मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे ग्यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- गृह मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले की जाँच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंपी।
- जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए कल विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया।
- भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2024-25 में 14 करोड़ 55 लाख मिट्रिक टन माल की आवाजाही का लक्ष्य हासिल किया।
- दक्षिणी ईरान में बंदर अब्बास पर विस्फोट में मृतकों की संख्या 14 हुई, 750 लोग घायल।
- टेबल टेनिस में, भारत की मानुष शाह और दिया चिताले की जोड़ी ने ट्यूनिशिया में डब्ल्यू.टी.टी. कंटेंडर का मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। मासिक रेडियो कार्यक्रम की यह 121वीं कडी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से प्रादेशिक भाषाओं में इसका प्रसारण होगा।
*****
गृह मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए को सौंप दी है। सूत्रों ने कहा है कि अभिकरण आतंकी हमले की घटना की औपचारिक जांच करेगा। इससे पहले एनआईए की टीम ने आतंकी हमले वाली जगह का दौरा किया था। यह हमला 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन वन क्षेत्र में हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
*****
जम्मू-कश्मीर में मंत्रिमंडल के अनुरोध पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए कल विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। इस हमले में एक स्थानीय व्यक्ति समेत 26 पर्यटक मारे गए और कई अन्य घायल हुए। विधानसभा में आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस घटना से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के बाद देश और दुनिया को झकझोर देने वाली इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने 23 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद 28 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की सिफारिश उपराज्यपाल से की थी।
*****
सेना ने कल रात जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी का समुचित जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अकारण गोलीबारी की। भारतीय सैनिकों ने इसका उचित ढंग से जवाब दिया। किसी के हताहत होने के समाचार नहीं हैं।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2024-25 में चौदह करोड़ 55 लाख टन मालवहन का रिकॉर्ड दर्ज किया है। कोयला, लौह अयस्क, लौह अयस्क चूर्ण, रेत और फ्लाई ऐश जैसी प्रमुख वस्तुओं की माल ढुलाई का हिस्सा 68 प्रतिशत से अधिक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल रोजगार मेला के अवसर पर नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय जलमार्गों की संख्या पांच से बढ़कर एक सौ ग्यारह हो गई है, जबकि परिचालन दूरी दो हजार सात सौ सोलह किलोमीटर से बढ़कर चार हजार आठ सौ चौरानवें किलोमीटर हो गई है।
पहले देश में नेशनल वाटर वेज की संख्या भी सिर्फ पांच थी। अब भारत में नेशनल वाटर वेज की संख्या बढ़कर पांच से बढकर एक सौ दस के पार हो गई है। पहले इन वाटर वेज की ऑपरेशनल लंबाई दो हजार सात सौ किलोमीटर के आसपास थी। अब यह भी बढ़कर करीब-करीब पांच हजार किलोमीटर हो गई है। ऐसी सारी उपलब्धियों की वजह से देश में युवाओं के लिए नए-नए अवसर बन रहे हैं।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का लक्ष्य अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन के माध्यम से माल ढुलाई के मॉडल हिस्से को 2 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत करना तथा समुद्री भारत विजन 2030 के अनुरूप यातायात की मात्रा को 20 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक करना तथा समुद्री अमृत काल विजन 2047 के अनुसार 2047 तक यातायात की मात्रा को 50 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक करना है।
*****
नई दिल्ली में सेना अस्पताल में नेत्र विज्ञान विभाग ने ग्लूकोमा शल्य चिकित्सा के लिए थ्री-डी माइक्रोस्कोप प्रस्तुत कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। इस थ्री-डी उन्नत तकनीक से शल्य चिकित्सक अधिक सटीकता के साथ जटिल नेत्र शल्य चिकित्सा करने में सक्षम होते हैं। इस प्रणाली में विशेष थ्री-डी ध्रुवीकरण चश्मा और 55 इंच का फोर थाउजेंड अल्ट्रा-एचडी डिस्प्ले भी है। यह शल्य चिकित्सा की जटिलताएं कम करता है।
