मुख्य समाचार:-
- सैन्य संचालन महानिदेशक-डीजीएमओ ने कहा-भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान की सेना और आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचाया। दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम को लंबे समय तक बनाए रखने के तौर-तरीकों पर आज डीजीएमओ स्तर पर चर्चा होगी।
- एनआईए ने 2016 में नाभा जेल से फरार खालिस्तानी को बिहार के मोतीहारी से गिरफ्तार किया।
- विश्व भर में आज बुद्ध पूर्णिमा धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- अमरीका ने जेनेवा वार्ता के बाद चीन के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की।
- चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज-2 में भारत ने दो स्वर्ण सहित सात पदक जीते।
****
भारतीय सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक-डीजीएमओ और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच आज दोपहर 12 बजे फिर बातचीत होगी। इस दौरान संघर्ष विराम को लंबे समय तक बनाए रखने के तौर-तरीकों पर चर्चा की जाएगी। कल शाम नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने इसकी जानकारी दी।
डीजीएमओ ने बताया कि शनिवार दोपहर पाकिस्तान के डीजीएमओ ने फोन पर बातचीत में संघर्ष विराम का प्रस्ताव रखा था, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों की ओर से सीमा पार से गोलीबारी और हवाई घुसपैठ बंद हो गई।
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने इस बात पर निराशा व्यक्त की कि पाकिस्तानी सेना ने केवल कुछ घंटे में सीमा पार और नियंत्रण रेखा के पार गोलीबारी और फिर ड्रोन घुसपैठ करके इस सहमति का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ को एक और हॉटलाइन संदेश भेजा गया है, जिसमें बताया गया है कि अगर फिर से संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ तो इसका जवाब सख्ती से और दंडात्मक तरीके से दिया जाएगा।
डीजीएमओ ने जोर देकर कहा कि सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान की ओर से किसी भी उल्लंघन के मामले में जवाबी कार्रवाई के लिए सेना कमांडरों को पूर्ण अधिकार दिए हैं।
डीजीएमओ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान की सेना और आतंकियों को अत्यधिक नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हमले किए गए, जिसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए। इनमें यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदासिर अहमद जैसे बेहद कुख्यात आतंकी शामिल हैं। वे कंधार आईसी-814 विमान अपहरण और पुलवामा विस्फोट में शामिल थे। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों, उनके सहायक षडयंत्रकारियों को दंडित करने और आतंकी ढांचे को नष्ट करने के स्पष्ट सैन्य उद्देश्य के साथ शुरू किया था। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने सीमा पार आतंकी शिविरों और प्रशिक्षण स्थलों को बारीकी से पहचानकर उन पर निशाने साधे।
एयर ऑपरेशन के महानिदेशक एयर मार्शल ए. के. भारती ने कहा कि दुश्मन के विमानों को सीमा के अंदर प्रवेश करने से रोका गया और कुछ विमानों को निश्चित रूप से मार गिराया गया।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में लेफ्टिनेट जरनल राजीव चौपडा ने इस बारे में बताया।
जैसे की आज सारे भारतीय ऑप सिंदूर की सक्सेस की जश्न मना रहे हैं। पर यहां मैं आपको बताना चाहता हूं कि अभी ऑप सिंदूर खत्म नहीं हुआ है और चल रहा है। सिर्फ फायरिंग को स्टॉप करने का हुक्म दिया है और कोई मिलिट्री ऑपरेशन्स लैण्ड एयरोसी में नहीं हो रहे हैं। सारे अदर मेजर्स, जिसमें कि इकोनॉमिक और डिप्लोमेटिक मेजर्स हैं वो जैसे पहले थे वैसे ही रहेंगे। इंडस वॉटर ट्रीटी भी अभी भी अबेस में चल रही है। आज दोपहर को बारह बजे इंडिया और पाकिस्तान के डीजीएमओज़ की वार्तालाप है। उसके बाद पता लगेगा, आने वाले दिनों में हमारा क्या रुख रहेगा और देश को कैसे चलना है।
