September 8, 2024 9:14 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सिर्फ केंद्र सरकार ही जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल कर सकती है।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज तीन देशों सऊदी अरब, जर्मनी और स्विट्जरलैंड की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं।
  • संयुक्‍त अरब अमीरात के शहजादे शेख खालिद-बिन-मोहम्मद-बिन-जायद-अल-नाहयान आज तीन दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं।
  • भारत ने जिम्बाब्वे, जाम्बिया और मलावी को खाद्य सामग्री भेजी।
  • इटली के प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा है कि, यूक्रेन संघर्ष सुलझाने में भारत अहम भूमिका निभा सकता है।
  • और, नवदीप सिंह ने पेरिस में पैरालंपिक खेलों में पुरुषों की भाला फेंक स्‍पर्धा में स्वर्ण पदक और महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा में सिमरन शर्मा ने कांस्य जीता।

 

—————————————

 

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है‍ कि केंद्र सरकार ही जम्‍मू-कश्‍मीर का राज्‍य का दर्जा बहाल कर सकती है। कल जम्‍मू में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से श्री शाह ने कहा कि उन्‍होंने स्‍वयं वर्ष 2019 में संसद में कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद उपयुक्‍त समय पर जम्‍मू-कश्‍मीर का राज्‍य का दर्जा बहाल किया जायेगा। श्री शाह ने कहा कि राज्‍य में आगामी विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक होंगे क्‍योंकि ये चुनाव अनुच्‍छेद-370 को समाप्‍त किये जाने के बाद पहली बार कराये जा रहे हैं। गृहमंत्री ने कहा कि यह आजादी के बाद पहला अवसर होगा जब जम्‍मू कश्‍मीर की जनता एक ध्‍वज यानी तिरंगे और बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान के तहत मतदान करेगी। श्री शाह ने आरोप लगाया कि विपक्ष दल जम्‍मू-कश्‍मीर में पुरानी व्‍यवस्‍था कायम करना चाहते हैं और पाकिस्‍तान के साथ बातचीत के पक्ष में हैं। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि शांति बहाली होने तक पाकिस्‍तान के साथ कोई बातचीत नहीं होगी।

 

370 हटने से जम्‍मू कश्‍मीर की माताओंबहनों को अधिकार मिला है, आतंकवाद को पैसा देने वालो पर तबाही आई, जब तक शांति नहीं होगी, पाकिस्‍तान से कोई बात नहीं होगी।

 

श्री शाह ने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की सरकार गुज्‍जरों, पहाडियों, बकरवालों और दलितों सहित किसी भी समुदाय के साथ अन्‍याय नहीं होने देगी जिन्‍हें भारतीय जनता पार्टी सरकार ने आरक्षण दिया है।   

 

—————————————

 

सरकार ने तुहिन कांत पांडेय को वित्त सचिव नामित किया है। श्री तुहिन भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1987 बैच के ओडिशा संवर्ग के अधिकारी हैं। फिलहाल वे वित्त मंत्रालय में दो महत्वपूर्ण विभागों के प्रभारी सचिव हैं। इनमें लोक उद्यम विभाग तथा निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग-दीपम शामिल हैं।  

 

—————————————

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर भारत-खाड़ी सहयोग परिषद के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक में भाग लेने के लिए आज सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दो दिन की इस यात्रा के दौरान वे परिषद् के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं।

 

खाड़ी सहयोग परिषद क्षेत्र भारत के प्रमुख व्यापारिक भागीदार के रूप में उभरा है, जहां लगभग 90 लाख भारतीय रहते हैं। यात्रा के दूसरे चरण में, डॉक्टर जयशंकर मंगलवार को दो दिन की यात्रा पर जर्मनी की राजधानी बर्लिन जाएंगे। यह बर्लिन की उनकी तीसरी यात्रा होगी। जर्मनी, भारत में सबसे अधिक निवेश करने वाले देशों में से एक है। डॉक्टर जयशंकर जर्मनी के विदेश मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। डॉक्टर जयशंकर इस महीने की 12 तारीख से स्विट्जरलैंड में जिनेवा जाएंगे। जिनेवा में संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ की कई शाखाएं और अन्य अंतरराष्‍ट्रीय संगठन हैं। यात्रा के दौरान, विदेश मंत्री उन संगठनों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे जिनके साथ भारत सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। डॉक्टर जयशंकर स्विट्ज़रलैंड के विदेश मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। समाचार कक्ष से, प्रवीण गौतम।

