मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली में पौधरोपण अभियान का नेतृत्व करेंगे और 200 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
- भारत की दो और आर्द्रभूमि स्थलों को रामसर सूची में शामिल किया गया। देश में अब 91 रामसर स्थल।
- भारत को वर्ष 2026 से शुरू 2 वर्षों के लिए संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के लिए चुना गया।
- कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने वाशिंगटन में वरिष्ठ अमरीकी अधिकारियों को सीमा पार आतंकवाद के बारे में अवगत कराया।
- नागर विमानन महानिदेशालय ने निरीक्षण में खामियां सामने आने के बाद टर्किश एयरलाइंस से सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
- इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम योग संगम 2025 में भाग लेने के लिए 30 हजार से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत नई दिल्ली के भगवान महावीर वनस्थली पार्क में विशेष पौधरोपण अभियान का नेतृत्व करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह अभियान महत्वाकांक्षी ‘अरावली हरित दीवार परियोजना’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य 700 किलोमीटर लंबी अरावली श्रृंखला पर फिर से वनरोपण करना है।
इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली राजस्थान, हरियाणा और गुजरात सहित चार राज्यों के 29 जिलों में अरावली पर्वत संख्या के आसपास के 5 किलोमीटर के क्षेत्र में हरियाली विकसित करना है। इसके अलावा वन रोपण और जल निकायों में सुधार करने के साथ–साथ आरावली की जल विविधता को भी बढ़ावा देना है। अरावली क्षेत्र में मिट्टी के उर्वरता, जल उपलब्धता और जलवायु में सुधार करना भी इस योजना का हिस्सा है। यह परियोजना स्थानीय समुदायों को रोजगार और आय सृजन के अवसर प्रदान करने में मदद करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली सरकार के सतत परिवहन पहल के तहत आज 2 सौ इलेक्ट्रिक बसों को भी हरि झंडी दिखांगे। रहिसुद्दीन के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
प्रकृति और पृथ्वी के संरक्षण के प्रति दुनिया भर में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर वर्ष पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस का विषय है -प्लास्टिक प्रदूषण को परास्त करना।
*****
भारत के दो और ऐतिहासिक स्थलों को रामसर धरोहर स्थलों की सूची में शामिल किया गया है। इसके साथ ही भारत में रामसर स्थलों की संख्या 91 हो गई है। राजस्थान के फलौदी में खीचन और उदयपुर में मेनार आर्द्रभूमि को रामसर स्थलों की प्रतिष्ठित सूची में जोड़ा गया है। एक रिपोर्ट..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण में भारत की निरंतर प्रगति की प्रशंसा की है। श्री मोदी ने कहा कि देश में जन भागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण में बहुत तेजी से प्रगति हो रही है। रामसर सूची का उद्देश्य वैश्विक जैव विविधता का संरक्षण और मानव जीवन को बनाए रखना है। रामसर कन्वेंशन आर्द्रभूमि के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय संधि है। इसका नाम कैस्पियन सागर पर स्थित ईरानी शहर रामसर के नाम पर रखा गया है, जहाँ 2 फरवरी, 1971 को संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे। भारत ने पहली फरवरी, 1982 को इस संधि को मंजूर कर लिया। आनंद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से दुर्गा प्रसाद।
*****
वहीं, भारत को वर्ष 2026 से 2028 की अवधि के लिए संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के सदस्य देश के रुप में चुना गया है। यह परिषद सतत विकास के तीन आयामों – आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय – को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र व्यवस्था के केंद्र में है। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने जबरदस्त समर्थन और भारत पर भरोसा प्रकट करने के लिए सदस्य देशों को धन्यवाद दिया है।
*****
भारत में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर विशेष फीचर लेकर आया है। आज, हम शिक्षा और खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं- जो भारत की अमृत पीढी – युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने की कुंजी है।
