March 7, 2026 3:33 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

नेपाल में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आम चुनाव में प्रचंड जीत की ओर। 165 में से 36 सीटें जीती 83 पर आगे।

 

पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष ने आठवें दिन में प्रवेश किया। अमरीका ने इज़राइल को 151 मिलियन डॉलर की हथियार बिक्री को मंजूरी दी।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में एक हजार 129 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

 

तेल कंपनियों ने महानगरों में गैर-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की।

 

और, चेक गणराज्‍य के प्राग में अंतर्राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट में डी. गुकेश ने नौवें और अंतिम दौर में स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो को हराया।

 

—-

 

नेपाल में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आम चुनाव में प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है। उनकी पार्टी 165 में से 36 सीटें जीत चुकी है और 83 पर आगे है। एक रिपोर्ट-

 

फर्स्‍ट पास्‍ट द पोस्‍ट प्रणाली के तहत एक सौ 65 निवार्चन क्षेत्रों में से अब तक 48 निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम परिणाम घोषित हो गए हैं। राष्‍ट्रीय स्‍वतंत्र पार्टी के उम्‍मीदवार 36 सीटों में विजयी हुए हैं और 83 सीटों में उन्‍हें बढ़त मिली है। अभी तक नेपाली कांग्रेस को छह सीटें, यूएमएल और एनसीपी को दो सीटों पर विजय प्राप्‍त हुआ है। श्‍वेता सिंह आकाशवाणी समाचार काठमांडू। 

 

—-

 

पश्चिम एशिया में सैन्‍य संघर्ष के आठवें दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अमरीका-इस्राएल और ईरान ने हवाई और ड्रोन हमले जारी रखे हैं। इस बीच, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने इस्राएल को 15 करोड डॉलर से अधिक के हथियार बेचने की मंजूरी दे दी है। आज तड़के ईरान की राजधानी तेहरान पर फिर हवाई हमले हुए। इस्राएली सेना ने तेहरान पर फिर हमले की चेतावनी दी थी।

 

संयुक्‍त राष्‍ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद इरवानी ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में अब तक एक हजार तीन सौ 32 लोग मारे गये हैं। उधर, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा और ईरान को बिना शर्त समर्पण करना होगा।

 

—-

 

इस बीच, ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि बिना शर्त समर्पण की अमरीका की मांग, ख़्वाब ही रहेगी। उन्‍होंने खाड़ी देशों में ईरान के हमलों पर खेद भी व्‍यक्‍त किया। राष्ट्रपति ने कहा कि ये हमले सेना की भीतर गलतफहमी के कारण हुए और ईरान हमले रोक देगा।

 

—-

 

कतर स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए कुछ और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये  नंबर हैं: +974-5564-7502, +974-5536-2508 और +974-553-846-83।

 

दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ये नंबर चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। दूतावास से ई-मेल पते cons.doha@mea.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 

—-

 

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर की इस ख़बर का खंडन किया है कि सऊदी अरब ने एक भारतीय सहित इस्राएल की खुफिया एजेंसी मोसाद के दो एजेंट को गिरफ्तार किया है। मंत्रालय की तथ्य जांच इकाई ने इस दावे को फर्जी बताया है। मंत्रालय ने लोगों से निराधार दावों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।

 

—-

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत के उत्थान का आकलन इसकी अपनी शक्ति के आधार पर किया जाएगा, न कि दूसरे देशों की गलतियों के आधार पर। नई दिल्‍ली में  रायसीना डायलॉग में हिंद महासागर का भविष्य विषय पर उन्‍होंने कहा कि भारत के अभ्‍युदय की दिशा बिल्‍कुल स्‍पष्‍ट है, और इसे रोका नहीं जा सकता। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति से हिंद महासागर के अन्‍य देश भी लाभान्वित होंगे और जो भारत के साथ होंगे, उन्‍हें अधिक लाभ मिलना तय है।

 

हिंद महासागर के संदर्भ में भारत का विशेष महत्व है और इसलिए यह एक विशेष जिम्मेदारी और योगदान भी है। इसका एक कारण यह भी है कि हमारे अच्छे संबंधों के चलते हम कई देशों को एक मंच पर ला सकते हैं, शायद वे हम पर अधिक भरोसा करते हैं या हमारे साथ अधिक सहज महसूस करते हैं। हमारी संस्‍थाएं आईओआरए, कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन, बिम्सटेक विशाल हिंद महासागर को वृहत्‍तर आकार दे रही हैं। अपने सहयोगी देशों सेशेल्स, मॉरीशस और श्रीलंका – की नौसेनाओं और तटरक्षक बलों के साथ हमारा एक लंबा सहयोगात्मक इतिहास रहा है।

 

कार्यक्रम में सेशेल्‍स, मॉरिशस और श्रीलंका के विदेशमंत्रियों तथा ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व विदेश मंत्री ने भी अपना पक्ष रखा।

 

—-

 

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज उत्तराखंड के हरिद्वार में एक हजार एक सौ 29 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में राज्‍य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और महत्वपूर्ण निर्णयों पर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।

 

संथाली लोग अपनी मातृ भाषा एवं लिपि में लिखे नए संविधान को पूरी तरह जान सकेंगे और उसी हिसाब से अपनी जीवन शैली को बना सकेंगे। भारत सरकार द्वारा पिछले दशक के दौरान आदिवासी समाज के गौरव को नई पहचान दी गई तथा उनके विकास को नई गति प्रदान की गई। 

