March 24, 2026 3:28 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर राज्‍यसभा में भारत का रुख स्‍पष्‍ट कर रहे हैं।

 

  1. सर्वोच्च न्यायालय का फैसलाकेवल हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म के व्यक्ति ही अनुसूचित जाति का दर्जा पाने के हकदार।

 

  1. कृषि मंत्री ने कहाकेंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों से किसानों की आय आठ गुना तक बढ़ी।

 

  1. असम, केरलम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच जारी।

 

  1. कोलंबियाई सैन्य विमान दुर्घटना में 66 लोगों की मौत। बचाव अभियान जारी।

 

  1. बेलारूस की आर्यना सबालेंका मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में।

 

******************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर राज्यसभा में देश का रुख स्‍पष्‍ट कर रहे हैं।

 

******************

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों के कारण देश में किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री चौहान ने किसानों की आय के बारे में जानकारी दी।

 

कई किसानों की आय दुगनी हुई है और केवल दुगनी नहीं माननीय अध्यक्ष महोदय, कई किसानों की तिगुनी भी हुई है, कई की चौगुनी भी हुई है। मैं आज बताना चाहता हूं हमने बजट बढ़ाके 19 हजार तीन सौ छह करोड़ से एक लाख 30 हजार करोड़ से ज्यादा। हमने उत्पादन बढ़ाने का काम किया है। चौदह के बाद 44 परसेंट उत्‍पादन अलग-अलग खाद्यान्न का बढ़ा है।

 

******************

 

लोकसभा में वित्त विधेयक 2026 पर चर्चा फिर शुरू हो गई है। यह विधेयक वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को लागू करने का प्रावधान करता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कल सदन में यह विधेयक पेश किया था।

 

आज की चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस के मनीष तिवारी ने कहा कि होर्मुज जल-डमरू-मध्य के बंद होने से उत्पन्न ऊर्जा संकट का पूरे विश्व पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक स्थिति को देखते हुए क्या यह बजट अब भी वैध है। श्री तिवारी ने कहा कि पिछले महीने पेश किए गए बजट अनुमान अब पुराने हो चुके हैं।

 

28 फरवरी 2026 को अमरीका और इस्राएल ने ईरान के ऊपर हमला कर दिया और इससे भारत के ऊपर इसका बड़ा संवेदनशील असर पड़ा है। 2013-14 में भारत 77 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता था, 25-26 में यह बढ़कर 88 प्रतिशत हो गया।

 

भाजपा के नवीन जिंदल ने कहा कि जब नीतियां स्पष्ट होती हैं और इरादे नेक होते हैं, तो जनता स्वयं राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए आगे आती है।

 

जब हम ग्रोथ और डेवलपमेंट की बातें करते हैं तो इनका ध्यान सिर्फ प्रोटेस्ट और डिस्‍रपसन पर होता है। विपक्ष को समझना होगा कि यह बिल किसी एक पार्टी का नहीं, इस देश के भविष्य के लिए बिल है। जब ये बिल पारित होगा तो इसका एक-एक पैसा हमारे अन्नदाताओं के खेतों में हरियाली लाएगा। हमारे युवाओं के हाथों में रोजगार देगा और 140 करोड़ हिंदुस्तानियों के एक सुरक्षित और विकसित भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी बनेगा

 

जेडीयू के रामप्रीत मंडल ने कृषि क्षेत्र के लिए बजट में छह प्रतिशत की वृद्धि करने के लिए सरकार की सराहना की। उन्होंने बिहार में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान का मुद्दा भी उठाया और किसानों के लिए मुआवजे की मांग की।

 

समाजवादी पार्टी के पुष्पेंद्र सरोज ने सरकार से जल जीवन मिशन, नमामि गंगा और एम जी एन आर ई जी ए के तहत उत्तर प्रदेश को दिए गए फंड का विवरण देने को कहा।

 

******************

 

स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि सरकार ने पिछले 10 वर्ष में देश के पूर्वोत्तर राज्‍यों में 12 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए दो हजार 737 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत तकनीकी और वित्तीय सहायता भी प्रदान की है।

 

राज्‍यसभा में श्री नड्डा ने कहा कि सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में भी व्‍यापक स्‍तर पर सुधार कार्य शुरू किए हैं।

 

******************

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि केवल हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म के अनुयायी ही अनुसूचित जाति का दर्जा पाने के पात्र हैं। न्‍यायालय ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य धर्म जैसे कि ईसाई धर्म में धर्मांतरण करने से अनुसूचित जाति का दर्जा तुरंत और पूरी तरह से समाप्त हो जाता है।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के एक आदेश को बरकरार रखते हुए कहा कि  एक बार कोई व्यक्ति ईसाई धर्म अपना लेता है और सक्रिय रूप से उस धर्म का पालन करता है, तो उसे अनुसूचित जाति का सदस्य नहीं माना जा सकता। न्यायमूर्ति पी. के. मिश्रा और न्‍यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने फैसला सुनाया कि ईसाई धर्म अपनाने वाला दलित व्यक्ति अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत संरक्षण का दावा नहीं कर सकता। न्यायालय ने कहा कि यह स्थिति संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 के तहत स्पष्ट रूप से स्थापित है। न्यायालय के अनुसार, 1950 के आदेश के खंड 3 के तहत लगाया गया प्रतिबंध बाध्‍यकारी है। समाचार कक्ष से मैं कनकलता।

 

******************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह समीक्षा ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। इस संघर्ष से वैश्विक व्यापार मार्ग, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

 

इस बैठक में रक्षा प्रमुख जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी उपस्थित थे।

 

