October 24, 2025 9:24 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17वें रोज़गार मेलें में 51 हज़ार से ज़्यादा नियुक्ति पत्र बाटेंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों के निर्देश दिए।
  • आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक भीषण बस दुर्घटना में 20 से अधिक लोगों की मृत्‍यु की आशंका।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक लाख करोड रुपये से अधिक की रक्षा खरीद नियमावलीडीपीएम 2025 जारी की।
  • इसरो के गगनयान मिशन की पहली चालकरहित परीक्षण उड़ान दिसंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च के लिए तैयार।
  • क्रिकेट में भारत ने न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के साथ महिला एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोज़गार मेला पहल के अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्‍यम से 51 हज़ार से ज़्यादा नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे। 17वें रोज़गार मेले में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी शामिल होंगे। रोज़गार मेला कार्यक्रम आजीविका सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। यह युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

*******

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश में तेज़ी से विकास हो रहा है और बिहार इस यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। कल ‘मेरा बूथ सबसे मज़बूतकार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि देश और बिहार में विकास कार्य तेज़ी से हो रहे हैं।

आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में हर एक दिशा में काम हो रहा है कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं नई रेलवे रूट बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं और इसका बहुत बड़ा कारण यह है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है तो विकास तेज होता है। बिहार की एनडीए सरकार की शक्ति भी यही है और इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है रफ्तार पकड़ चुका बिहार फिर से एनडीए सरकार।

श्री मोदी ने कहा कि आने वाले वर्षों में एनडीए का लक्ष्य बिहार को तकनीक का केंद्र बनाना है।

*******

इस बीच, महागठबंधन ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कल पटना में इसकी घोषणा की।

यह कह सकता हूं खड़गे साहब राहुल गांधी जी और तमाम जो साथी बैठे हमारे इन सब की राय लेकर के हम लोगों ने तय किया है, इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री चहरे के रूप में तेजस्वी यादव जी को हम लोग सपोर्ट करते हैं, जो एक नौजवान है लंबा फ्यूचर इनके साथ में है और मेरे अनुभव से में कह सकता हूं जिसका लंबा फ्यूचर होता है, पब्लिक भी साथ देती है।

इस घोषणा के बाद तेजस्‍वी यादव ने कहा कि उनका लक्ष्‍य सरकार बनाने से ज्‍यादा प्रदेश का विकास करना है।

विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री का उम्‍मीदवार बनाया गया है।

*******

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को पहले चरण के लिए वोट डाले जायेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज समस्तीपुर जिले के दूधपूरा हवाई अड्डा मैदान से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम घोषित होने के बाद श्री मोदी की यह पहली जनसभा होगी। प्रधानमंत्री कर्पुरीग्राम में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्री मोदी बेगूसराय में भी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव भी आज से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। श्री यादव वैशाली, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में विभिन्न चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। ‌धर्मेन्द्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

*******

निर्वाचन आयोग ने राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये है कि वे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां करें। कल नई दिल्‍ली में मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों का दो दिन का सम्‍मेलन संपन्‍न हुआ। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार की अध्‍यक्षता में हुए सम्‍मेलन में निर्वाचन आयुक्‍त सुखबीर सिंह संधु और डॉ. विवेक जोशी भी शामिल थे। विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बारे में वरिष्‍ठ अधिकारियों द्वारा विवरण प्रस्‍तुत किए जाने के बाद मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों के प्रश्‍नों पर भी स्‍पष्‍टीकरण दिया गया। देशभर के राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों ने सम्‍मेलन में भाग लिया।

*******

आंध्रप्रदेश के कुरनूल में एक निजी बस में आग लगने से 20 से अधिक लोगों की मृत्‍यु हो जाने की आशंका है। यह बस हैदराबाद से बेंगलूरू जा रही थी और कुरनूल जिले के उलिंडाकुंडा के पास आज तडके इसमें आग लग गई। बस में करीब 42 यात्री सवार थे, जिनमें से 20 लोगों की मृत्‍यु हो जाने की आशंका है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक दोपहिया बाईक पीछे से बस से टकरा कर बस के नीचे आ गई और बाईक के पेट्रोल टैंक से निकली आग बस तक फैल गई।

घायल यात्रियों को कुरनूल के सर्वजन अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आंध्र प्रदेश के धरना में हुई लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल नई दिल्ली में रक्षा खरीद नियमावली-डीपीएम 2025 जारी की। नई डीपीएम अगले महीने की पहली तारीख से प्रभावी होगी। इसके अंतर्गत सेना के तीनों अंग और रक्षा मंत्रालय के अधीन अन्य प्रतिष्ठान लगभग एक लाख करोड़ रुपये मूल्य की राजस्व खरीद कर सकेंगे।

