मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – एनडीए सरकार बिहार, पश्चिम बंगाल और असम को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध। घुसपैठियों का बचाव करने के लिए विपक्षी गठबंधन की आलोचना की।
- गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में मादक पदार्थ रोधी बल के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- आकलन वर्ष 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा आज रात बारह बजे तक बढ़ाई गई।
- अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन के देशों ने पिछले सप्ताह दोहा में हमास नेताओं पर घातक हमले के बाद इस्राइल के साथ संबंधों की समीक्षा का आह्वान किया।
- एशिया कप ट्वेंटी-टवेंटी क्रिकेट में, श्रीलंका ने हांगकांग को चार विकेट से और सयुक्त अरब अमीरात ने ओमान को 42 रन से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एनडीए सरकार बिहार, पश्चिम बंगाल और असम को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वे कल बिहार के पूर्णिया जिले में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अवैध घुसपैठियों के कारण सीमांचल और पूर्वी क्षेत्र में जनसांख्यिकी बदलाव के बड़े संकट का उल्लेख किया।
जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना एनडीए की पक्की जिम्मेदारी है। आप घुसपैठियों को बचाने में चाहे जितना जोर लगालें, अब घुसपैठियों को हटाने के संकल्प पर काम करते रहेंगे। ये मोदी की गारंटी है।
श्री मोदी ने वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों का बचाव करने के प्रयास के लिए विपक्षी गठबंधन की आलोचना की।
जो लोग घुसपैठियों की ढाल बनते हैं, वो सुनलें, भारत में भारत का कानून चलेगा। घुसपैठियों की मनमानी नहीं चलेगी। घुसपैठियों पर कार्रवाई भी होगी और देश इसका अच्छा परिणाम भी देख कर रहेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने कल बिहार में चालीस हजार करोड़ रूपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इनमें नवनिर्मित पूर्णिया हवाई अड्डा, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड, भागलपुर में दो हजार चार सौ मेगावाट की ताप बिजली परियोजना, कोसी-मेची अंतर्राजीय नदी संपर्क परियोजना का पहला चरण, विभिन्न रेल परियोजनाएं तथा नई वंदे भारत और अमृत भारत रेलगाडि़यों को झंडी दिखाकर रवाना करना शामिल हैं।
*******
हाल में घोषित अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दीवाली और छठ पूजा सहित विभिन्न त्यौहारों को देखते हुए दैनिक उपयोग की अधिकांश चीजों पर जीएसटी दरें कम की गई हैं। महिलाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जीएसटी में कटौती से रसोई के खर्चों में कमी आएगी। घी और विभिन्न खाद्य पदार्थ तथा टूथपेस्ट, साबुन और शैंपू जैसी चीजें सस्ती हो जाएंगी। त्यौहारों में नए कपड़े और जूते खरीदना भी आसान हो जाएगा, क्योंकि इनके भी दाम कम होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई सरकार सही अर्थों में गरीबों की चिंता करती है तो ऐसे ही प्रभावी उपाय लागू किए जाते हैं।
********
इस महीने 3 सितम्बर को जीएसटी परिषद ने आम लोगों की जीवन सुगमता के लिए कई क्षेत्रों में कर कटौती की थी। आज, एक नज़र कृषि क्षेत्र में जीएसटी सुधारों पर–
अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारो के अंतर्गत सरकार ने एक कृषि क्षेत्र में जीएसटी करो में उल्लेखनीय कमी करके किसानों को बड़ी राहत दी है। 1800 सीसी से कम क्षमता वाले ट्रैक्टरों पर जीएसटी कर की दर 12% से घटाकर 5% कर दी गई है। टायर, ट्यूब और हाइड्रोलिक पंप जैसे ट्रैक्टर के कल–पुर्जों पर जीएसटी घटाकर 5% कर दी गई है जो पहले 18% थी। खेती में इस्तेमाल होने वाले विशिष्ट जैब कीटनाशक सूक्ष्म पोषक तत्व, ड्रिप सिंचाई प्रणाली और पानी छिड़काव प्रणाली के साथ ही फसल कटाई और अनाज की छटाई में उपयोग होने वाली विभिन्न कृषि मशीनों पर भी जीएसटी की दर 12% से घटाकर 5% कर दी गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि जीएसटी के नए ढांचे में श्रम प्रधान उद्योगों को मजबूत समर्थन दिया गया है, जिसका किसानों और कृषि क्षेत्र को लाभ होगा।
जीएसटी में हुए इन बदलावों से खेती की लागत कम होगी जिससे सीधे तौर पर छोटे और मझोले किसानों को फायदा होगा और देश का कृषि क्षेत्र और अधिक विकसित होगा। ये नई जीएसटी दरें 22 सितंबर से लागू की जाएगी। शिवांग के साथ नीतिका गुप्ता आकाशवाणी समाचार नई दिल्ली
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के दूसरे मादक रोधी बल प्रमुखों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मादक पदार्थ मुक्त भारत की प्रतिबद्धता को बल देने और इस लक्ष्य प्राप्त करने की कार्य योजना तय करने का रणनीतिक मंच बनेगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो द्वारा आयोजित सम्मेलन में विषय वस्तु है- सामूहिक संकल्प–साझा दायित्व। एक रिपोर्ट….
