मुख्य समाचार
- बिहार में नई सरकार के गठन के लिए एनडीए के घटक दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज़; जेडीयू विधायक दल आज पटना में अपने नेता का चुनाव करेगा।
- गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा के फरीदाबाद में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भारत आज से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो रहे दुबई एयर शो 2025 में अपनी रक्षा शक्ति का प्रदर्शन करेगा।
- शरणार्थियों को शरण सुधारों के अंतर्गत ब्रिटेन में स्थायी रूप से बसने के लिए 20 साल का इंतज़ार करना होगा।
- मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और केरल में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- भारतीय तीरंदाज कुशल दलाल ने लक्ज़मबर्ग में जीटी ओपन इंडोर वर्ल्ड सीरीज़ के पुरुष कंपाउंड वर्ग का खिताब जीता।
*******
बिहार में नई सरकार के गठन पर एनडीए गठबंधन के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पटना और नई दिल्ली में एनडीए गठबंधन के सदस्यों के बीच विचार-विमर्श और बैठकों का दौर जारी है। कैबिनेट के गठन और मंत्रिपरिषद् में विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधित्व सहित कई मुद्दों पर चर्चा जारी है। विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 89 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19 सीटें जीती हैं, वहीं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें हासिल की हैं।
जनता दल यूनाइटेड विधायक दल आज पटना में अपना नेता चुनने के लिए बैठक करेगा। जनता दल यूनाइटेड के नवनिर्वाचित 85 विधानसभा सदस्यों के सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पार्टी का नेता चुनने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी भी आज अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। इसके बाद एनडीए की बैठक का आयोजन किया जाएगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
एनडीए के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही नई सरकार के गठन का दावा पेश किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज मौजूदा सरकार के मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक होगी। बैठक में मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की जाएगी ताकि नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इधर, नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां भी शुरू हो गई है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को होने की संभावना है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।
*******
इस बीच, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कल पटना के राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को नवनिर्वाचित 243 विधायकों की सूची सौंपी। एक रिपोर्ट-
इस सूची में एनडीए के 202, महागठबंधन के 34, एआईएमआईएम, इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सहित सभी नवनिर्वाचित विधायकों के नाम शामिल हैं। इस बीच निर्वाचन आयोग ने चुनाव और उपचुनाव के बाद बिहार, छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से आदर्श आचार संहिता हटा ली है। आयोग ने इस संबंध में केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव और संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। बिहार विधानसभा चुनाव, छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के आठ निर्वाचन क्षेत्रों के उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू की गई थी। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के फरीदाबाद में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के मुख्यमंत्री, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल तथा चंडीगढ़ के प्रशासक भाग लेंगे। यह परिषद केंद्र और राज्यों के बीच सहयोगात्मक संवाद के लिए मंच प्रदान करती है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक में राज्य सरकारों के बीच समन्वय, पानी के बंटवारे से जुडे मुद्दों और विकास कार्यों के बारे में चर्चा होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारी संघवाद के आधार पर टीम भारत की कल्पना देश के सामने रखी है और क्षेत्र परिषदें इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और क्षेत्रीय परिषदें मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र बनाते हैं की भावना से काम करती हैं। परिषदें दो या अधिक राज्यों अथवा केंद्र और राज्यों को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर संवाद और चर्चा के लिए एक व्यवस्थित तंत्र तथा इसके जरिए आपसी सहयोग को बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करती हैं। क्षेत्रीय परिषदों की भूमिका सलाहकारी है लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह परिषदें विभिन्न क्षेत्रों में आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कारक साबित हुई है। सभी राज्य सरकारों, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से पिछले 11 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और इनकी स्थाई समितियों की कुल 63 बैठकें आयोजित हुई है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
