June 17, 2025 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शाम कनाडा के कनानास्किस में जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, प्रधानमंत्री द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
  • सरकार, देश के विभिन्न भागों, विशेषकर पिछड़े और आदिवासी क्षेत्रों में दो हजार ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूल खोलेगी।
  • वित्तीय कार्रवाई कार्य बल-एफ.ए.टी.एफ. ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। कहा- यह वित्तीय सहायता के बिना सम्‍भव नहीं।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी से तेहरान छोड़ने को कहा।
  • एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग में, भारतीय महिला टीम आज लंदन में अर्जेंटीना के साथ खेलेगी।

———–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कनाडा के कनानास्‍किस में जी-7 शिखर बैठक में शामिल होंगे। वे आज सवेरे कनाडा में कैलगरी पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्‍मेलन में लगातार छठी बार भाग ले रहे हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर कनाडा की दो दिन की यात्रा के दौरान श्री मोदी शिखर बैठक से अलग कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री जी-7 और आमंत्रित देशों के नेताओं तथा अंतरराष्‍ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

जी-7 विश्‍व की सात उन्‍नत अर्थव्‍यवस्‍थाओं फ्रांस, अमरीका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, इटली, कनाडा और यूरोपीय संघ का एक अनौपचारिक समूह है। जिसके सदस्‍य वैश्‍विक, आर्थिक और भूराजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए हर वर्ष जी-7 शिखर सम्‍मेलन में मिलते हैं। इस वर्ष इस सम्‍मेलन के फोकस क्षेत्रों में समुदायों और विश्‍व की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा का निर्माण और डिजिटल परिवर्तन में तेजी लाने के साथसाथ भविष्‍य की साझेदारी को सुरक्षित करना शामिल है। पिछले कुछ वर्षों में, भारत को जी-7 शिखर सम्‍मेलन के आउट‍रीच सत्र में नियमित रूप से आमंत्रित किया जाता रहा है। भारत ने पिछले शिखर सम्‍मेलनों में हमेशा ग्‍लोबल साऊथ से जुड़े मुद्दों को सामने लाया है। पिछले वर्ष इस सम्‍मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्‍य सागर जैसे महत्‍वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के लिए अन्‍य आमंत्रित देशों के साथ भाग लिया था। सुपर्णा सेकिया के साथ, आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

———–

इससे पहले कल, भारत और साइप्रस ने सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा की है। दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए एक व्यापक और समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।

आतंकवाद, ड्रग्‍स और आर्म्‍स की तस्‍करी की रोकथाम के लिए हमारी एजेंसिस के बीच रीयल टाइम इन्‍फोर्मेशन एक्‍सचेंज का मैकेनिज्‍़म तैयार किया जाएगा। हम दोनों सहमत हैं कि हमारे आपसी व्‍यापार और निवेश में बहुत पोटेन्‍शियल है।

श्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए साइप्रस के निरंतर समर्थन का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया और यूरोप में संघर्षों पर भी चिंता व्यक्त की।

———–

सरकार ने देश के अलग अलग भागों में दो हजार ड्राइविंग प्रशिक्षण स्‍कूल खोलने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ये प्रशिक्षण स्‍कूल देश के पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों में खोले जाएंगे। उन्होनें कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्‍ध होंगे। श्री गडकरी ने कहा कि देश में करीब 22 लाख ड्राइवरों की कमी है।

अभी ट्रक ड्राइवर के लिए, ये भी 18-18, 16-16 घंटे चलाते हैं। विदेशों में ऐसी सिस्‍टम है कि वो कार्ड डालता है और आठ घंटे हुए कि उसको उतरना ही पड़ता है, गाड़ी चालू नहीं होती, अब वो ला रहे हैं हम लोग। इसके बाद ट्रक और बसेज़ में कार्ड सिस्‍टम होगी। आठ घंटे होंगे तो गाड़ी चलेगी नहीं। सुप्रीम कोर्ट का भी एक निर्णय आया है, देश में 22 लाख ड्राइवरों की कमी है। तो हम दो हजार ड्राइविंग ट्रेनिंग स्‍कूल हिन्‍दुस्‍तान के अलगअलग जगह पर खोल रहे हैं। विशेष रूप से सोशियली इकोनॉमिकली बैकवर्ड ट्राइबल एरिया में पिछड़े हुए क्षेत्रों में ताकि वहां के लोग ड्राइविंग सीखें और उनको रोजगार मिले।