 

—————————————

 

संयुक्त अरब अमीरात के युवराज शेख खालिद-बिन-मोहम्मद-बिन-जायद-अल-नाहयान आज भारत पहुंच रहे हैं। उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात का कार्यक्रम है।

 

इस यात्रा का उद्देश्य संयुक्त अरब अमीरात और भारत के संबंधों को प्रगाढ करना है। श्री खालिद के साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, उद्योगपतियों और आर्थिक भागीदारों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है। श्री ख़ालिद आर्थिक सहयोग बढ़ाने  के लिए भारत में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। वे कई ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें विविध क्षेत्रों में अमीरात और भारत के मजबूत आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाया जाएगा।

 

आर्थिक विकास, निवेश, व्यापार और जलवायु परिवर्तन नियंत्रण के क्षेत्र में संयुक्त अरब अमीरात और भारत के बीच मौजूदा भागीदारी रचनात्मक सहयोग का अंतरराष्ट्रीय मॉडल बन गई है। दोनों देशों ने वैश्विक स्थिरता और शांति को बढ़ावा देने के मामले में भी प्रतिबद्धता दर्शाई है।

 

—————————————

 

भारत ने अफ्रीका के तीन देशों- ज़िम्बाब्वे, ज़ांबिया और मलावी के सूखाग्रस्त इलाकों में लोगों की अनाज की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए सहायता भेजी है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कल ज़िम्बाब्वे के लिए एक हज़ार मीट्रिक टन चावल भेजा गया। ज़ाम्बिया को एक हजार तीन सौ मीट्रिक टन मक्का भेजा है। मंत्रालय के अनुसार, इस मानवीय सहायता से ज़ाम्बिया की खाद्य आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी। सरकार ने अल-नीनो के कारण सूखे की स्थिति से जूझ रहे मलावी के लिए एक हज़ार मीट्रिक टन चावल भेजा है।

 

—————————————

 

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मिलोनी ने कहा है कि यूक्रेन संघर्ष के समाधान में भारत और चीन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। स्वयं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने हाल ही में कहा था कि मौजूदा संकट के समाधान में भारत की भूमिका अहम हो सकती है। सुश्री मिलोनी का यह बयान इटली में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात के बाद आया है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले महीने यूक्रेन की यात्रा के दौरान श्री ज़ेलेंस्की से कहा था कि वर्तमान संघर्ष को समाप्त करने के लिए यूक्रेन और रूस को तुरंत वार्ता करनी चाहिए और इस क्षेत्र में शांति बहाली में किसी भी भूमिका के लिए भारत तैयार है। श्री मोदी ने कहा था कि भारत शुरु से ही इस संकट के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में रहा है और वे इसके लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास करने को भी तैयार हैं। यूक्रेन की यात्रा से लगभग डेढ महीने पहले, श्री मोदी ने रूस में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाक़ात भी की थी। समाचार कक्ष से कुमार राधारमन। 

 

—————————————

 

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2025 के लिए नामांकन इस महीने की 15 तारीख़ तक किए जा सकेंगे। महिला और बाल विकास मंत्रालय प्रत्येक वर्ष जनवरी में इस पुरस्कार का आयोजन करता है। विजेताओं की घोषणा इस वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस पर की जाएगी। इस पुरस्कार का उद्देश्य बच्चों की ऊर्जस्विता, संकल्प, क्षमता और उत्साह को सम्मानित करना है। पुरस्कार के लिए 5 वर्ष से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चे पात्र हैं। नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।

 

—————————————

 

भारतीय स्टेट बैंक फाउंडेशन, आशा छात्रवृति कार्यक्रम के तहत दस हजार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा। यह राशि छठी कक्षा से स्‍नातकोत्तर तक के वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को दी जाएगी। जिसमें 15 हजार से दो लाख रूपये तक की आर्थिक सहायता शामिल है। यह छात्रवृति अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को आईआईटी, आईआईएम और विदेश में पढाई के लिए दी जाएगी। इच्छुक विद्या‍र्थी इस वर्ष पहली अक्‍टूबर तक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। पता है- एसबीआईएफ आशा स्कॉलरशिप डॉट ओआरजी। 

