August 13, 2025 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ रहा है और अपने डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने के लिए एक मज़बूत तंत्र का निर्माण कर रहा है।

 

  • देश भर के किसानों ने विदेशी दबाव का विरोध करने और भारत के कृषि हितों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

  • सरकार ने विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए कड़े नियम बनाए। अगर किसी व्यक्ति को दो साल या उससे ज़्यादा की कैद की सज़ा सुनाई जाती है, तो उसका ओसीआई पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा।

 

  • भारत ने बांग्लादेश के रास्ते जूट उत्पादों और रस्सियों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया।

 

  • भारत की नम्रता बत्रा ने चीन में आयोजित विश्व खेलों में वुशु में देश के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रचा।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और अपने डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने तथा वैश्विक नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक मज़बूत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पंजाब में सेमीकंडक्टर इकाइयों को मंज़ूरी देने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णय से विनिर्माण क्षमता में वृद्धि होगी, उच्‍च कौशल आधारित रोज़गार सृजित होंगे और भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में एक प्रमुख निर्यातक के रूप में उभरेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कल ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में चार हज़ार 5 सौ 94 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चार नई सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाइयों को मंज़ूरी दे दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह निर्णय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया।

चार सेमीकन्‍डक्‍टर प्रोजेक्‍ट्स अप्रूव हुए हैं। दो ओडिशा में, एक पंजाब में और एक आंध्रा में। 2022 में जब सेमीकन्‍डक्‍टर मिशन लॉन्‍च हुआ, माननीय प्रधानमंत्री जी का दूरदर्शी नेतृत्‍व है। जिसके तहत उन्‍होंने एक लॉन्‍ग टर्म स्‍ट्रैटजी के तहत काम चालू किया और कम्‍प्‍लीट ईकोसिस्‍टम पर ध्‍यान देने का प्रधानमंत्री जी का हमेशा मार्गदर्शन रहा। तो अब डिजाइन, वेफर फेब्रिकेशन, मैन्युफैक्चरिंग ऑफ कम्‍पोनेन्‍ट्स, असेम्‍बली टेस्टिंग, फाइरल प्रोडक्‍शन, इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स के हर सेक्‍टर पर, हर डाइमेंशन पर काम चल रहा है।

श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश में लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के फेस-1 बी को भी मंजूरी दे दी है।

लखनऊ बड़ा शहर है। वहां पर मेट्रो की बहुत जरूरत है। यहां पर फेज़ वन-बी अप्रूव हुआ। फेज़ वन-बी बनेगा ईस्‍ट से वेस्‍ट वाला। चार बाग से लेके वसंत कुंज तक। तो, इस फेज़ से बड़ी संख्‍या में पैसेन्‍जर्स मेट्रो का लाभ उठा सकेंगे। इस प्रोजेक्‍ट को पांच साल में कमप्‍लीट किया जाएगा।

श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के शियोमी जिले में 700 मेगावाट क्षमता वाली टाटो-II जलविद्युत परियोजना को भी मंज़ूरी दे दी है।

टाटो-टू प्रोजेक्‍ट्स शीयोमी जिले में है, सात सौ मेगावॉट इसकी कैपेसि‍टी है और टू प्‍वाइंट सेवन बिलियन यूनिट्स एनर्जी ये जनरेट करेगा। आठ हजार एक सौ छियालिस करोड़ इसका इनवेस्‍टमेंट रहेगा। छह साल में कम्प्लीट करेंगे और नॉर्थ-इस्‍टर्न इलेक्ट्रिकल पॉवर कॉर्पोरेशन इसको एक्‍जीक्‍यूट करेगा। ओवरऑल पूरे रीज़न में इसका स्‍वागत किया जा रहा है क्‍योंकि इससे स्‍टेबल इलेक्ट्रिसिटी मिलेगी, क्‍लीन एनर्जी मिलेगी और साथ ही साथ राज्‍य सरकार को काफी अच्‍छा रेवेन्‍यू मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने जलविद्युत परियोजना के वित्तपोषण के लिए कैबिनेट की मंज़ूरी पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों को बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास को गति देगी।

 

********

 

देश भर के किसानों ने विदेशी दबाव के बावजूद व्यापार समझौतों के सिलसिले में साहसिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। किसान संगठनों के नेताओं और किसानों के एक बड़े समूह ने कल नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

 

बातचीत के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने दोहराया कि सरकार जल्द ही नकली उर्वरक और रसायनों का उत्पादन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए नया कानून लाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को दी जा रही बीमा राशि के डिजिटल भुगतान का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। श्री चौहान ने किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान अन्नदाता भी है और जीवनदाता भी और किसानों की सेवा ही ईश्वर की पूजा है। समाचार कक्ष से नितिका गुप्‍ता।

