मुख्य समाचार
- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना आज जारी होगी।
- बिहार चुनाव के लिए सीट बंटवारे की एनडीए की घोषणा के बाद नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई।
- स्कूली बच्चों में रचनात्मकता और समस्या समाधान कौशल मजबूत करने के लिए भारत का सबसे बडा स्कूल हैकाथॉन विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 आज।
- कनाडा की विदेशमंत्री अनिता आनंद आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ वार्ता करेंगी।
- गाजा में युद्ध समाप्त करने के शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आज मिस्र के शर्म-अल-शेख में।
- और बैडमिंटन में बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप गुवाहाटी में आज से शुरू।
**************
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी होगी। इसके साथ ही इस चरण में 20 जिलों के 122 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 20 अक्तूबर तक नामांकन भरे जा सकते हैं, इनकी जांच 21 अक्तूबर को होगी। 23 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दिन के 3 बजे तक दाखिल किए जा सकते हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चुनाव आयोग ने नामांकन केंद्रो पर कडी सुरक्षा व्यवस्था की है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 122 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सात जिलों के अलावा दक्षिणी बिहार के आठ जिलों में भी मतदान होगा। इस चरण में सीमांचल के जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार के मतदाता वोट डाल सकेंगे। वहीं, मगध क्षेत्र के जिलों गया, जहानाबाद, औरंगाबाद और नवादा में भी इसी चरण में मतदान होगा। दूसरे चरण के चुनाव में कई निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं पड़ोसी राज्य झारखंड और उत्तर प्रदेश से लगती हैं। इसे देखते हुए स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय के साथ फ्लैग मार्च और नक्सल विरोधी गतिविधियां चलाई जा रही है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
**************
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन-एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है। इसके बाद कल रात नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी नड्डा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए। इस बैठक का उद्देश्य पार्टी की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देना था। समझौते के अनुसार भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड 101-101 सीटों पर चुनाव लडेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास गुट को 29 तथा हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चे को 6-6 सीटें दी गई है। चुनाव में एनडीए का मुकाबला विपक्षी महागठबंधन से होगा। इस गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- माले लिब्रेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी तथा विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं। महागठबंधन को अभी सीट बंटवारे पर फैसला लेना है। मतदान दो चरणों में- 6 और 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को बिहार में बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वे मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान में भाग लें और अपने अनुभव साझा करें। प्रधानमंत्री इन सुझावों पर चुनिंदा कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत भी करेंगे।
**************
जम्मू-कश्मीर में तीन राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी के सत शर्मा, राकेश महाजन और डॉ. अली मोहम्मद मीर आज नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। शनिवार को श्रीनगर में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें सभी 28 विधायकों ने भाग लिया। वरिष्ठ भाजपा नेता और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता, सुनील शर्मा ने बताया कि बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति तय करने तथा अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई।
**************
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज राजस्थान के एक दिन के दौरे पर जयपुर पंहुचेंगे। वे तीन नए आपराधिक कानून लागू होने का एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। आज से आरंभ हो रही छह दिन की इस प्रदर्शनी में इन कानूनों के प्रमुख प्रावधानों को दिखाया जाएगा। श्री शाह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत प्राप्त निवेश प्रस्ताव में से चार लाख करोड़ रुपये के एम.ओ.यू. की ग्राउंड ब्रेकिंग तथा लगभग नौ हज़ार तीन सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकर्पण भी करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए 260 करोड़ एवं दुग्ध उत्पादकों को दूध सब्सिडी के 364 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत रजिस्ट्रेशन का शुभारंभ तथा एफ.एस.एल. और महिला सुरक्षा पेट्रोलिंग वाहनों का फ्लैग-ऑफ भी किया जाएगा। जितेंद्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