*****
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने राष्ट्रीय पात्रता और प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी के बारे में संदिग्ध दावों की रिपोर्ट के लिए एक समर्पित प्लेटफॉर्म की शुरूआत की है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों को गलत काम करने और झूठे दावों के साथ परीक्षार्थियों को धोखा देने की कोशिश करने वाले लोगों के बहकावे में न आने का परामर्श दिया है। एजेंसी ने परीक्षार्थियों से इस तरह की भ्रामक जानकारी और इसे फैलाने वाले लोगों की रिपोर्ट 4 मई को शाम 5 बजे तक एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर करने का भी अनुरोध किया है।
*****
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि अहिंसा भारत का धर्म है और इसके मूल्यों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन अत्याचारियों और उपद्रवियों को सबक सिखाना भी इसका धर्म है। नई दिल्ली में कल द हिंदू मेनिफेस्टो पुस्तक का विमोचन करते हुए श्री भागवत ने कहा कि भारत कभी दूसरों की हानि और अपमान नहीं करता, लेकिन अगर कोई बुराई करने पर आमादा है तो उसका कोई उपचार नहीं है। उन्होंने कहा कि अहिंसा राष्ट्र में निहित है।
हम कभी भी अपने पडोसियों की कोई अपमान, कोई हानि नहीं करते, लेकिन ऐसा हम रहते हैं तो भी, अगर कोई उतर आए बुराई पर, तो हमारा दूसरा इलाज क्या है? राजा का कर्तव्य है प्रजा की रक्षा करना, राजा अपना कर्तव्य करेगा। दोनों धर्म है इसलिए गीता में, गीता में अहिंसा का ही उपदेश है। अहिंसा का उपदेश इसलिए किया कि अर्जुन लडें और मारे।
*****
वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एन्टरटेनमेंट शिखर सम्मेलन- वेव्स 2025 पहली से चार मई तक मुंबई में आयोजित होगा। शिखर सम्मेलन में भारत मंडप में देश की विरासत और वैश्विक मीडिया तथा मनोरंजन परिदृश्य के बढ़ते प्रभाव का प्रदर्शन होगा। एक रिपोर्ट-
कला से कोड विषय पर आधारित इस मंडप में भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम यानी विश्व एक परिवार है’ की भावना प्रदर्शित होगी। इसमें यह दिखाया जाएगा कि कैसे देश की कलात्मक परंपराएं लंबे समय से रचनात्मकता, सद्भाव और सांस्कृतिक कूटनीति का प्रतीक रही हैं। भारत मंडप के केंद्र में चार एसे क्षेत्र है जो आगंतुकों को भारतीय कहानी सुनाने की परंपराओं से अवगत कराएंगे। इनमें श्रुति – वैदिक मंत्रों और लोकगीत, शास्त्रीय संगीत, रेडियो और बोले गए शब्दों तक मौखिक परंपराओं पर प्रकाश डालती है। कृति – लिखित विरासतों पर प्रकाश डालती है, गुफाओं में की गई चित्रकला और ताड़-पत्र पांडुलिपियों, प्रिंट मीडिया, साहित्य और आधुनिक प्रकाशन के विकास तक की यात्रा की जानकारी देती है। वहीं दृष्टि – प्राचीन नृत्य शैलियों, कठपुतली और लोक रंगमंच, भारत के फलते-फूलते सिनेमा, टेलीविजन, डिजिटल और कहानी को सरलता पूर्वक अभिव्यक्ति की खोज, क्रिएटर लीप – अत्याधुनिक तकनीक के साथ कहानी कहने का भविष्य प्रदर्शित करना है। भारत मंडप मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के रचनाकारों, सहयोगियों और परिवर्तन करने वालों के लिए एक गतिशील मंच है। समाचार कक्ष से अलका सिंह।
*****
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन तक लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी गर्म और आर्द्र मौसम रहेगा। विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में कल तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
असम, मेघालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी वर्षा की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, पश्चिम बंगाल के पहाडी क्षेत्र और सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और दक्षिण कर्नाटक में आज तेज हवाओं के साथ गरज के साथ वर्षा हो सकती है।
*****
तेलंगाना के कई हिस्सों में लू चलने के साथ राज्य के पांच जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है जबकि हैदराबाद में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य भर में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट का अनुमान व्यक्त किया है।
*****
दक्षिणी ईरान में बंदर अब्बास के निकट विशाल शाहिद राजाई बंदरगाह पर कल हुए विस्फोट में मृतकों की संख्या 14 हो गई है, जबकि सात सौ पचास अन्य घायल हुए हैं। गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी ने यह जानकारी दी। होर्मोजगन प्रांत में बंदरगाह पर ईंधन टैंकर में विस्फोट होने के बाद यह धमाका हुआ।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पीड़ितों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घटना के कारणों की जांच का आदेश दिया है।
*****
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति समझौता करने पर संदेह व्यक्त किया है। वेटिकन में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में भाग लेने और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से संक्षिप्त मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में यह बात कही।
