November 28, 2025 9:05 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक और गोवा में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भगवान राम की 77 फुट ऊँची कांस्य प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लखनऊ में भारत स्काउट्स और गाइड्स के 19वें राष्ट्रीय जम्बूरी को संबोधित करेंगी।

  • विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने उच्च शिक्षा संस्थानों से निर्धारित समय पर परीक्षाएं कराने और डिग्र‍ियां तथा प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया।

  • 56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज शाम गोवा में संपन्न होगा।

  • हांगकांग आवासीय परिसर में आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 94 हुई। 280 से ज़्यादा लोग लापता।

  • चक्रवात दित्वा से देश के पूर्वी तट पर मूसलाधार बारिश की आशंका।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कर्नाटक और गोवा के दौरे पर रहेंगे। बेंगलुरु से हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री कर्नाटक के उडुपी में श्री कृष्ण मठ में लक्ष कंठ गीता पारायण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के उडुपी में स्थित कृष्ण भगवान मंदिर में आयोजित कोटि गीत लेखन यज्ञ अभियान में भाग लेंगे। उडुपी प्रयाय पुथिगे मठ द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा आज स्वर्ण लेपित तीर्थ मंडप का उद्घाटन भी होगा और सोने का कनका किंडी समर्पित होगा। यह माना जाता है कि भक्त कनकदास को अपने दर्शन देने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने यह खिड़की खोली थी, जिसे कनका किंडी कहा जाता है। आज प्रधानमंत्री के आगमन की वजह से जिला प्रशासन ने वाहन संचार और पार्किंग पर निर्बंध जारी किया है। सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक यह निर्बंध जारी रहेंगे। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

पणजी से हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री गोवा में सारधा पंचाष्टमोत्सव के अवसर पर श्री संस्थान गोकर्ण परतगली जीवोत्तम मठ के 550वें वर्ष समारोह में भाग लेंगे।

 

प्रधानमंत्री गोवा के पार्तगली में भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे| इसके अलावा वे रामायण थीम पर आधारित नए थीम पार्क गार्डन और भगवान राम को समर्पित दस हज़ार वर्ग फुट के संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक विशेष डाक टिकट और सिक्के का अनावरण भी करेंगे, इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक महोत्सव में देशविदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह महोत्सव सात दिसंबर तक जारी रहेगा। आकाशवाणी समाचार के लिए पणजी से महेश चोपड़े।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लखनऊ में दो कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति ब्रह्माकुमारी के वर्ष 2025-26 की वार्षिक थीम, विश्व एकता और विश्वास के लिए ध्यान के आरंभिक समारोह में शामिल होंगी। एक रिपोर्ट

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे को लेकर ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. मृत्युंजय ने बताया कि शुभारंभ के बाद राष्ट्रपति यहाँ प्रशिक्षण केंद्र में ध्यान भी करेंगी और पाँच महिलाओं और पाँच पुरुषों को ध्वज और कलश वितरित करेंगे। दोपहर बाद राष्ट्रपति भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के हीरक जयंती समारोह के समापन सत्र को संबोधित करेंगी। 61 वर्षों के अंतराल के बाद लखनऊ में हो रहे इस आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों से लगभग 33,000 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स, के साथ ही 1,500 से ज्यादा युवा प्रतिनिधि  भाग ले रहे हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतेज़ाम किए गए है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

*******

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने उच्च शिक्षा संस्थानों से निर्धारित समय पर परीक्षाएं आयोजित करने और उपाधियां तथा प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा कि इसमें देरी से विद्यार्थियों को अवसरों का नुकसान होता है। उन्हें उपयुक्त तथा गुणवत्तापूर्ण रोज़गार पाने में बाधा आती है। आयोग ने कहा कि विद्यार्थी शैक्षणिक कैलेंडर में निर्धारित समय पर परीक्षा देने, करने और परिणाम प्राप्‍त करने के हकदार हैं। आयोग ने कहा कि विद्यार्थी परिणाम घोषित होने के 180 दिनों के भीतर डिग्री प्राप्त करने के भी हकदार हैं। यह भी कहा गया है कि नियमों का पालन न करने की स्थिति में आयोग दंडात्मक कार्रवाई करेगा।

