July 15, 2025 9:35 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला एक्‍सियोम फोर मिशन के तीन अन्‍य सदस्‍यों के साथ आज पृथ्‍वी पर लौट रहे हैं।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा के कटक में रावेनशा विश्‍वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
  • भारत ने स्‍वच्‍छ ऊर्जा क्षमता का 50 प्रतिशत लक्ष्‍य पांच वर्ष पहले ही प्राप्‍त किया।
  • दिल्‍ली सरकार ने कारोबारी सुगमता के प्रयोजन से हरित श्रेणी के उद्योगों को पर्यावरणीय मंजूरी के लिए बीस दिन की समयसीमा तय की।
  • विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर आज चीन के तियानचिन में शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
  • क्रिकेट में एंडरसनतेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्‍ट मैच में भारत को 22 रन से हराकर इंग्‍लैंड ने श्रृंखला में 2-1 की बढत बनाई। 

———-

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला एक्सियोम-4 मिशन के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ आज पृथ्वी पर लौट रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से उनकी यह वापसी 18 दिन बाद हो रही है। चारो अंतरिक्ष यात्रियों ने स्पेसएक्स ड्रैगन से 22 घंटे की यात्रा कल शुरु की। अनुमान है कि ये अंतरिक्ष यात्री आज भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद तीन बजे कैलिफोर्निया तट पर उतरेंगे। अंतरिक्ष स्‍टेशन से विदाई पर शुभांशु शुक्ला ने अपनी यात्रा को अविश्वसनीय बताया।

———-

यह आकाश गंगा मिशन, एक्सियोम स्पेस, नासा और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का संयुक्त प्रयास है। यह आगामी गगनयान मिशन और प्रस्तावित भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन सहित भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान महत्वाकांक्षाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर प्रवास के दौरान, श्री शुक्ला ने विशेष रूप से भारत के लिए सात सूक्ष्म-गुरुत्व प्रयोग किए, जो अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती क्षमताओं को प्रदर्शित करते हैं।

———-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा के कटक में रावेनशॉ विश्वविद्यालय के 13वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति रावेनशॉ गर्ल्स हाई स्कूल की तीन इमारतों के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखेंगी। उनका कटक में 15वीं शताब्दी के महान ओडिया कवि और विद्वान आदिकवि सरला दास के जयंती समारोह में शामिल होने और 2024 के लिए कलिंग रत्न पुरस्कार प्रदान करने का भी कार्यक्रम है।

———-

ओडिशा में, बालासोर के फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की छात्रा की मृत्यु हो गई है। आत्मदाह का प्रयास करने के बाद इस छात्रा का भुवनेश्वर-एम्स में इलाज किया जा रहा था। छात्रा ने संकाय के एक सदस्य पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्मदाह का प्रयास किया था। छात्रा 95 प्रतिशत जल गई थी।

ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर गई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-भुवनेश्वर में छात्रा के माता-पिता से मुलाकात के दौरान घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की थी।

———-

केंद्र सरकार ने नदी जल बंटवारे विवाद पर आज दिल्‍ली में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल के साथ बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का दोपहर ढ़ाई बजे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिलने का कार्यक्रम है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ आज मुख्यमंत्री की बैठक निर्धारित है।

———-

बिहार में, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान छह करोड़ साठ लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने फॉर्म जमा कराए हैं। यह राज्य के सात करोड 89 लाख मतदाताओं का 83.66 प्रतिशत है। निर्वाचन आयोग यह सुनिश्चित करने के हरसंभव प्रयास कर रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता न छूटने जाए। अस्थायी रूप से राज्य से बाहर गए मतदाताओं के लिए अख़बार में विज्ञापन दिया जा रहा है ताकि उनका नाम पहली अगस्त को जारी होने वाली मतदाता-सूची में शामिल हो सके।

———-

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

———-

देश में अब पचास प्रतिशत स्थापित बिजली क्षमता गैर-पारम्‍परिक ईंधन स्रोतों से चालित है और भारत ने यह लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पूर्व ही हासिल कर लिया है। एक रिपोर्ट-