दुबई एयर शो आज से संयुक्त अरब अमीरात-यूएई में शुरू हो रहा है। भारत दो दिन के इस आयोजन में अपनी रक्षा शक्ति का प्रदर्शन करेगा।
भारतीय वायु सेना, सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और एलसीए तेजस के साथ इस एयर शो में भाग लेगी। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान, श्री सेठ यूएई के रक्षा मंत्री के साथ बैठक भी करेंगे। वे भारत, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, अमरीका, ब्राजील, ब्रिटेन और इटली की लगभग 50 कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ भारत में रक्षा प्रौद्योगिकी और विनिर्माण में सहयोग बढ़ाने के लिए एक बैठक में भी शामिल होंगे। दुबई एयर शो द्विवार्षिक आयोजन है जिसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस कंपनियों सहित डेढ़ सौ देशों के एक हजार से अधिक प्रदर्शक और उद्योग जगत के एक लाख चालीस हजार से अधिक पेशेवर भाग लेते हैं। रोहन और समर्थ की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
*******
केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव आज सुबह ब्राजील के बेलम पहुंचे। श्री यादव वहां जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र की संगोष्ठी यूएनएफसीसीसी कॉप 30 में भाग लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। श्री यादव अगले कुछ दिनों तक जलवायु परिवर्तन पर बातचीत में हिस्सा लेंगे और जलवायु अनुकूलन, जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वित्तीय व्यवस्था और अन्य गंभीर मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे। उन्होंने बताया कि वह सार्थक बातचीत की आशा कर रहे हैं।
*******
ब्रिटेन ने अपनी शरण और आप्रवासन नीतियों में आधुनिक दौर के सबसे बड़े बदलावों की घोषणा की है। गृह मंत्री शबाना महमूद आज हाउस ऑफ कॉमन्स में अवैध प्रवासन से निपटने के लिए व्यापक सुधारों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगी। ये बदलाव डेनमार्क के मॉडल से प्रेरित हैं और इनका उद्देश्य वर्तमान दौर में अनियमित प्रवासन को रोकना तथा सरकार की नीतियों को सख्त बनाना है। इन योजनाओं के तहत, शरणार्थियों को स्थायी निवास के लिए आवेदन करने से पहले 20 वर्ष तक इंतज़ार करना होगा। शरणार्थी का दर्जा अस्थायी होगा और समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाएगी। अगर किसी का गृह देश सुरक्षित हो जाता है, तो उसे वापस भेज दिया जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि ब्रिटेन को इसके लिए कानून बनाना चाहिए और देश में प्रवेश करने और रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी रखनी चाहिए।
*******
अमरीका ने शनिवार को पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नाव पर हमला किया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। अमरीका दक्षिणी कमान ने बताया कि यह नाव अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मादक पदार्थ मार्ग पर चल रही थी। खुफिया जानकारी से इसकी तस्करी में संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद संयुक्त कार्य बल दक्षिणी स्पीयर ने इसे निशाना बनाया।
सितंबर की शुरुआत से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं पर यह 21वाँ अमरीकी हमला है।
*******
तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराईक्काल, आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में आज मूसलाधार बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज़ हवा का अनुमान लगाया है। छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ में आज शीत लहर चलने की आशंका है।
*******
श्रीलंका तट के निकट दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाडी में आज कम हवा के दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढने का अनुमान है। इसके कारण तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश हो सकती है। एक रिपोर्ट-
चक्रवात मोन्था से हुई बारिश में थोड़ी राहत मिलने के बाद, इस हफ़्ते तमिलनाडु के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है। डेल्टा के कई ज़िलों और दक्षिण के कुछ ज़िलों में बारिश हो सकती है। ज़िला प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा गया है। चेन्नई और उसके उपनगरों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएँ चल रही हैं। इसके साथ ही दक्षिण–पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण आज आंध्र प्रदेश के भी कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, नेल्लोर और तिरुपति जिलें में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अधिकारियों ने मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। चेन्नई से जॉय और विजयवाड़ा से अल्लू मुरली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
