March 17, 2025 9:34 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- पाकिस्तान के साथ शांति के हर प्रयास का सामना दुश्मनी और विश्वासघात से हुआ।
  • प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।
    सरकार आज प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए एक समर्पित ऐप लॉन्च करेगी।
  • अमरीका में ट्रंप प्रशासन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित 43 देशों के नागरिकों के खिलाफ नए यात्रा प्रतिबंध लगाएगा।
  • कबड्डी विश्व कप 2025 आज शाम इंग्लैंड में शुरू होगा। भारतीय पुरुष टीम इटली के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
  • क्रिकेट में, इंडिया मास्टर्स ने रायपुर में वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से हराकर पहला अंतरराष्‍ट्रीय मास्टर्स लीग टी-ट्वेंटी खिताब जीता।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ शांति को बढ़ावा देने के हर प्रयास का सामना दुश्मनी और विश्वासघात से हुआ है और उम्मीद है कि द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए पाकिस्‍तान के नेतृत्व को समझदारी दिखानी होगी। अमरीका के लोकप्रिय पॉडकास्टर और कंप्यूटर वैज्ञानिक लेक्स फ्रिडमैन के साथ बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने 2014 में अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को विशेष रूप से आमंत्रित किया था ताकि दोनों देशों के बीच एक नया अध्‍याय खुल सके।
मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद शपथ समारोह में पाकिस्तान को स्पेशली इनवाइट किया था ताकि शुभ शुरुआत हो लेकिन हर अच्छे प्रयासों का परिणाम नकारात्मक निकला। हम आशा करते हैं कि उनको सदबुद्धि मिलेगी और सुख-शांति के रास्ते पर जायेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तटस्‍थ नहीं है बल्कि शांति के लिए मज़बूती से प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि भारत शांति के बारे में जो भी बोलता है, दुनिया उसे सुनती है, क्‍योंकि भारत गौतम बुद्ध और महात्‍मा गांधी की भूमि है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय सद्भाव में विश्‍वास करते हैं और शांति के समर्थक होते हैं। रूस और यूक्रेन संघर्ष पर श्री मोदी ने कहा कि इसका समाधान तब सामने आएगा, जब दोनों देश बातचीत के लिए एक साथ आएंगे। भारत-चीन संबंधों पर श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध नए नहीं हैं, बल्कि प्राचीनकाल से ही सांस्‍कृतिक और सभ्‍यतागत रिश्‍ते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पडो़सी देशों के बीच मतभेद होते ही हैं और कभी-कभी असहमति होना भी स्‍वभाविक है। उन्‍होंने कहा कि ध्‍यान इस बात पर केन्द्रित किया जाना चाहिए कि मतभेद विवाद में परिवर्तित न हों। अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप द्वारा उन्‍हें कठिन वार्ताकार कहने पर श्री मोदी ने कहा कि यह राष्‍ट्रपति ट्रंप की उदारता है। श्री मोदी ने कहा कि ट्रंप के लिए अमरीका प्रथम है और उनके लिए हमेशा भारत प्रथम है। श्री मोदी ने कहा कि वो राजनीति में लोगों की सेवा के लिए आए हैं और उन्‍होंने कभी भी सत्‍ता की परवाह नहीं की। पोडकास्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि सत्‍ता की बजाय उनका ध्‍यान उत्‍पादकता पर केन्द्रित रहता है। उन्‍होंने कहा कि शासन की जडे़ चुनाव में नहीं बल्कि जनता में हैं।
मेरी सरकार की जो नीतियां रहती हैं, वो सैचुरेशन की नीति है, जो भी योजना होगी, शत-प्रतिशत लागू करना चाहिए। उसके जो लाभार्थी हैं, उसे पर कहीं भेदभाव नहीं होना चाहिए। मैं चुनाव सेंट्रिक गवर्नेंस नहीं चलता हूं मैं पीपल सेंट्रिक गवर्नेंस चलता हूं।
कृत्रिम बुद्धिमता-ए.आई. पर श्री मोदी ने बल देते हुए कहा कि दुनिया इस क्षेत्र में कितनी भी आगे बढ जाए, यह भारत के बिना अधूरा है।
भारत के बिना ए.आई. अधूरा है। ए.आई. डेवलपमेंट एक कोलैबोरेशन है। यहां हर कोई एक दूसरे को अपने एक्सपीरियंस और लर्निंग से सपोर्ट कर सकता है और इंडिया सिर्फ इसका मॉडल नहीं बना रहा, बल्कि स्पेसिफिक यूज केसिस के हिसाब से ए.आई. बेस एप्लीकेशन को भी डेवलप कर रहा है।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में रायसीना डायलॉग 2025 के 10वें संस्‍करण का उद्घाटन करेंगे। न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन उद्घाटन सत्र में मुख्‍य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। तीन दिवसीय रायसीना डायलॉग कार्यक्रम 19 मार्च तक चलेगा। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय हैं कालचक्र – लोग, शांति और पृथ्‍वी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
रायसीना डायलॉग के इस संस्करण में करीब 125 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें मंत्री, पूर्व राष्ट्रिय अध्यक्ष, सैनिक कमांडर, उद्योग जगत के प्रमुख, शिक्षाविद. सामरिक मामलों के जानकार, नीति निर्माता और युवा शामिल होंगे। इस डायलॉग में 3 हजार 5 सौ से अधिक प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे और इसकी कार्रवाई को दुनिया भर के लाखों लोग विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे। रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है, जो वैश्विक समुदाय के सामने आने वाली चुनौतीपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। हर वर्ष इस बैठक में विभिन्न देशों के शीर्ष नेता, उच्च स्तरीय अधिकारी, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रमुख और पत्रकार हिस्सा लेते हैं और वैश्विक स्थिति तथा विभिन्न समकालीन मुद्दों पर सहयोग के अवसर तलाशने पर चर्चा करते हैं। सुपर्णा सेकिया के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन के साथ भारत-न्‍यूजीलैंड संबंधों के विभिन्‍न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। क्रिस्‍टोफर लक्‍सन राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने राष्‍ट्रपति भवन भी जाएंगे। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन आज मुम्‍बई का दौरा भी करेंगे। जहां वह उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे। श्री लक्‍सन के दौरे का उद्देश्‍य दोनों देशों के बीच संबंधों को प्रगाढ करना और आपसी जनसम्‍पर्क को बढावा देना है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए ऐप लॉन्च करेंगी। इस ऐप का उद्देश्य योजना के दूसरे दौर के लिए आसान पंजीकरण की सुविधा से भागीदारी को बढ़ाना है। इसके लिए आवेदन 31 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। ऐप लॉन्च के साथ ही, कोलकाता में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा।

