Download
Mobile App

android apple
signal

April 18, 2025 9:17 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • केंद्र ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय को अगली सुनवाई तक ‘वक्फ बॉय यूजर सहित प्रमुख वक्फ प्रावधानों पर अस्थायी रूप से रोक का आश्वासन दिया।
  • कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मुर्शिदाबाद के हिंसा ग्रस्‍त क्षेत्रों में विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया।
  • महाराष्ट्र ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की। प्राथमिक शिक्षा में हिंदी को अनिवार्य तीसरी भाषा बनाने की घोषणा की।
  • पंजाब में 14 हमलों का अपराधी और राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण द्वारा वांछित हैप्पी पासिया अमरीका में हिरासत में लिया गया।
  • “विरासत स्‍थलों पर आपदा और संघर्ष का संकट” विषय के साथ दुनिया भर में आज विश्व धरोहर दिवस मनाया जा रहा है।
  • मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराया।

*****

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने केन्‍द्र सरकार का यह आश्‍वासन रिकॉर्ड कर लिया है कि अगली सुनवाई तक वक्‍फ बोर्ड या केन्‍द्रीय वक्‍फ परिषद में वक्‍फ संशोधन अधिनियम-2025 के अनुसार कोई भी नई नियुक्ति नहीं की जाएगी। वक्फ को मिली दान राशि का प्रबंधन वक्‍फ अधिनियम के अनुसार संचालित होता है। एक रिपोर्ट-
मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना न्यायमूर्ति संजय कुमार और के विश्वनाथ की पीठ के समक्ष महाधिवक्ता तुषार मेहता ने कहा कि उपयोगकर्ता द्वारा वक्त संपत्तियां सहित मौजूदा वक्‍फ संपत्तियों की स्थिति में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। न्यायालय ने केंद्र को वक्‍फ अधिनियम 1995 में हाल ही में किए गए संशोधनों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली और रोक लगाने की मांग करने वाली याचिकाओं पर 7 दिन के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। याचिकाओं की बड़ी संख्या के कारण पीठ ने याचिकाकर्ताओं से सुनवाई के लिए पांच प्रमुख याचिकाओं की पहचान करने को कहा है इस मामले की सुनवाई अब 5 मई को होगी। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

***** 

कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय ने मुर्शिदाबाद में वक्‍फ अधिनियम के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में विस्‍थापित लोगों की पहचान और पुनर्वास के लिए तीन सदस्‍यों की समिति बनाई है। न्‍यायालय ने कहा कि इस समिति में राज्‍य विधिक सेवा प्राधिकरण के स‍दस्‍य सचिव के अलावा राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग और पश्चिम बंगाल मानवाधिकार आयोग के एक-एक सदस्य होंगे। समिति को पन्‍द्रह मई तक रिपोर्ट सौंपनी है। न्‍यायमूर्ति सोमन सेन और राजा बसु चौधरी की खंडपीठ ने कहा कि 12 अप्रैल के आदेश के अनुसार केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल मुर्शिदाबाद के हिंसा ग्रस्‍त क्षेत्रों में तैनात रहेगी। 

***** 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल नई दिल्ली में अपने आवास पर दाऊदी बोहरा समुदाय के सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की। इस दौरान बोहरा समुदाय के सदस्यों ने वक्फ संशोधन अधिनियम लाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्‍यक्‍त किया। प्रधानमंत्री ने वक्फ संशोधन अधिनियम को लाने के पीछे वर्षों की मेहनत के बारे में बात की और कहा कि इस अधिनियम को लाने का प्रमुख कारण यह था कि प्रचलित प्रणाली से अधिकतर महिलाएं, विशेष रूप से विधवाएं पीड़ित हैं।

***** 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रपति द्वारा विधेयकों पर निर्णय लेने के लिए समयसीमा निर्धारित करने वाले सर्वोच्च न्यायालय के हाल के निर्णय पर सवाल किया है। उन्‍होंने कहा कि ऐसी स्थिति नहीं हो सकती कि न्यायालय, देश के राष्ट्रपति को निर्देश दे। उपराष्‍ट्रपति ने कल नई दिल्ली में अपने आवास पर राज्यसभा प्रशिक्षुओं के छठे बैच को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय केवल संविधान की व्याख्या कर सकता है। 

***** 

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

***** 

महाराष्ट्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के अनुरूप मराठी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पहली कक्षा से पांचवीं तक हिंदी अनिवार्य तीसरी भाषा लागू करने की घोषणा की। हमारी संवाददाता ने बताया कि वर्तमान में, इन स्कूलों में पहली से चौथी कक्षा तक केवल मराठी और अंग्रेजी अनिवार्य भाषा है।
महाराष्ट्र राज्य विद्यालय शिक्षण विभाग ने परसों एक सरकारी आदेश जारी किया, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों के अनुसार नए पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया है। आदेश के अनुसार, आगामी शैक्षणिक सत्र से पहली से पाँचवीं कक्षा तक हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में अनिवार्य किया जाएगा। इसमें यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार नया पाठ्यक्रम 2025-26 से पहली कक्षा के लिए लागू किया जाएगा। जीआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि एनईपी 2020 की 5+3+3+4 की स्कूली शिक्षा संरचना को प्राथमिक स्तर से लेकर माध्यमिक शिक्षा तक समाहित किया जाएगा। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

