मुख्य समाचार :-
- भारत और ब्रिटेन के बीच 17वीं विदेश कार्यालय परामर्श और प्रौद्योगिकी सहयोग वार्ता संपन्न; भारत ने आतंकवाद से लड़ाई में ब्रिटेन के समर्थन की सराहना की।
- सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ भारत का कूटनीतिक अभियान अंतिम चरण में पहुंचा।
- मौसम विभाग ने असम, बिहार, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज अत्यधिक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- उदारवादी नेता ली जे-म्यांग ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता।
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बना आईपीएल क्रिकेट का नया चैंपियन। पंजाब किंग्स पर रोमांचक जीत के साथ 18 वर्ष बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता।
- सऊदी अरब में पांच दिवसीय वार्षिक हज यात्रा आज से शुरू।
*******
भारत ने आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में ब्रिटेन सरकार के सहयोग और समर्थन की सराहना की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कल विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय में स्थायी अवर सचिव ओलिवर रॉबिंस के साथ अपनी बैठक के दौरान यह बात कही। दोनों पक्षों के बीच कल नई दिल्ली में 17वीं भारत-ब्रिटेन विदेश परामर्श तथा प्रथम रणनीतिक निर्यात और प्रौद्योगिकी सहयोग वार्ता के दौरान इस विषय पर चर्चा की गई।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है। दोनों पक्षों ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते और दोहरे योगदान सम्मेलन के समापन का स्वागत किया।
*******
सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ भारत का कूटनीतिक अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके तहत भारत ने कई देशों में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों के सात प्रतिनिधमंडल भेजे थे।
*******
आतंकवाद के विरूद्ध विश्व भर में भारत के दृढ़ रुख का संदेश देकर दो बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल स्वदेश लौट आए हैं। डीएमके सांसद कनिमोई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस की यात्रा की।
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अल्जीरिया, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन की यात्रा की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर को इस यात्रा की जानकारी दी।
बहुत अच्छी मीटिंग रही फीडबैक रिफ्रेंशियल मिनिस्टर को देना था। सभी डेलिगेशन मेंबर्स ने अपने व्यूज़ शेयर किए हैं और मिशन से भी फीडबैक आया होगा इनके पास पर डायरेक्टली फर्स्ट टाइम डेलिगेशन ने भी शेयर किया। उन्होंने कहा कि बहुत सफल रहा आपका यात्रा मतलब जो ऑब्जेक्टिव हैं हमारे वो पूरे हो गए और उन्होंने डेलिगेशन मेंबर खास-तौर से लीडर को भी बधाई दी।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान की आलोचना की है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि श्री गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर, भारतीय सेना और देश का अपमान किया है।
राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में अपने एक भाषण के दौरान न केवल ऑपरेशन सिंदूर अपितु भारत के सेना और भारत-वर्ष का घोर अपमान किया है। जिस प्रकार से जिस लहजे से ऑपरेशन सिंदूर के विषय में राहुल गांधी ने बात किया, वह किसी भी सभ्य राजनेता वह किसी भी लीडर ऑफ अपोजिशन या किसी भी पॉलिटिशियन को न केवल शोभा नहीं देता है। अपितु वह पॉलिटिशियन फिट ही नहीं हो सकता है जो अपने देश के लिए सरेंडर जैसे शब्द का प्रयोग करता है।
श्री पात्रा ने कहा कि परमाणु शक्ति संपन्न देश में घुसकर, नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट करके और 100 से अधिक आतंकियों को मारकर पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान 11 पाकिस्तानी एयरबेस भी नष्ट कर दिए गए। उन्होंने दावा किया कि इस सबके सबूत मौजूद हैं।
*******
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्सव के बीच राष्ट्र अपने सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के सम्मान में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र से सम्मानित नायक जदुनाथ सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।
