November 18, 2025 9:07 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहाभारत केवल एक उभरता हुआ बाजार नहीं, बल्कि एक उभरता मॉडल भी है।
  • बिहार में एनडीए के नवनिर्वाचित विधायक कल पटना में अपने नेता का चुनाव करेंगे।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरणएनआईए ने दिल्ली विस्फोट मामले में आत्मघाती हमलावर के सहयोगी को जम्मूकश्मीर के श्रीनगर से गिरफ्तार किया।
  • पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहाजलवायु परिवर्तन एक वास्तविक समस्या। भारत 2035 की अवधि के लिए दिसंबर तक अपना संशोधित राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान प्रकाशित करेगा।
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने गजा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल को अधिकृत करने से संबंधित अमरीकी योजना को मंजूरी दी।
  • गुरप्रीत सिंह ने मिस्र के काहिरा में आई.एस.एस.एफ. निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप में 25 मीटर सेंटर पिस्टल फायर स्पर्धा में रजत पदक जीता।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत विकसित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। नई दिल्ली में कल छठे रामनाथ गोयनका व्याख्यान में श्री मोदी ने कहा कि एक तरफ जहां दुनिया व्‍यवधानों से डरी हुई है, वहीं भारत सुनहरे भविष्‍य की ओर विश्‍वास के साथ बढ़ रहा है।

आज जब दुनिया डिसक्रप्‍शन से डर रही है भारत वाइब्रैंट फ्यूचर के डायरेक्‍शन में आगे बढ़ रहा है। मैं कह सकता हूं भारत सिर्फ एक इमरजिंग मार्केट ही नहीं है भारत एक इमरजिंग मॉडल भी है। आज दुनिया इंडियन ग्रोथ मॉडल को मॉडल ऑफ होप मान रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तमाम वैश्विक संकटों के बीच भी भारत की वृद्धि दर लगातार बढ़ रही है।

साल 2022 में यूरोपियन क्राइसिस के कारण पूरे दुनिया की सप्‍लाई चेन और एनर्जी मार्केट प्रभावित हुआ। इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ा। इसके बावजूद भी 2022-23 में हमारी इकोनोमी की ग्रोथ तेजी से होती रही। साल 2023 में वेस्‍ट एशिया में स्थितियां बिगडी हैं तब भी हमारी ग्रोथ रेट तेज रही और इस साल भी जब दुनिया में अस्थिरता है तब भी हमारी ग्रोथ रेट 7 प्रतिशत के आसपास है।

श्री मोदी ने बिहार विधानसभा के हाल के चुनाव के परिणामों को ऐतिहासिक बताते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में परिणामों ने एक बार फिर जनता की महत्‍वाकांक्षा को प्रदर्शित किया है।

बिहार के नतीजों ने फिर दिखाया है कि भारत के लोगों की आकांक्षाएं कितनी ज्‍यादा है, भारत के लोग आज उन राजनीतिक दलों पर विश्‍वास करते हैं जो नेक नियत से लोगों की उन एसप्रेशन को पूरा करते हैं, विकास को प्राथमिकता देते हैं।

श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि चाहे केन्‍द्र सरकार हो या विभिन्‍न दलों के नेतृत्‍व में राज्‍य सरकारें हो, सर्वोच्‍च प्राथमिकता विकास और केवल विकास ही होना चाहिए।

हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता सिर्फ एक होनी चाहिए विकास, विकास और सिर्फ विकास। अब इसलिए मैं हर राज्‍य सरकार को कहता हूं आप अपने आप बेहतर इन्‍वेस्‍टमेंट का माहौल बनाने के लिए, कोम्‍पटिशन करिए, आप इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए कोम्‍पटिशन करिए, डेवलपमेंट पैरामीटर में आगे आने के लिए कोम्‍पटिशन करिए, फिर देखिए जनता कैसे आप पर अपना विश्‍वास जताती है।

*******

बिहार में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एन.डी.ए. के नव-निर्वाचित विधायकों की कल पटना में बैठक होगी, जिसमें एन.डी.ए. विधायक दल का नेता चुना जाएगा। एन.डी.ए. के पांच घटक दलों 202 विधायक इस बैठक में शामिल होंगे।

इससे पहले, भाजपा और जनता दल यूनाइटेड अलग-अलग बैठकों में अपने-अपने विधानमण्‍डल दल का नेता चुनेंगे। यह बैठके कल होने की उम्‍मीद हैं। इस बीच, पटना के गांधी मैदान में नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी अंतिम चरण में हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों, सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की सम्‍भावना है।

