मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आज से शुरू हो रहे जी-20 नेताओं के तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा– वैश्विक संघर्षों से निपटने के लिए नए संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की आवश्यकता।
- उद्योग जगत और परामर्श संस्थाओं ने चार श्रम संहिता लागू करने का स्वागत किया। रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसे एक बड़ा कदम बताया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में भारतीय कला महोत्सव के दूसरे सत्र का उद्घाटन किया।
- नाइजीरिया में कैथोलिक स्कूल से दो सौ से अधिक स्कूली बच्चों का अपहरण।
- क्रिकेट में, भारत आज गुवाहाटी में दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका से खेलेगा।
- लक्ष्य सेन ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में शुरू हो रहे जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन के एजेंडे को आकार देने वाले प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। इनमें ग्लोबल साउथ कि चिंताएं, सतत विकास, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा परिवर्तन और वैश्विक शासन में सुधार शामिल हैं। श्री मोदी का आज कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होने का कार्यक्रम है। उद्घाटन सत्र “समावेशी और सतत आर्थिक विकास – कोई पीछे न छूटे” पर केंद्रित होगा। जी-20 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है। ये वैश्विक आर्थिक स्थिरता को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शुरुआत में जी-20 में 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल थे। 2023 में भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया। भारत की जी-20 अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी के समावेशी, महत्वाकांक्षी और निर्णायक दृष्टिकोण के अनुरूप थी। जिसे वैश्विक चुनौतियों के निपटने के लिए आदर्श माना जाता है। जोहान्सबर्ग से असोनुओ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
वर्ष 2014 में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह प्रधानमंत्री मोदी का 12वाँ जी20 शिखर सम्मेलन है। इस वर्ष का सम्मेलन विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह पहली बार है जब यह सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष का विषय “एकजुटता, समानता और स्थिरता” है। अपनी अध्यक्षता में, दक्षिण अफ्रीका ने प्रमुख प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें आपदा प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना, कम आय वाले देशों के लिए ऋण स्थिरता सुनिश्चित करना, न्यायसंगत ऊर्जा परिवर्तन के लिए वित्त जुटाना और समावेशी तथा सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण खनिजों का दोहन शामिल है।
*******
प्रधानमंत्री ने कल शिखर सम्मेलन से इतर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पाँच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय घनिष्टता और विविधता पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में रक्षा और सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, व्यापार और निवेश, शिक्षा तथा लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने भारत में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले भारतीय सदस्यों से भी मुलाकात की जो विभिन्न सामुदायिक संगठनों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न क्षेत्रों में भारत की प्रगति की सराहना की।
*******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने जी20 देशों से वैश्विक समस्याओं से निपटने के लिए अपनी शक्ति का उपयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जी20 देशों में समस्याओं से निपटने और विश्व को अधिक शांतिपूर्ण रास्ते पर लाने की अपार क्षमता है। श्री गुतेरस ने जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुँचने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आज दुनिया को वैश्विक संघर्षों से निपटने के लिए एक नए संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की आवश्यकता है। श्री सिंह ने कल लखनऊ में विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में यह बात कही।
आज की नई दुनिया को एक नए यूनाइटेड नेशंस की आवश्यकता है। …. (अंग्रेजी)… नए यूनाइटेड नेशंस से मेरा आशय किसी नई संस्था के निर्माण से नहीं बल्कि इसका अर्थ है कि उसी संस्था को एक नई ऊर्जा, नई कार्यशैली और नए दृष्टिकोण के साथ पुनर्जीवित किया जाए।
श्री सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, इस्राइल-हमास और यूक्रेन-रूस जैसे वैश्विक संघर्षों तथा सूडान में सामने आ रहे मानवीय संकटों से निपटने में संयुक्त-राष्ट्र की भूमिका और सक्रिय रूप से देखने को मिल सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। श्री सिंह ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि संयुक्त राष्ट्र में कोई कमी है बल्कि यह वैश्विक राजनीति की जटिलताओं, शक्तिशाली देशों के प्रभाव और संस्थागत प्रक्रियाओं की धीमी गति का शिकार है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
