मुख्य समाचार:–
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत का रक्षा निर्यात वर्ष 2030 तक 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
- इलेक्ट्रॉनिकी और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात पिछले दस वर्षों में छह गुना बढ़कर तीन लाख 25 हजार करोड़ रुपये हुआ।
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- जब तक छोटे किसानों को संरक्षित नहीं किया जाता, तब तक वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लक्ष्य अधूरे रहेंगे।
- अमरीका और इटली ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को इस सदी की सबसे बड़ी आर्थिक एकीकरण तथा संपर्क परियोजना बताया।
- संयुक्त प्रवेश परीक्षा-जेईई मुख्य द्वितीय सत्र का परिणाम घोषित।
- हिमांशु जाखड़ ने सऊदी अरब में अंडर-18 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि वर्ष 2030 तक भारत का रक्षा निर्यात 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। वे कल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चैंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर द्वारा आयोजित एक संवाद सत्र को संबोधित कर रहे थे।
रक्षा मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में रक्षा निर्यात में चालीस गुना बढ़ोतरी हुई है।
2014 में जब हमारी गर्वमेंट आई थी। उस समय एक्सपोर्ट जो भारत से होता था दुनिया के दूसरे देशों में वह अप्रोक्सीमेटली 600 करोड़ का होता था। आज हम वो अप्रोक्सीमेटली 24000 करोड़ तक ले गये हैं, थोडे ही समय में। हमारा टारगेट है 2029-2030 तक हम इसको 50000 करोड़ तक ले आयें और हम इस टारगेट को अचिव करेंगे।
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। श्री फडणवीस ने बताया कि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के विस्तार के लिए अतिरिक्त 8 हजार एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जो वर्तमान में 10 हजार एकड़ में फैला हुआ है।
******
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि पिछले 10 वर्षों में मेक इन इंडिया पहल से इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण में पांच गुना बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा में गुरुग्राम के मानेसर में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने यह बात कही। श्री वैष्णव कहा कि पिछले इसी अवधि में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में भी छह गुना वृद्धि हुई है और यह तीन लाख 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण से इस समय लगभग 25 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है।
श्री वैष्णव ने यह भी बताया कि इलेक्ट्रानिक्स की डिजाइन क्षमता में कई तरह के जटिल उत्पादों का निर्माण अब भारत में होने लगा है।
ओवर ए पीरियड का टाइम इलेक्ट्रॉनिक्स की डिजाइन कैपेबिलिटीज में कई तरह के कॉपलेक्स प्रोडक्ट्स, टेलीकॉम के नेटवर्क इक्विपमेंट, आई कैमरास, ऑटोमोबाइल इलेक्ट्रॉनिक्स से रिलेटेड प्रोडक्ट्स, मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स से रिलेटेड प्रोडक्ट्स, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोडक्ट्स, सिगनलिंग एंड सिक्योरिटी सिस्टम के प्रोडक्ट्स, इन सब का डिजाइन मैन्युफैक्चर भारत में होने लगा है।
******
भारत ने कहा है कि वह समावेशी, न्यायसंगत और टिकाऊ कृषि के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ब्राजील में कल ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की 15वीं बैठक को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक छोटे किसानों को संरक्षित और सशक्त नहीं किया जाता, तब तक वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लक्ष्य अधूरे रहेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के लिए महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना एक मिशन है।
महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण भारत का मिशन रहा है। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और कृषि सखी जैसी सरकारी योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोडकर रोजगार और सम्मानजनक आय का स्तर प्रदान करना है। संसद में महिलाओं का 33 परसेंट आरक्षण देकर भारत ने महिलाओं के राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए एक अभूतपूर्व कदम उठाया है।