श्री ट्रम्प ने पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ दिनों में श्री पुतिन द्वारा नागरिक क्षेत्रों, शहरों और कस्बों में मिसाइल दागने का कोई कारण नहीं था।
*****
रूस ने पहली बार पुष्टि की है कि उत्तर कोरियाई सैनिकों को यूक्रेन के विरूद्ध युद्ध में मास्को के साथ लड़ने के लिए तैनात किया गया है। रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव ने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर संधि के अनुरूप कुर्स्क सीमा क्षेत्र में उत्तर कोरियाई लड़ाकों की भूमिका को स्वीकार किया। हालांकि, उत्तर कोरिया ने अपनी सेना भेजने की पुष्टि नहीं की है।
*****
खेल जगत की खबरों के साथ मुकेश कुमार-
भारत के मानुष शाह और दीया चिताले की जोड़ी ने ट्यूनीशिया की राजधानी ट्यूनिश में डब्ल्यू टीटी कंटेंडर टेबल टेनिस टूर्नामेंट का मिक्सड डबल्स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में कल मानुष और दीया की जोड़ी ने जापान के सोरा मत्सुशिमा और मिवा हरिमोतो की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 3-2 से हराकर खिताब जीता। उधर चीन की शियामेन में आज से शुरू हो रहे सुदीरमन कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे। डेनमार्क के अलावा ग्रुप डी में भारत के साथ इंडोनेशिया और इंग्लैंड की टीम हैं। ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। इधर कोलकाता में कल रात आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स का मुकाबला लगातार वर्षा के कारण रद्द हो गया।। इससे दोनो टीम को एक-एक अंक मिला है। पंजाब किंग्स नौ मैच में 11 अंक के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। कोलकाता नौ मैच में सात अंक के साथ सातवें नम्बर पर है। मुंबई में आज दोपहर बाद साढे तीन बजे मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दिल्ली में दूसरे मैच में शाम साढे सात बजे डेल्ही कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। इस बीच स्पेन के सेविले में कोपा डेल रे कप के फाइनल में बार्सिलोना ने कल रियाल मैड्रिड को 3-2 से हराकर खिताब जीत लिया। यह बार्सिलोना का रिकॉर्ड 32वां स्पेनिश कप खिताब है। जूल्स कुंडे के अतिरिक्त समय में किए गए अंतिम गोल ने बार्सिलोना को इस सीजन की दूसरी ट्रॉफी दिलाई। इससे पहले रियाल मैड्रिड को ही हराकर बार्सिलोना ने स्पेनिश सुपर कप जीता था।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- प्रियंका अरोडा।
- पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न उपायों से संबंधित खबरें आज भी अखबारों की सुर्खिया है- हिन्दुस्तान की पहली खबर है- कश्मीर के अनंतनाग से 175 लोगों को हिरासत में लिया गया। पत्र ने इसे शीर्षक से दिया है- ऑपरेशन क्लीन से आतंक पर करारी चोट। दैनिक भास्कर के अनुसार साढे तीन दशक बाद खड़ा हो रहा था कश्मीर, पांच साल में विकास की रफ्तार में तेजी हुई थी, निवेश प्रस्तावों और पर्यटन के क्षेत्र में भी वृद्धि हो रही थी। अखबारों ने माना है- आतंकी इसी से बेचैन थे। नवभारत टाइम्स ने सरकार के इस परामर्श को प्रमुखता दी है कि आर्मी मूवमेंट की लाइव कवरेज न करें।
- भारत ने 17 करोड़ से ज्यादा लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकाला। विश्व बैंक की यह रिपोर्ट राष्ट्रीय सहारा सहित लगभग सभी अखबारों में है।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कल 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने की खबर को सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। पंजाब केसरी ने बताया है कि रोजगार मेला शुरू होने के बाद अब तक दस लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। लोकसत्य ने उनके इस बयान को प्रमुखता दी है कि सरकार सुनिश्चित कर रही है कि भारत के युवाओं को ग्लोबल स्टैंडर्ड वाले प्रॉडक्ट बनाने का मौका देना है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे ग्यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- गृह मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले की जाँच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंपी।
- जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए कल विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया।
- भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2024-25 में 14 करोड़ 55 लाख मिट्रिक टन माल की आवाजाही का लक्ष्य हासिल किया।
- टेबल टेनिस में, भारत की मानुष शाह और दिया चिताले की जोड़ी ने ट्यूनिशिया में डब्ल्यू.टी.टी. कंटेंडर का मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता।
*****