 

********

 

संसद ने आयकर विधेयक, 2025 और कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। कल शाम राज्‍यसभा में दोनों विधेयकों पर हुई बहस का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि नए आयकर कानून को करदाताओं के अनुकूल, संक्षिप्त, सरल और समझने में आसान बनाया गया है।

 

*******

 

गृह मंत्रालय ने विदेश में रहनेवाले भारतीय नागरिकों (ओसीआई) से संबंधित नियम कड़े कर दिये हैं। मंत्रालय ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को दो वर्ष या उससे अधिक की कैद की सजा सुनाई जाती है, या उसके विरुद्ध सात वर्ष या उससे अधिक की कैद की सजा वाले अपराध के लिए आरोप-पत्र दायर किया जाता है तो उसका ओसीआई पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा। ओसीआई कार्ड विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के व्यक्तियों और उनके जीवनसाथी को बहु-प्रवेश, बहुउद्देश्यीय आजीवन वीज़ा के साथ-साथ कुछ आर्थिक और शैक्षिक अधिकार प्रदान करते हैं। 

नए प्रावधानों को हर उस व्‍यक्ति पर लागू किया जाएगा जो भारत में दोषी सिद्ध हुआ है या विदेश में। हालांकि इसके साथ शर्त यह है कि अपराध को भारतीय कानून के अंतर्गत मान्यता होनी चाहिए। सरकार के इस कदम का उद्देश्य ओसीआई दर्जे को नियंत्रित करने वाले उस कानूनी ढांचे को कड़ा करना है, जिससे विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों को कुछ अधिकार और कुछ विशेषाधिकार हासिल होते हैं। गृह मंत्रालय ने नागरिकता अधिनियम, 1955 और नागरिकता नियम, 2009 के प्रावधानों के अंतर्गत इस सिलसिले में अधिसूचना जारी की है, जो केंद्र सरकार को निर्दिष्ट शर्तों के तहत ओसीआई पंजीकरण रद्द करने का अधिकार देती है। हाल के वर्षों में ओसीआई कार्ड धारकों के आपराधिक या राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के मामलों के बाद गृह मंत्रालय ने ओसीआई योजना को और अधिक बारीकी से विनियमित करने के लिए कदम उठाए हैं। सरकार का कहना है कि यह सुविधा एक विशेषाधिकार है, न कि कोई अधिकार, और अगर धारक भारतीय कानूनों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो इसे वापस लिया जा सकता है। यह नवीनतम अधिसूचना ओसीआई कार्ड के दुरुपयोग को रोकने में सहायक होगी और इस योजना की अखंडता को बनाए रखने में मदद करेगी। समाचार कक्ष से राजेश मीणा।

 

********

 

भारत ने सभी स्थल मार्गों से बांग्लादेश से जूट उत्पादों और रस्सियों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जूट के कपड़े, सुतली, रस्सियां और थैले जैसी वस्तुएं अब केवल महाराष्ट्र के न्हावा शेवा बंदरगाह से ही भारत आ सकती हैं। इस कदम का उद्देश्य गुणवत्ता नियंत्रण और घरेलू उद्योगों का संरक्षण करना है। प्रतिबंधित उत्पादों में जूट या अन्य रेशों के हल्के रंगों वाले या रंगीन बुने हुए कपड़े, सुतली, डोरी, जूट की रस्सी, जूट के बोरे और थैले शामिल हैं।

 

********

 

भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक का तीसरा दौर आज नई दिल्‍ली में होगा। केन्‍द्रीय मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव और पीयूष गोयल इस सम्मेलन में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गान किम योंग और विदेश मंत्री जोसेफिन तियो सहित वहां के कई मंत्री इस बैठक में भाग लेंगे।

 

*******

 

ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद-रज़ा अरेफ़ ने कहा है कि अनुकूल परिस्थितियों में अमरीका के साथ परमाणु वार्ता की जा सकती है। अरेफ़ ने संवाददाताओं से कहा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है क्योंकि बातचीत दोनों पक्षों के हितों की रक्षा के लिए है। अरेफ़ ने कहा कि ईरान किसी भी तरह से बातचीत का विरोधी नहीं है लेकिन वह ऐसी वार्ता का समर्थन नहीं करेगा जो केवल अमरीका के हित में हो।

 

*******

 

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत राजधानी गंगटोक के बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक स्थल मनन केंद्र में कल आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

 

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए सभी वर्ग के लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है।

 

********

 

जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिला प्रशासन ने देशभक्ति और एकता दर्शाने के लिए चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत पांच किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई।

 

********

 