सरकार शिक्षा और खेल के माध्यम से युवाओं के भविष्य के सपनों की नींव रख रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने समग्र और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वाकांक्षी रोड मैप तैयार किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक देशभर के स्कूलों में फ्री स्कूल से माध्यमिक स्तर तक 100 प्रतिशत और वर्ष 2035 तक उच्च शिक्षा में 50 प्रतिशत नामांकन किए जाए। वर्ष 2014 में देश के उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या 51 हजार थी जो अब बढ़कर 70 हजार से अधिक हो गई है इसमें आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे शिक्षण संस्थान की संख्या अधिक है। पीएम श्री योजना के तहत देशभर में साढे 14 हजार स्कूलों का कार्यकाल किया जा रहा है। शिक्षा के साथ–साथ खेल क्षेत्र भी सरकार की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में है खेलो इंडिया अभियान के तहत देशभर में एक हजार से अधिक प्रशिक्षण केन्द्र खोले गए हैं और 3 हजार युवा खिलाडि़यों को सालाना 6 लाख रुपए से अधिक की मदद दी जा रही है। टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के तहत देश के शीर्ष खिलाडियों को विशेष प्रशिक्षण और संसाधन प्रदान किये जा रहे हैं। भारत ने पिछले दो ओलंपिक में 13 पदक जीते हैं और पेरिस पैरालंपिक में रिकॉर्ड तौड़ 29 पदक अपने नाम किये हैं। भारत अपने युवाओं को पढ़ाई के साथ–साथ उन्हें बड़े सपने देखना, तेज दौड़ना और कभी न रूकना भी सीखा रहा है। रहिसुद्दीन रेहान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा। इससे पहले विपक्षी दलों ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी। नई दिल्ली में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने यह जानकारी दी।
मानसून सेशन का तिथि हमने तय किया है। हम राष्ट्रपति जी को प्रपोजल भेजेंगे समन करने के लिए 21 जुलाई से 12 अगस्त तक मानसून सेशन को चलाने का हमने डेट तय किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला संसद सत्र होगा।
*****
वहीं, सरकार ने वर्ष 2027 में दो चरणों में जनगणना कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जाति गणना भी की जाएगी। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पहली मार्च, 2027 होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों के लिए संदर्भ तिथि एक अक्टूबर, 2026 होगी। पिछली जनगणना वर्ष 2011 में दो चरणों में की गई थी।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद मंत्रिमंडल की यह पहली बैठक थी।
*****
कांग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व में सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अमरीका की राजधानी वाशिंगटन में वरिष्ठ अमरीकी अधिकारियों और सांसदों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें सीमापार आतंकवाद और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के मजबूत और दृढ़ रुख के बारे में जानकारी दी।
अमरीकी सांसदों ने पहलगाम आतंकी हमले की कडी निंदा की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहनशीलता की भावना से आतंकवाद का जवाब देने के भारत के अधिकार का समर्थन किया।
*****
नागर विमानन मंत्रालय ने तर्की एयरलाइंस को नागर विमानन महानिदेशालय के निर्देशों और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन मानकों पर अनुशंसित प्रथाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा है। महानिदेशालय के निरीक्षण के दौरान इन निर्देशों का पालन न किये जाने की बात सामने आई। निरीक्षण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए किया गया था।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से एक घंटे से अधिक समय तक बात की। राष्ट्रपति पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस अपने हवाई अड्डों पर इस सप्ताह यूक्रेन के किए गए हमलों का जवाब देगा। वहीं, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि पुतिन के साथ फोन पर 85 मिनट की बातचीत अच्छी रही लेकिन यह ऐसी नहीं रही जिससे तत्काल शांति बहाल हो सके।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने राष्ट्रीय और सार्वजनिक सुरक्षा खतरों का हवाला देते हुए 12 देशों से प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं। यह घोषणा अफगानिस्तान, म्यांमा, चाड, कांगो गणराज्य, गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों के अमरीका में प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित और सीमित करती है।
*****
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में कल आई पी एल विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू टीम के सम्मान समारोह के दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भगदड़ में जान गवाने वाले लोगों के प्रत्येक परिवार को दस लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा की।
*****
सिक्किम के चाटन में फंसे पर्यटकों को निकालने का अभियान आज सुबह पाकयोंग हवाई अड्डे से शुरू हो गया। भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर पर्यटकों को निकालने के लिए चाटन रवाना हो गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चाटन में फंसे लगभग एक सौ नौ पर्यटकों को आज हवाई मार्ग से निकाला जाएगा।