एनडीए के विधायक दल की कल होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फिर से गठबंधन का विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है । इसके बाद श्री कुमार राज भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता तथा अन्य सहयोगी दल नई एनडीए की सरकार के स्वरूप को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं। अंतिम दौर की बातचीत के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का पद, नयी सरकार के मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को प्रतिनिधित्व दिए जाने पर चर्चा की जा रही है। इस मुद्दे पर आज सहमति बन जाने की संभावना है। ‌धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

उधर, राष्ट्रीय जनता दल के नवनिर्वाचित विधायकों की कल पटना में बैठक हुई, जिसमें तेजस्वी प्रसाद यादव को विधायक दल का नेता चुना गया।

*******

निर्वाचन आयोग ने असम में मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन का आदेश दिया है। इसके लिए पहली जनवरी 2026 को अर्हता तिथि घोषित की गई है। असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे  पत्र में आयोग ने कहा है कि एकीकृत मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि अगले महीने की 27 तारीख होगी। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 27 दिसंबर से 22 जनवरी, 2026 के बीच होगी। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 10 फरवरी, 2026 होगी।

*******

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एनआईए ने दिल्‍ली के लाल किला के पास हुए कार विस्फोट मामले में शामिल आतंकवादी के एक और प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार किया है। कश्मीर निवासी जसीर बिलाल वानी को श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया है। अभिकरण के अनुसार वानी ने कथित तौर पर इस आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान की थी।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा है कि भारत 2035 की अवधि के लिए अपना संशोधित राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान -एनडीसी दिसंबर तक प्रकाशित करेगा। ब्राजील के बेलेम में संयुक्त राष्ट्र कॉप-30 जलवायु शिखर सम्मेलन के मंत्रिस्‍तरीय बैठक को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि अस्थिर विकास और वृद्धि पैटर्न के कारण जलवायु परिवर्तन वास्तविक और करीब है।

भारत ने सफलतापूर्वक यह दिखाया है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक साथ आगे बढ़ सकते हैं। 2005 से भारत की उत्सर्जन तीव्रता में 36 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। भारत की गैरजीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता वर्तमान में लगभग 256 गीगावाट है, उसकी कुल स्थापित विद्युत क्षमता के आधे से अधिक के बराबर है। हमारा नया परमाणु मिशन और हरित हाइड्रोजन मिशन 2070 तक नेटज़ीरो उत्सर्जन की ओर हमारी यात्रा को और तेज़ कर रहे हैं। हम 2035 तक अपने संशोधित राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान की घोषणा करेंगे।

श्री यादव ने विकसित देशों से वर्तमान समय-सीमा से पहले नेट जीरो लक्ष्य हासिल करने का आग्रह किया।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज- कॉप-30 को कार्यान्वयन के कॉप और वादों को पूरा करने के कॉप के रूप में याद रखने का भी आह्वान किया है।

*******

श्री भूपेंद्र यादव ने घोषणा की है कि भारत अगले साल नई दिल्ली में वैश्विक बिग कैट्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। कल ब्राज़ील में अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस- आई.बी.सी.ए. की मंत्रिस्तरीय बैठक में श्री यादव ने कहा कि बिग कैट परिदृश्यों का संरक्षण, सीधे तौर पर कार्बन पृथक्करण, जलग्रहण संरक्षण, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जलवायु अनुकूलन और स्थायी आजीविका को मजबूत करता है।

*******

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कल रात गजा के लिए अमरीका की एक योजना को मंज़ूरी दी है। यह योजना क्षेत्र में सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय बल को अधिकृत करेगी और स्वतंत्र फ़लिस्तीन राज्य के भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी। एक रिपोर्ट-

13-शून्‍य से पारित इस प्रस्‍ताव के मतदान में रूस और चीन ने हिस्‍सा नहीं लिया और रूस ने इसके विपरीत एक अलग प्रस्ताव दिया था। यह मतदान, युद्धविराम तथा इस्राइल और हमास के बीच दो साल के युद्ध के बाद गाजा के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम था। अरब और अन्य मुस्लिम देशों ने एक अंतरराष्ट्रीय बल के लिए सैनिकों को उपलब्ध कराने में रुचि व्यक्त की थी और उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी भागीदारी के लिए सुरक्षा परिषद की अनुमति आवश्यक है। अमरीका का प्रस्‍ताव राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की 20-सूत्रीय युद्धविराम योजना के समर्थन में है। अमरीका के प्रस्ताव में गाजा पट्टी से सेना के हटने और गैरसरकारी सशस्त्र गुटों के हथियारों को स्थायी रूप से समाप्त करने लिए स्थिरीकरण बल की स्थापना का आह्वान किया गया है। समाचार कक्ष से मनोज।

*******

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में भारत का कुल निर्यात, माल और सेवाओं को मिलाकर पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 4 दशमलव 8 प्रतिशत बढ़कर 4 खरब 91 अरब 80 करोड़ अमरीकी डॉलर हो गया। एक रिपोर्ट…

