August 2, 2025 9:09 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वाराणसी में पीएम-किसान सम्‍मान निधि की 20वीं किस्त जारी करेंगे, नौ करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 20 हजार, पांच सौ करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।
  • प्रधानमंत्री लगभग दो हजार दो सौ करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- त्योहारों पर तत्‍काल भीड़ नियंत्रण के लिए 73 रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन निदेशक तैनात किए जाएंगे।
  • रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के धमकी भरे बयान के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दो परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती के आदेश दिए।
  • भारतीय महिला पहलवानों ने ग्रीस के एथेंस में अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो स्वर्ण सहित छह पदक जीते; अमरीका को हराकर चैंपियन ट्रॉफी भी जीती।
  • क्रिकेट में, लंदन में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पाँचवें और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने इंग्‍लैंड पर अब तक 52 रन की बढ़त बनाई।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वाराणसी में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी करेंगे। वे दो हज़ार दो सौ करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर श्री मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत देश भर के 9 करोड़ 70 लाख से ज़्यादा किसानों के बैंक खातों में सीधे 20,500 करोड़ रुपये हस्तांतरित करेंगे। प्रधानमंत्री, वाराणसी-भदोही मार्ग और छितौनी-शूल टंकेश्वर मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और मोहन सराय-अदलापुरा मार्ग पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए हरदत्तपुर में रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे। क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री स्मार्ट वितरण परियोजना के तहत विभिन्न कार्यों और 880 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले बिजली के बुनियादी ढांचे को भूमिगत करने की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री 8 रिवरफ्रंट के पुनर्विकास और विभिन्न कुंडों में जल शोधन और 4 फ्लोटिंग पूजन प्लेटफार्मों की स्थापना की भी आधारशिला रखेंगे। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 47 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। वाराणसी के सांसद नरेन्द्र मोदी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित कई नई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। ओमअवस्थी, आकाशवाणी समाचार, वाराणसी।

*******

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत की रक्षा आवश्यकताओं का स्रोत पूरी तरह से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा आवश्यकताओं और रणनीतिक आकलन से निर्धारित होता है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रक्षा खरीद के बारे में नई दिल्ली में यह बात कही। प्रवक्ता ने ऊर्जा स्रोतों के संबंध में कहा कि भारत, बाज़ार में उपलब्ध वस्‍तुओं और वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के अनुसार कार्य करता है। भारत-रूस संबंधों पर श्री जायसवाल ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ द्विपक्षीय संबंध अपने-अपने गुणों पर आधारित होते हैं और इन्हें किसी तीसरे देश की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।

श्री जायसवाल ने कहा कि भारत और अमरीका साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच मज़बूत संबंधों पर आधारित एक व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। उन्होंने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि ये संबंध आगे बढ़ते रहेंगे।

*******

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि हिंद महासागर क्षेत्र के आस-पास के देशों से भारत के राजनीतिक संबंध मज़बूत हैं और उनके साथ व्यापार तथा निवेश संबंध बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन देशों के साथ विकास परियोजनाएँ और बुनियादी ढाँचागत सहयोग प्रगति पर है और सभी क्षेत्रों में व्यापक सहयोग जारी है। श्री सिंह ने कल लोकसभा में बताया कि सरकार हिंद महासागर क्षेत्र में, देश की सुरक्षा और आर्थिक हितों को प्रभावित करने वाले सभी घटनाक्रमों पर कड़ी नज़र रखे हुये है और भारत के हितों की रक्षा के लिए समुचित कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि श्रीलंका, मालदीव और मॉरीशस जैसे देशों का भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और सभी क्षेत्रों में सुरक्षा तथा विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति के दृष्टिकोण-महासागर में प्रमुख स्थान है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि भीड़भाड़ वाले 73 प्रमुख रेलवे स्‍टेशनों पर स्‍टेशन निदेशकों की तैनाती की जाएगी, जो त्‍योहारों के दौरान स्‍टेशन पर भीड़भाड़ कम करने के लिए तत्‍काल निर्णय ले सकेंगे। राज्‍यसभा में कल श्री वैष्‍णव ने कहा कि रेलवे स्‍टेशनों के बाहर स्‍थायी होल्‍डिंग एरिया और चौड़े फुट ओवर ब्रिज बनाकर भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा। प्रमुख स्‍टेशनों पर सी.सी.टी.वी. निगरानी, वॉकी-टॉकी उद्घोषणा प्रणाली और वार रूम बनाए जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि केवल क्‍नफर्म टिकट धारकों को प्‍लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति दी जाएगी। टिकट रहित और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को रेलगाड़ी के आने तक बाहर प्रतीक्षा कक्ष में रुकना होगा।

*******

रसायन और उर्वरक राज्‍य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि रेल यात्रियों सहित आम लोगों को किफायती मूल्‍य पर गुणवत्‍तापूर्ण दवाओं की उपलब्‍धता सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष 30 जून तक एक सौ छह जन औषधि केन्‍द्र खोले गए। लोकसभा में कल उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना के अंतर्गत देशभर में इस तरह के कुल सौलह हजार नौ सौ बारह औषधि केन्‍द्र खोले गए हैं।

