April 9, 2024 9:26 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-पूर्वोत्तर भारत नए भारत की सफलता की सबसे बड़ी गाथा बनकर उभरा है।
  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज मध्‍य प्रदेश के बालाघाट में रैली और तमिलनाडु के चेन्‍नई में रोड-शो करेंगे। 
  • प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक और आप विधायक से पूछताछ की।
  • चैत्र शुक्‍लादि उगाडी, गुढीपाडवा, चेटीचंद, नवरेह और सजीबू चेरोबा आज पारम्‍परिक उत्‍साह से मनाया जा रहा है।
  • बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप आज से चीन के निगबो में शुरू होगी।
  • आई.पी.एल. क्रिकेट में कल चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चेन्‍नई में सात विकेट से हराया। 

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पूर्वोत्‍तर नए भारत की सफलता की सबसे बडी गाथा के रूप में उभरा है। एक अखबार के साथ भेंट वार्ता में उन्‍होंने कहा कि पिछले पांच वर्षो में पूर्वोत्‍तर में विकास के लिए निवेश की राशि का आवंटन पिछली सरकारों की तुलना में लगभग चार गुना बढा है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में क्षेत्र में बुनयादी सुविधाओं के विकास से पूर्वोत्‍तर को देश के बाकी हिस्‍सों से जोडा गया है।एक रिपोर्ट….

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का पहला खेल विश्‍वविद्यालय मणि‍पुर में खोला गया है और सरकार पूर्वोत्‍तर के आठ राज्‍यों में दो सौ से अधिक खेलों इंडिया केंद्र स्‍थापित कर रही है। उग्रवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में उग्रवाद पर उल्‍लेखनीय रूप से नियंत्रण किया है और शांति सुनिश्चित की है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दस वर्षो में 11 शांति समझौतो पर हस्‍ताक्षर किए गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि 2014 से साढे नौ हजार से अधिक उग्रवादी आत्‍मसमर्पण करके समाज की मुख्‍य धारा में शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा की स्थिति में सुधार के कारण सशस्‍त्र बल विशेष शक्ति अधिनियमAFSPA पूर्वोत्‍तर के अधिकतर हिस्‍सों से हटा लिया गया है। दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

****

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नाम वापस लेने का कल अंतिम दिन था। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव के पहले चरण के लिए नाम वापस लेने के बाद एक हजार छह सौ पच्‍चीस उम्‍मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में एक सौ दो सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।

****

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी आज से दो दिन के तमिलनाडु दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी आज चेन्‍नई में रोड शो और कल दो जनसभाएं करेंगे। दक्षिण चेन्‍नई लोकसभा सीट से भाजपा की तमिलसाई सुन्‍दराजन मैदान में हैं जबकि मध्‍य चेन्‍नई सीट से पार्टी के विनोज पी सेल्‍वम डीएमके उम्‍मीदवार दयानिधि मारन के खिलाफ चुनाव लड रहे हैं। तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा।

****

मध्यप्रदेश में प्रमुख प्रचारकों के दौरों के साथ ही लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। एक रिपोर्ट…

वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर बालाघाट के उत्कृष्ट मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री की सभा को लेकर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल मध्य प्रदेश में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए सिवनी और शहडोल में दो जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के घोषणा पत्र में किए गए वादों का उल्लेख किया। उधर, भाजपा, कांग्रेस सहित सभी पार्टियों के प्रादेशिक नेता पहले चरण के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में दूसरे चरण में सात लोकसभा क्षेत्रों के लिये अब 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन कल 5 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिये। दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।  

****

असम में चुनाव प्रचार जोर पकड रहा है। गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज उत्तरी लखीमपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और शाम को तिनसुकिया में रोड शो करेंगे। यहां पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य भाजपा अध्यक्ष भाबेश कलिता प्रचार में जुटे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा, सांसद गौरव गोगोई और प्रद्युत बोरदोलोई लोगों का समर्थन जुटाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए दुलियाजान में रोड शो किया। असम में पहले चरण में पांच सीटों पर मतदान होगा।

****

भारत राष्ट्र समिति-बीआरएस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने फोन टैपिंग मामले में बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां और निराधार आरोप लगाए। पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी के प्रचार पर तत्काल प्रतिबंध लगाने के साथ ही कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

शिकायत में कहा गया है कि पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि उसके प्रमुख के चंद्रशेखर राव का फोन टैपिंग मामले से कोई संबंध नहीं है और न ही उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी है।

****

अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए पूरे द्वीपसमूह में चार सौ बारह मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। एक रिपोर्ट.