 

—————————————

 

आज अन्‍तर्राष्‍ट्रीय साक्षरता दिवस है। इसका आयोजन प्रत्‍येक व्‍यक्ति, समुदाय और समाज के लिए साक्षरता के महत्‍व की ओर ध्‍यान आकर्षित करने के लिए किया जाता है। इस वर्ष का विषय है-बहुभाषी शिक्षा संवर्धन : आपसी समझ और शांति के लिए साक्षरता।

 

कल इस दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यालय शिक्षा और साक्षरता विभाग ने अन्‍तर्राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन का आयोजन किया। सम्‍मेलन का उद्देश्‍य मौजूदा दौर में साक्षरता के विभिन्‍न आयामों पर विमर्श करना था। सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने सार्थक चर्चा की।  

 

—————————————

 

मध्‍य रेलवे के मुंबई डिवीजन के टिकट परीक्षक रामावतार मीणा ने एक महिला यात्री की जान बचाकर बहादुरी का परिचय दिया है। शुक्रवार को, एक ट्रेन के पुणे स्टेशन पहुंचने पर एक महिला यात्री फिसल गई जिससे उनके चलती ट्रेन के नीचे आ जाने का खतरा था। मौके पर श्री मीणा ने महिला को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया। मध्‍य रेलवे ने श्री मीणा के प्रयास को साहसिक बताया है।

 

—————————————

 

दिल्‍ली के रफी मार्ग स्थित ऑल इंडिया फाइन आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स सोसाएटी में आज से पांच दिवसीय राष्ट्रीय समूह कला प्रदर्शनी ह्यूज का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में लगभग 40 प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा एक सौ से अधिक उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। आगंतुक प्रतिदिन सुबह ग्‍यारह बजे से शाम सात बजे तक इस प्रदर्शनी को देखने जा सकते हैं। प्रदर्शनी का समापन इस महीने की 12 तारीख को होगा।

 

और अब खेल जगत की खबरों के साथ

 

फ्रांस की राजधानी पेरिस में पैरालंपिक खेलों के दसवें दिन कल भारत ने दो और पदक जीते। पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में नवदीप सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में पहले स्थान पर रही ईरान के खिलाड़ी को अनुचित व्यवहार के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया। उससे पहले महिलाओं की दो सौ मीटर ट्रैक स्पर्धा में सिमरन शर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। पैरालंपिक खेलों की तालिका में अब भारत 29 पदक जीतकर 16वें स्थान पर पहुंच गया है। इनमें 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। उधर यूएस ओपन टेनिस में, बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने पहली बार का महिला सिंगल्स ख़िताब जीत लिया है। फाइनल में उन्होंने अमरीका की जेसिका पेगुला को हराया। यह सबालेंका का तीसरा ग्रैंड स्लैम ख़िताब है। पुरुष सिंगल्स के फाइनल में आज अमरीका के टेलर फ्रिट्ज़ का मुक़ाबला इटली के जानिक सिनर से होगा। यह पहला मौक़ा है जब सिनर किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं।    

 

—————————————

 

राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक पदक विजेताओं को बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पुरुष भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर नवदीप सिंह ने खेलप्रेमियों का दिल जीत लिया है और देश को उन पर गर्व है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि महिलाओं की दो सौ मीटर स्पर्धा में कांस्य जीतने वाली सिमरन शर्मा देश के लिए और पदक जीतेंगी।

 

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सिमरन की सफलता उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और संकल्प का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सिमरन की सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।

 

—————————————

 

मौसम विभाग ने देश के पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तटीय आंध्रप्रदेश और यनम में आज मध्य और महाराष्ट्र और ओडिशा में कल तक के लिए तेज वर्षा का अनुमान है। असम, मणिपुर, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अगले सप्ताह भारी वर्षा हो सकती है।

 

इस बीच, तेलंगाना में बाढग्रस्त खम्‍मम और महबुबाबाद ज़िलों में कल तेज़ वर्षा हुई। महबुबाबाद में आज सुबह छह बजे तक 182 मिलीमीटर और खम्‍मम के तल्लाडा में 122 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। मुन्‍नेरू और अन्‍य नदियों में उफान की आशंका के कारण इन जिलों के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को लिए कहा गया है।

