मुख्य समाचार:-
- भारतीय सेना ने कल रात पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान द्वारा ड्रोन और अन्य हथियारों से किए गए हवाई हमलों का कडा़ जवाब दिया।
- भारत ने जम्मू-कश्मीर के सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया में पाकिस्तान के मिसाइल हमले को असफल किया।
- सीमा सुरक्षा बल ने सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम की।
- किशनगढ़, भुंतर और लुधियाना हवाई अड्डे बंद किये गये।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने ब्रिटेन के साथ विशेष व्यापार समझौते की घोषणा की।
- अमरीका के रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट नए पोप चुने गए।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली केपिटल्स का मैच सुरक्षा कारणों से रद्द।
*******
भारतीय सशस्त्र बलों ने कल रात ड्रोन और मिसाइलों से उत्तरी और पश्चिमी शहरों को निशाना बनाने के पाकिस्तान के सभी प्रयासों को विफल कर दिया। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने कहा कि वह देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसने कहा कि सभी नापाक मंसूबों का बलपूर्वक जवाब दिया जाएगा। मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ के अनुसार, पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य स्टेशनों और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के स्थानों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। हालाँकि, भारतीय सशस्त्र बलों ने हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया और किसी भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। आकाशवाणी समचार से विशेष बातचीत में लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चोपड़ा ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत के विरुद्ध भ्रामक दुष्प्रचार का अभियान शुरू किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
इस संबंध में और जानकारी के लिए रुख करते हैं हमारी संवाददाता का-
जम्मू कश्मीर के सतवारी, सांबा, आर एस पुरा और अरनिया पर पाकिस्तान की ओर से आठ मिसाइलें दागी गई। रक्षा सूत्रों के मुताबिक सभी मिसाइलों को भारतीय एयर डिफेंस यूनिट्स ने रास्ते में ही नष्ट कर दिया। सूत्रों ने बताया कि जम्मू के ऊपर के दृश्य इस्राइल पर हमास द्वारा किए गए हमले की याद दिलाते हैं। सूत्रों ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना आतंकवादी संगठन हमास की तरह काम कर रही है और उसी की तरह व्यवहार कर रही है। रक्षा मंत्रालय ने पठानकोट और राजौरी में किसी भी आत्मघाती हमले की खबरों को खारिज किया है, वही सीमा सुरक्षा बल ने जम्मू कश्मीर में सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश को भी नाकाम किया है। पल्लवी परमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
बढते तनाव के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा की स्थिति की समीक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशकों के साथ बात की। उन्होंने हवाई अड्डे की सुरक्षा के संबंध में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशकों के साथ भी चर्चा की। इस बीच कल विशेष संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि तनाव बढाने का भारत का कोई इरादा नहीं है। पाकिस्तान में केवल आतंकी ठिकानों को ही निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमला ही तनाव बढाने की कार्रवाई थी और भारत ने केवल उसका जवाब ही दिया है।
इस बीच, संवाददाता सम्मेलन में कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने कल पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडारों और सिस्टम को निशाना बनाया और लाहौर में वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय किया।
भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को निशाना बनाया। भारत की प्रतिक्रिया समान क्षेत्र में, समान तीव्रता के साथ की गई। यह विश्वसनीय रूप से ज्ञात हुआ कि लाहौर में स्थित एक वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया गया।
*******
पंजाब में सशस्त्र सेनाओं ने कल रात पठानकोट, जालंधर, अमृतसर और भटिंडा सहित कुछ स्थानों को निशाना बनाने के पाकिस्तान के कई प्रयासों को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान से गोलीबारी के बारे में ताजा स्थिति की जानकारी के लिए आइये बात करते हैं हमारे जालंधर संवाददाता राजेश बाली से –