*******

मध्य प्रदेश के श्योपुर में कूनो नेशनल पार्क में आज से पांच और चीतों का परिवार विचरण करता नज़र आएगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में यह जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी को कल राष्‍ट्रीय उद्यान में छोड़ा जाएगा। गामिनी के साथ उसके दो नर और दो मादा शावक भी होंगे।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “जन्म दोष और संबंधित मुद्दे” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें एम्स, नई दिल्‍ली में बाल चिकित्सा सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. प्रबुद्ध गोयल और स्वामी दयानंद अस्पताल, नई दिल्ली के बाल चिकित्सा और नवजात विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र सिंह बिष्ट के साथ चर्चा प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्रोता हमारे विशेषज्ञों से जन्म-दोष की पहचान करने और समय पर उसका निदान और इलाज को लेकर सवाल पूछ सकते हैं। हमारे टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्‍न पूछे जा सकते हैं। 

*******

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कल नई दिल्ली में अमरीका की राष्‍ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार तुलसी गबार्ड ने श्री डोभाल के साथ भारत-अमरीका संबंधों के कई पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। ट्रम्प प्रशासन की शीर्ष अधिकारी के रूप में यह गबार्ड की दूसरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा है।

*******

सर्वोच्‍च न्‍यायालय आज कोलकाता के सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्‍कर्म और हत्या के मामले में सुनवाई करेगा। इस मामले में शीर्ष अदालत ने स्वत: संज्ञान लिया था। भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ मामले की सुनवाई शुरू करेगी।

*******

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर नौ महीने से अधिक समय से फंसे दो अमरीकी अंतरिक्ष यात्री कल रात पृथ्वी पर लौट आएंगे। नासा ने एक बयान में कहा है कि सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को एक अमरीका के तथा रूस के एक अन्‍य अंतरिक्ष यात्री सहित स्पेस एक्स क्रू ड्रैगन क्राफ्ट से पृथ्‍वी पर वापिस लाया जाएगा। दोनों अंतरिक्ष यात्री जून से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्‍टेशन-आईएसएस पर फंसे हुए हैं।

