November 5, 2025 9:04 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • बिहार में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।

  • दुनिया के शीर्ष सहकारी संस्थाओं में अमूल ने पहला और इफको ने दूसरा स्थान हासिल किया।

  • क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में सर्वाधिक 54 भारतीय विश्‍वविद्यालय और संस्थान शामिल; आईआईटी दिल्ली, भारत का शीर्ष रैंक वाला संस्थान बना।

  • गुरु नानक जयंती और गुरुपर्व आज देश-विदेश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

  • उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज शाम देव दीपावली मनाई जाएगी।

 

  • आईसीसी ने भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाया।

 

*******

 

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में 18 जिलों के 121 निर्वाचन क्षेत्रों में कल मतदान होगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे समाप्त होगा।

 

 

 

बिहार विधान सभा चुनाव के पहले चरण में नीतीश कुमार सरकार के 16 मंत्रियों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। इसमें से 11 भाजपा कोटे के मंत्री हैं। बिहार के दो उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा तारापुर तथा लखीसराय निर्वाचन क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। तेजस्वी यादव के बड़े भाई, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव महुआ निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े रहे हैं। वह अपनी खुद की पार्टी जनशक्ति जनता दल से प्रत्याशी हैं। वहीं सात बार विधायक रहे और जदयू के प्रत्याशी श्रवण कुमार नालंदा निर्वाचन क्षेत्र से फिर से किस्मत आजमा रहे हैं। लोक गायिका मैथिली ठाकुर दरभंगा के अलीनगर और भोजपुरी फिल्मों के जानेमाने अभिनेता तथा गायक शत्रुघन यादव उर्फ खेसारी लाल यादव सारण जिले के छपरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। धर्मेन्द्र कुमार राय के साथ, सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार पटना।

 

*******

 

निर्वाचन आयोग ने आज नई दिल्ली में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम 2025 की शुरुआत की। इसके अंतर्गत फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड और कोलंबिया के 14 प्रतिभागी 6 नवंबर को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान देखेंगे। आयोग ने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार के दो दिन के दौरे में प्रतिभागी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन प्रेषण केंद्रों का दौरा करेंगे। उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों, मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव संचालन का प्रदर्शन किया गया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने भी प्रतिभागियों से बातचीत की।

 

*******

 

दुनिया की शीर्ष सहकारी संस्‍थाओं में गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघअमूल ने पहला और भारतीय कृषक उर्वरक सहकारी लिमिटेड इफको ने दूसरा स्‍थान हासिल किया। उन्हें प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद जीडीपी के प्रदर्शन के आधार पर दुनिया की शीर्ष सहकारी संस्था का दर्जा दिया गया है।

 

 

 

यह रैंकिंग अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन आईसीए विश्व सहकारी मॉनिटर 2025 द्वारा की गई है। इस रैंकिंग की घोषणा कतर के दोहा में आईसीए सीएम-50 सम्मेलन में की गई। यह मान्यता ग्रामीण आत्मनिर्भरता और सामूहिक स्वामित्व की भावना पर आधारित अमूल के डेयरी नेटवर्क को दर्शाती है। इसने लाखों किसानों की आजीविका में बदलाव लाया है। इसी प्रकार, इफको का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यह सतत उर्वरक उत्पादन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से लाखों किसानों को सशक्त बनाकर सहयोग के सिद्धांतों को मूर्त रूप दे रहा है। समाचार कक्ष से, मनोज।

 

*******

 

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में, सर्वाधिक प्रदर्शन करते हुए वैश्विक रैंकिंग में 54 भारतीय विश्‍वविद्यालय को जगह मिली है।

 

 

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानआईआईटी दिल्ली देश के संस्थानों में शीर्ष पर है और वैश्विक स्तर पर 123वें स्थान पर है। इसके साथ ही यह दुनियाभर में चौथा सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला देश बन गया है। आईआईटी दिल्ली के बाद आईआईटी बॉम्बे 129वें, आईआईटी मद्रास 180वें और आईआईटी खड़गपुर 215वें स्थान पर हैं। अन्य शीर्ष संस्थानों में भारतीय विज्ञान संस्थान आईआईएससी बैंगलोर 219वें, आईआईटी कानपुर 222वें स्थान पर है। वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय भी शीर्ष 350 में शामिल है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। उपराष्‍ट्रपति का पद संभालने के बाद यह राज्य का उनका पहला दौरा होगा। इस दौरान वे राज्‍य की 25वीं वर्षगांठ के प्रतीक रजत महोत्सव समारोह सहित नवा रायपुर और राजनांदगांव में कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उपराष्‍ट्रपति सचिवालय ने बताया कि उपराष्‍ट्रपति को आज रायपुर के राजभवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

