March 18, 2026 3:28 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

  1. राज्‍यसभा में, आज बीस राज्‍यों के 59 सांसदों को विदाई दी गई। इनमें 9 महिला सदस्‍य शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लोकतंत्र में उनके स्‍थायी योगदान की सराहना की।
  2. लोकसभा ने एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल बढ़ाया।
  3. सरकार ने एयरलाइंस के लिए यात्री अनुकूल नए नियम जारी किए। कम से कम 60 प्रतिशत सीटें निशुल्‍क चयन के लिए आरक्षित करने और परिवार के लिए सीटों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
  4. भारतीय टैंकर जग लाडकी होर्मुज जल डमरू मध्य के रास्ते संयुक्त अरब अमीरात से 80 हजार टन से अधिक कच्चा तेल लेकर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचा।
  5. पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव बढ़ने के साथ ही इस्राएल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया। छह लोग मारे गए।
  6. मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और विदर्भ में आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया, लद्दाख के कई हिस्सों में हिमपात हुआ।
  7. बैडमिंटन में, आकर्षी कश्यप, किदांबी श्रीकांत, आयुष शेट्टी और मालविका बंसोड आज ऑरलियन्स मास्टर्स में अपने-अपने एकल अभियान की शुरुआत करेंगे।

—–

राज्‍यसभा में आज बीस राज्‍यों के 59 सदस्‍यों को विदाई दी गई। इनमें नौ महिला सदस्‍य शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में इनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि राजनीति में कभी पूर्ण विराम नहीं आता है। 

ये राजनीति में तो फुलस्‍टोप नहीं होता है। भविष्य आपका भी इंतजार कर रहा है और आपका अनुभव आपका योगदान राष्ट्रीय जीवन में हमेशा-हमेशा बना रहेगा। आदरणीय देवगौड़ा जी, आदरणीय खरगे जी, आदरणीय शरद पवार जी ये ऐसे वरिष्ठ लोग हैं, जिनके जीवन का आधे से अधिक उम्र संसदीय कार्य प्रणाली में गई है।

सेवानिवृत्‍त हो रहे उपसभापति हरिवंश का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने सदन में उनके योगदान
की सराहना की।

हरिवंश जी को लंबे समय तक इस सदन में अपने जिम्मेवारी निभाने का अवसर मिला है। बहुत ही मृदुभाषी सदन को चलाने में सबका विश्वास जीतने का निरंतर जिन्होंने प्रयास किया।

—–

प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद के नये सदस्‍यों को इनसे निष्‍ठा के साथ कैसे सदन में आने का तरीका सीखना चाहिए और जहां तक संभव हो सदन में अपना योगदान देना चाहिए तथा समाज द्वारा दी गई जिम्‍मेदारियों के प्रति वचनबद्ध रहना चाहिए।

इससे पहले, सदन के सभापति सी पी राधाकृष्‍णन ने कहा कि हर दो साल में सदन के एक-तिहाई सदस्‍यों की सेवानिवृत्ति इसकी संवैधानिक संरचना को दर्शाती है जिसमें संस्‍थागत स्थिरता को बनाये रखते हुए अनुभवी सदस्‍यों के साथ ही नये सदस्‍यों को भी अवसर प्रदान किया जाता है।

राज्‍यसभा से सेवानिवृत्‍त हो रहे सदस्‍यों को विदाई देते हेुए सदन में विपक्ष के नेता और कांग्रेस वरिष्‍ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे सदन की हर कार्यवाही में भाग लेने की कोशिश करते हैं ताकि अन्‍य सदस्‍यों के ज्ञान का लाभ उठा सकें।

मैंने सदन में नियमित रूप से उपस्थित रहने और चर्चाओं में भाग लेने की पूरी कोशिश करता हूं। इसलिए कि हमको कुछ अनुभव मिलता है, अलग-अलग राज्यों से आए हुए नेताओं से, अलग-अलग विचारधारा के लोगों से, वह अनुभव भी यहां पर वह बताते हैं तो सीखने लायक रहता है।

—–

लोकसभा ने एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित विधेयक की समीक्षा कर रही संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल मानसून सत्र 2026 के अंतिम सप्ताह के पहले दिन तक बढ़ा दिया है। इस विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने का प्रस्‍ताव है। समिति के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने संविधान (संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश अधिनियम (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संयुक्त समिति का कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था जिसे सदन ने ध्वनि मत से पारित कर दिया।

—–

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए वंदे भारत ट्रेनों में कई उन्नत सुरक्षा सुविधाएं प्रदान की गई हैं। आज लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में एंटी-क्लाइम्बिंग सुविधाएँ शामिल की गई हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रेन में स्वदेश में विकसित कवच -स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली लगाई गई है। श्री वैष्णव ने राज्यों से रेलवे परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सक्रिय कदम उठाने की अपील भी की।

