September 20, 2025 9:23 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के भावनगर में समुद्र से समृद्धिकार्यक्रम में भाग लेंगे; 34 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  • प्रधानमंत्री मुंबई में इंदिरा डॉक पर अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन भी करेंगे।
  • सउदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौते के बाद भारत ने सऊदी अरब से द्विपक्षीय संबंधों में आपसी हित और संवेदनशीलता का ध्यान रखने की अपील की।
  • भारत ने ईरान में फर्जी नौकरी के प्रस्तावों को लेकर लोगों को सतर्क किया।
  • अमरीका में तकनीकी क्षेत्र में विदेशी कर्मचारियों की संख्या सीमित करने के लिए राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने एच-1बी वीज़ा पर एक लाख डॉलर का वार्षिक शुल्क लगाने की घोषणा की।
  • क्रिकेट में, अबूधाबी में भारत ने टी-20 एशिया कप के अंतिम ग्रुप ए मुकाबले में ओमान को 21 रन से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात के भावनगर में समुद्र से समृद्धि कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर वह लगभग 34 हजार दो सौ करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और शुभारंभ करेंगे। इनसे प्राकृतिक गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, सड़क संपर्क और चिकित्‍सा क्षेत्र को लाभ होगा।

आज शुरू की जाने वाली परियोजनाओं में अकेले समुद्री क्षेत्र की परियोजनाओं का मूल्य सात हजार आठ सौ करोड़ से अधिक है। इसमें मुंबई में एक नया क्रूज़ टर्मिनल, कोलकाता और पारादीप के जैसे प्रमुख बंदरगाहों पर नई कंटेनर सुविधाएँ और कन्‍ना की दीनदयाल बंदरगाह पर ग्रीन बायोमेथनॉल प्लांट जैसी प्रमुख परियोजनाएँ शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री गुजरात के लिए 26 हजार तीन सौ करोड़ से अधिक की कई नई परियोजनाएँ का शुभारंभ करेंगे। जिनमें छारा बंदरगाह पर एलएनजी टर्मिनल जैसे नए ऊर्जा संयंत्र और भावनगर और 70 किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग की चार मार्गीय परियोजना शामिल है। प्रधानमंत्री कच्छ के पूरी तरह से सौर ऊर्जा से संचालित धोरडो गाँव का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का भी दौरा करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री धोलेरा औद्योगिक शहर का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

सउदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौते के बाद भारत ने सऊदी अरब से द्विपक्षीय संबंधों में आपसी हित और संवेदनशीलता का ध्यान रखने की अपील की है। भारत ने हर तरह के आतंकवाद से निपटने के लिए विश्व समुदाय से अपने प्रयास तेज़ करने का भी अनुरोध किया है। भारत ने कहा है कि दुनिया आतंकवाद, पाकिस्तान और सेना के बीच के गठजोड़ से परिचित है। पाकिस्तान में आतंकी गुटों के ताज़ा वीडियो के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्थिति को अधिक चिंताजनक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन सहित हर बहुपक्षीय मंच के दस्तावेज़ में, अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से सख़्ती से निपटने पर ज़ोर दिया जाता रहा है। इन दस्तावेज़ में सीमा-पार आतंकवाद की भी चर्चा होती रही है। भारत-नेपाल संबंधों पर श्री जायसवाल ने कहा कि नेपाल में सुशीला कार्की के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन का भारत स्वागत करता है।

*******

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान में नौकरी के वायदे या प्रस्ताव के झांसे में न आने की सलाह दी है। हाल में, ऐसे कई मामले हुए हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को ईरान में रोज़गार देने या किसी अन्य देश में नौकरी के लिए भेजे जाने का प्रलोभन दिया गया। ईरान पहुँचने पर, इन लोगों का आपराधिक गिरोह ने अपहरण कर लिया और उनकी रिहाई के लिए परिवार से फिरौती माँगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान सरकार भारतीयों को केवल पर्यटन वीज़ा पर प्रवेश की अनुमति देती है। नौकरी या किसी अन्य उद्देश्य के लिए ईरान में वीज़ामुक्त प्रवेश का वायदा करने वाले एजेंट आपराधिक गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं।