बैठक के दौरान, ब्रिक्स कृषि मंत्रियों ने भूमि क्षरण, मरुस्थलीकरण और मिट्टी की उर्वरता में कमी की समस्या से निपटने के लिए ब्रिक्स भूमि पुनरुद्धार साझेदारी का शुभारंभ किया।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले का बड़ेसट्टी गांव बस्तर मंडल का पहला नक्सल मुक्त ग्राम पंचायत बन गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कल सुकमा के पुलिस अधीक्षक के समक्ष इसी गांव में ग्यारह माओवादियों ने आत्म-समर्पण किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा देश को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने के लिए, लिए गए संकल्प को पूरा करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में इलवद पंचायत योजना शुरू की है। इसके तहत ऐसी ग्राम पंचायतें जहां से सभी सक्रिय नक्सली, माओवादी संगठन छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटते हैं, उन्हें नक्सल मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जाएगा। ऐसी ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्यों के लिए तत्काल एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने का प्रावधान है। बडे़सट्टी गांव में सक्रिय जिन ग्यारह माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, उन पर साढ़े आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के बाद प्रत्येक माओवादी को शासन की पुनर्वास नीति के तहत पचास-पचास हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं। विकल्प शुक्ला, आकाषवाणी समाचार, रायपुर।
******
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने आज सुबह संयुक्त प्रवेश परीक्षा-जेईई मेन 2025 के दूसरे सत्र के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार, कुल 24 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत का परफेक्ट एनटीए स्कोर प्राप्त किया है। एक रिपोर्ट-
सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वालों में राजस्थान के मोहम्मद अनस और आयुष सिंघल, दिल्ली के दक्ष और हर्ष झा, पश्चिम बंगाल के देवदत्त माझी और महाराष्ट्र के आयुष रवि चौधरी शामिल हैं। कट-ऑफ के साथ परिणाम जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट – jeemain.nta.nic.in पर उपलब्ध हैं। एनटीए ने 2 से 9 अप्रैल के बीच यह परीक्षा आयोजित की थी। इस वर्ष जेईई मेन 2025 दो सत्र में जनवरी और अप्रैल में आयोजित की गई थी। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
******
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज तड़के छह मंजिला इमारत ढ़ह गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस के दल घटना स्थल पर पहुंच गए हैं और राहत तथा बचाव कार्य जारी है। करीब दस दमकल गाडि़यां भी घटना स्थल पर भेजी गई हैं।
******
जापान की आईटी कंपनी, एनटीटी डेटा, नेयसा नेटवर्क्स और तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद में 10 हज़ार 500 करोड़ रुपये के निवेश से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर क्लस्टर की स्थापना के लिए एक समझौता किया है। जापान में कल एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में इस समझौते को औपचारिक रूप दिया गया।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषणों के संकलन संस्कृति का पांचवां अध्याय नामक पुस्तक का कल नई दिल्ली में विमोचन किया गया। जूना अखाड़े के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने इसका विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश ने देश की संस्कृति, परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना की।
2014 के बाद भारतीय संस्कृति के बारे में हम सनातन मूल्यों पर फख्र के साथ बात कर रहे हैं। ये बड़ा परिवर्तन हुआ इसलिए इस पुस्तक का महत्व और ज्यादा है। भारत अपने हेरिटेज पर, कल्चर पर, वेल्यू पर फख्र के साथ बात कर रहा है और ये प्रधानमंत्री जी के इन भाषणों का महत्व है।
इस अवसर पर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश के प्रत्येक क्षेत्र में नवाचार देखा जा रहा है और माहौल में बदलाव नजर आ रहा है।
******
अब अंतर्राष्ट्रीय जगत की खबरों के साथ हैं जया भारती।
अमरीका और इटली ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को इस सदी की सबसे बड़ी आर्थिक एकीकरण और संपर्क परियोजना बताया है। दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह गलियारा भागीदारों को जोड़ेगा और इससे भारत से खाड़ी देशों, इस्राइल, इटली और अमरीका तक आर्थिक विकास तथा एकीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा। वाशिंगटन में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की पहली आधिकारिक बैठक के बाद यह संयुक्त बयान जारी किया गया। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अगर रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत में मुश्किलें आती हैं तो वह शांतिवार्ता में मदद की कोशिश बंद कर सकता है। कल ओवल कार्यालय में श्री ट्रंप ने कहा कि वे दोनों देशों के बीच युद्ध शीघ्र समाप्त करना चाहते हैं। अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही कोई प्रगति नहीं होती है तो शांति वार्ता लंबे समय तक जारी नहीं रहेगी।