उद्योग जगत और परामर्श संस्थाओं ने देश में चार श्रम संहिताओं के लागू होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे एतिहासिक कदम बताते हुए कहा है कि इन सुधारों से औपचारिक रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा, सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ेगा और नियमों का पालन आसान होगा।
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय सचिव गिरीश आर्य ने कहा कि यह फैसला आज़ादी के बाद से मज़दूरों के हित में किया गया सबसे बड़ा सुधार है।
भारतीय मजदूर संघ हृदय से उनका स्वागत करता है और माननीय प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता है। अब जो लेबर लॉज़ थे, पुराने थे। आज काम की दुनिया बदल रही है। तो यदि उन कानूनों पर ही हम रहे हैं तो आज जो गिग वर्कर हैं, प्लेटफॉर्म वर्कर है, ऐप वर्कर है उसको कौन एड्रेस करेगा, कहां से उसके लिए प्रावधान बनाएंगे। इस कोड्स में उनका सबका समाधान है।
नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस के अध्यक्ष डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में लगभग पचास करोड़ लोग कार्यरत हैं और नई श्रम संहिताओं के लागू होने से उनके लिए न्यूनतम वेतन सुनिश्चित हो सकेगा।
करीब पचास करोड़ लोग से अधिक असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनका न्यूनतम वेतन अब बिल्कुल सुनिश्चित हो जाएगा। महिलाओं के लिए भी समान कार्य के लिए समान वेतन की बात है। एन.एफ.आई.टी.ओ. और उसके 14 संगठित संगठन है, जिसकी हम लोग अलग से जारी करेंगे। उसके द्वारा बहुत ही अच्छा कार्य मनसुख मंडाविया ने नोटिफिकेशन किया है।
*******
भारतीय प्रौद्योगिकी उद्योग के व्यापार निकाय, नैसकॉम ने कहा कि यह भारत के श्रम कानूनों में सुधार की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।
इंडियन स्टाफिंग फेडरेशन ने सुधारों को सकारात्मक बताया। अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ ने कहा कि भारत की श्रम संहिताएँ मजबूत और अधिक समावेशी सामाजिक सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने के वैश्विक प्रयासों को गति प्रदान करती हैं।
*******
अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. हुंगबो ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे भारत की नई श्रम संहिता को उत्सुकता से देख रहे हैं।
*******
कल केंद्र सरकार ने देश में दशकों पुराने मौजूदा श्रम कानूनों को सरल और कारगर बनाने के उद्देश्य से चार नई श्रम संहिताओं को लागू करने की घोषणा की। ये हैं- वेतन संहिता-2019, औद्योगिक सम्बंध संहिता-2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कार्यदशा संहिता-2020.
श्रम और रोजगार मंत्री डॉ० मनसुख मांडविया ने कहा कि नई श्रम संहिताएं देश के कार्यबल के लिए बेहतर वेतन, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस कदम की सराहना की है।
*******
नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में वस्तु और सेवा कर-जी.एस.टी. दर घटाने के बाद 22 सितम्बर से जी.एस.टी. बचत उत्सव शुरू किया गया। इससे देशभर के नागरिकों को लाभ हो रहा है। आज हम आपको बता रहे हैं कि नई जी.एस.टी. दरों से पर्यटन क्षेत्र में हुए सुधार से नागरिकों को कैसे मदद मिल रही है। एक रिपोर्ट …
नए जीएसटी सुधारो से पर्यटन क्षेत्र में करों में बड़ी कटौती की गई है। प्रति रात 7500 से कम कीमत वाले होटल के कमरों पर अब 12 प्रतिशत के बजाय 5 प्रतिशत कर लगाया जा रहा है। इस कमी से मध्यम वर्ग और बजट यात्रियों के लिए ठहरने की सुविधा और अधिक किफायती हो गई है। इसके साथ ही 10 से अधिक यात्रियों की बैठने की क्षमता वाली बसों पर भी अब जीएसटी को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इस कटौती से अर्ध शहरी और ग्रामीण मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बस के किराए सस्ते हुए हैं। जीएसटी की दलों में कटौती से भारत के पर्यटन और सांस्कृतिक क्षेत्र को बढ़ावा मिला है। रिशु जायसवाल के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल सिकंदराबाद में राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव के दूसरे संस्करण का उद्घाटन किया। इस मौके पर राष्ट्रपति ने लोगों से विभिन्न स्थानों की पारंपरिक संस्कृति के बारे में जानने की अपील की।
मुझे विश्वास है कि जब लोग इन पैवेलियन में आयेंगे एवं विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को देखेंगे। तो उन्हें ये अहसास होगा कि भारत की कला और परंपरा कितनी समृद्ध है। देवियों और सज्जनों हमारे देशवासी विशेष कर हमारे युवा भारत की सभ्यता संस्कृति के बारे में और अधिक जान, समझ सकेंगे। इसके लिए भारत सरकार अनेक कदम उठा रही है। इस दिशा में राष्ट्रपति भवन में भी अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।