यह उपलब्धि बताती है कि देश जलवायु परिवर्तन की रोकथाम और टिकाऊ विकास के प्रति संकल्पित है और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की गति लगातार बढ़ रही है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि भारत जलवायु समाधान की दिशा में एक नज़ीर पेश कर रहा है और लक्ष्य को पांच वर्ष पूर्व हासिल करना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व की बात है। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा को अपना कर एक बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहा है और यह दूरदर्शी नेतृत्व तथा उत्तरदायित्व के बोध के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएमकुसुम, पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना, सौर पार्क विकास और राष्ट्रीय पवनसौर हाइब्रिड नीति से स्वच्छ ऊर्जा को बल मिला है। प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन कम होने के बावजूद स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने में हुई यह प्रगति मूल्यवान है और भारत जी-20 के उन चंद देशों में शामिल है जो जलवायु परिवर्तन की रोकथाम के अपने संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। समाचार कक्ष से, कुमार राधारमण।

———-

दिल्‍ली सरकार ने कारोबारी सुगमता के प्रयोजन से हरित श्रेणी के उद्योगों को पर्यावरणीय मंजूरी के लिए बीस दिन की समय-सीमा तय की है। दिल्‍ली के पर्यावरण और उद्योग मंत्री मंजिन्‍दर सिंह सिरसा ने कहा कि इस सुधार से दिल्‍ली के सूक्ष्‍म लघु और मध्‍यम उद्यम क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। ब्‍योरे के साथ हैं हमारी संवाददाता – 

श्री सिरसा ने कहा कि अगले महीने से ऐसे उद्योगों के कंसेंट टू ऑपरेट (CTO) के आवेदन अगर 20 दिनों के भीतर प्रोसेस नहीं होते, तो उन्हें अपने आप मंजूर माना जाएगा। पहले यह समयसीमा 120 दिन थी। पर्यावरण और उद्योग मंत्री ने कहा कि यह दिल्ली के व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। श्री सिरसा ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वो कर दिखाया जो 50 सालों में नहीं हुआ। उन्‍होंने कहा यह सिर्फ सुधार नहीं, बल्कि दिल्ली की उद्योग नीति में एक ऐतिहासिक बदलाव है। यह सुधार 65 से अधिक ग्रीन कैटेगरी इंडस्ट्रीज़ को सीधा फायदा देगा जो कम प्रदूषण फैलाने वाले और लोरिस्क सेक्टर माने जाते हैं। इनमें शामिल हैं बिना डाई या ब्लीचिंग के रेडीमेड गारमेंट्स, ऐलुमिनियम और पीवीसी यूनिट्स, बॉयलर के बिना आयुर्वेदिक दवाइयाँ, कोल्ड स्टोरेज, लकड़ी और स्टील के फर्नीचर, इलेक्ट्रिक ओवन वाली कन्फेक्शनरी यूनिट्स, ऑप्टिकल प्रोडक्ट्स, खिलौने, साबुन और डिटर्जेंट, बैटरी कंटेनर, कार्डबोर्ड और पैकेजिंग मैन्युफैक्चरिंग।

———-

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर आज चीन में तियानचिन में शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। डॉक्टर जयशंकर दो दिन की चीन यात्रा पर कल राजधानी पेइचिंग पहुंचे। शंघाई सहयोग संगठन के दस सदस्य देशों में भारत, चीन, रूस, ईरान, कज़ाकिस्तान, किर्गिज़िस्तान,  पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।

फिलहाल चीन इस संगठन का अध्यक्ष है। कल डॉक्टर जयशंकर ने चीन के विदेशमंत्री वांग यी के साथ बैठक में सीमा-पार जाने वाली नदियों के मामले में सहयोग करने और जल संबंधी डेटा उपलब्ध कराना दोबारा शुरु करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि आपसी संबंधों के विकास के लिए सीमा पर शांति बनाए रखना ज़रूरी है।

चीन के विदेश मंत्री के साथ बैठक में डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के संबंध धीरे-धीरे सकारात्मक दिशा में बढ़ रहे हैं।

———

मौसम विभाग ने आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक राजस्थान और छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर अत्यधिक तेज बारिश हो सकती है। आज गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी तेज वर्षा का अनुमान है।

———-

उधर, हिमाचल प्रदेश से हमारे संवाददाता ने बताया कि शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए अत्‍यधिक तेज वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में बीती रात से ही बारिश का क्रम रुकरुक कर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में इस मॉनसून सीजन में अभी तक सामान्य से 19 फीसदी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। राज्य भर में 192 सड़कें भूस्खलन के कारण अभी भी आवाजाही के लिए बंद हैं। इसके अलावा 65 बिजली ट्रांसफार्मर और 745 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में भारी बारिश, भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने के ख़तरे के मद्देनज़र नदियों के किनारे और डैम के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

