मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन और मालदीव की चार दिवसीय यात्रा पर आज रवाना होंगे।
- भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 23 अगस्त तक बढ़ाया।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति पर एक प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट को स्वीकृत दी।
- दिल्ली सरकार ओलिम्पिक और पैरालिम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाडियों को 7 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार देगी। रजत पदक विजेता को 5 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये दिए जाएँगे।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जापान और फिलीपींस के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की।
- और, महिला क्रिकेट में, भारत ने तीसरे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को 13 रन से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ब्रिटेन और मालदीव की चार दिन की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के पहले चरण में श्री मोदी ब्रिटेन पहुंचेंगे। वहां वे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ बातचीत करेंगे और किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात करेंगे। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने नई दिल्ली में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता से बातचीत में ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम कुमार दोराईस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के लिए लाभप्रद होगी।
श्री दोराईस्वामी ने कहा कि इस दौरान मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर का दोनों देशों की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पडेगा। उन्होंने इस दस्तावेज को महत्वाकांक्षी करार दिया।
प्रधानमंत्री की यात्रा के संबंध में हमारे संवाददाता और जानकारी दे रहे हैं…
इसे एक महत्वाकांक्षी दस्तावेज़ बताते हुए, श्री दोरईस्वामी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित एक नई साझेदारी का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों के बीच संबंधों के प्रति अत्यंत प्रतिबद्ध हैं और इसे आगे ले जाना चाहते हैं। राजा चार्ल्स से मुलाकात के बारे में, श्री दोरईस्वामी ने कहा कि श्री मोदी और राजा चार्ल्स के बीच समग्र स्वास्थ्य और पर्यावरण सहित कई समानताएं हैं और वे 24 जुलाई को मिलेंगे। मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से न केवल द्विपक्षीय आर्थिक संबंध मजबूत होंगे, बल्कि यह भविष्य में भारत के लिए अन्य विकसित देशों के साथ ऐसे और समझौते करने का एक प्रमुख कारक भी बन सकता है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, लंदन।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर 25 से 26 जुलाई तक मालदीव की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री 26 जुलाई को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के समारोह में ‘मुख्य अतिथि’ होंगे। श्री मोदी राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू के साथ बैठक करेंगे और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। विदेश सचिव मिसरी ने कहा कि मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और विज़न “महासागर” में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भागीदार है।
*******
भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 23 अगस्त तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि पाकिस्तानी विमानों के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले नोटिस टू एयरमेन को आधिकारिक तौर पर 23 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय रणनीतिक दृष्टिकोण और मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप है। यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा भारतीय उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अगस्त तक बंद रखने की घोषणा के बाद की गई है।
*******
महिला सशक्तिकरण को बढावा देने के उद्देश्य से लिए गए एक बडे़ निर्णय के अतंर्गत उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के नाम पर खरीदी जाने वाली एक करोड़ रूपए तक की संपत्ति के लिए स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत छूट देने की स्वीकृति दी है। अब तक राज्य में यह छूट केवल दस लाख रूपए तक की संपत्ति के लिए थी। लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में संपत्ति के लिए स्टांप शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया। उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि इस निर्णय से मध्य वर्ग की महिलाओं को संपत्ति का मालिक बनाने में सहायता मिलेगी। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढेगा बल्कि वे आर्थिक रूप से और अधिक सक्षम होंगी तथा समाज में उन्हें सम्मान मिलेगा।
भारत सरकार ने भी चूंकि ऐसा फैसला किया है और सभी प्रदेश की सरकारों से भारत सरकार ने ये अपेक्षा की है कि इस फैसले का सभी लोग अनुसरण करें। उसी क्रम में आज मंत्रिमंडल के सामने स्टॉम्प पंजीयन विभाग लेकर आया है। एक करोड़ तक की प्रोपर्टी अब लेंगे, तब भी उनको ये छूट का इसका लाभ उनको मिलेगा।
*******
दिल्ली सरकार ने युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ओलिम्पिक और पैरालिम्पिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि को तीन करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7 करोड़ रुपये करने की घोषणा की है। एक रिपोर्ट…
यह निर्णय कल मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इस नई योजना के अंतर्गत स्वर्ण पदक जीतने पर सात करोड़, रजत पदक के लिए 5 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 3 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही ओलंपिक स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले एथलीट अब ग्रेड-ए सरकारी पदों के लिए पात्र होंगे। एशियाई और पैरा एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वीरेन्द्र कौशिक।
इसके अलावा, दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली मंत्रिमंड़ल ने सरकारी स्कूलों में पूरी तरह सुसज्जित कंप्यूटर प्रयोगशालाओं की स्थापना करके डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार की बड़ी पहल को भी मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि नव-प्रवर्तित मुख्यमंत्री डिजिटल शिक्षा योजना के अंतर्गत कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले सरकारी स्कूल में 11 वीं कक्षा के 1,200 छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे।
*******
स्वच्छ सर्वेक्षण दो हजार चौबीस में देश के जिन शहरों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनमें छत्तीसगढ़ का बिलासपुर भी शामिल है। बिलासपुर को तीन लाख से दस लाख के बीच आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। एक रिपोर्ट-
बिलासपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण में तीन लाख से दस लाख की आबादी श्रेणी में दूसरा स्थान मिलने पर शहर की महापौर पूजा विधानी ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर निगम और शहर के सभी नागरिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को साकार करने की दिशा में अपना पूरा योगदान दे रहे हैं।
यह पुरस्कार बिलासपुरवासियों के लिए स्वच्छता की दिशा में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए एक प्रेरणा भी है। आकाशवाणी समाचार के लिए रायपुर से मैं विकल्प शुक्ला।
*******
आज राष्ट्रीय प्रसारण दिवस है। 1927 में इसी दिन देश में पहला रेडियो प्रसारण इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के बॉम्बे स्टेशन से शुरू हुआ था। 8 जून, 1936 को भारतीय राज्य प्रसारण सेवा का नाम बदलकर ऑल इंडिया रेडियो किया गया। यह दिन भारत के विकास, शैक्षिक प्रसार और सांस्कृतिक संरक्षण में प्रसारण की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। 1956 में राष्ट्रीय प्रसारक के लिए आकाशवाणी नाम अपनाया गया। वहीं 1957 में लोकप्रिय फिल्म संगीत के साथ विविध भारती सेवा शुरू की गई। 1927 से रेडियो देश में लोगों के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। आकाशवाणी वास्तव में अपने आदर्श वाक्य -बहुजन हिताय,बहुजन सुखाय पर खरा उतरते हुए जनता को सूचित करने, शिक्षित करने और उनका मनोरंजन करने में तत्पर है।
*******
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जापान के साथ व्यापार समझौते की घोषणा कर दी है। इसके अंतर्गत अमरीकी आयातकों को जापान से निर्यात की गई सामग्रियों पर 15 प्रतिशत शुल्क देना होगा। श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रूथ सोशल पर कहा कि अमरीका और जापान के बीच व्यापक समझौता हुआ है। उन्होंने कहा कि जापान, अमरीका में पांच सौ 50 अरब डॉलर का निवेश करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते से अमरीका को लाभ का 90 प्रतिशत हासिल होगा। व्यापार समझौता कई महीनों तक चली बातचीत के बाद संपन्न हुआ है।
*******
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के बीच व्हाइट हाउस में कल रात हुई मुलाकात के बाद अमरीका और फिलीपींस के बीच एक व्यापार समझौता हो गया है। श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में अमरीका और फिलीपींस के बीच व्यापार समझौते की पुष्टि की। इस समझौते के तहत फिलीपींस अमरीका के साथ खुले बाजार में प्रवेश कर रहा है। इस व्यापार समझौते के तहत, फिलीपींस 19 प्रतिशत टैरिफ का भुगतान करेगा। श्री मार्कोस ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सम्बंध एक महत्वपूर्ण रिश्ते के रूप में विकसित हुए हैं।
*******
और अब खेल जगत की खबरों से
महिला एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत ने चेस्टर-ले-स्ट्रीट में कल रात अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को 13 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 318 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 49 ओवर पांच गेंद में 305 रन ही बना सकी। भारत की कप्तान हरमनप्रीत ने 102 रन की शानदार पारी खेली। क्रांति गौड़ ने छह विकेट हासिल किए। हरमनप्रीत को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ चुना गया और आज से भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। भारत पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 1-2 से पीछे है। मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरू होगा और फुटबॉल में, कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में डूरंड कप के 134वें संस्करण के पहले मैच में दिग्गज टीम ईस्ट बंगाल फुटबॉल क्लब का सामना आज प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा ले रही साउथ यूनाइटेड फुटबॉल क्लब से होगा।
*******
देश भर में श्रावण शिवरात्रि आज पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है। यह दिन हिंदू पंचांग के सबसे पवित्र दिनों में से एक है और भगवान शिव को समर्पित है। मंदिर ओम नमः शिवाय के मंत्र से गूंज रहे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शिव मंदिरों में भगवान महादेव की पूजा-अर्चना करने पहुँच रहे हैं। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखकर शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाते हैं।
*******
मौसम विभाग ने लद्दाख, गिलगित, बाल्टीस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में आज तेज हवाओं के साथ मूसलाधार का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी तेज वर्षा होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं।
*******
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में भी आज कुछ जगहों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। तेज बारिश के बीच कुछ स्थानों पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने, जलाशयों में उफान और निचले क्षेत्रों में जलभराव की भी आशंका है।
*******
और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा और राष्ट्रपति के सवालों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई सहित विभिन्न खबरें सभी अखबारों के पहले पन्ने पर प्रमुखता से हैं। नवभारत टाइम्स लिखता है- धनखड़ का इस्तीफा मंजूर, पर विपक्ष को वजह नामंजूर। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- चार तरह की थ्योरी, मगर सस्पेंस बरकरार। लिखा है राज्यपाल, वरिष्ठ मंत्री या चौंकाने वाले चहरा? दैनिक जागरण की टिप्पणी है- जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग से जुड़ रहा धनखड़ का इस्तीफा, सरकार को जानकारी दिए बिना महाभियोग का नोटिस किया था स्वीकृत। हिन्दुस्तान लिखता है- धनखड़ का इस्तीफा सेहत या सियासत। पीएम ने पूर्व उप-राष्ट्रपति को सराहा। ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में 9 घंटे चर्चा को सरकार तैयार फिर भी नहीं पिघली बर्फ – हरिभूमि सहित कई अखबारों में है। देशबंधू ने विपक्ष के हवाले से लिखा है – ज्वलंत मुद्दों पर संसद में जवाब दें मोदी। दैनिक जागरण के पहले पन्ने पर है – राष्ट्रपति के सवालों पर होगा सुप्रीम विचार। पंजाब केसरी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 14 सवाल, संविधान पीठ पड़ताल पर सहमत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा पर भी अधिकांश अखबारों ने खबरें दी हैं।
*******
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन और मालदीव की चार दिवसीय यात्रा पर आज रवाना होंगे।
- भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 23 अगस्त तक बढ़ाया।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति पर एक प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट को स्वीकृत दी।
- दिल्ली सरकार ने ओलिम्पिक और पैरालिम्पिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाडियों के नगद पुरस्कार के लिए भारी वृद्धि की घोषणा की।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जापान और फिलीपींस के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की।
- और, महिला क्रिकेट में, भारत ने तीसरे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को 13 रन से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
*******