मोदी सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। दो दिवसीय सम्मेलन में देश में नशीली दावों के खतरे से निपटने के लिए सभी संबंधित हितधारकों द्वारा किए गए सामूहिक प्रयासों की व्यापक समीक्षा, विश्लेषण और भविष्य के रोड में पर विचार विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें ड्रग्स फ्री इंडिया 2047, जांच और परीक्षणों में प्रभावशिलता में सुधार और नेटवर्क लिंकेज को खत्म करना शामिल हैं। 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी–नार्कोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुखों के अलावा अन्य सरकारी विभागों के हितधारक भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे। इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की वार्षिक रिपोर्ट 2024 जारी करेंगे और एक ऑनलाइन ड्रग्स निपटान अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। दीपेन्द्र कुमार के साथ रहीसुद्दीन निहान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने आकलन वर्ष 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब रिटर्न आज रात 12 बजे तक दाखिल कि जा सकेंगे। आयकर विभाग ने कल देर रात सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तिथि मूल रूप से 31 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितम्बर किया गया था। आयकर विभाग ने बताया था आकलन वर्ष 2025-26 के लिए सात करोड़ से अधिक रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन मंत्र से अभिप्रेरित सरकार प्रगति और परिवर्तन के लिए लगातार काम कर रही है। विशेष श्रृंखला सेवा पर्व में आज नवीकरणीय और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में सकारात्मक बदलावों के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यों का उल्लेख किया जा रहा है।
स्वच्छ ऊर्जा न केवल कार्बन उत्सर्जन को कम कर रही है, बल्कि हरित रोज़गार भी पैदा कर रही है। ऊर्जा की पहुँच में सुधार हो रहा है और एक वैश्विक जलवायु नेतृत्व के रूप में भारत की भूमिका मज़बूत हो रही है। पिछले महीने गुजरात के हंसलपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हरित गतिशीलता योजनाओं का शुभारंभ करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि स्वच्छ ऊर्जा और स्वच्छ गतिशीलता एक वैश्विक केंद्र के रूप में भारत के भविष्य को आकार देंगे।
ये हमारा फ्यूचर है, ऐसे ही प्रयासों से भारत तेजी के साथ क्लीन एनर्जी और क्लीन मोबिलिटी का एक रिलायबल सेंटर बनेगा।
मार्च 2014 से जून 2025 तक, नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता लगभग तीन गुना बढ़कर 226 दशमलव आठ गीगावाट हो गई है। सौर ऊर्जा उत्पादन एक लाख 8 हज़ार गीगावाट प्रति घंटे से भी ज़्यादा हो गया है, जिससे भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक बन गया है।
अपना अनुभव साझा करते हुए, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के श्री आसियानशी ने कहा कि पीएम–सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना नागरिकों के लिए अपनी छतों पर बिजली पैदा करने और ग्रिड को अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई करने का रास्ता खोल रही है।
फादर को यह है कि बिजली की हमारी बचत हुई। जितने लोग हमसे मिलते है, हमारे मित्र, यार या कॉलोनी के, मैं सबसे कहता हूं, ये लगाइए, बहुत अच्छी चीज है और कई लोग लगाए भी।
हर नए सौर पैनल की स्थापना और हर कार्यशील पवन टरबाइन के साथ, भारत एक स्वच्छ और हरित कल की ओर अपने परिवर्तन का एक शक्तिशाली अध्याय लिख रहा है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं हिमांशु कांडपाल।
*******
कर्मचारी चयन आयोग ने बड़े पैमाने पर संयुक्त स्नातक स्तर परीक्षा-2025 रद्द किए जाने की सोशल मीडिया में आ रही खबरों पर स्पष्टीकरण दिया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने बताया कि यह भर्ती परीक्षा पूरे देश में सभी केन्द्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है। आयोग ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रहेगी।
*******
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र आज से नयी दिल्ली में अपने समवेत सभागार में कला प्रदर्शनी – मन की बात आयोजित कर रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात से प्रेरित प्रख्यात कलाकार मनजीत सिंह की चित्र- श्रृंखला प्रदर्शित की जायेगी। यह प्रदर्शनी आम लोगों के लिये कल से 22 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह साढ़े दस बजे से शाम साढ़े छः बजे तक खुली रहेगी।
*******
केरल के पथनमथिट्टा जिले में सबरीमला पहाड़ी स्थित भगवान अयप्पा मंदिर आज शाम से मासिक पूजा-अर्चना के लिये खुल रहा है। पांच दिन की मासिक पूजा कल तड़के आरंभ होगी और 21 सितम्बर को मंदिर के कपाट बंद हो जायेंगे। इस बीच त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड अपने प्लैटिनम जुबली समारोहों के अंतर्गत बीस सितम्बर को विश्व अयप्पा संगमम आयोजित करेगा।