*******

निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव की अधिसूचना सात अगस्‍त को जारी की जाएगी। 21 अगस्‍त तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे और 25 अगस्‍त तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे और मतगणना भी इसी दिन होगी।  

पिछले महीने उपराष्ट्रपति पद से श्री जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह चुनाव आवश्यक हो गया है।

*******

महाराष्ट्र सरकार ने गोकुलाष्टमी के दौरान आगामी दही हांडी उत्सव में भाग लेने वाले एक लाख 50 हज़ार गोविंदाओं के लिए बीमा कवरेज की घोषणा की है। सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से एक प्रतिभागी पर 75 रुपये की दर से बीमा लागत वहन करेगी। इस पॉलिसी का उद्देश्य उन गोविंदाओं की सहायता करना है जो मानव पिरामिड बनाते समय अकसर घायल हो जाते हैं। इसके लिए खेल विकास निधि से एक करोड़ 12 लाख रुपये की राशि आवंटित की जाएगी। यह योजना महाराष्ट्र राज्य दही हांडी गोविंदा संघ और खेल एवं युवा सेवा विभाग के समन्वय से लागू की जाएगी।

*******

तेलंगाना पुलिस ने राष्ट्रव्यापी ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत पिछले महीने सात हज़ार छह सौ से अधिक बच्चों को सुरक्षित निकाला। इनमें पांच सौ 29 लड़कियां हैं। महिला विकास एवं बाल कल्याण विभाग, श्रम विभाग स्वास्थ्य अधिकारियों, गैर सरकारी संगठनों और विभिन्न बाल संरक्षण इकाइयों के सहयोग से महिला सुरक्षा विंग ने 31 जुलाई तक यह अभियान चलाया।

इस संबंध में एक हजार 700 से ज़्यादा प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं

*******

आंध्र प्रदेश में सरकार ने स्‍कूल परिसरों में राजनीतिक प्रतीक या सामग्री के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। स्‍कूली शिक्षा के निदेशक विजय रामा राजू ने कहा कि स्‍कूलों में राजनीतिक दलों या संगठनों से संबंधित झंडे, शॉल, पताकों या पोस्‍टरों सहित किसी भी तरह के प्रतीक और सामग्री प्रदर्शित नहीं होगी। उन्‍होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के माता-पिता या स्‍कूल प्रबंधन समिति के सदस्‍यों के अलावा, किसी भी व्‍यक्ति या समूह को किसी भी परिस्थिति में स्‍कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

*******

सिक्किम में, केंद्र सरकार की भारत रणभूमि दर्शन योजना के अंतर्गत चो ला और डोकलाम क्षेत्रों को घरेलू पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। डोकलाम, चो ला और नाथुला राज्य के युद्धक्षेत्र पर्यटन सर्किट के लिए चिह्नत स्थलों में शामिल हैं। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

भारत रणभूमि दर्शन योजना के तहत डोकलाम को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। जहां 8 साल पहले भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच गतिरोध हुआ था। ये जगह लगभग 14 हज़ार फीट की ऊंचाई पर स्थित है और राजधानी गंगटोक से करीब 70 किलोमीटर दूर है। दूसरी ओर, चो ला अपनी खूबसूरत जगह और समृद्ध विरासत के लिए इतिहास प्रेमी और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक दर्शनीय स्थल है। सिक्किम सरकार और भारतीय सेना अगले महीने के अंत तक दोनों स्थानों को पर्यटकों के स्वागत के लिए विकसित कर रही है। कठिन भूभाग और खराब मौसम के बावजूद, सिक्किम के ऐतिहासिक स्थलों में पर्यटकों के स्वागत के लिए पार्किंग स्थल, शौचालय और रेसटोरेंट का निर्माण जारी है। मानस प्रतीम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।

*******

मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश और बिहार में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले दो दिन तक भारी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज तेज़ हवाएं चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।    

*******

उधर, हिमाचल प्रदेश में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है। लगातार वर्षा और भूस्खलन से राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 280 से ज़्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा, बडी संख्‍या में बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएँ ठप हैं, हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य के कईँ जिलों में आज तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्वती घाटी में लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से मलाणा-1 जल विद्युत परियोजना द्वारा बनाया गया कॉफर डैम आंशिक रूप से टूट गया है। यहाँ पार्वती नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और आस-पास के क्षेत्रों में खतरा और अधिक बढ़ गया है। कुल्लू ज़िला प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व् भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने अपील की गई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में अब तक बादल फटने की 28, फ्लैश फ्लड की 47 और भूस्खलन की 42 घटनाएं हो चुकी हैं। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने रूस के पूर्व राष्ट्रपति और रूस की सुरक्षा परिषद के वर्तमान उप-प्रमुख दिमित्री मेदवेदेव की टिप्पणियों के जवाब में दो परमाणु पनडुब्बियों को “उचित क्षेत्रों में तैनात” करने का आदेश दिया है। एक रिपोर्ट…

रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के बयान के बाद रूस और अमरीका के बीच तनाव बढ़ गया है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने पनडुब्बी तैनात करने का कदम इसलिए उठाया है कि अगर यह भड़काऊ बयान किसी गलत इरादे से दिया गया है तो उससे निपटा जा सके। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि दोनों पनडुब्बियों को कहां तैनात किया जा रहा है। श्री मेदवेदेव ने हाल में रूस के यूक्रेन में युद्धविराम पर सहमत होने या कड़े प्रतिबंधों का सामना करने की राष्ट्रपति ट्रम्प की चेतावनी के बाद अमरीका को धमकी दी थी। इस बीच, रूसी संसद ड्यूमा के सदस्य विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा है कि समुद्र में पर्याप्त रूसी परमाणु पनडुब्बियां मौजूद हैं, जो अमरीकी पनडुब्बियों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के महासागरों में रूसी परमाणु पनडुब्बियों की संख्या अमरीकी पनडुब्बियों से कहीं ज़्यादा है और जिन पनडुब्बियों को अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उचित क्षेत्रों में भेजने का आदेश दिया है, वे लंबे समय से रूसी परमाणु पनडुब्बियों के नियंत्रण में हैं। समाचार कक्ष से चन्‍द्रशेखर शर्मा

*******

बलूच मानवाधिकार समूह ने पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान में सात नागरिकों को जबरन गायब करने का आरोप लगाया है। रिपोर्टों के अनुसार, चार लोगों का अपहरण बरखान ज़िले से और अन्य का पंजगुर और खुज़दार से किया गया। मनवाधिकार समूह ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए एक गाँव में बड़े पैमाने पर विस्थापन की भी सूचना दी है। समूह ने मांग की है कि इस समस्‍या पर तत्काल वैश्विक ध्यान देने की आवश्यकता है।

*******

लंदन में एंडरसन – तेंदुलकर क्रिकेट ट्रॉफी श्रृंखला के पांचवे और अंतिम टेस्‍ट मैच के तीसरे दिन आज भारत अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन से आगे खेलना शुरू करेगा। मैच, दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शुरू होगा।

इससे पहले, इंग्‍लैंड की पहली पारी 247 रन पर समाप्‍त हो गई। भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे।

*******

भारतीय महिला पहलवानों ने एथेंस में आयोजित अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखते हुए दो स्वर्ण और तीन रजत सहित कुल छह पदक जीते।

भारतीय कुश्ती टीम ने 151 अंकों के साथ चैंपियन ट्रॉफी जीती, जबकि अमरीका 142 अंकों के साथ उप-विजेता रहा।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंदेवेंद्र त्रिपाठी।

  • अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्‍प द्वारा सात अगस्‍त से भारत सहित 70 देशों के लिए नए टैरिफ दरों के लागू करने की घोषणा, आज के अनेक अखबरों की पहली सुर्खी है। दैनिक जागरण लिखता है – ट्रम्‍प का टैरिफ वॉर, भारत पर 25 प्रतिशत पारस्‍परिक शुल्‍क।
  • राजस्‍थान पत्रिका लिखता है-भारत का सख्‍त संदेश, नहीं लेंगे अमरीकी एफ-35,। हिन्‍दुस्‍तान ने टैरिफ पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल की प्रतिक्रया दी है- हम अपनी जरूरते पूरी करने को स्‍वतंत्र। जनसत्‍ता ने भी विदेश मंत्रालय के हवाले से लिखा है – राष्‍ट्रीय हित को ध्‍यान में रखकर ऊर्जा की खरीद करता है भारत।
  • उपराष्‍ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितम्‍बर को कराये जाने की खबर हरिभूमि में सबसे ऊपर है।  राष्‍ट्रीय स‍हारा ने बिहार में एस आई आर प्रक्रिया पूरी होने और मतदाता सूची का मसौदा जारी होने को प्रमुखता देते हुए लिखा है – 65 लाख वोटरों के नाम कटे।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वाराणसी में पीएम-किसान सम्‍मान निधि की 20वीं किस्त जारी करेंगे, नौ करोड़ 70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 20 हजार, पांच सौ करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।
  • प्रधानमंत्री लगभग दो हजार दो सौ करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- त्योहारों पर तत्‍काल भीड़ नियंत्रण के लिए 73 रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन निदेशक तैनात किए जाएंगे।
  • रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के धमकी भरे बयान के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दो परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती के आदेश दिए।
  • भारतीय महिला पहलवानों ने ग्रीस के एथेंस में अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दो स्वर्ण सहित छह पदक जीते; अमरीका को हराकर चैंपियन ट्रॉफी भी जीती।
  • क्रिकेट में, लंदन में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पाँचवें और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने इंग्‍लैंड पर अब तक 52 रन की बढ़त बनाई।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.