वंदे भारत चेयर कार की सर्विसेज 162 सर्विसेज चल चुकी है। मध्यमवर्गीय परिवारों ने इसको बहुत स्वीकार किया है। अमृत भारत ट्रेंनस जो कि गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए बहुत अच्छी सर्विस है। 60 सर्विसेज चल चुकी है देश में नमो भारत रैपिड रेल चार सर्विसेज चल चुकी है, वंदे भारत स्लीपर दो सर्विसेज चल चुकी है। हाइड्रोजन ट्रेन का डेवलपमेंट हो चुका है कंप्लीट, जो कि विश्व की सबसे पावरफुल हाइड्रोजन ट्रेन है।

——

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण – सी सी पी ए ने ई-वाणिज्‍य क्षेत्र में उपभोक्‍ता अधिकारों के उल्‍लंघन के लिए संस्‍थाओं और अनुचित व्‍यापार प्रणालियों के विरूद्ध कार्रवाई की है। लोकसभा में आज पूरक प्रश्‍नों के उत्‍तर में केन्‍द्रीय उपभोक्‍ता कार्य मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने कहा कि अनुचित कार्यप्रणाली को अपनाने वाले इस प्रकार के ई-वाणिज्‍य प्‍लेटफॉर्म के लिए 2020 के बाद विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा नौ सौ 97 नोटिस जारी किए गए हैं।

—–

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी – भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय शिक्षा राज्‍य मंत्री सुकांत मजूमदार ने आज कहा कि पिछले चुनाव में नंदीग्राम में हार चुकी पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बैनर्जी विश्‍वास की कमी के कारण इस बार इस सीट से चुनाव नहीं लड़ रही हैं।

अब राज्‍य की इस हार के साथ उनकी पॉलीटिकल जर्नी जो है उसका फेयरवेल होगा। हम फेयरवेल देंगे बहुत बढि़या से। जनता उनको और उनकी पार्टी को इस बार पूरी तरह से साफ करने वाली है। 

पार्टी के एक अन्‍य सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि आगामी चुनाव बदलते राजनीतिक परिदृश्‍य को दर्शाएंगे। विपक्ष भी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व और भाजपा की नीतियों को स्‍वीकार कर रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि असम में कई विपक्षी नेता भाजपा के लिए बढते जनसमर्थन को स्‍वीकार कर रहे हैं।

जो असम और बंगाल का जो चुनाव है मैं समझता हूं कि पूरा संदेश दे रहा है। बंगाल से विपक्ष का जो सबसे वो ध्‍वस्‍त होने जा रहा है। ममता जी के सक्रिय राजनीतिक जीवन का मैं समझता हूं यह अंतिम चुनाव होगा। असम में कांग्रेस में ही भगदढ़ मच गई है। मैं समझता हूं कि पूरे भारतवर्ष में मोदी जी की नीति का और मोदी जी का नेतृत्‍व का और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का विपक्ष आज लोहा मान रहा है।

——

सरकार ने विमानन कंपनियों को निर्देश दिया है कि किसी भी उड़ान में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें निशुल्‍क चयन के लिए उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यात्रियों को समान अवसर मिल सके। नागर विमानन मंत्रालय ने विभिन्‍न विमानन कंपनियों को यात्रियों की सुविधा, पारदर्शिता और कार्य प्रणालियों में समानता को मजबूती देने के निर्देश जारी किए हैं।

मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया कि एक ही पीएनआर पर यात्रा करने वाले यात्रियों को आस-पास की सीटों पर एक साथ बैठाया जाना चाहिए। मंत्रालय ने बताया कि खेल उपकरण और संगीत वाद्ययंत्रों को ले जाने के लिए भी पारदर्शी और यात्री अनुकूल तरीका अपनाया जाना चाहिए। मंत्रालय का कहना है कि पालतू जानवरों को ले जाने के लिए स्‍पष्‍ट और पारदर्शी नीति लाई जाएगी।

इस बीच, सरकार ने यात्रियों के अधिकारों विशेषकर विमानों में विलंब होने, इसके रद्द होने और विमान पर सवार होने से रोके जाने के मामलों भी कड़े नियमों का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने एयरलाइन की वेबसाइटों, मोबाइल एप्‍लीकेशनों, बुकिंग प्‍लेटफॉर्मों और हवाई अड्डों के काउंटरों पर यात्रियों के अधिकारों का स्‍पष्‍ट उल्‍लेख करने का भी निर्देश दिया है। मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को व्‍यापक पहुंच और जागरुकता के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में यात्रियों के अधिकारों की जानकारी देने को भी कहा है। 

——

भारतीय मालवाहक जहाज ‘जग लडाकी’ कच्चे तेल की एक बड़ी खेप लेकर आज सुबह गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचा। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात से लगभग 81 हजार मीट्रिक टन उच्च गुणवत्ता वाला तेल लेकर आया है।