**************
देश का सबसे बडा स्कूल हैकेथॉन- विकसित भारत बिल्डेथॉन 2025 आज सुबह 10 बजे से रात 11 बजे के बीच आयोजित होगा। विकसित भारत बिल्डेथॉन राष्ट्रव्यापी पहल है जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की रचनात्मक्ता और समस्याओं का हल तलाशने के कौशल को बढावा देने के लिए स्कूलों और शिक्षकों को आमंत्रित किया जाता है।
विकसित भारत विल्डेथॉन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार की संस्कृति को सशक्त बनाना है। इसमें विद्यार्थियों को चार थीम-आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत के विषय पर अभिनव प्रारूप तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। शिक्षा मंत्रालय ने अटल नवाचार मिशन और नीति आयोग के सहयोग से यह आयोजन किया है। आधिकारिक पोर्टल- vbb.mic.gov.in या Schoolinnovationmarathon.org/registration पर इस आयोजन का सीधा प्रसारण होगा। बिल्डेथॉन के तहत एक करोड़ रुपये का पुरस्कार भी रखा गया है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर 10 विजेताओं, राज्य स्तरीय 100 विजेताओं और जिला स्तर के 1000 विजेताओं में वितरित किया जाएगा। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
**************
जीएसटी बचत उत्सव से पूरे देश को लाभ हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित बचत उत्सव पिछले महीने की 22 तारीख से लागू हुआ। माल और सेवा कर- जीएसटी सुधार के प्रभावों की कड़ी में आज प्रस्तुत है सशोधित दरों से हिमाचल प्रदेश के उद्योगों को मिलने वाली मजबूती के बारे
नए जीएसटी सुधार ने हिमाचल प्रदेश के कारीगरों, किसानों और औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ी राहत प्रदान की है। इन जीएसटी सुधारों के तहत कुल्लू, किन्नौरी और पश्मीना शॉल जैसे विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों पर कर की दरें 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई हैं। जीएसटी में की गई इस कर कटौती से कारीगरों की प्रतिस्पर्धात्मकता और उनकी आय दोनों में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके साथ ही, कढ़ाईदार चंबा रुमाल, पारंपरिक चमड़े की चप्पलें, लकड़ी की शिल्प, धातु के बर्तन, मिट्टी के बर्तन और बांस की वस्तुएं भी अब 5 प्रतिशत जीएसटी दर का हिस्सा है। संशोधित जीएसटी दरों में इन सुधारों का उद्देश्य हजारों कारीगरों को समर्थन देने के साथ ही स्थानीय रूप से निर्मित फर्नीचर और स्मृति चिन्हों की मांग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही कर में कमी से धातु के बर्तनों और मिट्टी के बर्तनों के उत्पादों के लिए भी एक अनुकूल बाजार तैयार हुआ है। जीएसटी सुधारों ने लोगों की आजीविका को बल दिया है और हिमाचल प्रदेश को उभरते बाज़ारों और समृद्ध समुदायों वाली भूमि के रूप में विकसित होने में मदद की है। रोहन के साथ, सौम्या शरण, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
**************
कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद कल रात भारत की दो दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंची। वे आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ वार्ता करेंगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सुश्री आनंद की यह यात्रा द्विपक्षीय तंत्रों को मजबूत कर तथा आर्थिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाकर दोनों देशों के संबंधों को गति देगी।
**************
गाजा में युद्ध समाप्त करने के शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आज मिस्र के शर्म-अल-शेख में शुरू हो रहा है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में 20 से अधिक देशों के नेताओं के भाग लेने की संभावना है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्द्धन सिंह शांति सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने शांति सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में काहिरा पहुंचने की जानकारी दी।
**************
पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के आज चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अक्टूबर 2021 को इस मास्टर प्लान का शुभारंभ किया था। पीएम गतिशक्ति योजना का लक्ष्य विश्वसनीय बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाना है। यह योजना 16 मंत्रालयों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाकर रेलवे, सड़क, बंदरगाह, हवाई अड्डे, जलमार्ग, जन परिवहन और रसद जैसे सात क्षेत्रों को एक साथ जोड़ती है।