***** 

अमरीका में इमिग्रेशन एंड कस्टम इनफोर्समेंट ने कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया को हिरासत में ले लिया है। पासिया पर पंजाब में 14 आतंकवादी हमलों की कथित साजिश का आरोप है। हैप्‍पी पासिया पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा का करीबी सहयोगी रहा है। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी- आईएसआई, रिंदा और प्रतिबंधित आतंकी समूह बब्बर खालसा इंटरनेशनल के साथ पंजाब में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहा है।

***** 

आज विश्‍व विरासत दिवस है। इसे अंतरराष्‍ट्रीय स्‍मारक और धरोहर स्‍थल दिवस भी कहा जाता है। इस वर्ष की थीम है – विरासत स्‍थलों पर आपदा और संघर्ष का संकट। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह दिवस सांस्‍कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के सम्‍मान और संरक्षण के लिए प्रति वर्ष 18 अप्रैल को मनाया जाता है।
विश्व धरोहर सूची में पिछले कुछ वर्षों में भारत के ऐतिहासिक स्थलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। जुलाई 2024 में असम के अहोमवंश की माउंटबरियल प्रणाली मोइदम्‍स को सांस्कृतिक विरासत के रूप में शामिल करना भारत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। विश्‍व धरोहर सूची में भारत के 43 स्‍थल सूची है और यूनेस्को की संभावित सूची में देश के 62 और स्थल है। देश के स्‍थलों को सूचीबद्ध करने की यात्रा 1983 में आगरा किले के साथ शुरू हुई। उसके बाद ताजमहल अजंता और एलोरा की गुफाएं शामिल हुई। अक्षि‍त वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
भारतीय पुरातत्‍व सर्वेक्षण ने आज देश के सभी संरक्षित स्‍मारकों में निःशुल्‍क प्रवेश देने की घोषणा की है। 

***** 

नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर साहिब जी का आज प्रकाश पर्व है। इनका जन्‍म 1621 में अमृतसर में हुआ था। वे छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के सबसे छोटे पुत्र थे। एक निर्भीक योद्धा के सा‍थ ही वे आध्यात्मिक विद्वान और कवि भी थे। उनके प्रकाश पर्व पर पंजाब में शबद कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारों में जा रहे हैं।
हिंदुस्तान में औरंगजेब के शासन के दौरान हिंदुओं की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा में बहादुरी और बलिदान के लिए गुरू जी को ‘हिंद की चादर’ के रूप में जाना जाता है। उनका जीवन और शहादत धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एक मिसाल है। आज गुरु जी के जन्म स्थान गुरुद्वारा गुरु के महल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जायेंगे। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्री हरमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहि‍ब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब में गुरुओं से संबंधित अमूल्य आभूषण और अन्य चीजें श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सुशोभित की जाएंगी। 

***** 

आज गुड फ्राइडे है। प्रभु ईसा मसीह को सलीब पर चढाए जाने की स्मृति में यह दिन मनाया जाता है। इसी दिन प्रभु यीशु ने मानवता को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए अपना जीवन उत्सर्ग किया था। गुड फ्राइडे पर लोग मानवता और आपसी भाईचारा सुदृढ करने का संकल्‍प लेते हैं। प्रभु यीशु के पुनर्जीवित होने के उपलक्ष्‍य में रविवार से ईस्‍टर समारोह शुरू हो जायेंगे। नागालैंड से हमारे संवाददाता की ये रिपोर्ट-
नागालैंड, श्रद्धा और सामुदायिक भागीदारी के साथ गुड फ्राइडे मनाएगा। राज्‍यभर के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना की जा रही है। श्रद्धालु ईसा मसीह के बलिदान के लिए आभार व्यक्त करने के लिए एकत्रि‍त हो रहे हैं। राजधानी कोहिमा में, कैथोलिक श्रद्धालु प्रभु यीशु के अंतिम बलिदान के प्रतीक के रूप में क्रॉस लेकर जुलूस में भाग ले रहे हैं। नागालैंड गुड फ्राइडे के दिन श्रद्धालु उपवास रखते हैं। श्रद्धालु ईस्‍टर संडे के दिन उपवास में शामिल होंगे। कोहिमा से असोनुओ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल। 