श्री गडकरी ने यह भी कहा कि उनके मंत्रालय ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए भी कई कदम उठाए हैं। उन्‍होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान भी किया।

———–

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

———–

वित्तीय कार्रवाई कार्य बल-एफ..टी.एफ. ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है और कहा कि यह हमला वित्तीय सहायता के बिना संभव नहीं हो सकता। एफ..टी.एफ. ने आतंकी गतिविधियों के लिये धन मुहैया कराये जाने के खिलाफ सख्‍त कदम उठाते हुये अपने वैश्विक नेटवर्क के भीतर 200 से अधिक अधिकार क्षेत्रों को अपने समर्थन की पुष्टि की।

एफ..टी.एफ. शायद ही कभी आतंकवादी हमलों की निंदा करता है और पिछले दशक में यह केवल तीसरी बार है जब इस संस्था ने आतंकवादी हमले की निंदा की है।

———–

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा है कि कल रात तक अहमदाबाद विमान दुर्घटना के 125 शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के ज़रिए की गई है। इनमें से 83 शवों को पहले ही परिवार वालों को सौंप दिया गया है। श्री पटेल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गुजरात सरकार, केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर फोरेंसिक और कानूनी औपचारिकताओं में तेज़ी ला रही है।

———–

नागालैंड में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक जिला एक उत्‍पाद-ओडीओपी पहल के अंतर्गत “वोखा जिले में केले की खेती से आय सृजन” विषय पर पांच वर्षीय दृष्टिकोण पत्र जारी किया। इस परियोजना को उद्देश्‍य किसानों की आय बढ़ाना और स्‍थायी अजीविका के रूप में केले की खेती को प्रोत्‍साहन देना है।

———–

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी लोगों से तेहरान छोड़ने का अनुरोध किया है। हालांकि, राष्‍ट्रपति ने इस बारे में ज्‍यादा जानकारी नहीं दी है। तेहरान में करीब एक करोड़ लोग रहते हैं। श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता।

इस बीच, संयुक्‍त राष्‍ट्र परमाणु निगरानी संस्‍था के प्रमुख ने ईरान के सबसे बड़े यूरेनियम संवर्धन केन्‍द्र को काफी नुकसान होने की पुष्टि की है।

———–

ईरान की राष्‍ट्रीय प्रसारण एजेंसी इस्‍लामिक रिपब्‍लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्‍टिंग इस्राइल हमले के चपेट में आ गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एक दूसरे के रिहायशी और बुनियादी सुविधा केन्‍द्रों पर दोनों देशों के हमले से संघर्ष और बढ़ गया है।

ईरान की मिसाइलों ने कल इजरायल के तेल अवीव और बंदरगाह शहर हाइफा पर हमले किए। हमले में कई घर नष्ट हुए जबकि कई नागरिक भी मारे गए। इस्राइल ने तेहरान में ईरानी सरकारी मीडिया कंपनियों की इमारतों पर हमला करके जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लाइव प्रसारण के दौरान एक टेलीविजन चैनल पर भी हमला हुआ। दोनों देशों के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण तत्काल कूटनीतिक प्रयास शुरू किए गए हैं। जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल वैश्विक नेताओं ने व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की संभावना के बारे में चिंता जताई है। ईरान ने कतर, सऊदी अरब और ओमान से संपर्क किया है, और इन खाड़ी देशों से अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प पर दबाव डालने के लिए कहा है। खाड़ी देशों के नेता और उनके शीर्ष राजनयिक पश्चिम एशिया में लंबे समय से चले आ रहे टकराव को बढ़ने से रोकने के प्रयास में ईरान, अमरीका और अन्य देशों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। दुबई से, विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, आनंद पाठक।

———–

ईरान और इस्राइल के बीच जारी घटनाक्रम को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर नजर रखने और भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष स्‍थापित किया है। विदेश मंत्रालय ने इसके लिए कई हेल्‍पलाइन नंबर साझा किए हैं। इनमें टॉल फ्री  नम्‍बर- 1800 118 797 और 91-11-23 01 21 13 शामिल हैं। नंबर एक बार फिर सुन लें- 1800 118 797 और 91-11-23 01 21 13