*******

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के आगामी सत्र में, फिलिस्तीन के राष्‍ट्रपति महमूद अब्बास को विडियो कॉन्‍फ्रेंस से संबोधन की अनुमति के पक्ष में मतदान किया है। 193 सदस्‍य देशों में से 145 ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। अमरीका और इस्राइल ने प्रस्ताव का विरोध किया। हाल ही में, अमरीका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए फिलिस्तीन के अधिकारियों को वीज़ा देने से इनकार किया है। फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास अब 25 सितंबर को विश्व समुदाय को संबोधित कर सकेंगे। यह सत्र 23 सितंबर से शुरू होगा। भारत ने फिलिस्तीन को 1988 में मान्यता दी थी।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार, सेवा और सुशासन के मंत्र से अभिप्रेरित होकर, परिवर्तन और प्रगति के लिए अथक प्रयास कर रही है। विशेष श्रृंखला सेवा पर्व में आज मोदी सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख किया जा रहा है।

नरेंद्र मोदी सरकार ने सभी नागरिकों को बीमा सुविधा देने पर ध्यान केंद्रित किया है सभी को बीमा सुविधा का लाभ पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2015 में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित जन सुरक्षा की योजनाएं शुरू की। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना दुर्घटना के कारण होने वाली मृत्यु या विकलांगता के लिए न्यूनतम प्रीमियम पर दो लाख रुपये तक का आकस्मिक मृत्यु और विकलांगता कर प्रदान करने के लिए बनाई गई है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना किसी भी कारण से मृत्यु होने पर न्यूनतम प्रीमियम पर जीवन बीमा कवर प्रदान करने के लिए बनाई गई है। योजनाओं के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इससे समाज के कमजोर वर्गों को सुरक्षित करने में सहायता मिलेगी।

हम चाहते हैं देश के समान्‍य व्‍यक्ति के जीवन में क्‍योंकि संकट अमीरों को नहीं आता है जी संकट गरीब को आता है। आम तौर पर आपको मालूम है, आप इंशोर‍ेंस निकालने जाएं इतना मेडिकल चेकअप होता और वह तय करता है कि उसको दें या नहीं दें पता नहीं ये लुढ़क जाएगा तो यह स्कीम ऐसी है, आपको सिर्फ फॉर्म भरना है, अगर आप बीमार भी होंगे तो भी उसका बीमा मिल सकता है।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सरकार द्वारा पूरी तरह से वित्तपोषित दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा और आश्वासन योजना है। यह देश के सार्वजनिक और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों में माध्यमिक और तृतीय देखभाल के लिए प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लख रुपए का कवर प्रदान करती है। एक लाभार्थी ने अपने परिवार का अनुभव बताया।

मेरी माता जी को ब्रेन हैमरेज हुआ था और वहां से हम लोग लेकर आए पटना एम्‍स में तो यहां पर लगभग चार लाख 94 हजार रुपये का खर्चा बताया था, तो हमने आयुष्‍मान कार्ड से ईलाज कराया, तो हमको एक भी पैसा नहीं देना पड़ा।    

अनिश्चितताएं भारत के गरीबों के सपनों और आकांक्षाओं को पटरी से उतर सकती हैं। इसीलिए सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास किया है, कि प्रत्येक नागरिक को बीमा कवरेज मिले सभी के लिए के फायदे बीमा उपलब्ध हो और सभी के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित हो सके। अनुपम और विष्णु की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष, से मैं मुकेश कुमार बोल।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस वर्ष स्‍वतंत्रता दिवस संबोधन में, देश में कर-व्यवस्था में सुधार की घोषणा की थी ताकि आम जनता पर से आर्थिक बोझ कम हो। नई दरें आगामी सोमवार से लागू हो रही हैं। आज इस क्रम में, हम इलेक्‍ट्रॉनिक उपकरण क्षेत्र पर जी.एस.टी. सुधार के संभावित प्रभावों की चर्चा कर रहे हैं।