******************

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में भारतीय रेलवे के इस वर्ष 52 सप्ताह में 52 सुधार  के संकल्प के अंतर्गत पांच सुधारों की घोषणा की है। नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने टिकट रद्द करने और धनवापसी नियमों, रेलगाड़ी में चढ़ने के समय में बदलाव, नमक परिवहन, वाहन परिवहन और निर्माण की गुणवत्ता में सुधारों की घोषणा की।

 

******************

 

सरकार ने रेल संपर्क को मजबूत करने और परिचालन दक्षता में सुधार लाने के लिए गुजरात में कोसंबा रेल ओवर-रेल-आरओआर फ्लाईओवर परियोजना और बिहार में भागलपुर बाईपास परियोजना को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय ने बताया कि दोनों परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत लगभग छह सौ सैंतालीस करोड़ रुपये है।

 

******************

 

असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की आज जांच हो रही है।  बृहस्‍पतिवार तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। दो राज्‍यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होना है।

 

******************

 

तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाली सेक्यूलर प्रोग्रेसिव एलाएंस के बीच सीट बंटवारे को लेकर वार्ता अंतिम रूप नहीं ले पाई है। सीपीआई (एम) ने पांच सीटों पर सहमति दी है। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने डीएमके के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए।

 

******************

 

पुदुच्‍चेरी विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन में सहयोगी पार्टी विदुथलाई चिरुथाइगल काची-वीसीके ने तीन सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

 

******************

 

निर्वाचन आयोग ने कल रात पश्चिम बंगाल में एस.आई.आर. के बारे में न्‍यायालय के निर्णय के बाद पहली पूरक मतदाता सूची जारी कर दी है। प्रत्‍येक बूथ के लिए सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर देर रात उपलब्‍ध कराई गई।

 

******************

 

निर्वाचन आयोग ने आज मतदान वाले राज्यों और उनके पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों, उपराज्यपालों, मुख्य सचिवों और गृह, उत्पाद शुल्क, एसजीएसटी आदि के प्रधान सचिवों के साथ अंतरराज्यीय सीमा बैठक और चुनाव खुफिया संबंधी बहुविभागीय समिति की बैठक आयोजित की।

 

******************

 

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस आज पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 24 निर्धारित और विशेष उड़ानें संचालित करेंगी। एक बयान में बताया गया कि वे सउदी अरब जेद्दा से आने-जाने वाली अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखेंगी। भारत और जेद्दा के बीच कुल 10 उड़ानें संचालित होंगी।

 

******************

 

अमरीका के राष्ट्रपति, डॉनल्ड ट्रंप के ईरान में अस्‍थायी रूप से हमलों पर रोक लगाने की घोषणा के बावजूद लेबनान में इस्राएल के हमले जारी हैं। आज तड़के बेरूत से लगभग दस किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बशामौन में एक आवासीय इमारत पर हवाई हमले में दो लोग के मारे जाने की खबर है और पांच लोग घायल हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि लेबनान में लगभग 12 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।

 

इस्राएल के वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने लेबनान के क्षेत्र पर कब्ज़ा करने का आह्वान करते हुए घोषणा की है कि इस्राएल की नई सीमा लिटानी नदी तक विस्तारित होनी चाहिए। हालांकि इस्राएली सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में उसके अभियान सीमित और लक्षित हैं। सेना ने कहा कि हिज़्बुल्लाह के साथ सीधी झड़पें जारी हैं और उसके बुनियादी ढांचे को नष्ट किया जा रहा है। नाक़ौरा में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा मुख्यालय पर भी हमला किया गया। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने युद्ध समाप्त करने के लिए सीधी बातचीत का आह्वान किया है। तनाव बढ़ने के बाद से स्वास्थ्य केंद्रों पर 64 हमले हुए हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

******************

 

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा है कि उसने आज तड़के ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस फोर के तहत इस्राएल और अमरीका के ठिकानों पर जवाबी हमले किए। नए हमलों में इलैत, दिमोना और उत्तरी तल अवीव में इस्राएल के ठिकानों और क्षेत्र में कई अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।                                               

 

******************

 

कोलंबिया में 128 लोगों को ले जा रहा एक सैन्य परिवहन विमान कल प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 66 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

 

जनरल ह्यूगो अलेजांद्रो लोपेज़ बारेटो ने बताया कि विमान में 128 लोग सवार थे। इनमें सेना के 115 जवान, चालक दल के 11 सदस्य और राष्ट्रीय पुलिस के 2 जवान शामिल थे। बारेटो ने बताया कि 57 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि चार सैन्यकर्मी अभी भी लापता हैं। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कल दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान पुटुमायो के एक अन्य शहर में सैनिकों को ले जा रहा था। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

******************

 

बेलारूस की आर्यना सबालेंका मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने चीन की झेंग किनवेन को हराया। सबालेंका का अगला मुकाबला, अमरीका की हैली बैपटिस्ट से होगा।

 

******************

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार का एक लाख तीन हजार सात सौ करोड़ रुपये का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। सत्र को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश में दिल्‍ली का तीसरा स्‍थान है।

 

******************

 

आज विश्व क्षय रोग दिवस है। क्षय रोग की रोकथाम और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ये दिवस मनाया जाता है।

 

******************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर राज्‍यसभा में भारत का रुख स्‍पष्‍ट किया।

 

  1. सर्वोच्च न्यायालय का फैसलाकेवल हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म के व्यक्ति ही अनुसूचित जाति का दर्जा पाने के हकदार।

 

  1. कृषि मंत्री ने कहाकेंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों से किसानों की आय आठ गुना तक बढ़ी।

 

  1. असम, केरलम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच जारी।

 

  1. कोलंबियाई सैन्य विमान दुर्घटना में 66 लोगों की मौत। बचाव अभियान जारी।

 

  1. और बेलारूस की आर्यना सबालेंका मायामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में।

 

******************