———–

ब्रिटेन ने बाल यौन शोषण मामलों में पाकिस्‍तानी मूल के गिरोहों के शामिल होने की राष्‍ट्रीय स्‍तर पर जांच कराने की घोषणा की है। ब्रिटेन की गृह मंत्री ईवैट कूपर ने एक लेखा परीक्षा की रिपोर्ट को लेकर इस बारे में संसद को जानकारी दी है। जांच पडताल में पाकिस्‍तानी मूल के गिरोहों के इसमें शामिल होने की बात सामने आई है। एक रिपोर्ट :-

लेखा परीक्षा रिपोर्ट में लड़कियों को बहलानेफुसलाने और उनका यौन शोषण करने में पाकिस्तानी मूल के पुरुषों की संख्या काफी अधिक पाई गई है। रिपोर्ट में नस्लीय भेदभाव या सामुदायिक तनाव के बढ़ने के डर से, जातीय चर्चा से बचने के लिए संस्थानों की भी आलोचना की गई है। ब्रिटेन की गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस तरह की चुप्पी से न केवल गलतफहमी बढ़ी है, बल्कि हानिकारक बयानों को प्रोत्‍साहन भी मिला है। उन्होंने पीड़ितों से स्पष्ट रूप से माफ़ी मांगने का भी वादा किया और घोषणा की कि दुष्‍कर्म कानूनों को सख्‍त किया जाएगा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने लेखा परीक्षा रिपोर्ट की सभी 12 सिफारिशों को लागू करने का वादा किया है, जिसमें राष्ट्रीय जांच भी शामिल है। रिपोर्ट में अधिकारियों से सभी शोषित नाबालिगों को पहले अपराधी या संदिग्‍ध के रूप में देखने के बजाय बच्चों के रूप में देखने का आह्वान किया गया है। समाचार कक्ष से, मृगनयनी पांडेय।

———–

आज दुनिया भर में विश्व मरुस्थलीकरण एवं सूखा रोकथाम दिवस मनाया जा रहा है। यह भूमि क्षरण को रोकने के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण रोकथाम सभा सचिवालय की अगुवाई में मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है – “भूमि क्षरण रोकें, अवसरों को लाभ उठाएं”।

———–

खेलों में, पैरा पावरलिफ्टिंग विश्व कप का आयोजन आज से 25 जून तक चीन के बीजिंग में होगा। 16 सदस्यीय भारतीय दल में जैनब खातून, सीमा रानी, ​​झंडू कुमार, जॉबी मैथ्यू, मनीष कुमार और कस्तूरी जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।

———–

खेल जगत की अन्‍य खबरों के साथ हैंमुकेश कुमार बल

लंदन में एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग में भारतीय महिला टीम आज और कल अर्जेटीना के साथ खेलेगी। भारत इस समय नौ अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें और अर्जेंटीना दूसरे स्‍‍थान पर है। इधर, पहला महिला हॉकी इंडिया मास्‍टर्स कप टूर्नामेंट कल से चेन्‍नई में शुरू होगा। दस दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही हैं। हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्‍ट्र और केरल को पूलए में जबकि ओडिशा, हर‍ियाणा, पंजाब और तमिलनाडु को पूलबी में रखा गया है। यह इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण है। और फरहत अगर बात करें क्रिकेट की तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्डबी.सी.सी.आई. ने इंग्‍लैंड के आगामी दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम में बदलाव की घोषणा की है। जूनियर क्रिकेट चयन समिति ने आदित्‍य राणा के स्‍थान पर डी. दीपेश और खिलान पटेल के स्थान पर नमन को टीम में शामिल किया है। आयुष महात्रे की कप्‍तानी में भारतीय टीम 27 जून को एकदिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय मैचों की श्रंखला के पहले मैच से अपना अभियान शुरू करेगी। इस दौरे में पांच एक दिवसीय और दो टेस्‍ट मैच खेले जाएंगे। फुटबॉल में भारत की सीनियर महिला टीम की मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने ए.एफ.सी. महिला एशियाई कप और ऑस्ट्रेलिया-2026 क्वालीफायर के लिए 24 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। भारत को क्वालीफायर के ग्रुपबी में रखा गया है, जहां उसका सामना 23 जून को मंगोलिया से, 29 जून को तिमोरलेस्ते से, 2 जुलाई को इराक से और 5 जुलाई को मेजबान थाईलैंड से होगा। ग्रुप विजेता मार्च 2026 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले फाइनल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेगा। इसके अलावा, फुटबॉल में ही, भारत अंडर-23 पुरुष टीम के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने तजाकिस्तान और किर्गिज गणराज्य के खिलाफ मैत्री मैचों के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। भारत कल रात साढे आठ बजे तजाकिस्तान की राजधानी दुशांबे के पास हिसोर में तजाकिस्तान के साथ खेलेगा। इसके बाद भारत का अगला मुकाबला 21 जून को किर्गिज गणराज्य से होगा।