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वस्तु निर्यात में शून्य दशमलव छह-दो प्रतिशत जबकि आयात में 6 दशमलव तीन-सात प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि में एक प्रमुख योगदान गैर-पेट्रोलियम निर्यात में लगातार वृद्धि का भी रहा है। वर्ष 2025 के पहले सात महीनों के दौरान तीन दशमलव नौ -दो प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए गैर-पेट्रोलियम निर्यात 2 खरब 19 अरब 90 करोड़ डॉलर पहुंच गया है। देश का वस्तु व्यापार घाटा सितंबर महीने की 32 अरब 15 करोड़ डॉलर की तुलना में अक्टूबर महीने में 41 अरब 68 करोड़ डॉलर हो गया। यह मुख्य रूप से सोने और चांदी के आयात में वृद्धि के कारण हुआ। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

*******

मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश में शीत लहर की संभावना व्यक्त की है। पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा का भी अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।

*******

खेलों में मिस्र की राजधानी काहिरा में आई.एस.एस.एफ. राइफल पिस्‍टल विश्‍व चैम्पियनशिप में भारत के ओलिम्‍पयन गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर सेंटर पिस्‍टल फायर स्‍पर्धा में रजत पदक जीता है। उन्‍हें यूक्रेन के पावलो कोरोस्टिलोव से हार का सामना करना पड़ा।

भारत 13 पदकों के साथ विश्‍व चैम्पियनशिप अभियान में तीसरे नम्‍बर पर रहा। उसे तीन स्‍वर्ण, छह रजत और चार कांस्‍य पदक प्राप्‍त हुए। चीन पहले और कोरिया दूसरे स्‍थान पर रहा। 

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंरवि कपूर।

  • बिहार में सरकार गठन से संबंधित खबरों को भी कई अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। जनसत्‍ता की खबर है- राज्‍यपाल खान से मिले नीतीश कुमार, विधानसभा भंग करने की सिफारिश। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित 12 राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री रहेंगे मौजूद।
  • बांग्‍लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अंतर्राष्‍ट्रीय अपराध न्‍यायाधिकरण द्वारा मानवता के खिलाफ कथित अपराधों के लिए मौत की सजा सुनाए जाने के फैसले को सभी समाचार पत्रों ने सुर्खी बनाया है। अमर उजाला लिखता है – पूर्व गृहमंत्री असद्दुजमां खान कमाल को भी मृत्‍युदंड। जनसत्‍ता  ने दिया है- बांग्‍लादेश ने भारत से हसीना को सौंपने का आग्रह किया। देशबंधु के अनुसार, भारत ने दिया जवाब, कहा- बांग्‍लादेश के लोगों के हितो के लिए प्रतिबद्ध।
  • सउदी अरब के मदीना में बस दुर्घटना में कई भारतीय उमराह ज़ायरीन की मौत की खबर को भी अखबारों ने पहले पन्‍ने पर जगह दी है। देशबंधु लिखता है- ज्‍यादातर मृतक हैदराबाद से, एक ही परिवार के 18 लोगों ने गवाई जान। तीन पीढियां खत्‍म। राजस्‍थान पत्रिका की खबर है- केवल एक व्‍यक्ति जिंदा बचा। नवभारत टाइम्‍स ने दिया है – जेद्दाह के महावाणिज्‍य दूतावास में कंट्रोल रूम स्‍थापित, हेल्‍पलाइन नंबर जारी।
  • दिल्‍ली कार विस्‍फोट मामले में एक और गिरफ्तारी की खबर को कई अखबारों ने विस्‍तार से दिया है, दैनिक भास्‍कर लिखता है- आत्‍मघाती हमलावर नबी का एक और साथी गिरफ्तार।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत केवल एक उभरता हुआ बाजार नहीं, बल्कि एक उभरता मॉडल भी है।
  • बिहार में एनडीए के नवनिर्वाचित विधायक कल पटना में अपने नेता का चुनाव करेंगे।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने दिल्ली विस्फोट मामले में आत्मघाती हमलावर के सहयोगी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से गिरफ्तार किया।
  • पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा- जलवायु परिवर्तन एक वास्तविक समस्या। भारत 2035 की अवधि के लिए दिसंबर तक अपना संशोधित राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान प्रकाशित करेगा।
  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने गजा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल को अधिकृत करने से संबंधित अमरीकी योजना को मंजूरी दी।
  • गुरप्रीत सिंह ने मिस्र के काहिरा में आई.एस.एस.एफ. निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप में 25 मीटर सेंटर पिस्टल फायर स्पर्धा में रजत पदक जीता।

*******