———-

खेल जगत की खबरों के साथ हैंवीरेन्‍द्र कौशिक

एंडरसनतेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त ले ली है। लॉर्ड्स में, कल खेल के अंतिम दिन 193 रन के लक्ष्य के जवाब में, भारतीय टीम एक सौ 70 रन ही बना सकी। रवींद्र जडेजा 61 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने 3-3 विकेट लिए। पहली पारी में, भारत और इंग्लैंड दोनों का स्‍कोर 387 रन रहा। बेन स्टोक्स को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से शुरु हो रहा है। सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोडी का पहला मुकाबला कोरियाई जोड़ी कांग मिन ह्युक और की डोंग जू से होगा। सिगंल्‍स में भारत के लक्ष्‍य सेन का मुकाबला चीन के वांग झेंग जिंग से होगा। पी.वी. सिंधु कोरिया की सिम यू जिन के साथ खेलेंगी। उन्नति हुड्डा का पहला मुकाबला थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा। शतरंज में, भारत की आर. वैशाली और हरिका द्रोणवल्ली ने जॉर्जिया में चल रहे फिडे महिला विश्व कप के प्रीक्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख पहले ही अंतिम 16 में पहुंच चुकी हैं। फुटबॉल में, 20 वर्ष से कम उम्र की भारतीय महिला टीम का कल उज़्बेकिस्तान के साथ दोस्ताना मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। भारत और उज्बेकिस्तान अगले महीने होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप क्वालीफायर की तैयारियों के लिए कल फिर आमनेसामने होंगे।

———-

सिक्किम में पाकयोंग जिले के याकटेन गांव में देश के पहले डिजिटल नोमैड विलेज का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। स्थानीय विधायक और महिला, बाल, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा ने इसका उद्घाटन किया।

———-

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

———-

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनवीन सक्‍सेना।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला के आज अंतरिक्ष से धरती पर वापसी की खबर को लगभग सभी अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान ने इस खबर को अपनी सुर्खी बनाते हुए लिखा है- अंतरिक्ष से लौट रहा सितारा। शुभांशु ने 60 से ज्‍यादा वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्‍सा लिया, जिनमें सात प्रयोग भारत के। लोकसत्‍य लिखता है- मेथी और मूंग के बीजों को अंतरिक्ष में उगाया। अंतरिक्ष में हड्डियों की सेहत पर भी किए गए प्रयोग। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- शुभांशु ने कहा अंतरिक्ष से भारत अभी भी सारे जहां से अच्‍छा दिखता है।  हेट स्‍पीच पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी को भी अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। पंजाब केसरी की सुर्खी है- बोलने की आजादी, मगर संभल कर। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- अभिव्‍यक्ति की आजादी का मोल समझें। सोशल मीडिया पर बांटने वाली प्रवृत्ति को रोकना होगा। दैनिक जागरण के शब्‍द हैं- अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता के नाम पर इंटरनेट मीडिया पर कुछ भी नहीं कर सकते पोस्‍ट। खाने-पीने की चीजों के दाम में बडी कमी के कारण जून में खुदरा मंहगाई दर छह साल के निचले स्‍तर पर आई। आम आदमी को मिली राहत, खुदरा मंहगाई दर लगातार आठवें महीने घटी, नवभारत टाइम्‍स की खबर है। राष्‍ट्रीय सहारा ने मोटापे के प्रति जागरूकता को लेकर केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की इस खबर को अपनी सुर्खी बनाया है- स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने दिया खाद्य सामग्री पर तेल ओर चीनी बोर्ड प्रदर्शित करने का निर्देश। कहा- बताना होगा समोसे-कचौडी़ में कितना ऑयल, कितना शुगर।

———-

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला एक्‍सियोम – फोर मिशन के तीन अन्‍य सदस्‍यों के साथ आज पृथ्‍वी पर लौट रहे हैं।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा के कटक में रावेनशा विश्‍वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
  • भारत ने स्‍वच्‍छ ऊर्जा क्षमता का 50 प्रतिशत लक्ष्‍य पांच वर्ष पहले ही प्राप्‍त किया।
  • दिल्‍ली सरकार ने कारोबारी सुगमता के प्रयोजन से हरित श्रेणी के उद्योगों को पर्यावरणीय मंजूरी के लिए बीस दिन की समय-सीमा तय की।
  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर आज चीन के तियानचिन में शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
  • क्रिकेट में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तीसरे टेस्‍ट मैच में भारत को 22 रन से हराकर इंग्‍लैंड ने श्रृंखला में 2-1 की बढत बनाई। 

———-