June 27, 2025 9:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुँचना देश के लिए गौरवपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि।
  • भारत ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत भारतीयों को सुरक्षित निकालने में सहयोग के लिए इस्राइल, ईरान, जॉर्डन, मिस्र, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान का आभार व्यक्त किया।
  • भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा ओडिशा के पुरी में आज से।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारत के साथ शीघ्र ही बड़े व्यापार समझौते के संकेत दिए।
  • क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक एक जुलाई को अमरीका के वाशिंगटन में।
  • भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्‍व पुलिस और अग्निशमन खेलों की मेजबानी मिली।
  • पुरुष और महिला हॉकी इंडिया मास्‍टर्स कप का फाइनल आज चेन्‍नई में।

*******

भारत ने अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र में अंतरिक्ष यान ड्रैगन की सफल डॉकिंग को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिये ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला एक्सिओम मिशन में अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पंहुचने वाले पहले भारतीय हैं। एक रिपोर्ट-

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र में 14 दिन के प्रवास में कुल साठ महत्‍वपूर्ण प्रयोग किए जाएंगे। शुभांशु शुक्‍ला इस दौरान माइक्रो ग्रैविटी से संबंधित और भारतीय संस्थानों द्वारा विकसित सात प्रयोग करेंगे, जो भारत के अंतरिक्ष अन्‍वेषण में महत्‍वपूर्ण कदम साबित होंगे। एक्सिओम-4 मिशन अंतरिक्ष अन्‍वेषण में भारत का सर्वाधिक प्रत्‍यक्ष योगदान है। अंतरिक्ष केन्‍द्र में किए जा रहे भारत के सात प्रयोग अंतरिक्ष और पृथ्‍वी पर नवाचारों में महत्‍वपूर्ण योगदान साबित होंगे। पहला प्रयोग माइक्रो ग्रैविटी में सूक्ष्‍म शैवालों से संबंधित है, जो लंबी अवधि के अंतरिक्ष मिशन में जीवन बनाए रखने के लिए महत्‍वपूर्ण हैं। दूसरा प्रयोग अंतरिक्ष में मूंग और मेथी जैसे अंकुरने वाले बीजों के अंकुरित होने से संबंधित हैं। इससे अंतरिक्ष यात्रियों के लिए पोषण युक्‍त आहार उपलब्‍ध होगा। तीसरा प्रयोग सूक्ष्‍म गुरुत्‍वाकर्षण में मांसपेशियों के पुन: निर्मित होने के बारे में है। चौथा प्रयोग अतिरेक वाले वातावरण में मनुष्‍य के जीवित रहने की सम्‍भावनाओं का पता लगाएगा। पांचवा प्रयोग शून्‍य गुरुत्‍वाकर्षण में इलेक्‍ट्रॉनिक डिस्‍पले नियंत्रण प्रणाली से संबंधित हैं। छठा प्रयोग अंतरिक्ष में नाइट्रोजन स्रोत के रूप में यूरिया के इस्‍तेमाल से साइनो बैक्टिरिया की वृद्धि की जांच से संबंधित है। और भारत का सातवां प्रयोग अंतरिक्ष की परिस्थितियों में खाद्यान्न और सब्जियों के समायोजन से जुड़ा है। समाचार कक्ष से वीरेन्द्र कौशिक।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने इस उपलब्धि की सराहना की है। उन्‍होंने कहा कि यह मिशन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के लक्ष्‍य आत्‍मनिर्भर भारत और विश्‍वबंधु भारत की भावना दर्शाता है।

पहली मर्तबा ऐसा हो रहा है कि कोई भारतीय मूल का अंतरिक्ष यात्री इंटनेशनल स्‍पेस-स्‍टेशन पर गया है तो भारत के लिए गर्व की बात तो है ही और साथ-ही साथ मुझे लगता है कि ये अवसर है। आभार प्रकट करने का देश के राजनीतिक नेतृत्‍व का प्रधानमंत्री मोदी जी का भी जिस प्रकार का एक अनुकूलता कामकाज के वातावरण में आई, उसके कारण ये संभव हो पाया।