उधर, यूक्रेन और अमरीका ने नई आर्थिक भागीदारी को लेकर एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें खनिज, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में निवेश शामिल है। इस समझौते को 26 अप्रैल तक अंतिम रूप दिया जा सकता है।
******
खेल जगत की हलचल के साथ हैं, मुकेश कुमार बल।
- आईपीएल क्रिकेट में कल चैन्नई में बारिश से प्रभावित हुए मैच में पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलंजर्स बैंगलुरु को पांच विकेट से हरा दिया। बैंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 95 रन बनाए। 96 रन का लक्ष्य पंजाब ने 11 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज दोपहर साढे तीन बजे अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा। जबकि शाम साढे सात बजे जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंटस आमने सामने होंगे।
- उधर, भारत के हिमांशु जाखड़ ने सऊदी अरब के दम्माम में अंडर-18 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। हिमांशु ने 67 दशमलव पांच सात मीटर तक भाला फेंक कर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, पांच रजत और पांच कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते हैं।
- इसके अलावा, भारत के वीर चोटरानी, अनहत सिंह और आकांक्षा सालुंखे विश्व स्क्वॉश चैम्पियनशिप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। महिला सेमीफाइनल में आज अनहत का मुकाबला हांगकांग की हेलेन टैंग से होगा। सेमीफाइनल में आकांक्षा का सामना हांगकांग की टोबी त्से से होगा। टूर्नामेंट के विजेता अगले महीने 9 से 17 मई तक शिकागो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में खेलेंगे।
******
मौसम विभाग ने कल तक देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में कई जगहों पर तेज़ हवाएं चलने तथा गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नवीन सक्सेना
- अखबारों ने आज अलग-अलग समाचारों को मुख्य पृष्ठ पर स्थान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीकी कारोबारी एलन मस्क की टेलीफोन पर बातचीत को जनसत्ता और अमर उजाला ने पहली सुर्खी बनाया है। लिखा है अमरीका के साथ प्रौद्योगिकी और साझेदारी मजबूत करेगा भारत। इसी खबर पर दैनिक ट्रिब्यून, वीर अर्जुन और नवभारत टाइम्स के शब्द हैं- प्रौद्योगिकी और नवाचार पर चर्चा हुई।
- राजस्थान पत्रिका के अनुसार- मंदी के डर से मंद पड़े ट्रंप, आईएमएफ ने भी चेताया।
- पंजाब केसरी, हिन्दुस्तान और राष्ट्रीय सहारा की खबर है- पंजाब में ग्रेनेड अटैक करवाने वाला बब्बर खालसा का आंतकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी अमरीका में गिरफ्तार।
- दैनिक जागरण, हरिभूमि और देशबन्धु ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल के बयान को सुर्खी बनाया है- भारत पर अनावश्यक टिप्पणी की जगह अपने यहां हिन्दुओं की सुरक्षा पर ध्यान दे बांग्लादेश।
- बिज़नेस स्टैंडर्ड की खबर है- सोने का आयात 192 प्रतिशत बढ़ा, फॉरेक्स रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी छह साल में दोगुनी।
- इकोनॉमिक टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा ने केन्द्रीय श्रम और रोज़गार मंत्री मनसुख मांडविया के हवाले से लिखा है- ईपीएफओ का नया वर्जन एक से दो महीने में लॉंच होगा।
- दैनिक भास्कर के अनुसार एम्स नई दिल्ली दुनिया के सौ बेहतरीन अस्पतालों में शामिल हुआ, 25 पायदान की छलांग लगाई।
- हिन्दुस्तान की यह खबर ध्यान आकर्षित करती है- इसरो अंतरिक्ष में भेजेगा आठ पैरों वाला भालू- वॉटर बीयर, इससे डीएनए का अध्ययन किया जाएगा।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत का रक्षा निर्यात वर्ष 2030 तक 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
- इलेक्ट्रॉनिकी और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात पिछले दस वर्षों में छह गुना बढ़कर तीन लाख 25 हजार करोड़ रुपये हुआ।
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- जब तक छोटे किसानों को संरक्षित नहीं किया जाता, तब तक वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लक्ष्य अधूरे रहेंगे।
- अमरीका और इटली ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को इस सदी की सबसे बड़ी आर्थिक एकीकरण तथा संपर्क परियोजना बताया।
- संयुक्त प्रवेश परीक्षा-जेईई मुख्य द्वितीय सत्र का परिणाम घोषित।
- हिमांशु जाखड़ ने सऊदी अरब में अंडर-18 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।
******