द्वीपसमूह में इस बार तीन लाख पन्द्रह हजार एक सौ अड़तालीस मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। इनमें एक लाख चौंसठ हजार बारह पुरूष, एक लाख इक्यावन हजार एक सौ बत्तीस महिलाएं पांच हजार पचास पहली बार मतदान करने वाले मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या दो हजार चार सौ बाईस है, जबकि पचासी वर्ष से अधिक उम्र के एक हजार बयालीस वरिष्ठ मतदाता भी चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है। इस चुनाव में कार निकोबार में पुरूषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इस आम चुनाव में द्वीपों के आदिम जनजाति समूह के सदस्य भी एक बार फिर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। द्वीपसमूह में इस बार कुल बारह उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। इनमें दो महिलाओं सहित पांच निर्दलीय उम्मीदवार भी है। इस बार के चुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों में द्वीपसमूह से तीन बार के पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बिष्णु पद रे चुनावी मैदान में हैं, तो वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने वर्तमान सांसद कुलदीप राय शर्मा को एक बार फिर टिकट दिया है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से डी. अय्यप्पन, ऑल इंडिया अन्ना डी एम के की ओर से के जे बी सेल्वाराज और अंडमान निकोबार डेमोक्रेटिक कांग्रेस की ओर से मनोज पॉल अपना भाग्य आजमाएंगे। इस बार के चुनाव में बिजली, पानी, सड़क, चाथमबम्बूफ्लाट और मिडिल स्ट्रेट पुल निर्माण प्रमुख चुनावी मुद्दा है। सरकारी क्षेत्र की नौकरियों में स्थानीय लोगों को आरक्षण मिले, ये भी एक महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दा बनकर उभरा है। पोर्ट ब्लेयर से मैं राकेश चन्दर लाल

****

प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार और आप विधायक दुर्गेश पाठक से पूछताछ की है। सूत्रों ने कहा है कि उनके बयान धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज किए गए। श्री पाठक से वर्ष 2021-22 में गोवा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के अभियान के संबंध में पूछताछ की गई। निदेशालय ने आरोप लगाया है कि साउथ ग्रुप द्वारा दी गई एक सौ करोड़ की रिश्वत में से लगभग 45 करोड़ रुपये का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए किया था।

****

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद मंत्रियों ने गंभीरता की कमी और असंवेदनशीलता दिखाई है। गृह मंत्रालय को कल लिखे पत्र में श्री सक्सेना ने दावा किया कि मंत्रियों ने बहाने बनाकर उनके साथ बैठकों में भाग लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि परामर्श आवश्यक है ताकि शासन के नियमित कार्य सुचारू रूप से चल सके।

****

प्रवर्तन निदेशालय ने सन परिवार पोंजी योजना के मामले में मेतुकू रविन्‍द्र और उसके परिवार के सदस्‍यों की 25 करोड रूपये से अधिक की चल-अचल सम्‍पत्तियां जब्‍त की हैं। ये बैंक खातों की राशि तथा शेयरों के रूप में जब्‍त की गईं है। निदेशालय ने तेलंगाना पुलिस द्वारा दर्ज विभिन्‍न एफ आई आर के आधार पर जांच शुरू की। रविन्‍द्र और उसके सहयोगियों पर आम लोगों और भोले-भाले निवेशकों के साथ लगभग एक सौ 58 करोड रुपये का धोखा करने का आरोप है।               

****

आज नवसंत्‍सर विक्रम सम्‍वत 2081 शुरू हो रहा है। इसे विभिन्‍न राज्‍यों में चैत्र शुक्‍लादि, उगादी, गुढीपाडवा, चेटीचंद, नवरेह और सजीबू चेरोबा पारम्‍पारिक उत्‍साह के रूप में मनाया जा रहा है। आज से चैत्र नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं लोग श्रद्धापूर्वक कलश स्‍थापना कर रहे हैं।

****

महाराष्‍ट्र में आज गुढी पाडवा का पर्व मनाया जा रहा है। इसके साथ ही महाराष्‍ट्र में आज से मराठी नववर्ष आरंभ हो रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर घरों को परंपरागत गुढी, फूलों तथा आम और नीम के पत्तो से सजाया जा रहा है।

वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक गुड़ी पाड़वा का पर्व आज मुंबई समेत सम्पूर्ण महाराष्ट्र में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुंबई की सबसे प्रतिष्ठित शोभा यात्राओं में से एक, गिरगांव की शोभा यात्रा छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे होने के विषय पर आधारित है। इस साल की शुरुआत में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन को ध्यान में रखते हुए, स्वामी विवेकानंद युवा प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित इस यात्रा में यह भी बताया जायेगा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्य किस प्रकार राम राज्य था। निशा रानी आकाशवाणी समाचार, मुम्‍बई।

****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने चैत्र शुक्‍लादि, उगादी, गुडी पडवा, चेटीचंड, नवरेह और साजिबू चेरोबा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

****

खेल समाचारों के साथ हैं….अभिषेक कपिल ।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप आज से चीन में शुरू हो रही है। मुख्य मुकाबले कल से शुरू होंगे। यह टूर्नामेंट पेरिस ओलंपिक क्वालीफिकेशन रैंकिंग अंक देने वाला आखिरी बड़ा टूर्नामेंट है। स्‍टार खिलाड़ी पीवी सिंधु लक्ष्य सेन, एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई के एम.. चिदंबरम स्टेडियम में कल चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हरा दिया। 138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम ने 17 ओवर 4 गेंद में तीन विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 58 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए, इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 137 रन बनाए। आज चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं देवेन्‍द्र त्रिपाठी।

दिल्‍ली आबकारी घोटाला अखबारों की प्रमुख खबर है। पंजाब केसरी की सुर्खी है- ईडी जांच का दायरा बढा, आबकारी घोटाले में केजरीवाल के पीए विभव कुमार और आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक से पूछताछ, दिल्‍ली हाई कोर्ट में केजरीवाल की याचिका पर फैसला आज। दैनिक जागरण ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय के हवाले से लिखा है- बीएड डिग्री धारक प्राथमिक शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, नहीं जाएगी नौकरी। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा 11 अगस्‍त 2023 के फैसले से पहले की भर्ति‍यां रहेंगी कायम। चुनाव प्रचार की सरगर्मी अखबारों के मुख्‍य पृष्‍ठ पर है- राजस्‍थान पत्रिका लिखता है – दूसरे चरण में उतरे स्‍टार प्रचारक, किले बचाने और ढहाने में जुटे। तेरह राज्‍यों की नवासी सीटों पर नामांकन का काम पूरा। अमर उजाला का कहना है- पहले चरण में एक सौ दो सीटों पर एक हजार छह सौ 25 उम्‍मीदवार, सर्वाधिक 54 करूर में। नागालैंड में सिर्फ तीन। सोलह प्रतिशत प्रत्‍याशी दागी, 28 प्रतिशत करोडपति। नव संवत्‍सर से एक दिन पहले बाजारों की रौनक पर दैनिक भास्‍कर की टिप्‍पणी है -बाजार में नववर्ष की दमक। सेंसेक्‍स 75 हजार की दहलीज पर, बचत का पैसा शेयर बाजार में, बाजार का मूल्‍यांकन पहली बार चार लाख करोड रुपये के स्‍तर पर पहुंचा। सोना 71 हजार और चांदी 81 हजार के पार, जोखिम के डर से बढा सोना, चॉंदी में सप्‍लाई मांग से कम। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- राष्‍ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद एन.सी..आर.टी. ने नकली किताबों को लेकर चेताया कहा इनमें तथ्‍यात्‍मक रूप से गलत सामग्री होने की आशंका।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-पूर्वोत्तर भारत देश की सफलता की सबसे बड़ी गाथा बनकर उभरा है।
  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज मध्‍य प्रदेश के बालाघाट में रैली और तमिलनाडु के चेन्‍नई में रोड-शो करेंगे। 
  • प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक और आप विधायक से पूछताछ की।
  • चैत्र शुक्‍लादि उगाडी, गुढीपाडवा, चेटीचंड, नवरेह और सजीबू चेरोबा आज पारम्‍परिक उत्‍साह से मनाये जा रहे हैं।
  • बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप आज से चीन में शुरू होगी।
  • आई.पी.एल. क्रिकेट में कल चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चेन्नई में सात विकेट से हराया।

****