*******

भारत ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत भारतीयों को सुरक्षित निकाल कर स्‍वदेश वापस लाने के प्रयासों में सहयोग के लिए इस्राइल, ईरान, जॉर्डन, मिस्र, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान का आभार व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारतीय वायुसेना के विमानों ने अपने नागरिकों को युद्ध ग्रस्त ईरान से वापस लाने के लिए अब तक 14 उड़ानें भरी हैं। भारत ने ईरान और इस्राइल से अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए 18 जून को ऑपरेशन सिंधु शुरू किया था। श्री जायसवाल बताया कि ईरान में करीब दस हजार और इस्राइल में लगभग चालीस हजार भारतीय नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि ईरान से भारत ने अब तक 3 हजार चार सौ 26 नागरिकों को सुरक्षित निकाला है। इस्राइल से अब तक चार उड़ानों में आठ सौ 18 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है।

*******

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के रक्षामंत्री एडमिरल डोंग जून से क़िंगदाओ में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान अलग से बातचीत की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने परस्पर संबंधों से जुडे़ मुद्दों पर रचनात्मक विचार साझा किये। रक्षा मंत्री ने लगभग छह वर्ष बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा के फिर शुरू होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के लिए यह सकारात्मक माहौल बनाए रखना और द्विपक्षीय संबंधों में जटिलताओं से बचना जरूरी है।

*******

विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए बिहार के दौरे पर गए निर्वाचन आयोग के नौ सदस्‍य आज मतदाता पंजीकरण अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। निर्वाचन आयोग का दल राज्‍य के तीन दिन के दौरे पर बुधवार को पटना पहुंचा था। कल, आयोग ने राज्य के मुख्‍य चुनाव अधिकारी विनोद सिंह गुजियाल के साथ बैठक में मतदाता सूचियों का निरीक्षण किया।

*******

निर्वाचन आयोग ने आवश्‍यक शर्तें पूरी नहीं करने पर 345 पंजीकृत गैर-मान्‍यता प्राप्‍त राजनीतिक दलों को सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वर्ष 2019 से लोकसभा, विधानसभा और केन्‍द्र शासित प्रदेश के चुनाव या उप-चुनाव नहीं लड़ने वाले दलों को सूची से हटाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। इन दलों के कार्यालय भी भौतिक रूप से कहीं नहीं हैं।

*******

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। श्री गडकरी ने कहा कि दोपहिया वाहनों के लिए टोल पर पूरी छूट जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कुछ मीडिया संस्थान दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने के बारे में भ्रामक खबरें फैला रहे हैं।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

ओडिसा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा आज से शुरू हो रही है। इस प्रसिद्ध उत्सव के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा विग्रह रथों में सवार होकर दर्शन देते हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस वर्ष इस उत्सव में 13 लाख भक्‍त शामिल होंगे।

महाप्रभु के नवयौवन दर्शन के बाद कल प्रभु जगन्नाथ के नंदिघोष, श्री बलभद्र के तालध्वज और देवी सुभद्रा की दर्पदलन रथ को सिंहद्वार के सम्मुख लाया गया है। आज थोड़ी देर बाद पहंडी से भगवानों को रथ में विराजमान किया जाएगा। उसके बाद अन्य नीतिकांति सम्पन्न होगी। दोपहर को करीब 4 बजे  से  रथ खींचे जाएंगे। इस दौरान प्रभु अपनी मौसी के घर नौ दिनों की यात्रा में निकलेंगे। जय जगन्नाथ के उद्घोष से एक बार फिर पुरी गूंज रहा है। लाखों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पर्व के साक्षी बनने पुरी पहुंचे हैं। रथयात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। इसके साथ ड्रोन और एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं लोगों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवाने के लिए डाक्टरों को तैनात किया गया है। श्रीमंदिर प्रशासन की तरफ श्रद्धलुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किए गए हैं। आकाशवाणी समाचार से इतिश्री सिंह राठौर।