*******
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बिहार में भारत-नेपाल सीमा तथा सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के जवान मधुबनी, सीतामढी, सुपौल, अररिया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण आदि सीमावर्ती जिलों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। बिहार में पुलिस और राज्य सरकार के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ उच्च्स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने सभी जिला अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी सतर्कता बरतने का आदेश दिया।
*******
गुजरात में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए गांधीनगर में राज्य आपात ऑपरेशन केंद्र में उच्च स्तरीय बैठक हुई। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए कच्छ, पाटन और बनासकांठा के जिला अधिकारियों के साथ टेलीफोन पर चर्चा की। एहतियात के तौर पर राज्य के भुज और राजकोट सहित छह हवाई अड्डों को नागरिक परिवहन के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
*******
राजस्थान सरकार ने भारत-पाक सीमा पर उत्पन्न तनाव के बीच अनेक उपाय शुरू किये हैं। इनमें सीमावर्ती जिलों में ब्लैक आउट करना, सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करना और स्कूलों को बंद करना शामिल है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, फलौदी, जोधपुर और श्रीगंगानगर जिलों में जिला प्रशासन ने रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक ब्लैक–आउट लागू किया है, जो अगले आदेशों तक जारी रहेगा। इन क्षेत्रों के निवासियों को ब्लैक–आउट की अवधि के दौरान घरों में रहने और लाइट बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में एस डी आर एफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। इस बीच, गृह विभाग ने सभी जिलों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया दिशा–निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। – जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
*******
पाकिस्तान की हाल की आक्रामकता के कारण किशनगढ़, भुंतर और लुधियाना हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है। इससे पहले राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में हवाई अड्डों पर परिचालन निलंबित किया गया था। इस बीच नागर उड्डयन मंत्रालय ने मीडिया की उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया है कि देश भर के हवाई अड्डे बंद किए गए हैं। इधर दिल्ली हवाई अड़्डे ने यात्रा संबंधी परामर्श जारी करते हुए कहा कि विमान परिचालन सामान्य है। हवाई क्षेत्र की बदली परिस्थितियों और कड़ी सुरक्षा के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
*******
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने पाकिस्तान को भड़काने के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भारत के पास अपार क्षमता है। वह ऑपरेशन सिंदूर के बाद सशस्त्र बलों का समर्थन करने के लिए हैदराबाद में एकजुटता रैली को संबोधित कर रहे थे।
*******
भारत के मुंहतोड जवाबी हमलों के बाद, पाकिस्तान फर्जी खबरें और गलत सूचनाएं प्रसारित करने में लगा हुआ है। जनता को गुमराह करने के लिए पाकिस्तान अपनी सेना की झूठी जीत की कहानियां फैलाने में लगा है। यह पाकिस्तान के अनुचित व्यवहार को दर्शाता है।
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत की जवाबी कार्रवाई से थर्राये पाकिस्तान की हताशा अब बढ़ती जा रही है और अब बौखलाया पाकिस्तान फर्जी और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर हारी हुई बाजी को जीतने की नाकाम कोशिश करता हुआ नजर आ रहा है। पाकिस्तान इस कदर घबरा गया है कि वह दावा कर रहा है कि उसकी मिसाइल ने भारत की वायु रक्षा प्रणाली को निशाना बनाया है, जबकि हकीकत यह है कि उसने फर्जी तस्वीर जारी की है जो कि मॉस्को में एक सैनिक स्थल पर आग लगने की तस्वीर है और यह घटना वर्ष 2023 में हुई थी। पाकिस्तान ने मस्खरी का एक और नमूना पेश किया है इंडोनेशिया का एक पुराना वीडियो जारी कर उसने यह दावा किया कि यह भारतीय सैनिक कॉलोनी पर हमले का वीडियो है। दिवाकर के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल रात ब्रिटेन के साथ विशेष व्यापार समझौते की घोषणा की। इस समझौते में चुनिंदा ब्रिटिश कारों पर आयात कर में कमी और इस्पात तथा एल्युमीनियम के शुल्क-मुक्त आयात शामिल हैं। ब्रिटेन के अधिकांश सामानों पर दस प्रतिशत शुल्क जारी रहेगा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर रॉडनी स्टार्मर फोन पर ट्रम्प के साथ इस घोषणा में शामिल हुए। राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस समझौते को अमरीका-ब्रिटेन संबंधों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण कदम बताया है। समझौते के अंतर्गत अमरीका कारों पर आयात शुल्क सालाना एक लाख वाहनों के लिए 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करेगा। इससे जगुआर, लैंड रोवर और रोल्स रॉयस जैसे लक्जरी कार निर्माताओं को लाभ मिलेगा।
*******
अमरीका के रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट को नया पोप चुना गया है। कैथोलिक चर्च के इतिहास में पोप बनने वाले वह पहले अमरीकी हैं। उन्हें पोप लियो चौदहवें के नाम से जाना जाएगा। 133 कार्डिनल्स के सम्मेलन के बाद सिस्टिन चैपल की चिमनी से निकलने वाले सफेद धुएं के संकेतक से नए पोप के चयन की सूचना मिली। नए पोप के चुनाव के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 89 वोटों की आवश्यकता थी।
*******
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने अगले 20 वर्ष में अपनी 99 प्रतिशत संपत्ति दान करने की घोषणा की है। वे धन राशि गेट्स फाउंडेशन को दान करेंगे, जो निर्धारित समय से पहले 2045 में बंद हो जाएगा। अनुमानित दान राशि लगभग 107 अरब डॉलर है।
*******
पंजाब किंग्स और डेल्ही कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच एहतियात के तौर पर कल शाम रद्द कर दिया गया। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हो रहा था। स्टेडियम की फ्लडलाइट बंद किए जाने तक पंजाब किंग्स ने 10 ओवर और एक गेंद में एक विकेट पर 122 रन बनाए थे। इसके अतिरिक्त धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच रविवार को होने वाला मैच अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- जया भारती।
आज सभी समाचार पत्रों ने ऑपरेशन सिंदूर से बोखलाए पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की खबर प्रकाशित की है। जनसत्ता लिखता है- सुदर्शन चक्र से पस्त हुआ पाक, एक साथ कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की। जम्मू, पठानकोट, चंडीगढ, जलंधर, जैसलमेर, उत्तरलाई और भुज पर दागी मिसाइल, कई शहरों में ब्लैक आउट। हरि भूमि की सुर्खी है- लाहौर पर बडा हमला, पाक का मिटना तय। ऑपरेशन सिंदूर की आधिकारिक जानकारी लोगों तक पहुचाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- शीर्ष कोर्ट ने कर्नल सोफिया की सराहना कर महिला अफसरों को दिया स्थायी कमीशन। एक करोड के इनामी समेत 10 माओवादी मुठभेड में ढेर, पांच जवान भी बलिदान, छत्तीसगढ, तेलंगाना सीमा पर संयुक्त अभियान के 18वें दिन ग्रहाउंड बल को कामयाबी- दैनिक जागरण की सुर्खी है। बढने लगी उमस, आज बूंदाबांदी का है अनुमान, येलो अलर्ट जारी- नवभारत टाइम्स की सुर्खी है। हिन्दुस्तान ने मौसम का मिजाज शीर्षक से लिखा है राजधानी में आज आंधी और बारिश की संभावना। बिल गेट्स दान करेंगे नौ लाख करोड की दौलत का 99 प्रतिशत हिस्सा, 69 साल के उद्यमी ने किया 2045 तक फाउंडेशन बंद करने का फैसला- दैनिक भास्कर की सुर्खी है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारतीय सेना ने कल रात पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान द्वारा ड्रोन और अन्य हथियारों से किए गए हवाई हमलों का कडा़ जवाब दिया।
- भारत ने जम्मू-कश्मीर के सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया में पाकिस्तान के मिसाइल हमले को असफल किया।
- सीमा सुरक्षा बल ने सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम की।
- किशनगढ़, भुंतर और लुधियाना हवाई अड्डे बंद किये गये।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने ब्रिटेन के साथ विशेष व्यापार समझौते की घोषणा की।
- अमरीका के रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट नए पोप चुने गए।
- आईपीएल क्रिकेट में धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली केपिटल्स का मैच सुरक्षा कारणों से रद्द।
*******