March 26, 2026 3:21 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता बने। नवीनतम वैश्विक सर्वेक्षण में उन्हें 68 प्रतिशत रेटिंग मिली।
  • रेलवे अपनी संचार प्रणाली को उन्नत करेगा। स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच का कई क्षेत्रों में विस्तार करने की योजना।
  • आंध्र प्रदेश में बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
  • संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने मानवीय और आर्थिक परिणामों का हवाला देते हुए पश्चिम एशिया संघर्ष को तुरंत समाप्त करने का आह्वान किया।
  • देशभर में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
  •  छत्तीसगढ़ में चल रहे खेलो इंडिया जनजातीय खेलों में कर्नाटक ने पांच स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर पदक तालिका में वर्चस्व स्थापित किया।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में स्थान दिया गया है। अमरीकी डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा किए गए नवीनतम वैश्विक सर्वेक्षण में उन्हें 68 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग प्राप्त हुई है। 2 से 8 मार्च के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में प्रधानमंत्री मोदी अन्य वैश्विक नेताओं से काफी आगे हैं। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग दूसरे स्थान पर हैं, दोनों को 62 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग मिली है। चेक गणराज्य और अर्जेंटीना के नेताओं को क्रमशः 57 प्रतिशत और 56 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग प्राप्त हुई है।

 

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प को 39 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग मिली और वे शीर्ष दस में शामिल नहीं हो सके।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसे लगभग 11 हजार दो सौ करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।

 

 

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। इस हवाई अड्डे का उद्घाटन, भारत के वैश्विक विमानन केंद्र बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हवाई अड्डा उन्‍नत कार्गो प्रणाली से सुसज्जित है। इससे प्रति वर्ष ढाई लाख मीट्रिक टन माल की ढुलाई की जा सकेगी, जिसे लगभग 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाया जा सकता है।

 

*****

 

रेलवे ने अपनी संचार प्रणाली को उन्नत करने और कवच स्वचालित रेलगाड़ी सुरक्षा प्रणाली को विस्तारित करने के लिए 12 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। रेल मंत्रालय ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य उन्नत फाइबर संचार प्रणालियों और बेहतर सुरक्षा तंत्रों के माध्यम से रेलवे नेटवर्क को मजबूत करना है। मंत्रालय ने बताया कि मध्य रेलवे के सभी पांच डिवीजनों में छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक मजबूत दोहरे फाइबर संचार नेटवर्क की स्थापना के लिए दो प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

 

 

यह प्रणाली गंभीर परिस्थितियों में स्वचालित रूप से ब्रेक लगाकर ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डिज़ाइन की गई है और व्यस्त मार्गो पर परिचालन सुरक्षा को बढ़ाएगी।

 

*****

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग तथा आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग-डी.पी.आई.आई.टी. ने देश भर में स्टार्टअप, नवप्रवर्तकों और उद्यमियों को सहयोग देने के लिए क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है। मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य मनोरंजन, ऑनलाइन गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, मीडिया और ए.आई आधारित प्रौद्योगिकियों के विकास को बढ़ावा देना है।

 

 

*****

 

क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान ने कहा है कि क्षमता निर्माण आयोग के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 2 से 8 अप्रैल तक साधना सप्ताह मनाया जाएगा। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में अध्यक्ष ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोक सेवकों में विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए आवश्यक आंतरिक क्षमता और सेवा भावना हो।

 

*****

 

आंध्र प्रदेश में आज सुबह मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास एक निजी बस और ट्रक की टक्कर  से 13 लोग जलकर मर गए और 22 अन्य घायल हो गए। दोनों वाहन आग में पूरी तरह जल गए।

 

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों से घायलों के लिए सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने को कहा। श्री नायडु ने दुर्घटना की गहन जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख और घायलों के लिए पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

 

*****

 

राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और जेल महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। पिछले चार वर्ष में राज्‍य की विभिन्न जेलों में कथित तौर पर 285 कैदियों की मौत के मामले में आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यह नोटिस जारी किया है। आयोग ने दो सप्ताह के भीतर मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राज्य की जेलों में कैदियों की संख्‍या अत्‍याधिक है जिससे उनमें संक्रमण और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने असम, केरलम, पुद्दुचेरी और चार अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली है। इन राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होगा। आयोग ने कहा कि जांच के बाद दो हजार एक सौ चालीस उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

*****

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है। श्री रिजिजू ने कहा कि भारत ऊर्जा संसाधनों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर है और अपने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए प्रबंध कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय जहाज होर्मुज जल डमरू मध्य से सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं।

 

 

हमारे कुछ जहाज होर्मुज पार कर चुके हैं और कुछ करने वाले हैं। यह भारत की स्थिति को दर्शाता है। भारत कुछ चुनिंदा देशों में शामिल है, जो सभी पक्षों से बात कर सकता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अमरीका के राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प, इस्राएल के प्रधानमंत्री, ईरान के राष्‍ट्रपति और खाड़ी देशों के प्रमुखों से बात की है। भारत चुनौतियों के बावजूद बहुत ही बेहतर स्थिति में है।

 

*****

 

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच, एलपीजी की खेपों के आने से लोगों को राहत मिली है। एलपीजी ले जाने वाला पोत अपोलो ओशन कल रात करीब 8 बजे नए मंगलौर बंदरगाह पर पहुंचा और  उसी समय माल उतारने का काम शुरू हो गया।

 

बंदरगाह अधिकारियों ने संकेत दिया है कि कच्चे तेल के दो और टैंकर जल्द ही आने की संभावना है, हालांकि उनके कार्यक्रम की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

 

*****

 

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान ने भारत, चीन तथा रूस सहित कई अन्य मित्र देशों को होर्मुज जल-डमरू-मध्य का उपयोग करने की अनुमति दी है।

 

ईरान के इस महत्‍वपूर्ण जलमार्ग को रोकने के बाद से दुनिया भर में कच्‍चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में वृद्धि हुई है। इस मार्ग से विश्व के लगभग 20 प्रतिशत प्राकृतिक ईंधन की ढुलाई होती है। अमरीका के राष्ट्रपति, डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान को जलमार्ग ना खोलने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

 

 

ईरान के विदेश मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ईरान के विरोधी देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 

 

भारत ने पिछले कुछ सप्‍ताह में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने और होर्मुज जल-डमरू-मध्य को खोलने के लिए कईं राजनयिक प्रयास किए हैं।

 

*****

 

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनियो गुतरश ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष का सबसे अधिक प्रभाव, गरीब और कमजोर लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने तुरंत संघर्ष समाप्त करने का आह्वान किया है।  सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गुतरश ने कहा कि संघर्ष के परिणाम उन नागरिकों को भुगतने पड़ रहे हैं जिनकी इसमें कोई भूमिका नहीं है।

 

 

उन्‍होंने कहा कि कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन ही इस संकट का एकमात्र समाधान है। एक अन्‍य सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गुतरश ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही बाधित रहने पर भी चिंता व्‍यक्‍त की।

 

 

*****

 

बांग्लादेश आज 56वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 26 मार्च, 1971 को आज के ही दिन बांग्लादेश ने पाकिस्तान से स्वतंत्रता प्राप्‍त की थी।

 

 

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन और प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने आज सुबह ढाका के पास स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक मिनट का मौन रखा, जबकि सशस्त्र बलों के जवानों ने राजकीय सलामी दी। पाकिस्तानी सेना द्वारा ऑपरेशन सर्चलाइट के तहत की गई सैन्य कार्रवाई के बाद, बांग्लादेश को 1971 में नौ महीने के युद्ध के बाद स्वतंत्रता प्राप्त हुई और 16 दिसंबर को उसे विजय प्राप्त हुई। इसी बीच, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर बांग्लादेश को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भाषाई संबंधों पर प्रकाश डाला और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। आकाशवाणी समाचार ढाका से नवल संग परमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से दीपेन्द्र कुमार।

 

*****

 

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने प्रतिनिधि सभा के वरिष्‍ठ सदस्य के रूप में अर्जुन नरसिंह केसी को शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई।