सरकार ने घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर जीएसटी की दरों में कटौती करके इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को बड़ी रहती है एयर कंडीशनर और डिशवॉशर जैसी वस्तुओं पर कर की दर को 28% से घटकर 18% कर दिया गया है वहीं टेलीविजन और गैर टीवी मॉनिटर पर भी जीएसटी दर को घटकर 18% कर दिया गया है जो पहले 28% के तक्षशिला में आती थी कटौती से बाजार में इन उत्पादों की मांग में वृद्धि होने की उम्मीद है आकाशवाणी समाचार से बातचीत में दिल्ली की शुभान मिश्रा ने इन सुधारो का स्वागत किया है।

एसी और टीवी पर जो जीएसटी रेट कम हुआ है, यह सरकार द्वारा किया गया सराहनीय निर्णय है। यह बदलाव विशेष रूप से मिडिल क्‍लास लोगों के काफी राहतकारी है। इस टैक्‍स कटौती से एसी और टीवी की कीमत इतनी कम हो जिससे आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ घटेगा। यह निर्णय जनहित के लिए एक सकारात्‍मक कदम है।

त्‍योहारों के सीजन सै पहले इन सुधारों से इलेक्ट्रॉनिक उत्पादकों की मांग बनने की उम्मीद है, नए का सुधार इस सोमवार से लागू होंगे। रितिका गुप्ता, के साथ शिवांग मिश्रा आकाशवाणी।

*******

आकाशवाणी से आज शाम साढे छह बजे हमारे द्विभाषी फ़ोन-इन कार्यक्रम मार्केट मंत्र में, अगली पीढ़ी की जी.एस.टी. सुधारों पर परिचर्चा प्रसारित की जाएगी। इसमें वित्त मंत्रालय के अधिकारी और आर्थिक विश्लेषक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विशेषज्ञों से जीएसटी से संबंधित प्रश्‍न पूछ सकते हैं।

*******

भारत एक बार फिर विश्व डाक संघ की प्रशासनिक परिषद का सदस्य चुन लिया गया है। संचार मंत्रालय ने कहा कि इससे भारतीय डाक व्यवस्था के सुधारों और डिजिटल पहलों में विश्व समुदाय के विश्वास का पता चलता है। भारत 1876 से ही विश्व डाक संघ का सदस्य है और अंतरराष्ट्रीय डाक नेटवर्क को मज़बूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार के दौरे पर रहेंगी। वे गया जी में विष्णुपद मंदिर में पितरों के लिए पिंडदान करेंगी। गयाजी में इन दिनों विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला चल रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पिंडदान और तर्पण करने आ रहे हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म “चलो जीते हैं” देश के लाखों स्कूलों और लगभग पांच सौ सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है। यह फिल्म प्रधानमंत्री मोदी के बचपन की एक घटना से प्रेरित है। इस फिल्म में, स्वामी विवेकानंद के दर्शन से प्रभावित होकर किशोरवय नारू अपनी छोटी-सी दुनिया में बदलाव लाने का प्रयास करता है।

*******

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्‍यक्ति ऑनलाइन किसी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटा सकता। आयोग ने कहा कि कर्नाटक के अलंद में भी किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया गया है। आयोग ने बताया कि 2023 में, नाम हटाने के संदिग्ध प्रयास के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आयोग के अनुसार, अलंद में नाम हटाने के लिए छह हजार 18 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 24 ही सही पाए गए।