*******

केरल में एझिमाला के भारतीय नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड कल होगी। प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष, जनरल अनिल चौहान, परेड का निरीक्षण करेंगे।

 

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि आयोजन के बाद कैडेट भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों की नौसेनाओं में अधिकारी के रूप में शामिल होंगे।

 

बांग्लादेश, मॉलदीव, मोज़ाम्बिक, म्यांमार, सेशेल्स, श्रीलंका और वियतनाम के प्रशिक्षु भी परेड में भाग लेंगे।

*******

इस बीच, तिरुवनंतपुरम के पास संगुमुखम समुद्र तट पर 3 दिसंबर को होने वाले नौसेना के संचालन प्रदर्शन की तैयारियां ज़ोरों पर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।

*******

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कल नई दिल्ली में बुर्किना फ़ासो की ट्रांज़िशनल लेजिस्लेटिव असेंबली के अध्यक्ष उस्माने बोगौमा के नेतृत्‍व में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री बिरला ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच आपसी संबंधों और बढ़ती साझेदारी पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

*******

नरेन्‍द्र मोदी सरकार के विभिन्‍न क्षेत्रों में जीएसटी दर घटाने के बाद, 22 सितम्‍बर को शुरू हुए जीएसटी बचत उत्‍सव से देशभर के नागरिकों को लाभ हो रहा है। इस कड़ी में आज हम अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से स्टेशनरी क्षेत्र को मिलने वाले प्रोत्साहन की जानकारी दे रहे है।

 

नए जीएसटी सुधारों के अंतर्गत स्टेशनरी उपकरणों पर कर की दरे कम होने से आम आदमी को बड़ी राहत मिली है इसके अलावा सरकार के इस निर्णय से शिक्षा को भी बड़ावा मिला है। इन सुधारों के तहत पेंसिल, शॉर्पनर, अभ्यास पुस्तिकाएं, ग्राफ पुस्तिक, मानचित्र और चार्ट जैसी वस्तुएं अभ पुरी तरह से कर मुक्त है। वहीं इरेज़र पर लगने वाले पांच प्रतिशत कर को भी पूर्ण रूप से हटा दिया गया है। इन स्टेशनी वस्तु पर कर कटोती से न सिर्फ ये चीज़े लोगों के लिए सस्ती हुई है बल्कि इन उपकरणों के घरेलु उत्पादकों की बिकरी में भी बढ़ोतरी हुई है। रोहन के साथ अक्षित कुमार वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल छत्तीसगढ़ के दो दिन के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान, प्रधानमंत्री पुलिस महानिदेशकों-महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। तीन दिन का यह सम्‍मेलन आज से रायपुर में शुरू होगा। एक रिपोर्ट—-

 

इस वर्ष इस सम्मेलन का विषय है, ‘विकसित भारत सुरक्षा आयाम। सम्मेलन के दौरान वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद विरोधी अभियान, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा और पुलिसिंग में फ़ॉरेंसिक विज्ञान तथा एआई के उपयोग जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। यह सम्मेलन देश भर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर खुले और सार्थक विचारविमर्श करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

*******

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानआईआईटी हैदराबाद 4 से 6 दिसंबर तक धातु वैज्ञानिक और पदार्थ वैज्ञानिकों का सबसे बड़ा सम्मेलन आयोजित करेगा। आईआईटी हैदराबाद के निदेशक और भारतीय धातु संस्थान के अध्यक्ष प्रो. बी.एस. मूर्ति ने कहा कि यह सम्मेलन प्रमुख विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से उद्योग-अकादमिक संबंधों को प्रगाढ़ करेगा।

