भारत को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव सहायता संस्थान -इंटरनेशनल आइडिया की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित किया गया है। भारत की ओर से, मुख्य निर्वाचन आयुक्त, ज्ञानेश कुमार कल स्वीडन के स्टॉकहोम में इसकी अध्यक्षता करेंगे। श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों के सफल संचालन के लिए पहचानती और स्वीकार करती है।
भारत में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनावों के सफल संचालन को आज पूरा विश्व जानता भी है और मानता भी है और इसीलिए विश्व के 37 जनतांत्रिक देशों के प्रतिष्ठित समूह ने अपने तीस वर्षों के इतिहास में पहली बार भारत को इंटरनेशनल इंस्टीटयूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्ट्रोल अस्सिटेंट इंटरनेशनल आईडीया के अध्यक्ष के रूप में आमंत्रित किया है। यह भारत के सभी नागरिकों और सभी चुनावकर्मियों के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।
—–
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दो हजार 208 मतदान केंद्रों पर सौ प्रतिशत गणना प्रपत्र जमा करने के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जिला निर्वाचन अधिकारियों को आज सुबह 10 बजे तक रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।
आयोग के विशेष मतदाता सूची पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए जनता, राजनीतिक दलों और संगठनों के साथ परामर्श शुरू कर दिया है।
—–
काशी-तमिल संगमम का चौथा संस्करण आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसका उद़्देश्य उत्तर और दक्षिण के बीच संबंधों को मजबूत करना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विशाल उदघाटन समारोह आज शाम नमो घाट पर आयोजित होगा।
इस बार के काशी तमिल संगमम 4.0 का मूल मंत्र है, “आइए तमिल सीखें – यानी तमिल करकलम।” यह संस्करण तमिल भाषा सीखने की भावना को केंद्र में रखता है, और इस विश्वास को आगे बढ़ाता है कि सभी भारतीय भाषाएं एक साझा भारतीय भाषा परिवार का हिस्सा हैं। उद्घाटन समारोह में काशी और तमिलनाडु के पारंपरिक कलाकार एक साथ मंच पर प्रस्तुति देकर विविधतापूर्ण भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम प्रदर्शित करेंगे। काशी में होने वाले इस आयोजन में 1400 से ज्यादा प्रतिनिधि तमिलनाडु से शामिल होंगे। इनमें- छात्र, शिक्षक, लेखक और मीडिया पेशेवर, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लोग, कारीगर, महिलाएं और आध्यात्मिक विद्वान शामिल हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
—–
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने दिल्ली कार विस्फोट मामले की जांच के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर तलाशी ली है। अभिकरण ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के शोपियाँ, कुलगाम, पुलवामा और अवंतीपुरा में आठ तथा लखनऊ में एक जगह पर तलाशी ली गई। इस दौरान डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री ज़ब्त की गई। इस मामले में अब तक सात प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
—–
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने 35 वर्ष पुराने मामले में भगोड़े शफात अहमद शांगलू को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पूर्व गृह मंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी डॉक्टर रुबिया सईद के अपहरण से जुड़ा है। आरोपी ने यासीन मलिक और अन्य के साथ मिलकर इस अपहरण का षड़यंत्र रचा था।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा ज़िया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
—–
नौसेना दिवस के उपलक्ष्य में, कल शाम तिरुवनंतपुरम में नौसेना शक्ति प्रदर्शन पूर्व अभ्यास हुआ। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कल होने वाले मुख्य अभ्यास में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्र के गौरव, आईएनएस विक्रांत ने कल शाम शंखमुखम में फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लड़ाकू विमानों के विमानवाहक पोत से उड़ान भरते ही भीड़ मंत्रमुग्ध हो गई। जहाज़ की दुर्घटना की नकली स्थिति के दौरान किए गए बचाव कार्यों के प्रदर्शन ने भी ज़ोरदार तालियां बटोरीं। नौसेना के जवान रस्सियों के सहारे हेलीकॉप्टर से उतरे, बचाव नौकाओं तक पहुंचे और जहाज़ पर जाकर निकासी प्रक्रियाएं पूरी की। यह दृश्य वास्तविक आपातकालीन ऑपरेशन जैसा लग रहा था। कार्यक्रम का समापन नौसेना परेड के साथ हुआ, जिसमें भारतीय नौसेना ने अनुशासन और शक्ति का प्रदर्शन किया। तिरूवंतरपुरम से स्मिथी एम पल्लुरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