*******

डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन एक नया यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है, जो पाकिस्तान, अफ़गानिस्तान और रूस सहित 43 देशों के नागरिकों को प्रभावित कर सकता है। एक रिपोर्ट :-
सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की गई सिफारिशों की मसौदा सूची में यात्रा को प्रतिबंधित करने के लिए देशों को तीन समूहों – लाल, नारंगी और पीले रंगों- में वर्गीकृत करने का प्रस्ताव है। लाल सूची में रखे जाने का मतलब है अमरीका में पूर्ण रूप से प्रवेश प्रतिबंधित। पाकिस्तान और रूस को “ऑरेंज लिस्ट” में शामिल किया गया है, जिसमें 10 देश शामिल हैं, जो पूर्ण प्रतिबंध के बजाय प्रतिबंधों के साथ यात्रा कर सकेंगे। “ऑरेंज लिस्ट” के अन्य देशों में म्यांमा, बेलारूस, हैती, लाओस, इरिट्रिया, सिएरा लियोन, दक्षिण सूडान और तुर्कमेनिस्तान शामिल हैं। इस मसौदे में अफ़गानिस्तान और भूटान सहित 10 देशों को भी लाल सूची में रखा गया है, जिसका मतलब है कि उनके नागरिकों को पूर्ण वीज़ा निलंबन का सामना करना पड़ सकता है। लाल सूची के अन्य देशों में क्यूबा, ईरान, लीबिया, उत्तर कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन शामिल हैं। इस प्रस्ताव में 22 देशों की एक मसौदा पीली सूची भी शामिल है, इन देशों को कथित कमियों को दूर करने के लिए 60 दिन का समय दिया जाएगा। समाचार कक्ष से मैं वीरेन्‍द्र कौशिक।

*******

खेल जगत की गतिविधियों के साथ हैं राजेश कुमार मीणा :-
कबड्डी विश्व कप 2025 आज शाम इंग्लैंड में शुरू हो रहा हैं। भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत इटली के खिलाफ़ वॉल्वरहैम्प्टन में करेगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े पांच बजे शुरू होगा। सात दिन चलने वाले टूर्नामेंट में यूनाइटेड किंगडम के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में बर्मिंघम, कोवेंट्री, वॉल्सॉल और वॉल्वरहैम्प्टन में 60 से अधिक मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष वर्ग में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को इटली, स्कॉटलैंड, वेल्स और चीन के साथ ग्रुप बी में रखा गया हैं। वहीं दूसरी ओर, महिलाओं वर्ग में छह टीमों को डी और ई ग्रुप में बांटा गया हैं। भारत वेल्स और पोलैंड के साथ ग्रुप डी में प्रतिस्पर्धा करेगा। क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर की अगुआई में इंडिया मास्टर्स ने कल रात रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में ब्रायन लारा की वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से हराकर पहला इंटरनेशनल मास्टर्स लीग टी20 खिताब जीत लिया है। विनय कुमार और शाहबाज नदीम की शानदार गेंदबाजी के कारण पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज मास्टर्स 7 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया मास्टर्स ने मात्र 17 ओवर 1 गेंद में जीत हासिल कर ली। अंबाती रायडू ने 50 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

*******

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में आज गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। अगले तीन से चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

*******

ओडिशा में, कई जिलों में पारा काफी तेजी से बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज ओडिशा में लू चलने की चेतावनी जारी की है। झारसुगुड़ा, संबलपुर और कालाहांडी जिलों में कुछ स्थानों पर लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। सुंदरगढ़, सोनपुर, कालाहांडी, बौध और बोलनगीर जिलों में भी कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और,हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- सिद्धार्थ सिंह।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पॉडकास्‍टर लेक्‍स फ्रिडमैन के साथ बातचीत आज के सभी समाचार पत्रों के मुख पृष्‍ठ पर है। पाकिस्‍तान के साथ संबंधों पर पीएम के हवाले से अमर उजाला ने लिखा है- पाकिस्‍तान ने शांति के हर नेक प्रयास का जवाब, विश्‍वासघात से दिया। वहीं हिन्‍दुस्‍तान ने प्रधानमंत्री के शब्‍दों को दिया है-आतंकी हमले कहीं भी हों, उसके तार पाकिस्‍तान से जुड़ते हैं। बलूचिस्‍तान में पाकिस्‍तानी सेना के काफिले पर आत्‍मघाती हमला देशबन्‍धु सहित कई अखबारों में है। बलूचिस्‍तान लिब्रेशन आर्मी का नब्‍बे सैनिकों को मारने का दावा। दैनिक भास्‍कर ने बदलाव शीर्षक से लिखा है- आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के 73 गांव बने मिसाल, किसानों के नवाचार से क्षेत्र का भू-जल स्‍तर हुआ बेहतर। नए बोरवेल पर लगाई रोक, अपनाया वाटर शेयरिंग फार्मुला।

*******

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – पाकिस्तान के साथ शांति को बढ़ावा देने के हर प्रयास का सामना दुश्मनी और विश्वासघात से हुआ।
  • प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग के 10वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।
    सरकार आज प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के लिए एक समर्पित ऐप लॉन्च करेगी।
  • अमरीका में ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित 43 देशों के नागरिकों के खिलाफ नए यात्रा प्रतिबंध लगाएगा।
  • कबड्डी विश्व कप 2025 आज शाम इंग्लैंड में शुरू होगा। भारतीय पुरुष टीम इटली के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
  • क्रिकेट में, इंडिया मास्टर्स ने रायपुर में वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से हराकर पहला अंतरराष्‍ट्रीय मास्टर्स लीग टी-ट्वेंटी खिताब जीता।

*******