*******
अरब और मुस्लिम नेताओं ने कतर की राजधानी दोहा में कल आपात बैठक के बाद इस्राइल के साथ संबंधों की समीक्षा की बात कही है। पिछले सप्ताह दोहा में हमास नेताओं पर भीषण हमले के बाद मुस्लिम जगत के नेताओं की यह बैठक हुई। कतर ने गाज़ा संघर्ष विराम प्रस्ताव पर बातचीत के लिए हमास नेताओं को दोहा आमंत्रित किया था। इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इस्राइल कतर पर फिर हमला नहीं करेगा। येरूशलम में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक में श्री नेतन्याहू के हमले रोकने पर कोई स्पष्ट वादा न करने के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने यह बयान दिया है।
*******
एशिया कप क्रिकेट में आज ग्रुप–बी में बांग्लादेश का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। यह मैच अबूधाबी में भारतीय समय अनुसार रात आठ बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल दुबई में ग्रुप–बी मैच में श्रीलंका ने हांगकांग को चार विकेट से हराया। एक सौ 50 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका ने 19वें ओवर में छह विकेट पर एक सौ 53 रन बनाए। श्रीलंका के लिए पथुम निसांका ने 48 गेंद में 68 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एक अन्य मुकाबले में अबूधाबी में कल ग्रुप–ए मैच में मेजबान संयुक्त अरब अमारात ने ओमान पर 42 रन से जीत दर्ज की। उसने 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में ओमान की टीम 19वें ओवर में 130 रन पर समिट गई।
*******
मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चन्द्र रामगुलाम आंध्र प्रदेश में तिरूपति कार्यक्रमों के बाद कल नई दिल्ली पहुंचे। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की। मॉरिशस के प्रधानमंत्री आज महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि सदैव अटल पर पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलेंगे और नया संसद भवन देखने जाएंगे।
श्री राम गुलाम भारत की आठ दिन की भारत यात्रा पर हैं।
*******
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों, बिहार, झारखंड, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, बिहार और पश्चिम बंगाल में आज अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड और ओडिसा में आज गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
*******
धन्यवाद निखिल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार दौरे को कई अखबारों ने मुखपृष्ठ पर स्थान दिया है। दैनिक ट्रिब्यून ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- राजद-कांग्रेस के कुशासन में बिहार ने बहुत कष्ट झेला है। वहीं, देशबन्धु के शब्द हैं- मोदी बोले, भारत में देश का कानून चलेगा, घुसपैठियों का नहीं।
राष्ट्रीय सहारा और अमर उजाला ने सर्वोच्च न्यायालय की इस टिप्पणी को सुर्खी बनाया है- पूरे देश में नहीं रोका जा सकता एस.आई.आर. को। बिहार का फैसला पूरे देश पर लागू होगा। जनसत्ता के अनुसार- अब दिल्ली में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी।
हिन्दुस्तान, पंजाब केसरी, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक ट्रिब्यून ने वक्फ संशोधन अधिनियम पर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को प्रमुखता दी है। दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- पूरे कानून पर रोक से इनकार।
वीर अर्जुन, हरिभूमि और राजस्थान पत्रिका की खबर है- अमरीका के साथ आज होगी ट्रेड डील पर चर्चा, निकलेगी सुलह की राह।
बिजनेस स्टैंडर्ड के अनुसार देश में बेरोजगारी दर घटकर पांच दशमलव एक प्रतिशत पर आई।
दैनिक भास्कर और हिन्दुस्तान की खबर है- 26 अक्टूबर से फिर खुलेगा राजधानी दिल्ली का टर्मिनल-टू। अपना सामान खुद चैक-इन कर सकेंगे यात्री।
अमर उजाला के खेल पन्ने की सुर्खी है- मध्य क्षेत्र ग्यारह साल बाद दक्षिण क्षेत्र को हराकर बना दलीप ट्रॉफी चैंपियन।
******
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – एनडीए सरकार बिहार, पश्चिम बंगाल और असम को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध। घुसपैठियों का बचाव करने के लिए विपक्षी गठबंधन की आलोचना की।
- गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में मादक पदार्थ रोधी बल के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- आकलन वर्ष 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा आज रात बारह बजे तक बढ़ाई गई।
- अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन के देशों ने पिछले सप्ताह दोहा में हमास नेताओं पर घातक हमले के बाद इस्राइल के साथ संबंधों की समीक्षा का आह्वान किया।
- एशिया कप ट्वेंटी-टवेंटी क्रिकेट में, श्रीलंका ने हांगकांग को चार विकेट से और सयुक्त अरब अमीरात ने ओमान को 42 रन से हराया।
*******