श्री सिंह ने नियमावली में संशोधन के लिए अपने मंत्रालय और एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्य़क्त किया कि नई नियमावली प्रक्रियाओं को सरल बनाएगी और कार्यप्रणाली में एकरूपता लाएगी। उन्होंने कहा कि यह सशस्त्र बलों को परिचालन संबंधी तैयारियों के लिए आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं को उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के जयंती समारोह में भाग लेने के लिए कोट्टायम से कोच्चि रवाना होंगी। हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट- 

केरल की साहित्यिक नगरी कोट्टायम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के दौरान लोगो का उत्साह बना हुआ है। कल कोट्टायम से कुमारकोम की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। सेंट थॉमस कालेज, पाला के प्लैटिनम जयंती समारोह का उद्घाटन करते हुए, राष्ट्रपति ने शिक्षा के क्षेत्र में कोट्टायम के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। समारोह के बाद, राष्ट्रपति कुमारकोम के लिए रवाना हुई, जहां वह रात में रुकेंगी। राष्ट्रपति सुबह 10 बजे कोच्चि के लिए प्रस्थान करेंगी। जहां वे सेंट टेरेसा कॉलेज, एर्नाकुलम में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। स्मटी के रिपोट के साथ, समाचार कक्ष से मैं दुर्गा प्रसाद…..

*******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी नारायणन ने कहा है कि देश का पहला चालकरहित गगनयान परीक्षण उड़ान मिशन जी-वन का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और वे इसे दिसंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च करने के लिए तैयार हैं। कल बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत में डॉ. नारायणन ने कहा कि चालक के साथ एस्केप सिस्टम, पैराशूट मॉड्यूल, संचार प्रणाली और अन्य उप-प्रणालियों पर परीक्षण सफल रहे हैं। 

व्योममित्र ह्यूमनॉइड दिसंबर में पृथ्वी की निचली कक्षा में चालक रहित गगनयान मिशन में जाएगा। गगनयान का अंतिम चालकयुक्त मिशन वर्ष 2027 के लिए निर्धारित है जिसमें तीन भारतीय अंतरिक्ष यात्री बाहरी अंतरिक्ष की यात्रा करेंगे और वापस लाए जाएंगे। 

डॉ. नारायणन ने कहा कि सात उपग्रहों के समूह के साथ नैविक नेविगेशन सैटेलाइट 2027 तक तैयार हो जाएगा।

*******

वस्‍तु और सेवा कर बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 22 सितंबर को इसकी घोषणा की थी। जीएसटी सुधारों से कृषि क्षेत्र और किसानों को हो रहे लाभों पर पेश है हमारे संवाददाता की रिपोर्ट –

नए कर ढांचे के अंतर्गत विभिन्न कृषि उपकरणों जैसे स्प्रिंकलर, ड्रिप सिंचाई प्रणाली और हार्वेस्टर मशीनरी पर जीएसटी दर को बारह प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे यह आवश्यक उपकरण किसानों के लिए और अधिक सुलभ हो गए हैं। जीएसटी 2.0 के तहत जैव कीटनाशकों और कई सूक्ष्म पोषक तत्वों को भी पांच जीएसटी स्लैब में शामिल किया गया है, जिससे जैव आधारित कृषि को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, उर्वरक उत्पादन में उपयोग होने वाले कच्चे माल, जैसे अमोनिया, सल्फ्यूरिक एसिड और नाइट्रिक एसिड पर भी अब केवल पांच प्रतिशत जीएसटी लग रहा है, जिससे उत्पादन लागत में कमी होगी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में, असम के किसान संजय चांका कोती ने उर्वरकों पर जीएसटी में कमी के फैसले की सराहना करते हुए इसे कृषि क्षेत्र और किसानों की आय के लिए बड़ा प्रोत्साहन बताया है। मैं यहां पर धन्यवाद करता हूं। हाल ही में सरकार ने जो निर्णय लिया जीएसटी घटाने का, उससे हम किसानों को बहुत फायदा हो रहा है। जैसे फर्टिलाइजर में जो केमिकल में पहले बारह से अठारह प्रतिशत जीएसटी था, अभी वो घट के पांच प्रतिशत हो गया। इससे हम लोगों का जो लगता है फर्टिलाइजर में, उस पर बहुत राहत  होगी।इन कर कटौतियों से कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा मिलेगा, श्रम लागत घटेगी और फसल उत्पादन में सुधार होगा। सतपाल अक्षर, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, नई दिल्ली में रेल भवन स्थित वॉर रूम से त्योहारों के दौरान चलने वाली विशेष ट्रेनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कल अधिकारियों के साथ बातचीत की और छठ पूजा से पहले रेलवे की तैयारियों का जायजा लिया। श्री वैष्‍णव ने कहा कि देश भर में तीन स्‍तरीय वॉर रूम शामिल हैं, एक डिवीजन स्‍तर पर, एक जोनल स्‍तर पर और एक रेलवे बोर्ड स्‍तर पर।

