मुख्य समाचार :
- सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर घटाया, राज्यों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी का आवंटन बढ़ाकर 70 प्रतिशत किया। इससे पश्चिम एशिया संघर्ष से वैश्विक तेल की बढती कीमतों से 140 करोड़ भारतीयों को राहत।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने लॉकडाउन की अफवाहों को निराधार बताया।
- केंद्र ने आश्वस्त किया-देश में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध। कहा – पिछले एक दशक में घरेलू यूरिया उत्पादन 230 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 315 लाख मीट्रिक टन हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पश्चिम एशिया संघर्ष पर राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज जल-डमरू-मध्य खोलने की समयसीमा छह अप्रैल तक बढ़ाई।
- नेपाल में, बालेंद्र शाह ने सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
*****
सरकार ने घरेलू खपत के लिए पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में दस रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। सोशल मीडिया पोस्ट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि यह निर्णय पश्चिम एशिया संकट के बीच लिया गया है। उन्होंने कहा कि डीजल के निर्यात पर 21 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर और विमानन ईंधन पर 29 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर शुल्क लगाया गया है। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हमेशा नागरिकों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की है।
*****
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि पेट्रोल, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन-एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होगी। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैठक बुलाई है। इसमें यह निर्णय लिया गया कि वैश्विक स्थिति के कारण पेट्रोल, डीजल और एटीएफ की कीमतों में वृद्धि नहीं होनी चाहिए।
आज इस निर्णय के कारण सप्लाई कमी नहीं होगा। जनता को डीजल भी पेट्रोल भी क्रूड भी मिलेगा और एटीएफ बहुत इम्पोटेंट है भारत देश का एटीएफ और हमारे कम्पनियों को एक एटीएफ मिलना आवश्यक है। मान्य प्रधानमंत्री जी ने इमर्जेंसी में एक मीटिंग बुलाई और इस विषयों के ऊपर चर्चा गोष्टि करके तुरंत निर्णय किया।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के एक अन्य निर्णय के अनुसार जो रिफाइनरियां विदेशों से सामग्री लेकर उन्हें भारत में परिष्कृत करती हैं और निर्यात के लिए भेजती हैं, उन्हें अब अधिक शुल्क देना होगा। लॉकडाउन की अफवाहों को निराधार बताते हुए श्रीमती सीतारामन ने लोगों को आश्वस्त किया कि कोविड महामारी के दौरान लागू किए गए लॉकडाउन जैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा।
*****
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि जब पश्चिम एशिया संकट के बीच दुनिया ईंधन की कमी से जूझ रही है और वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ रही हैं ऐसे में सरकार द्वारा ईंधन पर उत्पाद शुल्क में कटौती के निर्णय से 140 करोड भारतीयों को राहत मिलेगी।
*****
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिक चिंता यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में श्री रिजिजू ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कमी को अभूतपूर्व बताया।
इतना विपत्ति काल में जबकि एक क्षेत्र में युद्ध चल रहा है। जहां से हमारे गैस, पेट्रोलियम प्रोडक्ट सारे आते हैं फिर भी ऐसे समय में इतना बढ़ा कदम उठाना, ये कोई मामूली कदम नहीं है क्योंकि हमारा आम भारतीय लोगों को अपनी जिंदगी में तकलीफ न हो इसका सोच प्रधानमंत्री जी ने आज दिखाया है।
*****
विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पेट्रोल तथा डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी और घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीजल तथा विमानन टरबाइन ईंधन पर निर्यात शुल्क लगाने के सरकार के निर्णय की सराहना की है।
