मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ वार्ता करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और मिस्र, कतर तथा तुर्की के नेताओं ने गजा में युद्ध समाप्त करने और शांति स्थापित करने के लिए घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।
- अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने कहा, उन्होंने पाकिस्तान के साथ सीमा संघर्ष में अपना लक्ष्य हासिल किया।
- संयुक्त राष्ट्र में सैन्य बल का सहयोग करने वाले देशों के प्रमुखों का तीन दिवसीय सम्मेलन आज से नई दिल्ली में।
- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए ईवीएम–वीवीपैट का पहला रैंडमाइजेशन पूरा हुआ।
- वेस्टइंडीज के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत जीत से मात्र 58 रन दूर।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ वार्ता करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों के समूचे पहलुओं की समीक्षा करेंगे। वार्ता के बाद कई समझौता पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। मंगोलिया के राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना कल चार दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे। हमारे संवाददाता ने बताया कि किमंगोलिया के राष्ट्रपति के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। राष्ट्रपति के रूप में राष्ट्रपति खुरेलसुख की यह पहली भारत यात्रा है।
भारत और मंगोलिया के बीच राजनायिक संबंध 1955 में स्थापित हुए थे। पिछले 7 दशकों में दोनों देशों ने साझा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक घनिष्ठ और बहुआयामी साझेदारी विकसित की है, यह साझेदारी रक्षा और सुरक्षा संसदीय आदान–प्रदान विकास साझेदारी ऊर्जा, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में फैली हुई है। मंगोलियाई राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा दोनों देशों को द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने, रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान–प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरीका की मध्यस्थता वाले युद्धविराम समझौते के अंतर्गत हमास की कैद से सभी जीवित इज़राइली बंधकों की रिहाई का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बंधकों की रिहाई उनके परिवारों के साहस, राष्ट्रपति ट्रंप के अटूट शांति प्रयासों और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
*******
इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारत की प्रशंसा की है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘बहुत अच्छा मित्र’ बताया है। कल मिस्र में शर्म अल-शेख शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत को एक महान देश बताया।
भारत एक महान देश है जहां मेरे एक बहुत अच्छे दोस्त शीर्ष पर हैं और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत साथ–साथ बहुत अच्छे से रहेंगे।
*******
गजा में दो साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अपने मिस्र और तुर्किये समकक्षों और कतर के अमीर के साथ मिस्र के शर्म अल-शेख में एक ऐतिहासिक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किया। इस अवसर पर 30 से अधिक वैश्विक नेता और राष्ट्रीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह हस्ताक्षर बीती रात शर्म अल-शेख शांति शिखर सम्मेलन में हुए जहाँ मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फ़तह अल-सीसी, तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने हमास-इज़राइल युद्धविराम समझौते की जिम्मेदारी ली। इस दौरान राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि यह दुनिया और मध्य पूर्व के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है।
ये वो दिन है जिसके लिए इस क्षेत्र और दुनिया भर के लोग काम कर रहे हैं, प्रयास कर रहे हैं, उम्मीद कर रहे हैं और प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने पिछले महीने ऐसे काम किए हैं जो मुझे लगता है कि सचमुच अकल्पनीय थे। किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा हो सकता है जिस ऐतिहासिक समझौते पर हमने अभी हस्ताक्षर किए हैं उसके साथ लाखों लोगों की प्रार्थनाएं पूरी हो गई। आखिरकार मध्य पूर्व में शांति आ गई है।
मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी ने इस क्षण को एक ऐतिहासिक बताया और स्थिरता के एक नए युग की शुरुआत बताया।
*******
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने कहा है कि अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के साथ सीमा पर झड़पों से अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान ने पाकिस्तान हमले के बाद केवल सैनिक कार्रवाई शुरू की थी।
पाकिस्तान की तरफ से जब अटैक हुआ तो उसके बाद हमारे तरफ से जो एक ऑपरेशन शुरू हुआ तो हम अपने हद पर पहुंच गया। उससे बात हुई ऑपरेशन के दौरान में हमारे जो दोस्त है जैसा सऊदी अरब, कतर, रूस से ये दर्खास्त हुआ कि भाई ये जंग रुकना चाहिए, तो उसके बाद हमने जंग रोका और हम ये चाहते हैं कि ये जंग मसलों का हल नहीं हैं।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