 

 

 

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के पच्चीस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम नवा रायपुर में एयर शो आयोजित करेगी। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति राज्य के राजनांदगांव शहर जाएंगे, जहां वे उदयाचल मल्टीस्पेशलिटी नेत्र चिकित्सा संस्थान का उद्घाटन करने के साथ ही लखपति दीदी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आज शाम उपराष्ट्रपति नवा रायपुर में आयोजित किए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित करेंगे। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा 22 सितंबर को शुरू जीएसटी बचत उत्सव से देश भर के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कई क्षेत्रों में जीएसटी की दरों में कटौती किये जाने के बाद खाद्य पदार्थां के क्षेत्र में नई जीएसटी दरें नागरिकों के लिए मददगार साबित हो रही हैं।

 

 

 

नई जीएसटी सुधारो के तहत सरकार ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के करो में उल्लेखनीय कमी की है। इन सुधारो के तहत अल्ट्रा हाई टेंपरेचर दूध, पनीर, पिज़्ज़ा ब्रेड और पराठे पर जीएसटी कर शून्य कर दिया गया है, साथ ही नमकीन, भुजिया, मिक्सर, पीने का पानी सॉस और रिफाइंड चीनी जैसे डिब्बा बंद खाद्य पदार्थो सहित सभी वस्तुओं पर भी कर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। मक्खन, घी, गाढ़ा दूध, आइसक्रीम, चॉकलेट और प्लांट बेस्ड मिल्क ड्रिंक पर जीएसटी अब केवल 5 प्रतिशत है। जीएसटी करो में इस कमी से घरेलू खर्च के साथ ही लागत कम होने और उत्पादन मात्रा बढ़ाने में मदद मिली है। इस कदम से न केवल उपभोक्ताओं को बल्कि खाद्य प्रसंस्करण मूल्य श्रृंखला के प्रत्येक हितधारक जैसे किसान सहकारी समितियां एमएसएमई खुदरा विक्रेता और निर्यातक को भी लाभ हो रहा है। रिशु जायसवाल के साथ, दृष्टि पुनियानी, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले के साथ व्यापार वार्ता करेंगे। वे दोनों देशों के बीच चल रहे मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा करेंगे। श्री गोयल आज न्यूज़ीलैंड की यात्रा पर हैं। वह दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और नवाचार संबंधों को मज़बूत करने के उद्देश्य से कई उच्च-स्तरीय बैठकों में भी भाग लेंगे।

 

*******

 

भारत और इस्राइल ने आतंकवाद और इसके सभी रूपों तथा अभिव्‍यक्तियों को कतई बर्दाश्‍त न करने के वैश्विक दृष्टिकोण को सुनिश्चित करने को एक बार फिर दोहराया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि कल नई दिल्‍ली में विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार के बीच हुई बातचीत में इस आश्‍य का संकल्‍प दोहराया गया। मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने राजनीतिक, सुरक्षा, कृषि, व्‍यापार और निवेश, रक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध तथा महत्‍वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्‍टर, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित अन्‍य क्षेत्रों में जारी सहयोग की भी समीक्षा की।

 

*******

 

वहीं, भारत और इस्राइल ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की संभावनाओं के विस्‍तार पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किये। कल तेलअबीब में आयोजित संयुक्त कार्य समूह की 17वीं बैठक में ये हस्‍ताक्षर किए गये। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और इस्राइल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल अमीर बारम ने की।

 

*******

 

गुरू नानक देव की आज 556वीं जयंती है। गुरू परब के नाम से चर्चित गुरू नानक जयंती आज पूरे देश में मनाई जा रही है।

 

 

गुरू नानक देव सिख धर्म के दस गुरूओं में पहले गुरू होने के साथ ही सिख धर्म के संस्‍थापक थे। कार्तिक पूर्णिमा पर प्रत्‍येक वर्ष गुरू परब मनाया जाता है। यह सिख धर्म के सबसे पावन त्‍यौहरों में से एक है। श्रद्धालु इस पर्व को देश और विदेशों में पूरे उत्‍साह के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरू नानक जयंती की पूर्व संध्‍या पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह अवसर गुरू नानक देव के मूल्‍यों और आदर्शों को अंगीकार करने के लिए सभी को प्रेरित करता है।