*******

जम्मू संभाग में लगातार बारिश और जलभराव के कारण रद्द की गई कई रेलगाडि़यां कल से फिर से चलेंगी। उत्तर रेलवे के अनुसार, जम्मू तवी-वाराणसी, जम्मू तवी-हावड़ा और जम्मू तवी-पटना रेलगाडि़यां कल से फिर चलेंगी। श्री माता वैष्णो देवी कटरा-डॉ. अंबेडकर नगर रेलगाड़ी सोमवार से चलेगी।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने तकनीकी क्षेत्र में विदेशियों की संख्या सीमित करने के लिए एचवन बी वीज़ा पर एक लाख डॉलर का वार्षिक शुल्क लगाने की घोषणा की है। इससे ऐसे वीसा पर दूसरे देशों से कर्मियों को लाने की इच्छुक कंपनियों को हर साल प्रति वीसा एक लाख डॉलर का भुगतान करना होगा। अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी जिन कर्मचारियों को लाना चाह रही हैं, वे वास्तव में अत्यधिक कुशल हैं और अमरीकी कर्मचारी उनका स्थान नहीं ले सकते।

*******

एशिया कप क्रिकेट में, भारत ने अपने अंतिम ग्रुप ए मैच में कल ओमान को 21 रन से हरा दिया। अबूधाबी में पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन बनाए। जवाब में, ओमान की टीम 4 विकेट पर 167 रन ही बना सकी।

*******

महिला क्रिकेट में, तीन मैचों की श्रृंखला के तीसरे और अंतिम एक दिवसीय मैच में आज दिल्ली में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंप्रियंका अरोड़ा।

दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में ए.बी.वी.पी. की जीत कई अख़बारों की पहली सुर्खी है। अमर उजाला लिखता है- डूसू चुनाव में ए.वी.बी.पी. का फिर परचम, तीन सीटों पर मिली जीत। दिल्‍ली मैट्रो में रियायती पास का वादा जीत में तुरुप का इक्‍का हुआ साबित। पंजाब केसरी की भी ऐसी ही सुर्खी है। देशबंधु की शीर्षक है- चुनाव आयोग ने लापता राजनीतिक दलों पर कसा शिकंजा। 474 और दलों को सूची से हटाया। लोकसत्‍य लिखता है- छह साल से चुनाव न लड़ने पर 474 पार्टियां डी-लिस्‍ट। दिल्‍ली को मिला 57 हजार 362 करोड़ रुपये का मास्‍टर प्‍लान, राष्‍ट्रीय राजधानी को जल-भराव और ड्रेनेज की समस्‍या से दिलाएगा निजात- राष्‍ट्रीय सहारा की प्रमुख ख़बर है। हिन्‍दुस्‍तान ने इस मौके पर शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की घोषणा दी है- पाकिस्‍तान जा रहा पानी, दिल्‍ली वालों को मिलेगा। मणिपुर में सुरक्षा बलों के वाहन पर हमले में दो जवानों के शहीद होने की ख़बर जनसत्‍ता, अमर उजाला और पंजाब केसरी ने पहले पन्‍ने पर दी है। मणिपुर में बाहर के लोग नहीं खरीद पाएंगे जमीन- दैनिक ट्रिब्‍यून और राष्‍ट्रीय सहारा में है। हिमाचल के स्‍कूलों में मोबाइल के उपयोग पर प्रतिबंध की ख़बर-देशबंधु और दैनिक ट्रिब्‍यून ने प्रकाशित की है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः– 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भाग लेंगे; 34 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  • प्रधानमंत्री मुंबई में इंदिरा डॉक पर अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन भी करेंगे।
  • सउदी अरब और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौते के बाद भारत ने सऊदी अरब से द्विपक्षीय संबंधों में आपसी हित और संवेदनशीलता का ध्यान रखने की अपील की।
  • भारत ने ईरान में फर्जी नौकरी के प्रस्तावों को लेकर लोगों को सतर्क किया।
  • अमरीका में तकनीकी क्षेत्र में विदेशी कर्मचारियों की संख्या सीमित करने के लिए राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने एच-1बी वीज़ा पर एक लाख डॉलर का वार्षिक शुल्क लगाने की घोषणा की।
  • क्रिकेट में, अबूधाबी में भारत ने टी-20 एशिया कप के अंतिम ग्रुप ए मुकाबले में ओमान को 21 रन से हराया।

*******