 

 

 अर्जुन नरसिंह केसी 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में नेपाली कांग्रेस से आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत चुने गए थे। श्री केसी 26 मार्च को प्रतिनिधि सभा के अन्य सभी 274 सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। बलेंद्र शाह के 27 मार्च को शीतल निवास में नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की उम्मीद है।

 

 

 राष्‍ट्रीय स्‍वतंत्र पार्टी नेपाल में सबसे बड़ी पार्टी रही है जिसने 182 सीटों के साथ भारी बहुमत हासिल किया है।

 

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर दो दिन के फ्रांस दौरे पर हैं। वे वहां जी7 सहयोगी देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि डॉ. जयशंकर एबे डेस-वॉक्स-डे-सेर्ने में  आयोजित बैठक के इतर विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।

 

*****

 

देश में आज राम नवमी का पर्व हर्षोल्‍लास से मनाया जा रहा है। यह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्‍मोत्‍सव के रूप में मनाया जाता है।

 

 

लोकाभिरामं रणरङ्गधीरं राजीवनेत्रं रघुवंशनाथम्।

कारुण्यरूपं करुणाकरं तं श्रीरामचन्द्रं शरणं प्रपद्ये॥

 

 

समूचे देश में आज मर्यादा पुरुषोत्‍तम भगवान श्रीराम का जन्‍मोत्‍सव, रामनवमी, धार्मिक हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। श्री राम का जीवन सत्य, धर्म, मर्यादा का प्रतीक माना जाता है। भगवान श्रीराम ने सदैव मर्यादा को धारण किए रखा। रावण के साथ युद्ध के समय श्रीराम ने जनमानस को संदेश दिया कि चाहे आपके पास जीवनरूपी युद्ध में लडने के लिए पर्याप्‍त संसाधन हों या ना हों लेकिन आपके पास सत्‍य और धीरज का धन है। तो आप सहजे ही जीवन संग्राम में विजय प्राप्‍त कर सकते हैं।

 

रामनवमी का पर्व हमें जीवन में सच्चाई, कर्तव्य और धर्म का पालन करने की शाश्‍वत शिक्षा देता है।

 

आकाशवाणी की ओर से सभी श्रोताओं को रामनवमी की हार्दिक शुभकांमनाएं

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम नवमी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन आज मां महागौरी का आशीर्वाद लिया। संस्कृत सुभाषितम को साझा करते हुए श्री मोदी ने प्रार्थना की कि मां महागौरी की दिव्य आभा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और अच्‍छा स्‍वास्‍थ्‍य लायें।

 

*****

 

हमारी श्रृंखला पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणीकी अगली कड़ी में ओडिशा के श्री महेंद्र कुमार मिश्रा से बातचीत प्रसारित की जाएगी। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।

 

इसका प्रसारण आकाशवाणी के एमएम गोल्ड चैनल 100.1 पर आज शाम 5 बजकर दस 10 मिनट पर होगा।

 

*****

 

 

छत्तीसगढ़ में हो रहे खेलो इंडिया जनजातीय खेल के दूसरे दिन रायपुर में तैराकी, भारोतोलक, हॉकी और फुटबॉल के मुकाबले हो रहे हैं।

 

पदक तालिका में कर्नाटक 5 स्‍वर्ण और 2 रजत पदक के साथ प्रथम स्थान पर है।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता बने। नवीनतम वैश्विक सर्वेक्षण में उन्हें 68 प्रतिशत रेटिंग मिली।
  • रेलवे अपनी संचार प्रणाली को उन्नत करेगा। स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच का कई क्षेत्रों में विस्तार करने की योजना।
  • आंध्र प्रदेश में बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
  • संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने मानवीय और आर्थिक परिणामों का हवाला देते हुए पश्चिम एशिया संघर्ष को तुरंत समाप्त करने का आह्वान किया।
  • देशभर में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
  • छत्तीसगढ़ में चल रहे खेलो इंडिया जनजातीय खेलों में कर्नाटक ने पांच स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर पदक तालिका में वर्चस्व स्थापित किया।

*****