****
मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती ने विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर के साथ फोन पर चर्चा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने श्री अब्देलती को हाल के घटनाक्रमों से अवगत कराया। उन्होंने किसी भी तरह के आतंकवाद को कतई सहन न करने के महत्व पर बल दिया। दोनों नेताओं ने भारत और मिस्र के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
****
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण – एनडीएमए ने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया है। लोगों से कहा गया है कि किसी भी अज्ञात वस्तु या सामग्री को न छुएं क्योंकि वह विस्फोटक हो सकती है। सोशल मीडिया पोस्ट में एनडीएमए ने कहा कि ये सामग्री खतरनाक हो सकती हैं और लोगों को गंभीर चोट या मौत का कारण बन सकती हैं। एनडीएमए ने कहा कि अगर लोगों को कोई अज्ञात वस्तु या सामग्री मिले तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित करें।
****
दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान परिचालन सामान्य रूप से जारी है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड-डीआईएएल ने परामर्श जारी किया है कि हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के निर्देश पर सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण कुछ उड़ानों के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा प्रक्रिया में लंबा समय लग सकता है। यात्रियों को संबंधित एयरलाइन के संचार चैनलों के माध्यम से अपडेट रहने, केबिन और चेक-इन बैगेज के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है।
****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने कुख्यात खालिस्तानी चरमपंथी कश्मीर सिंह गलवड्डी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। कश्मीर सिंह लुधियाना का रहने वाला है और वह 2016 में पंजाब के पटियाला स्थित नाभा जेल से फरार हो गया था। एनआईए ने बिहार पुलिस के साथ साझा अभियान के तहत कश्मीर सिंह को मोतिहारी से गिरफ्तार किया।
****
विश्वभर में आज बुद्ध पूर्णिमा धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। यह न केवल गौतम बुद्ध का जन्म दिवस है, बल्कि ऐसा दिन भी है जब महात्मा बुद्ध ने बोधगया में महाबोधि वृक्ष के नीचे निर्वाण प्राप्त किया था।
बुद्ध पूर्णिमा पर बिहार में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ बोधगया के महाबोधि मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
बुद्ध जयंती के अवसर पर थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमा समेत कई देशों से उपासक पूजा–अर्चना करने भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया पहुंचे हैं। महाबोधि मंदिर में विशेष पूजा–अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। भगवान बुद्ध की 80 फुट ऊंची प्रतिमा से बौद्ध भिक्षुओं के नेतृत्व में विशेष धम्म यात्रा शुरू हुई है, जो बोधगया के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए महाबोधि मंदिर में सम्पन्न होगी। इस अवसर पर पवित्र महाबोधि वृक्ष की विशेष पूजा–अर्चना भी की जा रही है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत कई उपासक बड़ी संख्या में विशेष पूजा–अर्चना में शामिल हो रहे हैं। बौद्ध भिक्षु और उपासक इस अवसर पर पंचशील सुत्त का पाठ कर रहे हैं। पूरा वातावरण “बुद्धम् शरणम् गच्छामि” के जयघोष से गूंज रहा है। धर्मेंद्र कुमार राय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, वैष्णवी।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी हैं।
****
श्रीलंका आज बौद्ध कैलेंडर का सबसे पवित्र दिन वेसाक पोया मना रहा है। नुवारा एलिया में राज्य वेसाक उत्सव मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और परिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। इसे पूरे द्वीप में गहरी आध्यात्मिक भक्ति और जीवंत सार्वजनिक प्रस्तुतियों के साथ मनाया जा रहा है।
