March 17, 2026 3:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

भारतीय मालवाहक पोत नंदा देवी 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कतर से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते गुजरात के वडीनार बंदरगाह पहुंचा।

 

सरकार ने लोकसभा में बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद देश की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हुई है।

 

लोकसभा ने विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन रद्द किया।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – पीएम पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत बच्चों को दिया जाने वाला पौष्टिक भोजन मानव पूंजी में निवेश।

 

भारत ने अफगानिस्तान के अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा की, हमले में 400 से अधिक लोग मारे गए; इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला और क्षेत्रीय शांति तथा स्थिरता पर खतरा बताया।

 

*****

 

भारतीय पोत नंदा देवी लगभग 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर गुजरात के वडीनार बंदरगाह पर पहुंच गया है। यह पोत कतर से रवाना हुआ था और होर्मुज जल-डमरू-मध्य होते हुए भारत पहुंचा।

 

कल एक और एलपीजी वाहक पोत मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा था। दोनों खेपों से देश के गैस भंडार में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि गैस आपूर्ति में फिलहाल कोई कमी नहीं है।

 

*****

 

दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने आज वडीनार में एक बड़े जहाज से दूसरे जहाज में एलपीजी स्थानांतरण की जानकारी दी। श्री सिंह ने बताया कि मुख्य पोत ‘नंदा देवी’ 46 हजार 500 टन एलपीजी लेकर आ चुका है, जिसे छोटे जहाजों में स्थानांतरित करके एनोर और हल्दिया भेजा जाएगा।

 

नंदा देवी शिप जो आज दो बजकर तीस मिनट पर आया है और यह 46 हजार पांच सौ मीट्रिक टन एलपीजी लेकर के आया है और यहां पर इसका शिप टू शिप ऑपरेशन होगा। ये असल एंकरेज एरिया में, आईसीज में यह ऑपरेशन होगा, ट्रांसफर होग। जो डोटरवेशल है डी डब्‍ल्‍यू बर्च वो भी आ चुका है। उसको साइड में प्‍लेस करने के लिए जो इक्‍यूपमेंट लगते हैं। वैंडर्स वगैरह वो भी पहुंच गये हैं तो वो एरेंजमेंट चल रहा है। अगले एक से डेढ घंटे में ये एक-दूसरे से कपल हो जाएंगे।

 

*****

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है। आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने के लिए विश्व भर में उत्साह बढ़ रहा है।

 

पूरे विश्व में एक प्रकार से भारत के साथ व्यापारिक संबंध बढ़ाने का आज उत्साह है। तीन, साढे तीन वर्षों में हमने 38 विकसित देशों में द्वार खुले हैं, अब भारत के निर्यातकों के लिए। भारत के लिए अपार संभावनाएं हैं, भारत के मछवारों के लिए, भारत के किसानों के लिए, भारत के छोटे सूक्ष्‍म-लघु उद्योग के लिए, नए निर्यातकों के लिए, नये प्रॉडक्ट्स और नए सर्विसेज के लिए, नई मार्किट्स खुलेंगी बडे रूप में।  अंतरराष्ट्रीय व्यापार में भारत का शुरू नया अध्याय लिखा जा रहा है।

 

श्री गोयल ने कहा कि जब मुक्त व्यापार समझौते लागू हो जाएंगे, तो भारतीय निर्यातकों के लिए व्‍यापक अवसर सृजित होंगे।

 

*****

 

सरकार ने पारदर्शिता, जवाबदेही और किसानों को समय पर दावों का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में संशोधन किया है। आज लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कृषि और किसान कल्याण मंत्री, शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले किसानों को भुगतान प्राप्त करने के लिए कई महीनों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब यदि बीमा कंपनियां 21 दिनों के भीतर दावों का निपटान करने में विफल रहती हैं, तो उन्हें भी कृषि संबंधी दावों पर 12 प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान करना होगा। श्री चौहान ने कहा यदि राज्य सरकारें भी दावा प्रक्रिया में देरी करती हैं, तो उन्हें किसानों को 12 प्रतिशत ब्याज देना होगा। उन्होंने कहा कि किसान, दावा निपटान से संबंधित अपनी शिकायतों के लिए कृषि रक्षक पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। श्री चौहान ने एकीकृत खेती और छोटे किसानों के लाभ के बारे में भी बताया।

 