*******

तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य में ग्राम पंचायत चुनावों की शिकायतों के लिए एक शिकायत मॉड्यूल शुरू किया है। यह मॉड्यूल, आयोग की वेबसाइट, www.tsec.gov.in पर उपलब्ध है। शिकायत दर्ज कराने से पहले पंजीकरण कराना आवश्‍यक है। राज्‍य में 12 हजार दो सौ 78 ग्राम पंचायतों और 1 लाख 12 हजार वार्डों के लिए 11, 14 और 17 दिसंबर को तीन चरण में चुनाव होंगे।

*******

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री किर्ती वर्धन सिंह ने कल नई दिल्ली के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान का दौरा किया। उन्होनें पशु बाड़ों तथा चिड़ियाघर में संरक्षण और कल्याण संबंधी उपायों की समीक्षा की।

श्री सिंह ने सफेद बाघ शावक दुर्गाको पहली बार दर्शकों के लिए उदयान में छोड़ा।

*******

56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज गोवा में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न होगा। इसमें दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी जाएगी। पणजी से हमारे संवाददाता ने बताया है कि 20 नवंबर से शुरू हुए इस महोत्सव में 81 देशों की 240 से अधिक फ़िल्में दिखाई गईं।

 

20 नवंबर 2025 को गोवा में शुरू हुआ इफ्फी का यह यादगार सफ़र आज शाम अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। समापन समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू सहित अनेक जानीमानी हस्तियां उपस्थित होंगी। समारोह के एक हिस्से के रूप में कल पत्र सूचना कार्यालय ने रात्रि भोज का आयोजन किया, जिसमें प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्वीवेदी भी उपस्थित थे। आज के कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के तौर पर सुपरस्टार रजनीकांत को उनकी गौरवशाली 50 वर्षीय सिनेमाई यात्रा के सम्मान में विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। सिनेमा में उत्कृष्टता को सम्मानित करते हुए आज रात प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक, सिल्वर पीकॉक और आईसीएफटी यूनेस्को फिल्म पुरस्कार भी दिए जाएंगे। महोत्सव के दौरान कई प्रेरक मास्टरक्लास और संवादसत्र आयोजित किए गए। भारतीय सिनेमा के स्वर्णिमयुग को आकार देने वाले दिग्गज फिल्मकार गुरु दत्त, राज खोसला तथा ऋत्विक घटक को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आदर्श और सायरा के साथ निखिल कुमार, आकाशवाणी समाचार, पणजी गोवा।

*******

मौसम विभाग ने पंजाब में आज शीत लहर की संभावना व्यक्त की है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ भागों में कोहरा छाये रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कारइक्काल में मूसलाधार बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में भी तेज बारिश का अनुमान है।

*******

इस बीच, चक्रवात दित्‍वा उत्‍तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। एक रिपोर्ट…

 

चक्रवातदित्‍वा देश के पूर्वी तटवर्ती इलाकों में पहली दिसम्‍बर तक मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। देश के दक्षिणी राज्‍यों में भी इस दौरान गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिणीपश्चिमी हिस्‍सों, मन्‍नार की खाड़ी और कन्‍याकुमारी के आसपास के क्षेत्रों में सोमवार तक मछुआरों को समुद्र न जाने की सलाह दी गई है। पम्‍बन, थुथ्‍थुकुड़ी, नागा‍पट्टिणम, कारइक्‍काल, चेन्‍नई और कुड्डालोर बंदरगाहों पर तूफान सं‍बंधी चेतवानी जारी की गई है। दक्षिणी तटवर्तीय इलाकों के कुछ हिस्‍सों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के उत्‍तरी भागों में अगले तीन दिन में तेज बारिश का अनुमान है। चेन्नई से जोए की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से में मुकेश कुमार बल।

*******

उधर, कोलंबो से हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्रीलंका में भी चक्रवात दित्वा से हालात असामान्‍य हो गए हैं।

 

चक्रवात दित्वा के बढ़ते असर के बीच श्रीलंका में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जानलेवा बाढ़ और लैंडस्लाइड्स हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है और कई लोग अभी भी लापता हैं। कुछ क्षेत्रों में 300 मिलिमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और गंभीर मौसम की चेतावनी दी है। खराब विजिबिलिटी के कारण भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कई उड़ानों को मोड़ भी दिया गया है। जहां सरकार ने सभी गैर आवश्यक सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को बंद कर दिया है, वहीं राहत कार्य जारी है। अहमद मुईन फ़ारूक़ी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।