भारतीय सेना आज से नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र में सैन्य सहयोग करने वाले देशों के प्रमुखों के सम्मेलन का आयोजन कर रही है।
तीन दिन के इस सम्मेलन में 32 देशों के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व एक साथ मिलकर सैन्य मिशनों की चुनौतियां, बदलते खतरों, बेहतर तरीकों और भविष्य की शांति स्थापना पर चर्चा करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस सत्र में सेना प्रमुख और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख भी अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन के दौरान साझा क्षमता निर्माण, द्विपक्षीय और सांस्कृतिक आदान–प्रदान के लिए रक्षा प्रदर्शनियाँ भी आयोजित की जाएँगी।समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
भारत ने बाल अधिकारों के हनन और सीमा पार आतंकवाद के लिए पाकिस्तान की कडी निंदा की है और उस पर अपने रिकॉर्ड को लेकर दुनिया का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। न्यूयॉर्क में 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधि निशिकांत दुबे ने यह बात कही।
हम उनकी सीमाओं के भीतर बच्चों के साथ हो रहे गंभीर दुर्व्यवहारों से दुनिया का ध्यान हटाने के लिए उनके प्रयासों की कड़ी निंदा करते हैं। जैसा कि सीएएसी महासचिव द्वारा 2025 में जारी रिपोर्ट और साथ–साथ चल रहे सीमा पार आतंकवाद से भी स्पष्ट होता है कि अपनी सीमाओं से परे इस रिपोर्ट में पाकिस्तान द्वारा स्कूलों विशेष कर बालिका विद्यालयों में स्वास्थ्य कर्मियों के हमलों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया है।
श्री दूबे ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका को भी उजागर किया।
22 अप्रैल 2025 को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई एक सुविचारित और संतुलित प्रतिक्रिया में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी रक्षा के लिए अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए अपने वैद्ध अधिकारों का प्रयोग किया और मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 आतंकवादी ठिकानों पर लक्षित हमले किये। इसके विपरीत पाकिस्तान ने जानबूझकर हमारे सीमावर्ती इलाकों में बच्चों को और नागरिकों को अपना लक्ष्य बनाया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी सुधारों की घोषणा की थी जो पिछले महीने की 22 तारीख से लागू हो गये हैं। प्रधानमंत्री ने इसे बचत उत्सव का नाम दिया है और इससे पूरे देश को लाभ हो रहा है। आज प्रस्तुत है इन सुधारों को लेकर मिजोरम में सशक्त हो रहे विभिन्न उद्योगों के बारे में हमारे संवाददाता की यह रिपोर्ट –
नए जीएसटी सुधारों से मिजोरम के कारीगरों, किसानों और पर्यटन उद्योगों को एक बड़ा बढावा मिल रहा है। जीएसटी दरों में कमी से पारंपरिक और क्षेत्रीय उत्पाद अब ज्यादा किफायती हो गए हैं जिससे स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है। जीएसटी में इस बदलाव से मीज़ो मिर्च, अदरक, हल्दी, बांस और फलों जैसी पैकेज्ड और प्रसंस्कृत वस्तुओं पर कर की दर 18% से घटकर 5% हो गई है। जीएसटी में कटौती से स्थानीय सामान सस्ता हुआ है और ग्रामीण व अर्ध शहरी क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा मिला है। इसके साथ ही पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और 7500 रूपये तक के होटल में रहने पर 5% जीएसटी लगने से अब राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यवसायों और राज्य के लोगों को मदद मिलेगी। इन सुधारों से अतिथ्य, कृषि और नवाचार के माध्यम से राज्य की समग्र अर्थव्यवस्था सुधरेगा और लोगों को रोजगार मिलेगा। इशानी और सौम्या के साथ दिलनशी आरजू, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट का पहला रैंडमाइजेशन पूरा हो गया है। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारियों ने ईवीएम प्रबंधन प्रणाली के माध्यम रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की।
*******
इस बीच हमारे संवाददाता ने बताया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल-आरजेडी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
बिहार में दोनों बड़े राजनीतिक गठबंधन एनडीए और महागठबंधन में राजनीतिक उथल–पुथल के बीच प्रमुख पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों को नामांकन करने की अनुमति दे दी है। राष्ट्रीय जनता दल की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कल कई उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिये। इसी प्रकार जनता दल यूनाइटेड की ओर से भी कई प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। सीपीआई माले की ओर से भी कई प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की घोषणा की गई है। इधर, तेज प्रताप यादव ने अपनी नयी पार्टी जनशक्ति जनता दल के 21 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।