एनडीआरएफ और सेना की मदद से कल लाचेन से सभी फंसे हुए पर्यटकों को चाटेन पहुंचाया गया। आज सभी को हवाई मार्ग से पाकयोंग ले जाया जाएगा। इससे पहले, मंगन जिले के लाचुंग में फंसे 1600 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। मंगन जिले में विभिन्न स्थानों पर भारी भूस्खलन के कारण बचाव कार्यों में लगे हुए सभी संबंधित केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार गंगटोक।
*****
इस बीच, पूर्वोत्तर भारत में आज अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश और अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बर्षा हो सकती है।
*****
देशभर के 30 हज़ार से ज़्यादा संगठनों ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम योग संगम-2025 में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। इसका आयोजन आयुष मंत्रालय कर रहा है। आयुष मंत्रालय ने समर्पित पोर्टल-yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam-लॉन्च किया है, जहां संगठन अपने कार्यक्रमों को पंजीकृत करा सकते हैं।
*****
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज प्रथम तल पर राजा राम और अन्य देवीदेवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के साथ–साथ छह अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान आज अभिजीत मुहूर्त में होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया है कि प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान काशी के विद्वान पंडित जयप्रकाश के नेतृत्व में 101 वैदिक आचार्य करवा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्राण प्रतिष्ठा सार्वजनिक आयोजन नहीं है। इसलिए इसमें शामिल होने के लिए लोग अयोध्या न आये। हालांकि रामलला के दर्शन करने वाले लोग सामान्य रूप से दर्शन कर सकते हैं। यह मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा कार्यक्रम है। इससे पहले पिछले वर्ष जनवरी में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का पहला कार्यक्रम हुआ था। प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने अयोध्या आने वालों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतेजाम किये हैं। ओम अवस्थी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
*****
भारत समेत दुनियाभर से लाखों लोग आज से सऊदी अरब में हज करेंगे। पांच दिन की हज यात्रा की शुरुआत के लिए श्रद्वालु कल मीना में एकत्र हुए। आज सुबह नमाज़ अदा करने के बाद वे हज की मुख्य – नमाज़ अराफात के मैदान में पढ़ेंगे। वे वहाँ दिन भर रहेंगे। हजयात्री निमरा की मस्जिद में खुतबा-ए-हज या हज उपदेश सुनेंगे और शाम को मुजदलिफ़ा के लिए रवाना होंगे।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– सिद्धार्थ सिंह।
बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड मचने की खबर सभी अखबारों ने प्रकाशित की है। जनसत्ता की सुर्खी है- तमाशबीनों की बेकाबू भीड ने मातम में बदला जीत का जश्न। तय समय से पहले दिल्ली पहुंचेगी मानसून एक्सप्रेस, चार दिन पहले ही दस्तक देगा मानसून। अमर उजाला की सुर्खी है। आज विश्व पर्यावरण दिवस पर हिन्दुस्तान ने राजधानी में प्लास्टिक कचरे के मुसीबत बनने की खबर आकडों सहित प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- खतरे में धरती, आनॅलाइन भोजन मंगाने की आदत के कारण बढ रहा प्लास्टिक कचरा। भोपाल में बनेगा देश का पहला रसायन वन और ह्यूमन हेल्थ हबर्ल गार्डन, आदिवासी समुदाय और बैगाओं के ज्ञान को करेंगे संरक्षित, रिच ट्राइबल मेडिसिन सहेजेगे। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। सोशल मीडिया ने बच्चों से छीनी दादी -नानी की कहानियां, डिजिटल युग का असर, यूट्यूब इंस्टा पर बिता रहे समय, मानसिक सेहत प्रभावित। हिन्दुस्तान की खबर है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व पर्यावरण दिवस पर दिल्ली में पौधरोपण अभियान का नेतृत्व करेंगे और 200 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे।
- भारत के दो और आर्द्रभूमि स्थलों को रामसर सूची में शामिल किया गया। देश में अब 91 रामसर स्थल।
- भारत को वर्ष 2026 से शुरू 2 वर्षों के लिए संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के लिए चुना गया।
- कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने वाशिंगटन में वरिष्ठ अमरीकी अधिकारियों को सीमा पार आतंकवाद के बारे में अवगत कराया।
- नागर विमानन महानिदेशालय ने निरीक्षण में खामियां सामने आने के बाद टर्किश एयरलाइंस से सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
- इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम योग संगम 2025 में भाग लेने के लिए 30 हजार से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया।
*****