एकीकृत खेती के अनेकों मॉडल पर काम करना शुरू किया है और कई जगह उनका डेमोंसट्रेशन भी कर रहे हैं क्योंकि छोटा किसान केवल एक फसल ना लगाये। वो खाद्यान्न भी, गेहूं-चावल भी, सब्जियां भी, फल भी, पशुपालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन या कृषि वानिकी अलग-अलग कई क्षेत्रों में वह ध्यान दे सकता है। हमने ये प्रयत्‍न किया कि छोटे किसान की खेती भी लाभ का धंधा कैसे बने।

 

*****

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि स्वास्थ्य बीमा सरकार की प्राथमिकता है। सरकार वर्ष 2033 तक सभी को बीमा कवरेज प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि एक व्यापक ग्रामीण पहुंच योजना शुरू की गई है जिसके तहत देश भर में 25 हजार ग्राम पंचायतों को स्वास्थ्य बीमा के दायरे में लाया जाएगा।

 

मैं बताना चाहूंगा कि बीमा नियामक संस्था, आईआरडीएआई ने वर्ष 2024 में ग्रामीण सामाजिक क्षेत्र और मोटर बीमा के तृतीय पक्ष दायित्वों के लिए बीमा नियामक विकास प्राधिकरण के नियमों को अधिसूचित किया है, जिसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर बीमा का समावेश किया गया है। इस प्रकार, दूर-दराज के क्षेत्र भी इसके दायरे में आएंगे।

 

श्रीमती सीतारमण ने कहा कि भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण- आईआरडीएआई ने 2024 में नियम अधिसूचित किए हैं जिनके तहत ग्राम पंचायत को बीमा कवरेज और ग्रामीण दायित्वों को मापने की मूल इकाई माना जाएगा।

 

स्वास्थ्य बीमा सरकार की प्राथमिकता है। वास्तव में, उद्योग और उसकी नीति के तहत, 2033 तक हम सभी के लिए बीमा कवर उपलब्ध कराने की उम्मीद कर रहे हैं। दिसंबर 2025 में हमने एक विधेयक पेश किया था जिसके तहत हमने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश कवरेज को 100 प्रतिशत तक बढ़ा दिया था। लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य बीमा बाजार में व्यापक पहुचं बनाना और उसे मजबूत करना था।

 

*****

 

लोकसभा ने आज सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करने के बाद आठ विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने यह प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें सदस्यों का निलंबन तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का प्रस्ताव था। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह, राजा वारिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पाडोले और किरण कुमार रेड्डी तथा सीपीआई (एम) के एस वेंकटेशन शामिल हैं।

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कल लोकसभा में विभिन्न दलों के नेताओं की बैठक के दौरान, प्रत्येक दल ने संसद की परंपराओं का पालन करने तथा सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

मेरा आपसे इतना आग्रह है संसद भवन परिसर सभागृह के अंदर या सभागृह के बाहर एआई जनरेट फोटो, प्ले कार्ड, बैनर आदि का प्रदर्शन न करें, कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और देश की सोच संस्‍था सांसद है। हम सदन की गरिमा, प्रतिष्ठा, पवित्रता, मर्यादा बनाने में सहयोग करें।

 

श्री रिजिजू ने कहा कि अगर विपक्षी सदस्य जिम्मेदारी से चर्चा करना चाहते हैं तो सरकार इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए हमेशा तैयार है। कांग्रेस के मुख्य सचेतक के. सुरेश द्वारा कुछ सदस्यों की अनजाने में हुई गलती पर खेद व्यक्त करने के बाद श्री रिजिजू ने प्रस्ताव पेश किया। समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव और राष्ट्रीय कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) की सुप्रिया सुले ने इसका समर्थन किया।

 

*****

 

नई दिल्ली में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण – पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को उपलब्ध कराया जाने वाला पौष्टिक भोजन, देश की मानव पूंजी में एक महत्वपूर्ण निवेश है।

 

सरकार द्वारा पीएम पसंद शक्ति निर्माण विश्व का सबसे बड़ा मिड डे मील प्रोग्राम चलाया जा रहा है। और सशक्‍त राष्‍ट्र के निर्माण की दिशा में अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण कदम है। ये अभियान भारत में बच्चों की आरंभिक शिक्षा में अवरोध डालने वाली पोषण की समस्या का समाधान करने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का दिशा में सराहनीय पहल है।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने शिक्षा को मानव जीवन में अवसर सृजित करने का एक महत्वपूर्ण साधन बताया।

 

*****

 