वॉर रूमस बनाए गए हैं। एक वॉर रूम ऑपरेशनल होता है, डिविजन लेवल पर। दूसरा जोनल लेवल पर और तीसरा रेलवे बोर्ड के लेवल पर। रेलवे बोर्ड के लेवल पे डिविजन और जोन का फील भी यहां पर आता है। साथ ही साथ हर बडे़ स्‍टेशन पर एक मिनी कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इस पूरी व्‍यवस्‍था से देश भर में हर स्‍टेशन की क्‍या पोजीशन है, कहां पर एक्‍स्‍ट्रा गाडियां चाहिए। किस तरह की प्रॉब्‍लमस आ रही है वो एक कॉर्डिनेटिड वे में चल पा रहा है।

*******

खेल खबरों के साथ हैं चन्‍द्रशेखर शर्मा

आईसीसी महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में, भारत ने कल न्यूज़ीलैंड को 53 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। बारिश से प्रभावित मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन बनाए।  जवाब में, न्यूज़ीलैंड 44 ओवर में 325 रनों के संशोधित डीएलएस लक्ष्य का पीछा करते हुए, निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर 271 रन ही बना पाया। इस जीत के साथ, भारत के अब छह अंक हो गए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल में पहुँच गया है। उधऱ, बहरीन के मनामा में एशियाई युवा खेल 2025 में, भारत ने कल कबड्डी में दो स्वर्ण पदक जीते। सात पदकों के साथ, भारत के कुल पदकों की संख्या दस हो गई है जिसमें दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।  इस बीच, दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप गेम्स 15 साल के बाद आज से रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनवीन सक्‍सेना।

  • बिहार में महागठबंधन द्वारा राष्‍ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्‍वी यादव को मुख्‍यमंत्री पद का उम्‍मीदवार बनाने की खबर सभी समाचार पत्रों ने सचित्र प्रकाशित की है। जनसत्‍ता लिखता है – महागठबंधन का तेजस्‍वी चेहरा, पटना में बैठक के बाद राजस्‍थान के पूर्व मुख्‍यमंत्री गहलोत का ऐलान।
  • उनहत्‍तर हजार करोड़ के हथियार और सैन्‍य उपकरण की खरीद को मंजूरी, अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र लिखता है – नाग मिसाइलें और इलैक्‍ट्रॉनिक इंटेलिजेंस की होगी खरीद।
  • वहीं दैनिक जागरण ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप द्वारा नीति में बड़ा बदलाव करने की खबर अपने मुख पृष्‍ठ पर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – ट्रंप ने रूस की दो बड़ी तेल कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध, भारत की बढ़ी चुनौती।
  • राजस्‍थान पत्रिका ने गैर कानूनी कंटेंट को लेकर खबर प्रकाशित की है। सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म को 36 घंटे में हटाना होगा अवैध कंटेंट, देशभर में 15 नवम्‍बर से लागू होंगे नए नियम।
  • आखिरी घंटे की मुनाफा वसूली से शेयर बाजार ने बढ़त गंवाई, सेंसेक्‍स, निफ्टी ने नया शिखर छुआ, लगातार छठे दिन तेजी दर्ज की – हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है।
  • बैंक ग्राहको को चार नामिनी जोड़ने का मिलेगा विकल्‍प, पसंद के अनुसार नामांकन की सुविधा, देशबंधु की खबर है। पत्र लिखता है – एक नवम्‍बर से लागू होंगे प्रावधान।
  • दैनिक भास्‍कर ने तुर्किए के इब्राहिम यूसेल की 26 साल से चली आ रही सिगरेट की आदत छोड़ने के लिए अपनाए गए खास तरीके की खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – सिगरेट छोड़ने के लिए शख्‍स ने खुद का चेहरा पिंजरे में लॉक किया। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग इस अनूठी और अजीब कोशिश की खूब सराहना कर रहे हैं।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17वें रोज़गार मेला में 51 हज़ार से ज़्यादा नियुक्ति पत्र बाटेंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों के निर्देश दिए।
  • आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक भीषण बस दुर्घटना में 20 से अधिक लोगों की मृत्‍यु।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक लाख करोड रुपये से अधिक की रक्षा खरीद नियमावली-डीपीएम 2025 जारी की।
  • इसरो के गगनयान मिशन की पहली चालकरहित परीक्षण उड़ान दिसंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च के लिए तैयार।
  • क्रिकेट में भारत ने न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के साथ महिला एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

*******