*****
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री, हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष और होर्मुज जल-डमरू-मध्य में जारी रूकावट के बीच दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने के बजाय खुद, इसका असर झेलने का विकल्प चुना है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री पुरी ने कहा कि सरकार ने अपने कर राजस्व में भारी कटौती की है, जिससे तेल कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग 24 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 30 रुपये प्रति लीटर होने वाले भारी नुकसान को कम किया जा सके।
*****
सरकार ने राज्यों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन को बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। इसमें से 20 प्रतिशत आवंटन इस्पात, ऑटोमोबिल, कपड़ा और अन्य श्रम प्रधान उद्योगों को दिया जाएगा। सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी घोषणा करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इसका उद्देश्य वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि उन उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां पाइपलाइन गैस विकल्प नहीं है। श्री पुरी ने कहा कि जहां दुनिया के अन्य देश चार दिन के कार्य सप्ताह, स्कूल और कार्यालय बंद करने और ईंधन की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की वृद्धि जैसे कई कड़े ईंधन संरक्षण उपाय कर रहे हैं। वहीं भारत ऊर्जा सुरक्षा, उपलब्धता और सामर्थ्य का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना हुआ है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पश्चिम एशिया संघर्ष पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे और राज्यों की तैयारियों तथा योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में ‘टीम इंडिया‘ की भावना से समन्वित प्रयासों को सुनिश्चित करने पर बल दिया जाएगा। हालांकि, आदर्श आचार संहिता के कारण चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर भारत का रुख स्पष्ट किया था। श्री मोदी ने कहा था कि सरकार पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस और उर्वरकों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने सदन को बताया था कि भारत ने पिछले 11 वर्षों में ऊर्जा आयात के अपने स्रोतों को 27 देशों से बढ़ाकर 41 देशों तक कर दिया है। इससे किसी एक क्षेत्र पर निर्भरता कम हो गई है। दिपेंद्र की रिपोर्ट के साथ सरफिरोजी।
*****
सरकार ने बताया है कि देश में पिछले एक दशक में यूरिया का घरेलू उत्पादन दो सौ 30 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 3 सौ 15 लाख मीट्रिक टन हो गया है। आज लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए रसायन और उर्वरक मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के लिए 2014 से गोरखपुर, सिंदरी, बरौनी, रामागुंडम और पानागढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर कई नए उर्वरक संयंत्र स्थापित किए गए हैं। श्री नड्डा ने कहा कि खरीफ मौसम के लिए देश में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है और किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
जहां तक खाद का सवाल है फर्ट्रीलाइजर का सवाल है माकूल पर्याप्त खाद की व्यवस्था भारत सरकार ने कर रखी है और हमारे रिजर्वस हैं और कोई भी पैनिक करने की जरूरत नहीं है। मैंने कल ही सभी एर्गीक्लचर मिनिस्टर्स से बातचीत की है। किसानों को सही समय पर खाद जितनी चाहिए वो मिलेगी।
*****
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि भारत, वर्तमान में वैश्विक स्तर पर लगभग तीस प्रतिशत जेनेरिक दवाओं की आपूर्ति करता है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय चिकित्सा परिषद विनियम, 2000 के अंतर्गत, सभी पंजीकृत चिकित्सकों को रोगियों को जेनेरिक दवाएं लिखना और तर्कसंगत सलाह देने की प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है।
हमारा जो इंडियल मेडिकल काउंसिल का रेगुलेशन है। उसके क्लॉस वन पॉइंट फाइफ के तहत हमने यह नियम बनाया है कि जितने भी रजिस्टर्ड मेडिकल प्रेक्टिशनर्ज है वो जेनरीक दवाओं को ही प्रिस्क्राइब करेंगे और नेशनल प्रिस्क्रीबशन पर ध्यान देंगे। इस संबंध में हमारे जितने सेंट्रल गवर्मेंट के हॉस्पिटल है उन्हें डीजीएसएच की तरफ से भी इंस्ट्रक्शन जारी किए जा चुके हैं।