———–

बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान आठ जिलों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, बक्सर जिले में सबसे अधिक चार लोगों की मृत्‍यु हुई, वहीं पश्चिमी चंपारण और कटिहार में भी तीन-तीन लोग मारे गये। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से मानसून पूर्व वर्षा को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।

———–

वहीं, कर्नाटक के कई जिलों में, विशेषकर तटीय क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण तीन लोगों के मारे जाने की खबर है।

———–

मौसम विभाग ने बृहस्‍पतिवार तक कर्नाटक, कोंकण और गोआ में कुछ स्‍थानों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने दिल्‍ली एनसीआर समेत हरियाणा, पंजाब और उत्‍तर प्रदेश में शुक्रवार तक तूफान के साथ हल्‍की से मध्‍यम वर्षा होने का भी  अनुमान व्‍यक्‍त किया है। 

———–

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

———–

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंरवि कुमार

  • ईरान-इस्राइल में चार दिनों से जारी संघर्ष की खबरें सभी अखबारों के पहले पन्‍ने पर प्रकाशित हुई हैं। दैनिक जागरण की सुर्खी है– इस्राइल पर ईरानी मिसाइलों का कहर, तेहरान के रेडियो टीवी भवन पर हमला, कई पत्रकारों की मृत्‍यु।
  • जाति जनगणना की तैयारी पूरी, राज्‍यों की भी सूचियों का होगा इस्‍तेमाल जनसत्‍ता की खबर है।
  • एयर इंडिया ड्रीमलाइनर में फिर आई तकनीकी खराबी, समस्‍या का पता लगने पर वापस हांगकांग लौटना पडा, देश बन्‍धु सहित कई अखबरों की सुर्खी है।
  • 116 साल के इतिहास में पहली बार ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एम. आई-6 में महिला प्रमुख। प्रधानमंत्री स्‍टार्मर ने 47 साल की ब्‍लेज मेट्रेवली को सौंपी कमान।  
  • रात की शिफ्ट से महिलाओं में अस्‍थमा का खतरा ज्‍यादा, शरीर होता है प्रभावित, हार्मोन में अधिक बदलाव होने की संभावना, हिन्‍दुस्‍तान ने सेहत शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है।
  • दैनिक भास्‍कर ने मौसमवाणी से खबर प्रकाशित की है, पत्र लिखता है- मानसून 21 दिन का ब्रेक लेकर आगे बढा, मध्‍य प्रदेश और गुजरात में दस्‍तक दी, अगले दो दिन में बिहार, झारखंड, उत्‍तर प्रदेश, बंगाल पहुंचेगा। 

———–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शाम कनाडा के कनानास्किस में जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, प्रधानमंत्री द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
  • सरकार, देश के विभिन्न भागों, विशेषकर पिछड़े और आदिवासी क्षेत्रों में दो हजार ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूल खोलेगी।
  • वित्तीय कार्रवाई कार्य बल-एफ..टी.एफ. ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। कहा- यह वित्तीय सहायता के बिना सम्‍भव नहीं।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी से तेहरान छोड़ने को कहा।
  • एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग में, भारतीय महिला टीम आज लंदन में अर्जेंटीना के साथ खेलेगी।

———–