*******

वहीं, गुजरात में भगवान जगन्नाथ की 148वीं वार्षिक रथ यात्रा आज सुबह अहमदाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। गृहमंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद में श्री जगन्नाथ मंदिर में मंगला आरती की और रथ यात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भुपेन्द्र पटेल ने पहिंद विधी के साथ जगन्नाथजी की यात्रा का प्रारंभ किया। पहली बार पुलिस ने भगवान को गार्ड ओफ ओनर दिया। भगवान जगन्नाथ, बडे भाई बलराम और बहन देवी सुभद्रा के सुशोभित रथ 16 किलोमीटर के परंपरागत मार्ग पर निकलेंगे और नगरजनों को दर्शन देंगे। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद के लिए लाखों भक्त रथयात्रा को देखने के लिए उत्साहित है। रथयात्रा के लिए सघन पुलिस बंदोबस्त किया गया है। अनिल पटेल, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने श्रीनगर राजभवन में राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात में तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला के अलावा भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता भी शामिल थे। यात्रा के सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए उपराज्‍यपाल ने अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, प्रशासन, जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस, सुरक्षा बलों और अन्‍य हितधारकों के समर्पित प्रयासों की चर्चा की।

*******

राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ ने संविधान की प्रस्‍तावना में शामिल समाजवादी और पंथ निरपेक्ष शब्‍दों की समीक्षा का आह्वान किया है। संघ ने कहा कि ये शब्‍द आपातकाल के दौरान शामिल किए गए और ये डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर के संविधान में नहीं थे। आपातकाल के पचास वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ के महासचिव दत्‍तात्रेय होसबोले ने कहा कि बाबा साहेब ने कभी भी इन शब्‍दों का प्रयोग संविधान की प्रस्‍तावना में नहीं किया।

आपातकाल के दौरान भारत के संविधान की प्रस्तावना में प्रेयंबल में दो शब्द जुड़े हैं- सेक्यूलरिज्म और सोशलिज्म। वो प्रस्तावना में नहीं थे पहले। उन दो शब्दों को जोड़ा है। बाद में इसको निकालने के प्रयत्न हुआ नहीं है। चर्चा हुई दोनों प्रकार के आर्गयूमेंट्स हुए तो क्या वो रहने चाहिएं प्रस्तावना में ये विचार होना चाहिए।

*******

हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ के कारण जान-माल का व्यापक नुकसान हुआ है। राज्‍य के कई स्‍थान बाढ़ की चपेट में हैं।  

हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं में 15 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और दो राष्ट्रीय उच्च मार्गों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं धर्मशाला के खनियारा में मनूनी खड्ड में बाढ़ आने से बहे 8 श्रमिकों में से 5 के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि 3 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अनुसार बादल फटने से 2 विद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है जिसका आकलन किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों और पर्यटकों से एहतियात बरतने और नदी-नालों से दूर रहने का आहवान किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार शिमला।

*******

वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले तीन-चार दिन में देश के शेष हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने कल तक केरल, माहे, उत्तराखंड, राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा है कि भारत के साथ शीघ्र ही एक बड़े व्‍यापार समझौते पर हस्‍ताक्षर होंगे। कल एक आयोजन में उन्‍होंने कहा कि चीन के साथ समझौते पर हस्‍ताक्षर हो चुके हैं, अब भारत के साथ एक बड़ा समझौता होगा। हालांकि उन्‍होंने चीन के साथ हुए समझौते का ब्‍योरा नहीं दिया। श्री ट्रम्‍प ने स्पष्ट किया कि प्रत्‍येक देश के साथ व्‍यापार समझौता नहीं होगा।

*******

अमरीका एक जुलाई को वांशिगटन डी.सी. में क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करेगा। अमरीका के विदेश विभाग के उप प्रवक्‍ता टॉमी पिगॉट ने कल यह घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले सप्‍ताह क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में ऑस्‍ट्रेलिया, भारत और जापान के विदेश मंत्रियों का स्‍वागत करेंगे। इस महीने की 18 तारीख को अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने इस वर्ष नई दिल्‍ली में होने वाले क्‍वाड शिखर सम्‍मेलन में शामिल होने का प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का आमंत्रण स्‍वीकार किया था।