श्रीलंका के पहाड़ी शहर नुवारा एलिया में वेसाक उत्सव मनाने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालु एकत्रित हुए हैं। मंदिरों, सड़कों और घरों को रंग–बिरंगे लालटेनों से और बुद्ध के जीवन के दृश्यों को दर्शाने वाले पंडालों से सजाया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुराकुमारा दिसानायका ने शनिवार को बौद्ध वर्ष 2569 के उपलक्ष में सप्ताहभर चलने वाले वेसाक उत्सव का उद्घाटन किया था। इसी अवसर पर एक स्मारक स्टैम्प को भी जारी किया गया और साथ ही ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों को मान्यता देने के लिए श्री सन्नास पत्रों को भी प्रदान किया गया। श्रीलंका की सरकार ने दस से 16 मई के सप्ताह को राज्य वेसाक सप्ताह घोषित किया है। वेसाक सप्ताह के हिस्से के रूप में पूरे द्वीप ने आठ हजार पांच सौ से अधिक अस्थायी स्टॉल या दनसाल पंजीकृत किये हैं, जो श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भोजन और जलपान प्रदान करेंगे। अहमद मुईन फार्रुखी, आकाशवाणी समाचार, नुवारा एलिया।
****
अमरीका ने कल रात स्विट्जरलैंड के जिनेवा में चीन के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की। व्हाइट हाउस के बयान में, अमरीकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि चीन के साथ वार्ता बहुत ही सार्थक रही और आज सौदे का विवरण साझा किया जाएगा।
****
खेल समाचारों के साथ मृगनयनी पांडेय –
तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में भारत का अभियान सात पदकों के साथ समाप्त हो गया है। चीन के शंघाई में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक जीते। विश्व कप का तीसरा चरण तुर्की के अंताल्या में 3 से 8 जून तक आयोजित होगा। उधर, महिला क्रिकेट में, भारत ने तीन देशों की एकदिवसीय श्रृंखला जीत ली है। भारतीय टीम ने कोलंबो में श्रीलंका को 97 रन से हराया।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– प्रियंका अरोड़ा।
ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना की प्रेस वार्ता आज के सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है। हिन्दुस्तान ने सेना के शब्दों को दिया है -पाकिस्तान नहीं माना तो फिर मारेंगे। डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि हमने अपना मकसद पूरा किया। सौ से ज्यादा आतंकी ढेर किए गए। इनमें तीन बडे़ दहशतगर्द। सैन्य टकराव रोकने पर बनी सहमति के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सेना को स्पष्ट निर्देश हरि भूमि ने दिया है- पाकिस्ताने से चले गोली…. तो दो गोले से जवाब। वहीं नवभारत टाइम्स ने लिखा है-आतंक के खात्मे तक ऑपरेशन सिंदूर रहेगा जारी। सरकार ने कहा-अभी कई उद्देश्य है, जो पूरे करने हैं। पाकिस्तान से अब सिर्फ पीओके और आंतकियों को सौंपने पर होगी बात। विदेश मंत्रालय का यह बयान अमर उजाला में है। कश्मीर पर मध्यस्थता के प्रस्ताव को किया खारिज़। रावलपिंडी तक सुनाई दी भारतीय सैन्य कार्रवाई की धमक। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का ये बयान दैनिक जागरण में है। लखनऊ में रक्षा मंत्री ने किया ब्रह्मोस इंटिग्रेटेड एंड टैस्टिंग फैसीलिटी सेंटर का उद्घाटन।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- सैन्य संचालन महानिदेशक-डीजीएमओ ने कहा – भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान की सेना और आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचाया। दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम को लंबे समय तक बनाए रखने के तौर-तरीकों पर डीजीएमओ स्तर पर आज फिर चर्चा होगी।
- एनआईए ने 2016 में नाभा जेल से फरार खालिस्तानी को बिहार के मोतीहारी से गिरफ्तार किया।
- विश्व भर में आज बुद्ध पूर्णिमा धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- अमरीका ने जेनेवा वार्ता के बाद चीन के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की।
- चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज-2 में भारत ने दो स्वर्ण सहित सात पदक जीते।
****