**************
भारत और ऑस्ट्रेलिया का चौथा संयुक्त सैन्य अभ्यास “ऑस्ट्राहिंद” आज से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में शुरू हो रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सेना की एक सौ बीस सैनिकों की टुकड़ी इस वार्षिक अभ्यास में भाग लेगी। सैन्य अभ्यास 26 अक्तूबर को सम्पन्न होगा।
**************
भारत कल से नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र के अभियानों में सैनिक भेजने वाले देशों के सेना प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी करेगा। तीन दिन के सम्मेलन में कुल 32 देश शामिल होंगे।
**************
अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम शमन दिवस आज समूचे विश्व में मनाया जा रहा है। यह दिवस लोगों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम है – ”फंड रेजिलिएंस, नॉट डिजास्टर्स” ।
**************
बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर व्यक्तिगत बैडमिंटन चैंपियनशिप आज से असम के गुवाहाटी में शुरू हो रही है। भारत वर्ष 2008 के बाद दूसरी बार इस प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा और रक्षिता रामराज को शुरुआती दौर में बाई मिली है। इसलिए वे सीधे दूसरे दौर में खेलेंगी। पुरूष सिंग्लस में, रौनक चौहान और सूर्याक्ष रावत को भी पहले दौर में बाई मिली है।
**************
उधर, सुल्तान जोहोर कप हॉकी प्रतियोगिता, 2025 में कल भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड को 4-2 से हरा दिया।
**************
अखिल भारतीय फुटबॉल परिसंघ ने कल नई दिल्ली में आम सभा की विशेष बैठक में सर्वोच्च न्यायालय से अनुमोदित संविधान को मंजूरी दे दी। 19 सितम्बर को सर्वोच्च न्यायालय ने कुछ संशोधनों के साथ अखिल भारतीय फुटबॉल परिसंघ के संविधान के मसौदे का अनुमोदन किया था।
**************
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में ऑनलाइन और सोशल मीडिया अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। साइबर अपराध विभाग, गुरूग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त प्रियांशु दीवान परिचर्चा में भाग लेंगे।
**************
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ:-
धन्यवाद विशाल, बिहार विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन दलों में सीट बटवारे पर सहमति आज के सभी अखबारों के मुख्य पृष्ठ पर है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- जदयू और भाजपा को बराबर सीटें, दोनों दल 101-101 सीटों पर लडेंगे चुनाव। लोकसत्य ने लिखा है- एनडीए में सीट शेयरिंग का फार्मूला तय। चिराग को 29, उपेन्द्र कुशवाहा और मांझी को छह-छह सीटें। ऑपरेशन ब्लू स्टार एक भूल, इंदिरा गांधी को गंवानी पडी जान। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य पी चिदम्बरम का यह बयान दैनिक जागरण में है। पूर्व गृह मंत्री की इस स्वीकारोक्ति पर भाजपा ने कहा, चिदम्बरम ने ब्लू स्टार पर कांग्रेस के झूठे विमर्श को किया उजागर। देश में बन रहे एआई विलेज.. फसल को जरूरत के अनुसार ऑटोमैटिक मिलेगा पानी, होगा गांव का अपना वैदर स्टेशन भी। दैनिक भास्कर ने इसे देते हुए लिखा है, भारतीय कृषि डिजिटल महाक्रांति के मुहाने पर। हरियाणा में आईपीएस अधिकारी आत्महत्या मामले में एसआईटी ने शुरू की जांच। दैनिक ट्रिब्यून का कहना है- चंडीगढ पुलिस ने एफआईआर में जोडी उम्रकैद की धारा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर संघर्ष में 58 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने को भी अखबारों में प्रमुखता दी है। अमर उजाला लिखता है- अफगानिस्तान का दावा, आईएस आतंकियों को पनाह दे रहा पाकिस्तान। गूगल एप को टक्कर दे रहा मैपल्स एप। हरिभूमि के अनुसार स्वेदशी मैपल्स एप में गूगल ऐप से भी ज्यादा फीचर्स। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी हुए फैन। धन्यवाद मनोज।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना आज जारी होगी।
- बिहार चुनाव के लिए सीट बंटवारे की एनडीए की घोषणा के बाद नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई।
- स्कूली बच्चों में रचनात्मकता और समस्या समाधान कौशल मजबूत करने के लिए भारत का सबसे बडा स्कूल हैकाथॉन विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 आज।
- कनाडा की विदेशमंत्री अनिता आनंद आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ वार्ता करेंगी।
- गाजा में युद्ध समाप्त करने के शांति समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आज मिस्र के शर्म-अल-शेख में।
- और बैडमिंटन में बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप गुवाहाटी में आज से शुरू।
**************