*******

खेलों में, महिला हॉकी इंडिया मास्‍टर्स कप टूर्नामेंट के फाइनल में आज ओडिशा का सामना पंजाब से होगा। फाइनल मुकाबला चेन्नई में दिन के दो बजे से शुरु होगा। उधर, पुरुष हॉकी इंडिया मास्टर्स कप के फाइनल में हॉकी यूनिट ऑफ़ तमिलनाडु का मुकाबला हॉकी महाराष्ट्र से चेन्नई में आज शाम चार बजे होगा।

*******

भारत विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों की मेजबानी करेगा। उसने प्रतिष्ठित 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी की दावेदारी जीत ली है। अमरीका के बर्मिंघम में डब्‍ल्‍यूपीएफजी फेडरेशन के समक्ष भारतीय प्रतिनिधियों की सशक्त दावेदारी के बाद यह घोषणा की गई। यह आयोजन गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर में होगा। विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित खेल आयोजनों में है, जिसमें 70 से अधिक देशों के हजारों पुलिस अधिकारी, अग्निशमन कर्मी और त्वरित कार्रवाई करने वाले कर्मी भाग लेते हैं।

*******

कर्नाटक के शॉन गांगुली ने भुवनेश्वर में 78वीं सीनियर राष्‍ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने 4 मिनट 24 दशमलव छह चार सेकंड का समय लिया। मध्य प्रदेश के अद्वैत दूसरे और गुजरात के आर्यन नेहरा तीसरे स्थान पर रहे।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- जया भारती।

सभी अखबारों ने आज भारतीय अंतरि‍क्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला के अंतर्राष्‍ट्रीय अंतरि‍क्ष स्‍टेशन पर पहुंचने की खबर सचित्र प्रकाशित की है। हिंदुस्‍तान लिखता है- शुभांशु आई.एस.एस. पहुंचे, बोले- यह भारत की यात्रा। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- स्‍पेस में जय हिंद जय भारत। एस.सी.ओ. बैठक, पहलगाम पर चुप्‍पी, भारत का संयुक्‍त बयान पर दस्‍तखत से इंकार। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- पाकिस्‍तान की सीमा से आतंक के पोषण की नीति पर दोहरे मानदंड छोडने होंगे। जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। भारत और कनाडा में जल्‍द होगी उच्‍चायुक्‍तों की बहाली, विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता जयसवाल ने कहा- दुर्लभ अर्थ मेटल कारोबार को लेकर चीन के संपर्क में भारत। अमर उजाला ने यह खबर अपने प्रथम पृष्‍ठ पर प्रकाशित की है। कॉल पर सुनाई नही देगी अमिताभ बच्‍चन की आवाज, सरकार ने बन्‍द की कॉलर ट्यून। 40 सेकेंड के मैसेज को लेकर हो रही थी लोगो को परेशानी। राजस्‍थान पत्रिका में है। देश में मानसून की धमाकेदार बारिश, अब तक नौ प्रतिशत से ज्‍यादा पानी बरस गया। दिल्‍ली से 150 किलोमीटर पहले थमा मानसून, पहुंचने में पांच दिन लगेंगे। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुँचना देश के लिए गौरवपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि।
  • भारत ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत भारतीयों को सुरक्षित निकालने में सहयोग के लिए इस्राइल, ईरान, जॉर्डन, मिस्र, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान का आभार व्यक्त किया।
  • भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा ओडिशा के पुरी में आज से।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भारत के साथ शीघ्र ही बड़े व्यापार समझौते के संकेत दिए।
  • क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक एक जुलाई को अमरीका के वाशिंगटन में।
  • भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्‍व पुलिस और अग्निशमन खेलों की मेजबानी मिली।
  • पुरुष और महिला हॉकी इंडिया मास्‍टर्स कप का फाइनल आज चेन्‍नई में।

*******