*******
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की एक अदालत ने एक निजी कॉलेज की मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो और संदिग्धों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने कल दुर्गापुर में पीड़िता से मुलाकात की। इस घटना को “हृदय विदारक” बताया।
*******
उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करेगी। इससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति समाज की मुख्यधारा से बाहर न रह पाये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ये अत्याधुनिक केंद्र एक ही छत के नीचे चिकित्सा, शिक्षा, मनोवैज्ञानिक और व्यावसायिक सहायता सहित एकीकृत पुनर्वास सेवाएँ प्रदान करेंगे।
*******
मौसम विभाग ने आज आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दूचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भी आज गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
*******
खेल जगत की खबरों के साथ हैं शक्ति सिंह…
वेस्टइंडीज के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन आज भारत दूसरी पारी में एक विकेट पर 63 रन से आगे खेलना शुरू करेगा। नई दिल्ली में चल रहे इस मैच में भारत की स्थिति काफी मजबूत है और उसे मैच जीतने के लिए मात्र 58 रन की जरूरत है। इससे पहले, कल वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 390 रन पर सिमट गई। वहीं, बैडमिंटन में भारत के लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी तथा पुरुष डबल्स की चिराग शेट्टी तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोडी आज से शुरू हो रहे डेनमार्क ओपन बैडमिंटन 2025 में अपनी–अपनी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष डबल्स मुकाबले में साई प्रतीक और पृथ्वी कृष्णामूर्तिराय भी चुनौती प्रस्तुत करेंगे। वहीं, इस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स में अनमोल खरब भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगी। उधर, एशियाई टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप में भारत की महिला टीम क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर से 3-2 से हार गई। कल भुवनेश्वर में मनिका बत्रा को पहले मैच में हार का सामना करना पडा जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने जीत हासिल हुई। यशस्विनी घोरपड़े ने अपना मैच जीत। जबकि, दीया चिताले अपना मैच हार गई। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भारत के लिए पदक की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
- हमास द्वारा इस्राइल के बंधकों को रिहा करने की खबर आज सभी समाचार पत्रों ने अपने प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित की है। जनसत्ता की सुर्खी है- गजा़ में शांति बहाल, हमास ने बंधक छोड़े। ट्रंप ने इस्राइल की संसद में कहा – यह युद्ध का ही नहीं, आतंक का भी अंत है।
- बिहार चुनाव से पहले आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और उनके परिवार पर आरोप तय करने से जुड़ी खबर कई अखबारों ने, सचित्र प्रकाशित की है। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है-बिहार चुनाव के बीच राजद को झटका। लालू, राबडी और तेजस्वी पर आरोप तय।
- जहरीली सिरप वाली कंपनी पर ताला, लाइसेंस रद्द। अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र लिखता है-मध्य प्रदेश, राजस्थान में बच्चों की मौत के मामले में तमिलनाडु सरकार की कार्रवाई। सिरप में था खतरनाक रसायन।
- दैनिक भास्कर ने उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब की बर्फ से ढकी तस्वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- यह सफेदी अच्छी है। इस बार पडेगी एक सौ दस साल की तीसरी सबसे तेज ठंड।
- भारत में हर साल घट रहे सुनहरी धूप के घंटे, उत्तरी मैदानी इलाकों में हर साल तेरह घंटे की धूप कम हुई। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। पत्र लिखता है- खेती और पर्यावरण पर सीधा असर।
- बाहर माह की सेवा अवधि में ही पीएफ राशि निकाल सकेंगे, ईपीएफओ ने न्यूनतम कार्यकाल की सीमा घटाई, न्यासी बोर्ड ने कई अन्य बड़े फैसले किए। हिन्दुस्तान में है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ वार्ता करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और मिस्र, कतर तथा तुर्की के नेताओं ने गजा में युद्ध समाप्त करने और शांति स्थापित करने के लिए घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।
- अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने कहा, उन्होंने पाकिस्तान के साथ सीमा संघर्ष में अपना लक्ष्य हासिल किया।
- संयुक्त राष्ट्र में सैन्य बल का सहयोग करने वाले देशों के प्रमुखों का तीन दिवसीय सम्मेलन आज से नई दिल्ली में।
- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए ईवीएम-वीवीपैट का पहला रैंडमाइजेशन पूरा हुआ।
- वेस्टइंडीज के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत जीत से मात्र 58 रन दूर।
*******