 

*******

पंजाब में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भारी उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है।

 

 

पंजाब में सभी गुरुद्वारों विशेष तौर पर अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब स्वर्ण मंदिर को फूलों से बहुत सुंदर सजाया गया है और श्रद्धालु सरोवर में पवित्र स्नान के बाद माथा टेक रहे हैं। गुरबानी के पाठ के बीच लंगर परोसे जा रहे हैं। सिख भाईचारे के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी से जुड़ी पवित्र चीज़ें आज सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्री हरमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखी जाएंगी। शाम को, दीपमाला और प्रदूषणमुक्त आतिशबाजी की जाएगी। कल सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था गुरु नानक जी के जन्मस्थान, श्री ननकाना साहिब में मत्था टेकने के लिए अमृतसर में अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान पहुंचा। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार जालंधर।

 

*******

 

देव दीपावली आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मनाई जा रही है। इसे दीपोत्सव के रूप में भी जाना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह शुरू होने वाला यह पर्व देवताओं के पृथ्वी पर अवतरण के उपलक्ष्य में पवित्र गंगा नदी के किनारे मनाया जाता है। श्रद्धालू अपनी आत्मा की शुद्धि के लिए पवित्र गंगा में स्नान करते हैं।

 

*******

 

खेलों में, अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद ने भारत के विरुद्ध एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में आचार संहिता का उल्‍लंघन करने के आरोप में पाकिस्‍तानी खिलाड़ी हारिस रऊफ पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाया है। आईसीसी ने बताया कि मैच रेफरियों के एलीट पैनल के सदस्‍यों द्वारा सुनवाई किए जाने के बाद रऊफ के खिलाफ अनुशासनात्‍मक कार्रवाई की गई है। रऊफ पर उनके मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है। आईसीसी के फैसले के बाद रऊफ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्‍तान के पहले दो एक दिवसीय मैच में नहीं खेल पाएंगे।

 

*******

 

मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्‍थानों पर बिजली चमकने और बादल गरजने के साथ मूसलाधार बारिश होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इस बीच, दिल्‍ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।

 

*******

 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान थमने और कल वोट डाले जाने का समाचार सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। देशबंधु की सुर्खी है- चुनाव प्रचार के कल अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत। जनसत्‍ता ने बिहार जाने वाली ट्रेनों में जगह पाने के लिए नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर जुटे लोगों की तस्‍वीर प्रकाशित की है। हरिभूमि के शब्द हैं-पहले चरण के लिए 16 मंत्रियों का भविष्य दांव पर। सजे गुरूदवारे, नगर कीर्तन में गूंजे जयकारे। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- पत्र लिखता है गुरू नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दिल्‍ली स्थित गुरूदवारा रकाब गंज साहिब में आज पूरे दिन चलेगा समागम। दैनिक भास्‍कर के शब्‍द हैं- प्रकाश पर्व मनाने के लिए एक हजार नौ सौ 32 श्रद्धालुओं का जत्‍था अटारी बार्डर से पाकिस्‍तान रवाना। देव दीपावली आज, अस्‍सी घाट पर सात अर्चक करेंगे महाआरती। अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र लिखता है- महिला क्रिकेट टीम को समर्पित होगी महाआरती। एक लाख दीप जलेंगे अस्‍सी घाट पर। 21 तरह की रंगोलियां बनाएंगे स्‍कूली बच्‍चे और पांच क्विंटल फूलों की श्रद्धालुओं पर होगी वर्षा। बुकिंग के 48 घंटे के भीतर टिकट कैंसिल करवाने पर कोई चार्ज नहीं, 21 दिन में पूरी करनी होगी रिफंड की प्रक्रिया। राजस्‍थान पत्रिका की खबर है। नौसेना की बढेगी युद्धक क्षमता, कल शामिल होगा इक्षक सर्वेक्षण पोत। हरिभूमि की सुर्खी है।

 

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • बिहार में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।

  • दुनिया के शीर्ष सहकारी संस्थाओं में अमूल ने पहला और इफको ने दूसरा स्थान हासिल किया।

  • क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में सर्वाधिक 54 भारतीय विश्‍वविद्यालय और संस्थान शामिल; आईआईटी दिल्ली, भारत का शीर्ष रैंक वाला संस्थान बना।

  • गुरु नानक जयंती और गुरुपर्व आज देश-विदेश में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

  • उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज शाम देव दीपावली मनाई जाएगी।

  • आईसीसी ने भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.