इससे पहले दो मालवाहक जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदादेवी’ मुंद्रा और वडीनार बंदरगाह पर पहुंच चुके हैं। बंदरगाह पर तेल को रिफाइनरियों तक पहुंचाए जाने की व्‍यवस्‍था की जा रही है।

—–

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि आज सवेरे मध्य बेरूत में दो इस्राइली हमलों में छह लोग मारे गए और 24 घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मलबे से शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। ये हमले घनी आबादी वाले इलाकों में बिना किसी पूर्व सूचना के किए गए।

एक अन्य घटना में, इस्राएली बलों ने मध्य बेरूत में एक 15 मंजिला रिहायशी इमारत को इस दावे के साथ ध्वस्त कर दिया कि हिज़्बुल्लाह तहखाने में धन जमा कर रहा था।

इस बीच, इस्राएल में तेल अवीव के पास ईरानी मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए। आपात बचाव दल ने पुष्टि की कि ये मौतें रमात गान में हुईं। सुरक्षा सेवाओं ने कई प्रभावित स्थलों की सूचना दी, जिससे इस्राएल पर ईरानी मिसाइल हमलों में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर14 हो गई है।

अमरीका ने भी अपनी सैन्‍य गतिविधियां बढा दी हैं और होर्मुज़ जल डमरू मध्य के पास ईरानी मिसाइल प्रतिष्‍ठानों पर हमले की घोषणा की है।

—–

सरकार ने पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति को देखते हुए राज्यों में वाणिज्यिक एलपीजी के आवंटन को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का आह्वान किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव नीरज मित्तल ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा कि ऐसी स्थिति में उठाया गया कदम एलपीजी से प्राकृतिक गैस पाइपलाइन-पीएनजी की दिशा में बढने में सहायक होगा।

——

पश्चिम एशिया में तनाव बढने के मद्देनजर सऊदी अरब आज शाम राजधानी रियाद में अरब और इस्‍लामिक देशों के विदेश मंत्रियों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर रहा है। अमरीका, इस्राएल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के तीन सप्‍ताह के भीतर यह उच्‍चस्‍तरीय वार्ता हो रही है। इस संघर्ष में खाड़ी देशों की अवसंरचनाओं पर पहले ही मिसाइल हमले शुरू हो चुके हैं जिसने वैश्विक नौवहन तथा विमान सेवा को बाधित किया है।

—–

इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में बंगाली स्‍क्‍वायर में एक तीन मंजिला इमारत में आज तड़के भीषण आग लगने से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्‍य गंभीर रूप से घायल हो गए। राज्‍य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्‍होंने दुख व्यक्त करते हुए घटना की जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित करने की घोषणा की।

—–

आज राष्ट्रीय राजधानी के पालम इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने इस घटना में 7 लोगों के हताहत होने की सूचना दी है। विभाग ने बताया है कि आज सुबह 7 बजे सूचना मिलने के बाद 31 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। और जानकारी की प्रतीक्षा है।

—–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पालम में हुई अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इंदौर में हुए अग्निकांड में जानमाल की हानि पर भी प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया है।

—–

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और विदर्भ में आज ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और आंतरिक कर्नाटक में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवा चलने का पूर्वानुमान लगाया है।

——

ऑरलियन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में आकर्षी कश्यप, किदांबी श्रीकांत, आयुष शेट्टी और मालविका बंसोद आज सिंगल्‍स मुकाबलों में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इससे पहले कल आकर्षी कश्यप ने अपने दोनों क्वालीफाइंग मैच जीतकर महिला सिंगल्स के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। पुरुष डबल्स के पहले दौर में, अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतदित्य राव डोड्डावरपु को हार का सामना करना पड़ा। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी, पी. वी. सिंधु और लक्ष्य सेन इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे हैं।

—–

मुख्य समाचार एक बार फिर

  1. राज्‍यसभा में, आज बीस राज्‍यों के 59 सांसदों को विदाई दी गई। इनमें 9 महिला सदस्‍य शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र में उनके स्‍थायी योगदान की सराहना की।
  2. लोकसभा ने एक राष्ट्र, एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल बढ़ाया।
  3. सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए नए नियम जारी किए। एयरलाइंस से कम से कम 60 प्रतिशत सीटें निशुल्‍क चयन के लिए आरक्षित करने और परिवार को आसपास की सीटें देने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
  4. भारतीय टैंकर जग लाडकी होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते संयुक्त अरब अमीरात से 80 हजार टन से अधिक कच्चा तेल लेकर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर पहुंचा।
  5. पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव बढ़ने के साथ ही इस्राएल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया। छह लोग मारे गए।
  6. मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और विदर्भ में आंधी और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया; लद्दाख के कई हिस्सों में हिमपात हुआ।
  7. बैडमिंटन में, आकर्षी कश्यप, किदांबी श्रीकांत, आयुष शेट्टी और मालविका बंसोद आज ऑरलियन्स मास्टर्स में अपने-अपने एकल अभियान की शुरुआत करेंगे।