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी के साथ मिलकर आज नई दिल्ली में इंडिया पोस्ट की गारंटीड नेक्स्ट-डे डिलीवरी सेवाएं, 24 स्पीडपोस्ट, 24 स्पीडपोस्ट पार्सल और 48 स्पीडपोस्ट लॉन्च कीं। इस अवसर पर श्री सिंधिया ने कहा कि पहले चरण में यह सेवा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित 6 शहरों में उपलब्ध होगी।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो-एनसीबी के स्थापना दिवस पर कर्मियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि एनसीबी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशामुक्त भारत के सपने को उल्लेखनीय गति से आगे बढ़ा रही है। एनसीबी को देश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए समर्पित एक प्रमुख एजेंसी बताते हुए श्री शाह ने कहा कि राष्ट्र उनके समर्पण और देशभक्ति को सलाम करता है।

 

*****

 

अफ़गानिस्तान की राजधानी काबुल में कल रात एक अस्पताल पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 लोग मारे गए और करीब 250 घायल हो गए। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि पाकिस्तानी हवाई हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

 

*****

 

भारत ने कल रात काबुल के ओमिद नशा मुक्ति अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की स्पष्ट रूप से निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में कहा कि हिंसा का यह कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य, किसी भी तरह से सैन्य कार्रवाई के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, इस नरसंहार को सैन्य अभियान का नाम देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की आक्रामकता, अफगानिस्तान की संप्रभुता पर स्पष्ट हमला है और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा खतरा है।

 

श्री जायसवाल ने कहा कि यह हमला रमजान के पवित्र महीने के दौरान किया गया, जो दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय के लिए शांति, चिंतन और दया का समय होता है। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी धर्म या कोई भी कानून, किसी अस्पताल और मरीजों पर किए गए हमले को उचित नहीं ठहरा सकता।

 

भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराते हुए हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

*****

 

भारत ने पाकिस्‍तान द्वारा अहमदियों पर रमज़ान के दौरान किए गए क्रूर दमन और अफगानिस्तान पर हवाई बमबारी की कडी आलोचना की है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस्लामोफोबिया विरोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने कहा कि पाकिस्‍तान अपने पड़ोस में इस्‍लाम विरोधी भावना यानी इस्लामोफोबिया की मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने में बहुत निपुण है।

 

पाकिस्‍तान ने भारत में इस्लामोफोबिया की मनगढ़ंत कहानियाँ गढ़ने का एक बडा उदाहरण पेश किया है। आश्चर्य होता है कि इस देश में अहमदियों के क्रूर दमन, असहाय अफगानों के व्यापक सुधार या रमजान के इस पवित्र महीने में हवाई बमबारी जैसे कृत्यों को क्या नाम दिया जाएगा। भारत 20 करोड़ से अधिक मुसलमानों का घर है, जो विश्व की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी में से एक है।

 

*****

 

अफ़गानिस्तान ने इन हमलों का करारा जवाब देने की चेतावनी दी है। अफ़गानिस्तान में गृह मंत्रालय के प्रवक्ता, अब्दुल मतीन काने ने कहा कि अफ़गानिस्तान, पाकिस्तान के इस हमले अनदेखा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अफ़गानिस्‍तान, इन हमलों को देश की संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन मानता है। अफ़गानिस्‍तान ने देश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में, पाकिस्तान के सैन्य अभियानों की निंदा की है।

 

*****

 

पश्चिम एशिया में आज इराक की राजधानी बगदाद और कतर की राजधानी दोहा सहित कई अन्‍य क्षेत्रों में हवाई हमले हुए। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। बगदाद में, अमरीकी दूतावास पर ड्रोन और रॉकेट हमले किए गए। इराक के अधिकारियों ने हमलों को रोकने की सूचना दी है। अल-रशीद होटल पर भी ड्रोन हमला हुआ, जबकि अल-जादिरिया में एक अन्य हमले में चार लोगों के मारे जाने की खबर है।

 

*****

 

बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत, आयुष शेट्टी और तन्‍वी शर्मा आज फ्रांस के पैलैस देस स्पोर्ट्स में शुरू हो रहे ऑरलियन्‍स मास्‍टर्स सुपर-300 टूर्नामेंट में भारत की चुनौती पेश करेंगे।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

भारतीय पोत नंदा देवी 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कतर से होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते गुजरात के वडीनार बंदरगाह पहुंचा।

 

सरकार ने लोकसभा में बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद देश की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हुई है।

 

लोकसभा ने विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन रद्द किया।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – पीएम पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत बच्चों को दिया जाने वाला पौष्टिक भोजन मानव पूंजी में निवेश।

 

भारत ने अफगानिस्तान के अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा की, हमले में 400 से अधिक लोग मारे गए; इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला और क्षेत्रीय शांति तथा स्थिरता पर खतरा बताया।

 

*****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.