*******
पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने एक स्कूल से 200 से अधिक बच्चों का अपहरण कर लिया। क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ़ नाइजीरिया ने बताया है कि हमला और अपहरण सेंट मैरी स्कूल में हुआ। एसोसिएशन के एक प्रवक्ता डैनियल अटोरी ने बताया कि हमलावरों ने 215 छात्रों के साथ-साथ 12 अध्यापकों को भी अगवा किया है। नाइजर पुलिस ने कहा है कि सेना और सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
*******
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के 56वें संस्करण का आज तीसरा दिन है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि फिल्मोत्सव में आज का दिन सिनेमा प्रेमियों के लिए कई रंगारंग प्रस्तुतियां लेकर आ रहा है।
इफ्फी में आज प्रदर्शित होने वाली कुछ फ़िल्मों में वैलेंटिना बर्टिनी और निकोल बर्टिनी की इतालवी फ़िल्म “मॉस्किटोज़”, जाफ़र पनाही की “इट वाज़ जस्ट एन एक्सीडेंट”, सूर्या बालकृष्णन की “दीपा दीदी” और देबांगकर बोरगोहेन की असमिया फ़िल्म “सिकर” शामिल हैं। नारी शक्ति की भावना को मज़बूत करते हुए, पहली बार 50 से ज़्यादा फिल्म निर्देशक अपनी फ़िल्में प्रस्तुत कर रहे हैं। इस महोत्सव में ओपन एयर स्क्रीनिंग के लिए भी तीन स्थान निर्धारित हैं। मास्टरक्लास के एक हिस्से के रूप में, विधु विनोद चोपड़ा फिल्म निर्माण की कला और भावनाओं पर अपने अनुभव साझा करेंगे, जबकि बर्लिनाले की फेस्टिवल डायरेक्टर ट्रिशिया टटल, इफ्फी के फेस्टिवल डायरेक्टर शेखर कपूर के साथ एआई की दुनिया में सिनेमा को नए सिरे से परिभाषित करने के एक दिलचस्प सत्र में बातचीत करेंगे। इन सबके बीच फिल्मों की दुनिया से जुड़ी अपनी तरह की एक अनोखी प्रदर्शनी कला अकादमी के एक बड़े से हॉल में लगाई जा रही है। इस प्रदर्शनी में एक हज़ार से अधिक कैमरे रखे गए हैं। निखिल कुमार, आकाशवाणी समाचार, पणजी, गोवा।
*******
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो क्रिकेट टेस्ट मैच की श्रृंखला का दूसरा और अंतिम मुकाबला आज गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह नौ बजे शुरू होगा। ऋषभ पंत भारत की कप्तानी करेंगे।
ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन में भारत के लक्ष्य सेन पुरूष सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। आज फाइनल में उनका मुकाबला ताइवान के चाउ टिएन-चेन से होगा।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– फरहत नाज।
- आज लगभग सभी अखबारों ने चार श्रम संहिताएं लागू होने को अपनी पहली खबर बनाया है। दैनिक भास्कर लिखता है- अब न्यूनतम वेतन की गारंटी, ओवरटाइम पर मिलेगा दोगुना वेतन, 40 से ऊपर के कर्मियों का मुफ्त हेल्थ चेकअप, गिग वर्कर को पीएफ-ग्रेच्युटी। अमर उजाला लिखता है- 40 करोड़ श्रमिकों की जिंदगी में बदलाव की उम्मीद। पंजाब केसरी ने इसे मोदी सरकार का ऐतिहासिक फैसला कहा है। नवभारत टाइम्स ने जॉबर्दस्त शीर्षक से लिखा है- अब बदलेगी नौकरियों की दुनियां।
- जनसत्ता ने प्रथम पृष्ठ पर बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल के गठन पर ”नीतीशे बिहार है, परिवार स्वीकार है” शीर्षक से लिखा है- इस मंत्रिमंडल की खास बात यह है कि 26 में से 10 मंत्री राजनीतिक परिवार से हैं।
- दुबई एयर-शो में फाइटर जेट तेजस क्रैश में पायलट की मौत की खबर भी अखबारों के पहले पन्ने पर छाई हुई है। नवभारत टाइम्स, हिन्दुस्तान, वीर-अर्जुन दैनिक ट्रिब्यून ने इसे पहले पन्ने पर सचित्र दिया है।
- लोकसत्य ने दिल्ली में लाल किला के पास हुए विस्फोट मामले की एन.आई.ए. जांच के आधार पर लिखा है- हमास जैसे हमलों की साजिश रच रहा था जैश।
- पंजाब केसरी ने दिल्ली में सांसों पर संकट शीर्षक से लिखा है- स्कूलों में खेल-कूद बंद। देशबन्धु ने अंतर्राष्ट्रीय संस्था ‘आई.क्यू. एयर‘ की रैंकिंग के अनुसार दिल्ली को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर कहा है।
- हिन्दुस्तान ने कुछ अलग शीर्षक से लिखा है- फसलों को कीट से बचाने वाले रसायनों से कुंद हो रहे किसानों के दिमाग।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आज से शुरू हो रहे जी-20 नेताओं के तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- वैश्विक संघर्षों से निपटने के लिए नए संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की आवश्यकता।
- उद्योग जगत और परामर्श संस्थाओं ने चार श्रम संहिता लागू करने का स्वागत किया। रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसे एक बड़ा कदम बताया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में भारतीय कला महोत्सव के दूसरे सत्र का उद्घाटन किया।
- नाइजीरिया में कैथोलिक स्कूल से दो सौ से अधिक स्कूली बच्चों का अपहरण।
- क्रिकेट में, भारत आज गुवाहाटी में दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका से खेलेगा।
- लक्ष्य सेन ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******