1916 में उत्तर प्रदेश में जन्मे पहली बटालियन राजपूत रेजीमेंट के नायक जदुनाथ सिंह जम्मू और कश्मीर में नौशेरा के नजदीक तैनधार में चौकी कमांडर थे। 1947-48 के भारत पाक युद्ध के दौरान दिसंबर 1947 को झंगर पर कब्जे के बाद पाकिस्तानी हमलावरों ने नौसेना सेक्टर में रणनीति बढ़त हासिल की। आगे की हमलों की आशंका को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने तैनधार रिज सहित प्रमुख स्थानों पर अपने नियंत्रण को मजबूत किया जहां नायक जदुनाथ सिंह ने 9 लोगों की अग्रिम चौकी की कमान संभाली। 6 फरवरी 1948 की धुंध भरी सुबह में दुश्मन की सेना ने तैनधार पर बड़े पैमाने पर एक के बाद एक हमला करना शुरू किया। संख्या में कम होने के बावजूद नायक जदुनाथ सिंह ने दुश्मन के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। खुद घायल होने के बावजूद उन्होंने घायल गनर से ब्रेन गन ली और दुश्मन पर हमला किया, जिससे दुश्मन का दूसरा हमला रुक गया। तीसरे हमले के अंत तक चौकी पर मौजूद 27 जवानों में से 24 जवान शहीद या घायल हो चुके थे, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक स्टैंड गन के साथ उन्होंने अकेले ही शत्रुओं का सामना किया, जिससे डर कर हमलावर भाग खड़े हुए। अदम्स साहस और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की बिल्कुल परवाह न करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए। इस उत्कृष्ट शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए नायक जदुनाथ सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
मौसम विभाग ने आज मूसलाधार बारिश के मद्देनजर असम, बिहार, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज पूर्वोत्तर राज्यों में तेज़ बारिश की स्थिति बनी रहेगी और कल से इसमें कमी आएगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में आज पचास किलोमीटर प्रति घंटे की गाति से तेज़ हवाएं चलने और आंधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की आशंका है। पश्चिमोत्तर भारत में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ और दिल्ली में भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है। इस बीच, विभाग ने ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल में आज लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
*******
सिक्किम में प्रतिकूल मौसम के कारण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों लासेन और सातेन में राहत और बचाव कार्य में देरी हो रही है। वायुसेना और एनडीआरएफ की टीमों ने कल 34 लोगों को बचाया। सेना ने लासेन और सातेन के बीच महत्वपूर्ण पैदल मार्ग खोल दिया है, जिससे आज सातेन हेलीपैड से लोगों को हवाई मार्ग से बाहर निकाला जा सकेगा। मंगन के जिला कलेक्टर अनंत जैन ने कहा कि लासेन में अब भी लगभग 130 पर्यटक फंसे हैं।
वहां पर जब लोग गए थे, सब लोग होटल्स में ही रूके थे। लैंडसाइड रात को हुई थी वह सब अपने होटल्स में रुकने की समस्या नहीं है दूसरी खाने पीने का भी हमने पता किया तो एज सच कोई दिक्कत नहीं है। हमारी जो बात है थोड़ी कनेक्टिविटी की इसु है, कनेक्टिविटी अभी रिस्टोर नहीं हो पाई है। हमारी जो एनडीआरएफ की टीम गई है वो हेडफोन लेकर गई है तो उनके थ्रू हमें हेडफोन से इनफॉरमेशन आई है।
*******
उदारवादी नेता ली जे म्यांग दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति होंगे। आकस्मिक चुनाव के परिणामों में विपक्ष के नेता और डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ली जे म्यांग अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी से काफी आगे चल रहे हैं। सत्तारूढ़ रूढ़िवादी पीपुल्स पावर पार्टी के किम मून-सू ने हार स्वीकार कर ली है और ली जे म्यांग को जीत की बधाई दी। मून-सू ने लोगों के निर्णय को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करने की बात कही है। ली की जीत देश में मार्शल लॉ घोषित किए जाने और देश को अराजकता में धकेलने के ठीक छह महीने बाद हुई है। आधिकारिक चुनाव परिणामों के अनुसार 99% से अधिक मतों की गिनती के बाद, ली को 20 लाख से अधिक मतों की बढ़त मिल चुकी है।
*******
खेल समाचार
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने आईपीएल का खिताब जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल रात रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि विराट कोहली और टीम के सभी प्रशंसकों जीत समर्पित की।
क्रुणाल पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में सबसे अधिक 759 रन बनाने वाले साई सुदर्शन को ऑरेंज कैप और सबसे अधिक 25 विकेट लेने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को पर्पल कैप से सम्मानित किया गया। फाइनल मैच शुरू होने से पहले भव्य रंगारंग समापन समारोह में सफल ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में कई आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