*****
लोकसभा ने संविधान का (एक सौ तीसवां संशोधन) विधेयक, 2025, जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकार (संशोधन) विधेयक, 2025 पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का समय इस वर्ष मानसून सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन तक बढ़ा दिया है। इन तीनों विधेयकों के माध्यम से यह नियम लागू होगा कि गिरफ्तार और जेल में बंद कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या केंद्र या राज्य सरकार में मंत्री के रूप में कार्य नहीं कर सकता।
*****
सरकार ने कहा है कि लक्षित नीतिगत हस्तक्षेपों, अनुसंधान और विकास पहलों के कारण शुष्क भूमि और वर्षा आधारित क्षेत्रों में फसल उत्पादन में 82 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। आज राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की कृषि भूमि का 48 प्रतिशत हिस्सा शुष्क भूमि है।
एक–एक बूंद का हम ढंग से और सही उपयोग कैसे करे ताकि जो ड्रायलैंड वाले हमारे किसान है उनकी जो हमारी खेती है वो अच्छा उत्पादन दे सके। उस कृत्य को कर सके। हमने सॉयल हेल्थ कार्ड बना के उसमें भी किन–किन तत्वों की कमी है ड्रायलैंड में भी। उसके हिसाब से जिन पोषक तत्वों की आवश्यकता है उतना ही केवल संतुलित उपयोग खाद का करे।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के होर्मुज जल-डमरू-मध्य खोलने की समय सीमा 6 अप्रैल तक बढ़ा दी है। श्री डॉनल्ड ट्रम्प ने कल सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर फिलहाल बमबारी नहीं करेंगे। इस बीच, हजारों अमरीकी सैनिक क्षेत्र के करीब पहुंच गए हैं। उधर, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरी तरफ, इस्राएल ने हिजबुल्लाह से लड़ने के लिए दक्षिणी लेबनान में और अधिक सैनिक तैनात किए हैं। ईरान की राजधानी और कई शहरों में भारी हमले हुए हैं।
*****
श्री ट्रंप ने कहा है कि आने वाले समय में भारत और अमरीका के संबंध और भी मजबूत होंगे। भारत में अमरीकी दूतावास ने राष्ट्रपति के इस बयान को अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर साझा किया है, जिसमें श्री ट्रंप ने कहा कि केवल वे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही ऐसे दो व्यक्ति हैं जो हमेशा काम को अंजाम देते हैं, और यह बात अधिकांश लोगों के लिए नहीं कही जा सकती।
*****
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी – आर.एस.पी. के संसदीय दल के नेता, श्री बालेंद्र शाह ने आज नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
*****
राम नवमी का त्योहार आज श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर प्रदेश में इस उत्सव का मुख्य आकर्षण अयोध्या है।
रामनवमी के उत्सव के लिए दस लाख से ज्यादा श्रद्धालू प्रभू राम की नगरी अयोध्या मे मौजूद है। लोग सरयू नदी और राम की पौड़ी में स्नान कर रहें हैं। भय प्रकट कृपाल दीनदयाला, कौशल्या हितकारी जैसे भजनों की धून पर पूरी अयोध्या गूंजायमान है। जन्मभूमि मंदिर में सुबह भगवान राम के अभिषेक के बाद ठीक दोपहर बारह बजे गर्भग्रह मे सूर्य तिलक हुआ। इसके बाद छप्पन भोग प्रसाद चढाए गए और प्रभू की आरती हुई। मंदिर आज देर रात तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। आज शाम चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे एक और भव्य आयोजन होगा। जहां रामनवमी के उपलक्ष्य में लगभग बाईस लाख दीय जलाएं जाएंगे। सुशील चंद्र तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय से टेलीविजन पर अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में, भगवान राम की पूजा-अर्चना की और सूर्य तिलक के दर्शन किए। राम नवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर घटाया, राज्यों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी का आवंटन बढ़ाकर 70 प्रतिशत किया। इससे पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच वैश्विक तेल की बढती कीमतों से 140 करोड़ भारतीयों को राहत।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने लॉकडाउन की अफवाहों को निराधार बताया।
- केंद्र ने आश्वस्त किया-देश में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध। कहा – पिछले एक दशक में घरेलू यूरिया उत्पादन 230 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 315 लाख मीट्रिक टन हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पश्चिम एशिया संघर्ष पर राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज जल-डमरू-मध्य खोलने की समयसीमा छह अप्रैल तक बढ़ाई।
- नेपाल में, बालेंद्र शाह ने सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
*****