***** 

वैज्ञानिकों ने एक महत्‍वपूर्ण अन्‍वेषण में सौर प्रणाली से परे भी जीवन के संकेतों का पता लगाया है। वैज्ञानिकों की एक टीम को जेम्‍स वेब स्‍पेस टेलीस्‍कोप की मदद से धरती से 124 प्रकाश वर्ष दूर स्थित के 2- 18 बी उपग्रह में जीवन की सम्‍भावना के संकेत मिले हैं।
प्रोफेसर निक्कू मधुसूदन के नेतृत्व में कैंब्रिज विश्वविद्यालय के खगोल शास्त्र संस्थान के वैज्ञानिकों को के-2-18 भी उपग्रह की परिवेश में जैविक गतिविधियों से संबंधित अंगों के प्रमाण मिले हैं। अन्वेषण दल में शामिल एक अन्य वैज्ञानिक डॉक्टर सुधीर सरकार ने कहा कि अभी इस उपग्रह में जीवन के परमाणु की पूरी तरह पुष्टि नहीं की जा सकती, लेकिन इसकी संभावना का पता चलता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वैज्ञानिक खोज जारी रहेगी। के-2-18बी उपग्रह धरती से ढाई गुना बड़ा है और सात हजार खरब मील की दूरी पर है वैज्ञानिकों का मानना है कि यहां जैविक गतिविधियां मौजूद हैं। यह शोध एस्‍ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स ने प्रकाशित हुआ है। समाचार कक्ष से जय भारती।

***** 

मौसम विभाग ने आज राजस्थान में तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले दो-तीन दिन तक उमस और गर्मी रहेगी। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में तेज वर्षा और बर्फबारी का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार, हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और झारखंड में तेज हवाएं चलेंगी और गरज के साथ वर्षा हो सकती है। 

***** 

आई.पी.एल. क्रिकेट में कल मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19वें ओवर में 166 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज बेंगलुरु में पंजाब किंग्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

***** 

सऊदी अरब के दम्माम में एशियाई युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की शौर्या अंबुरे ने अंडर-18 महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। 

***** 

भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने अंतरराष्‍ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मिले व्‍यक्तिगत पत्र के लिये हार्दिक आभार व्‍यक्‍त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में वंदना ने कहा कि प्रधानमंत्री से यह सम्‍मान मिलना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्‍होंने कहा कि यह स्‍नेह और प्रोत्‍साहन हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। 

***** 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के विचारों और भाषणों की संकलित पुस्‍तक – संस्‍कृति का पांचवां अध्‍याय का विमोचन आज नई दिल्‍ली में होगा। यह पुस्‍तक विभिन्‍न अवसरों पर दिए गए प्रधानमंत्री के भाषणों का संकलन है। इसमें संस्‍कृति, परम्‍परा, आध्‍यात्मिक मूल्‍य और सांस्‍कृतिक विरासत जैसे विषय शामिल हैं। पुस्तक प्रभात प्रकाशन ने प्रकाशित की है। 

***** 

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- आकर्षिता सिंह 

  • उच्‍चतम न्‍यायालय द्वारा नए वक्‍फ कानून को लेकर अंतरिम आदेश देने की खबर आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। राष्‍ट्रीय सहारा लिखता है वक्‍फ पर नयी नियुक्तियों पर रोक। पंजाब केसरी की खबर है- वक्‍फ कानून पर सरकार को एक हफ्ते का समय, अगली सुनवाई पांच मई को।
  • उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने राष्‍ट्रपति की शक्तियों में सुप्रीम हस्‍तक्षेप और संविधान की मनमानी व्‍याख्‍या पर नाराजगी जताई, कहा- न्‍यायप‍ालिका का व्‍यवहार सुपर संसद जैसा, अधिकार क्षेत्र में किया अतिक्रमण दैनिक जागरण के पहले पन्‍ने की खबर है।
  • शेयर बाजार में फिर तूफानी तेजी, बीएसई सेंसेक्‍स एक हजार पांच सौ नौ अंक चढकर 78 हजार के पार निकला। हिन्‍दुस्‍तान ने उत्‍साहजनक शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है।
  • 2025 में भी सबसे तेजी से आगे बढेगा भारत, संयुक्‍त राष्‍ट्र के मुताबिक मौद्रिक सहजता के चलते चालू कैलेंडर वर्ष में छह दशमलव पांच प्रतिशत रहेगी विकास दर दैनिक जागरण की सुर्खी है।
  • आज विश्‍व विरासत दिवस पर दैनिक भास्‍कर ने ऐतिहासिक स्‍थलों की तस्‍वीरों से अपने अखबार को प्रमुखता दी है। पत्र ने धरोहर से जुडी पांच अनोखी कहानियां सचित्र प्रकाशित की है। 

***** 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • केंद्र ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय को अगली सुनवाई तक ‘वक्फ बॉय यूजर सहित प्रमुख वक्फ प्रावधानों पर अस्थायी रूप से रोक का आश्वासन दिया।
  • कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मुर्शिदाबाद के हिंसा ग्रस्‍त क्षेत्रों में विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया।
  • महाराष्ट्र ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की। प्राथमिक शिक्षा में हिंदी को अनिवार्य तीसरी भाषा बनाने की घोषणा की।
  • पंजाब में 14 हमलों का अपराधी और राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण द्वारा वांछित हैप्पी पासिया अमरीका में हिरासत में लिया गया।
  • मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हराया।

*****