इधर, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक -एक्यूआई तीन सौ 59 दर्ज किया गया।
खराब वायु स्तर को देखते हुए, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण को लागू कर रखा है।
*******
खेल समाचार के साथ हैं नवीन सक्सेना–
भारतीय तीरंदाज कुशल दलाल ने लक्ज़मबर्ग में जीटी ओपन इंडोर वर्ल्ड सीरीज़ के पुरुष कंपाउंड वर्ग का खिताब जीत लिया है। कुशल ने पूर्व विश्व नंबर एक के खिलाडी तीरंदाज अमरीका के स्टीफन हैनसेन को डबल शूट–ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारत के गणेश मणिरत्नम तिरुमुरु ने अंडर-21 पुरुष कंपाउंड वर्ग में कांस्य पदक जीता। शतरंज में, गोवा के पणजी में फिडे शतरंज विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में आज अर्जुन एरिगैसी का मुकाबला चीन के जी एम वेई यी से होगा। इससे पहले कल पांचवे राउंड में मैक्सिको के मार्टिनेज अलकांतारा से टाईब्रेक में हारकर पी हरिकृष्णा बाहर हो गए थे। उधर, एटीपी फ़ाइनल टेनिस टूर्नामेंट में इटली के जैनिक सिनर ने स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ को 7-6, 7-5 से हरा दिया है।
*******
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मीडिया संगठनों से लोकतांत्रिक व्यवस्था के चौथे स्तंभ के रूप में भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का आग्रह किया है। उन्होंने डिजिटल युग में झूठी और भ्रामक खबरों के प्रसार को रोकने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। श्री राधाकृष्णन ने हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार-2025 के उद्घाटन समारोह में यह बात कही।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 4.0 पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस चर्चा में पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेन गुप्ता, एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक अमृतेश मोहन और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के मुख्य महाप्रबंधक गुरुशरण बंसल शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करने के तरीके और शिकायत दर्ज कराने के बारे में सवाल पूछ सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
- दिल्ली कार विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों को मिली बड़ी सफलता आज के सभी अखबारों की पहली खबर है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- धमाके का साजिशकर्ता धरा गया, एन.आई.ए. ने पहली बार इसे आत्मघाती हमला माना। जनसत्ता लिखता है- आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर के साथ साजिश में शामिल कश्मीरी युवक दिल्ली से गिरफ्तार।
- बिहार में सरकार गठन को लेकर भाजपा और जदयू में सहमति को अमर उजाला ने मुख पृष्ठ पर दिया है। नीतीश दसवीं बार लेंगे शपथ। भाजपा के 15 और जदयू के 14 मंत्री होंगे… दो डिप्टी सी.एम. भी।
- आरक्षण पर सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का बड़ा बयान देशबन्धु में है। सीजेआई बी.आर. गवई ने कहा- अनुसूचित जाति में भी लागू होना चाहिए क्रीमी लेयर।
- प्रादेशिक सेना में पहली बार महिलाओं की भर्ती की तैयारी, राजस्थान पत्रिका के अनुसार प्रादेशिक सेना महानिदेशालय ने 2025-26 के लिए इन्फैंट्री बटालियन- एच एंड एच में कुल रिक्तियों में से एक पूरा सेक्शन अब महिला उम्मीदवारों के लिए होगा आरक्षित।
- दुश्मन के ड्रोन को दो किलोमीटर दूर से मार गिराएगी लेज़र बीम। दैनिक जागरण लिखता है- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डीआरडीओ के इंटीग्रेटेड ड्रोन डिटेक्शन एंड इंटरडिक्शन सिस्टम, मार्क-2 को रक्षा मंत्रालय से जल्द मिलेगी मंजूरी।
- क्रिप्टो को मान्यता देने का प्रस्ताव नहीं, भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा का यह बयान दैनिक भास्कर में है। अमरीकी टैरिफ के असर को बताया मामूली।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- बिहार में नई सरकार के गठन के लिए एनडीए के घटक दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज़; जेडीयू विधायक दल आज पटना में अपने नेता का चुनाव करेगा।
- गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा के फरीदाबाद में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भारत आज से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो रहे दुबई एयर शो 2025 में अपनी रक्षा शक्ति का प्रदर्शन करेगा।
- शरणार्थियों को शरण सुधारों के अंतर्गत ब्रिटेन में स्थायी रूप से बसने के लिए 20 साल का इंतज़ार करना होगा।
- मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और केरल में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- भारतीय तीरंदाज कुशल दलाल ने लक्ज़मबर्ग में जीटी ओपन इंडोर वर्ल्ड सीरीज़ के पुरुष कंपाउंड वर्ग का खिताब जीता।
*******