उधर, जम्मू-कश्मीर में कठुआ ज़िला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया। कठुआ के उपायुक्त राजेश शर्मा ने कल वहां के स्पोर्ट्स स्टेडियम से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

*******

 

राजस्‍थान के दौसा जिले में एक दुर्घटना में दस लोगों की मृत्‍यु हो गई और 11 घायल हो गए। यह घटना आज तड़के हुई जब एक पिक अप और ट्रक के बीच टक्‍कर हो गई। मृतकों में अधिकतर लोग उत्‍तर प्रदेश के एटा जिले के थे। वे सीकर जिले में खाटू श्‍याम जी मंदिर में पूजा करके लौट रहे थे। दौसा प्रशासन के अनुसार गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्‍पताल में उपचार के लिए भेजा गया है जबकि तीन लोगों का इलाज दौसा के अस्‍पताल में चल रहा है।

 

*******

 

खेल खबर-

भारत की नम्रता बत्रा ने चीन के चेंगदू में 2025 के विश्व खेलों में महिलाओं की 52 किलोग्राम वुशु स्‍पर्धा के फाइनल में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह विश्व खेलों में वुशु में भारत का पहला पदक है। वहीं पुरुषों की कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में ऋषभ यादव के कांस्य पदक के बाद यह देश का दूसरा पदक था। 24 वर्षीय नम्रता बत्रा ने पिछले वर्ष एशियाई वुशु चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता था। भारत ने विश्व खेलों में अब तक कुल सात पदक जीते हैं जिनमें एक स्‍वर्ण, दो रजत और चार कांस्‍य पदक हैं। प्रतिष्ठित सुब्रतो कप अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के 64वें संस्करण में 106 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट 19 अगस्त से 25 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को जुलाई के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। गिल ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर वियान मुल्डर को कड़ी टक्कर देते हुए यह पुरस्कार जीता है। उनका यह चौथा प्लेयर ऑफ द मंथ सम्मान है।

 

*******

 

मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने शुक्रवार तक जम्मू-कश्मीर और इस महीने की 17 तारीख तक तेलंगाना में अत्यधिक बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, बिहार, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में भी तेज वर्षा का अनुमान जताया है।

 

********

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

सुप्रीम कोर्ट द्वारा द‍िल्‍ली एनसीआर में पुराने वाहनों के मालिकों के खिलाफ दंडात्‍मक कार्रवाई नहीं करने का आदेश आज सभी समाचार पत्रों की सुर्खी बनी है- हिन्‍दुस्तान लिखता है– सुप्रीम कोर्ट ने केन्‍द्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, पुराने वाहनों पर अभी कार्रवाई नहीं। बिहार में एसआईआर पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा- नागरिकता प्रमाण के रूप में आधार, मतदाता पहचान पत्र स्‍वीकार नहीं जनसत्‍ता की सुर्खी है। दैनिक जागरण ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय के शब्‍द प्रकाशित किए हैं- मतदाता सूची में नागरिकों को जोड़ना और बाहर करना चुनाव आयोग का अधिकार। देश में दौड़ेगी पहली हाईड्रोजन ट्रेन, पंजाब केसरी सहित सभी अखबारों की खबर है- पत्र लिखता है- रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा- यह ऐतिहासिक कदम उठाने वाले भारत पांचवां देश होगा।  राष्‍ट्रीय खेल विधेयक पर संसद की मुहर, राज्‍यसभा से भी प‍ारित, राष्‍ट्रपति से मंजूरी के बाद लागू हो जाएगा नया कानून। नवभारत टाइम्‍स की खबर है। खुदरा मंहगाई में उम्‍मीद से तेज़ गिरावट, साढे छह साल बाद दो फीसदी के नीचे अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र लिखता है- सरकार के आंकडे ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में मुद्रास्‍फीति के मोर्च पर राहत। स्‍मार्टक्‍लास में आगे बैठने से कमजोर हो रही है नजर, स्‍क्रीन से ज्‍यादा नजदीकी दे रहा छात्रों को आंखों में सूखापन और सिर दर्द। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है।   

 

********

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ रहा है और अपने डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने के लिए एक मज़बूत तंत्र का निर्माण कर रहा है।

 

  • देश भर के किसानों ने विदेशी दबाव का विरोध करने और भारत के कृषि हितों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

  • सरकार ने विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए कड़े नियम बनाए। अगर किसी व्यक्ति को दो साल या उससे ज़्यादा की कैद की सज़ा सुनाई जाती है, तो उसका ओसीआई पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा।

 

  • भारत ने बांग्लादेश के रास्ते जूट उत्पादों और रस्सियों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया।

 

  • भारत की नम्रता बत्रा ने चीन में आयोजित विश्व खेलों में वुशु में देश के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रचा।

********

Most Read
View All arrow-right

No posts found.