*******

हांगकांग के ताइपो जिले में आवासीय परिसर में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है। 280 से अधिक लोग लापता हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अभी भी भवनों में फंसे हुए हैं। 76 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि दमकलकर्मी लगातार दूसरे दिन इस ऊंची आवासीय इमारत में लगी भीषण आग से जूझ रहे हैं।

*******

भारत आज अहमदाबाद में एएफसी अंडर-17 एशियन कप फुटबॉल क्वालिफ़ायर्स के ग्रुप-डी मुकाबले में लेबनान से भिड़ेगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

ग्रुप-डी की अंकतालिका में भारत चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। केवल ग्रुप विजेता ही अगले वर्ष होने वाले एएफसी अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालिफाई करेंगे।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के हैदराबाद में स्‍काईरूट एयरो-स्‍पेस के इनफिनिटी कैम्‍पस  का  उद्घाटन  करने  की ख़बर सभी अख़बारों में है। हिन्‍दुस्‍तान ने उपलब्धि शीर्षक से लिखा है- देश को मिला पहला निजी रॉकेट विक्रम-वन। पत्र के अनुसार, मस्‍क और बेजॉस के रॉकेट से यह रॉकेट अलग,  तैयार करने में कम समय लगेगा। पंजाब केसरी की सुर्खी है- तीन सौ से अधिक अंतरिक्ष स्‍टार्टअप जगा रहे नई उम्‍मीद।

 

नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- ऑनलाइन गंदी बात पर एस. सी. सख्‍त, कोर्ट बोला आपत्तिजनक कंटेट को रेगुलेट करना जरूरी।

 

दैनिक जागरण के अनुसार, सर्वोच्‍च न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश ने कहा- हमारे पास कोई जादू की छड़ी नहीं, विशेषज्ञों को खोजना चाहिए प्रदूषण का समाधान।

 

हरिभूमि के अनुसार- मध्‍य प्रदेश के अशोक नगर ने रचा इतिहास, एस.आई.आर. में सौ फीसदी डिजिटिलाइजेशन किया पूरा।

 

राजस्‍थान पत्रिका  ने  एक्‍शन शीर्षक से लिखा है- मेडिकल कॉलेज मान्‍यता में दलाली, राजस्‍थान सहित दस राज्‍यों में ई.डी. के छापे, निरीक्षण से पहले जानकारी लीक, दस्‍तावेज बरामद।

 

जनसत्‍ता ने आस्‍था शीर्षक से लिखा है- राम मंदिर को पांच साल तक अंतिम रूप देने में जुटे रहे चार हजार कारीगर, निर्माण में एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये की लागत आई।

 

दैनिक भास्‍कर के अनुसार, भारत अंतरराष्‍ट्रीय व्‍यापार मेले के अंतिम दिन 72 हजार से अधिक लोग पहुंचे, रक्षा मंत्रालय और एयरपोर्ट अॅथोरिटी ऑफ इंडिया को स्‍वर्ण पदक।

 

अमर उजाला ने भारत की दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम के प्रधानमंत्री से मिलने की ख़बर सचित्र दी है। पत्र लिखता है- विश्‍व विजेता बेटियों को पीएम ने खिलाई मिठाई।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक और गोवा में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भगवान राम की 77 फुट ऊँची कांस्य प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लखनऊ में भारत स्काउट्स और गाइड्स के 19वें राष्ट्रीय जम्बूरी को संबोधित करेंगी।

  • विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने उच्च शिक्षा संस्थानों से निर्धारित समय पर परीक्षाएं कराने और डिग्र‍ियां तथा प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया।

  • 56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज शाम गोवा में संपन्न होगा।

  • हांगकांग आवासीय परिसर में आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 94 हुई। 280 से ज़्यादा लोग लापता।

  • चक्रवात दित्वा से देश के पूर्वी तट पर मूसलाधार बारिश की आशंका। 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.