उधर, भारत ने हॉकी में कल रात डब्लिन में खेले गए मुकाबले में आयरलैंड को 2-1 से हरा दिया। इसने दोनों मैच जीतकर श्रृंखला का खिताब अपने नाम कर लिया। उधर, फुटबॉल में फीफा के अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मुकाबले में आज भारत का सामना थाईलैंड से होगा। यह मुकाबला आज शाम थाईलैंड में पाथुम थानी के थम्मासात स्टेडियम में होगा। वहीं, कल भारतीय महिला टीम को पिछले फीफा महिला दोस्ताना मुकाबले में उजबेकिस्तान से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। उधर, नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता 2025 में भारतीय ग्रैंड मास्टर अर्जुन एरिगाइसी ने कल रात सातवें दौर में अमरीकी ग्रैंड मास्टर फैबिआनो केरुआना को हराया। दूसरी ओर, विश्व चैंपियन डी. गुकेश को आठवें दौर में अमरीकी ग्रैंड मास्टर हिकारु नाकामुरा से हार का सामना करना पड़ा। इस बीच, विश्व के नम्बर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को भी चीनी ग्रैंड मास्टर वेई यी से अप्रत्याशित रूप से हार का सामना करना पड़ा।
*******
पांच दिवसीय वार्षिक हज यात्रा आज से शुरू हो रही है। भारत सहित दुनिया भर से लाखों लोग सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का से मीना में एकत्रित होने के लिए अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। वे आज रात वहीं बिताएंगे और कल सुबह हज की मुख्य रस्म अदा करने के लिए अराफात के मैदान की ओर बढ़ेंगे। हज यात्री वहां दिन भर विशेष प्रार्थना करेंगे और शाम में मुजदलेफा की ओर प्रस्थान करेंगे। हज यात्री मुजदलेफा में खुले आसमान के नीचे रात बिताकर अगली सुबह मीना लौट जायेंगे।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष योग दिवस के प्रति लोगों में उत्साह देखकर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि योग को लोकप्रिय बनाने के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों का योगांध्र-2025 सराहनीय प्रयास है। प्रधानमंत्री ने लोगों से योग दिवस मनाने और योग को अपने जीवन का नियमित अंग बनाने का आह्वान किया। श्री मोदी ने 21 जून को आंध्र प्रदेश में योग दिवस मनाने के लिए उत्सुकता प्रकट की है।
*******
आंध्र प्रदेश सरकार के योगांध्र-2025 अभियान के हिस्से के रूप में, कल श्रीकाकुलम जिले के तटीय गांव पेड्डा गणगल्लावनीपेटा में योग सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 3,000 से अधिक मछुआरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य विशेषरूप से उन समुदायों के बीच योग को दैनिक स्वास्थ्य अभ्यास के रूप में बढ़ावा देना था जिनकी आजीविका शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक शक्ति पर निर्भर करती है।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन श्रीकाकुलम के विधायक जी. शंकर ने किया, जिसमें जिला कलेक्टर स्वप्निल दिनाकर पुंडकर ने वरिष्ठ अधिकारियों और योग प्रशिक्षकों के साथ सत्र का नेतृत्व किया।
******
धन्यवाद फरहत, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू का आई.पी.एल. में पहला खिताब जीतने की खबर आज के सभी समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। दैनिक भास्कर लिखता है- बैंगलुरू ने पंजाब को छह रन से हराकर इतिहास रचा। 18 साल का इंतजार खत्म, कोहली विराट चैंपियन। हिन्दूस्तान ने विराट की आंखों से आंसू छलकने का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- पंजाब को पस्त कर बैंगलुरू पहली बार आई.पी.एल. का बादशाह बना।
जस्टिस वर्मा के खिलाफ मानसून सत्र में आएगा महाभियोग प्रस्ताव, संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू अन्य सदस्यों का सहयोग हासिल करने में जुटे। कहा- यह गैर राजनीतिक मुद्दा है, सभी दल दें साथ। अमर उजाला की खबर है।
राष्ट्रीय सहारा ने असम में हो रही लगातार बारिश के समाचार दिये हैं। पत्र लिखता है- असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर। मिज़ोरम में बारिश का कहर, पांच की मौत। हरिभूमि की सुर्खी है- सिक्किम से हैलीकॉप्टर से 36 लोगों का रेस्क्यू, राजस्थान समेत बीस राज्यों में बारिश का अलर्ट।
कोविड के बढते मामलों की खबर को कई अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। जनसत्ता के शब्द हैं- कोरोना के सक्रिय मामले चार हजार के पार, पांच संक्रमितों की मौत।
जे.एन.यू. में कुलपति को कहा जाएगा ‘कुलगुरु’, प्रस्ताव पास, दैनिक जागरण और जनसत्ता की खबर है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारत और ब्रिटेन के बीच 17वीं विदेश कार्यालय परामर्श और प्रौद्योगिकी सहयोग पर वार्ता सम्पन्न भारत ने आतंकवाद के खिलाफ ब्रिटेन के समर्थन की सराहना की।
- सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ भारत का कूटनीतिक अभियान अंतिम चरण में पहुंचा।
- मौसम विभाग ने असम, बिहार, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- उदारवादी नेता ली जे-म्यांग ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता।
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बना आईपीएल क्रिकेट का नया चैंपियन। पंजाब किंग्स पर रोमांचक जीत के साथ 18 वर्ष बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता।
- सऊदी अरब में पांच दिवसीय वार्षिक हज आज से शुरू। लाखों मुसलमान पवित्र शहर मक्का से मीना के लिए रवाना हुए।
******