—–
भारतीय रेलवे ने तीन महिला क्रिकेटरों – प्रतीका रावल, स्नेह राणा और रेणुका सिंह ठाकुर को ग्रुप बी अफसर ग्रेड के विशेष कार्य अधिकारी -ओएसडी के पद पर पदोन्नत किया है। रेल मंत्रालय ने कहा कि इस वर्ष आईसीसी महिला विश्व कप में उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए उन्हें यह पदोन्नति दी गई है।
—–
महिला हॉकी जूनियर विश्व कप में कल भारत ने नामीबिया को 13-शून्य से हरा दिया। हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक तथा साक्षी राणा ने दो गोल किए। बिनीमा धन, सोनम, साक्षी शुक्ला, इशिका और मनीषा ने भी एक-एक गोल किया। शुक्रवार को भारत का सामना आयरलैंड से होगा।
उधर, तमिलनाडु के मदुरई में पुरुष जूनियर विश्व कप के नॉकआउट चरण से पहले अंतिम ग्रुप लीग मुकाबले में आज भारत स्विट्जरलैंड से खेलेगा। मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होगा।
—–
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और पंजाब के कुछ हिस्सों में आज शीत लहर की संभावना व्यक्त की है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में है। आज सवेरे सात बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 333 दर्ज किया गया।
—–
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
—–
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।
- संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एसआईआर पर हंगामे को आज हिन्दुस्तान सहित सभी अखबारों ने प्रमुखता दी है। राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- प्रधानमंत्री मोदी की विपक्ष को नसीहत-संसद में ड्रामा नहीं, डिलिवरी होनी चाहिए।
- जनसत्ता लिखता है- दिल्ली एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर सर्वोच्च न्यायालय ने चिंता जताई, कहा- अब हम चुप नहीं बैठ सकते, समाधान निकालना आवश्यक। दैनिक भास्कर ने लिखा है- दिल्ली में प्रदूषण के मामलों पर हर महीने दो बार होगी सुनवाई, न्यायालय ने कहा -पराली जलाने पर राजनीति न हो। दैनिक जागरण का कहना है- देश के दस सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में नौ एनसीआर के।
- अमर उजाला ने बताया है- सर्वोच्चय न्यायालय ने डिजिटल अरेस्ट मामले की जांच सीबीआई को सौंपी, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत सभी राज्यों को सहमति देने को कहा।
- राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- साइबर सुरक्षा को अभेद्य बनाने की तैयारी, फोन में संचार साथी ऐप जरूरी। कंपनियों को नब्बे दिन में करना होगा ऐप को फोन में प्री इंस्टॉल।
- सरकार द्वारा दिल्ली समेत सात हवाई अड्डों पर जीपीएस सिग्नल से छेड़छाड़ की घटनाओं को स्वीकार करने को हिन्दुस्तान सहित अधिकांश अखबारों ने प्रकाशित किया है।
- नवभारत टाइम्स की खबर है- दुनिया की सौ सबसे बड़ी हथियार बनाने वाली कंपनियों में भारत की हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स, मझगांव डॉक शिप बिल्डर्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स भी शामिल।
- कल अंतरराष्ट्रीय गीता महोसत्व पर दैनिक भास्कर ने लिखा है- पांच हजार पहले भगवान श्रीकृष्ण के मुख से निकली गीता एक बार फिर धर्म नगरी कुरूक्षेत्र के साथ देश दुनिया में गाई गई। एक साथ 21 हजार बच्चों ने अष्टादश गीता श्लोकों का उच्चारण किया।
—–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत की। चक्रवात दित्वा से हुई तबाही के बाद निरंतर सहायता का आश्वासन दिया।
- सरकार का भारत में उपयोग के लिए निर्मित या आयातित मोबाइल हैंडसेट में संचार साथी ऐप पहले से इंस्टॉल करने का निर्देश।
- काशी-तमिल संगमम का चौथा संस्करण आज शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू होगा।
- अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पंजीकृत लोगों की संख्या 8 करोड़ 34 लाख से अधिक हुई। इसमें 48 प्रतिशत सदस्य महिलाएं।
- महिला एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप में भारत ने नामीबिया को 13-शून्य से हराया।
—–