 

इस बीच, खम्‍मम और महबुबाबाद सहित चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुमराम, भीम, आसिफाबाद, मंचिर्याल, जयशंकर भूपालपल्‍ली, मुलुगू, भद्राद्रि और कोठागुडम समेत दस जिलों में अगले दो दिन तक वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले पांच दिन तक राज्य के सभी जिलों में गरज के साथ छीटें पड़ने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

 

—————————————

 

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा मध्य दक्षिणपंथी मिशेल बार्नियर को प्रधानमंत्री नियुक्त करने के विरोध में हजारों लोग कल पूरे फ्रांस में सड़कों पर उतर आए।

 

बार्नियर की नियुक्ति हाल के चुनाव से त्रिशंकु संसद के बाद हुई है, जहां किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं था। हालांकि वामपंथी गुट- न्यू पॉपुलर फ्रंट-एनपीएफ ने सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहा एनपीएफ इस बात से नाराज हैं कि प्रधानमंत्री पद के लिए उनके उम्मीदवार को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने खारिज कर दिया था।

 

—————————————

 

और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ

 

पेरिस पैरालिंपिक्‍स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन आज सभी अखबारों में है। नवदीप की चांदी स्‍वर्ण में तब्दील, सिमरन ने जीता कांस्‍य पदक दैनिक जागरण की सुर्खी है। दैनिक भास्‍कर लिखता है – आतंकी मुठभेड में पैर गंवाने के 22 साल बाद पैरालिंपिक में देश को दिलाया मैडल, शॉट पुट में भारत के होकातो सेमा को ब्रांज। महाराष्‍ट्र सहित देशभर में गणेश चतुर्थी मनाए जाने का समाचार नवभारत टाईम्‍स ने सचित्र प्रकाशित किया है। सज गए पंडाल, पधारे गणपति महाराज। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- गणपति बप्‍पा गाजे बाजे के साथ पंडालों और घरों में विराजे, मोटे अनाज से बने मोदक का भोग लगाया। बोईंग के स्‍टारलाइनर यान के सुनीता विलियमस और बुच विलमोर के बिना ही धरती पर लौटने की खबर भी राष्‍ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों की सुर्खी बनी है। नवभारत टाईम्‍स लिखता है नहीं आई सुनिता, दोनों अंतरिक्ष या‍त्री की फरवरी में वापसी। स्विडन ने दो वर्ष से कम आयु के बच्‍चों में मोबाईल का उपयोग करने पर लगाई पाबंदी अमर उजाला की खबर है।      भेडिए के बाद सियार भी हिंसक हुए, ग्‍यारह लोगों को घायल किया। दक्षिण खीरी, पीलीभीत और बरेली में सियार के हमले से अफसर भी चिंतित हिंदुस्‍तान की सुर्खी है। अब कुछ दिनों के लिए बारिश होगी कम, उमस वाली गर्मी फिर से करेगी परेशान नवभारत टाईम्‍स ने मौसम शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है। एनसीआरटीसी ने किया आरआरटीएस डिपो पर मेरठ मेट्रो का अनावरण, सात सौ से अधिक लोग एक बार में कर सकते हैं यात्रा, राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है। धन्‍यवाद आकार्षिता सिंह।

 

—————————————

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सिर्फ केंद्र सरकार ही जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल कर सकती है।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज तीन देशों सऊदी अरब, जर्मनी और स्विट्जरलैंड की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं।
  • संयुक्‍त अरब अमीरात के शहजादे शेख खालिद-बिन-मोहम्मद-बिन-जायद-अल-नाहयान आज तीन दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं।
  • भारत ने जिम्बाब्वे, जाम्बिया और मलावी को खाद्य सामग्री भेजी।
  • इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा है कि, यूक्रेन संघर्ष सुलझाने में भारत अहम भूमिका निभा सकता है।
  • और, नवदीप सिंह ने पेरिस में पैरालंपिक खेलों में पुरुषों की भाला फेंक में स्वर्ण पदक और महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा में सिमरन शर्मा ने कांस्य जीता। 

 

—————————————