 

राष्‍ट्रपति ने कहा कि संथाली संस्कृति और परंपराएं प्रकृति से गहरे जुड़ी हैं और पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के साथ मनुष्य के सह-अस्तित्व के अनुकूल हैं।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि संथाली भाषा संविधान की 8वीं अनूसूची में शामिल है।

 

2003 के संथाली समुदाय के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उस पर संथाली भाषा को भारत के संविधान के आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया। मुझे इस बात का गर्व है, संथाली भाषा को संविधान में स्‍थान दिलाने के लिए बहुत सारी संस्‍थाएं मांग किए थे। मैं भी उनमें से एक हूं। तत्‍कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने मुझे बहुत प्रोत्‍साहित किया और 2003 में संविधान के अष्‍टम परिषद में उसको शामिल किया गया।

 

—-

 

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा है कि भारत वैश्‍विक क्षमता केन्‍द्र बनकर उभरा है। उन्‍होंने बताया कि एरोस्‍पेस क्षेत्र की अग्रणी कम्‍पनी एयरबस, यूरोप से बाहर अपना दूसरा सबसे बडा डिजिटल केंद्र भारत में स्‍थापित कर रही है। बेंगलुरू मे एयरबस इंडिया टेक्‍नॉलिजी सेंटर का आज वचुर्अल माध्‍यम से उद्घाटन करते हुए श्री नायडू ने कहा कि इस इकाई में, एयरबस के वाणिज्‍य विमान और हेलीकॉप्‍टरों की महत्‍वपूर्ण प्रणालियों को डिजाइन और विकसित किया जाएगा।

 

—-

 

नागर विमानन महानिदेशालयडी.जी.सी.. ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को हवाई अड्डा लाइसेंस प्रदान किया है। हवाई अड्डे को सार्वजनिक उपयोग श्रेणी के अंतर्गत संचालन के लिए लाइसेंस दिया गया है।

 

—-

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आज केरल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। श्री कुमार ने बताया कि उन्‍होंने राजनीतिक दलों के अलावा विभिन्‍न पक्षों से बातचीत की।

 

हमने सभी राजनीतिक दलों के साथ विस्तृत चर्चा की। हमने केरल के उन युवाओं से भी मुलाकात की जो आगामी चुनावों में मतदान करेंगे। मैं साक्षरता क्लब और उन सभी युवा लड़कों और लड़कियों की भी सराहना करता हूँ जिनसे हमने यहाँ आने से पहले मुलाकात की। हम अपने बूथ स्तरीय कर्मियों की कड़ी मेहनत की सराहना करते हैं केरल ने दुनिया के कई हिस्सों को लोकतंत्र का सही अर्थ सिखाया है।

 

—-

 

आज जन औषधि दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना से लाभान्वित लोगों को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि परियोजना से अनगिनत परिवारों के इलाज़ के ख़र्च में बचत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार किफायती कीमतों पर गुणवत्तापरक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

—-

 

प्रधानमंत्री कल नई दिल्ली में लगभग 33 हजार पांच सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे लगभग 18 हजार 300 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी दिल्ली मेट्रो के दो नए गलियारे का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें लगभग 12 दशमलव 3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क – मौजपुर बाबरपुर – पिंक लाइन कॉरिडोर और लगभग नौ दशमलव नौ किलोमीटर लंबा दीपाली चौक-मजलिस पार्क-मैजेंटा लाइन कॉरिडोर शामिल हैं।

 

—-

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर नई दिल्‍ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। महिला और बाल विकास मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी और राज्‍य मंत्री सावित्री ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में सशस्‍त्र बल, पुलिस और अन्‍य क्षेत्रों सहित 150 मंत्रालयों, विभागों और संगठनों से लगभग एक हजार महिलाएं भाग लेंगी। कार्यक्रम में दो पैनल चर्चाएं भी होंगी। पहली चर्चा श्रम संहिता- महिला सशक्तिकरण पर और दूसरी चर्चा स्‍व सहायता समूह की महिला उद्यमियों पर केंद्रित होगी।

 

—-

 

महिला और बाल विकास मंत्रालय कल नई दिल्‍ली में अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर शक्ति वॉक का आयोजन करेगा। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

पदयात्रा सुबह साढ़े सात बजे से सुबह दस बजे तक चलेगी और इंडिया गेट से विजय चौक तक कर्तव्य पथ पर लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय करेगी। शक्ति पदयात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के नेतृत्व और योगदान को सम्मानित करना है। इस पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों, संसद सदस्यों, विधायकों और अन्य प्रतिष्ठित महिला नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों सहित महिला जन प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। प्रतिभागी शी लीड्स भारतथीम के तहत एक साथ चलेंगे, जो प्रगतिशील और समावेशी भारत को आकार देने में महिलाओं की केंद्रीय भूमिका को उजागर करता है। सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की महिला अधिकारियों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों को भी इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। नारीत्व और राष्ट्रीय गौरव की भावना का जश्न मनाने के लिए, इंडिया गेट पर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी जाएगी। रोहन के साथ सकलेन अख्‍तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

—-

 

घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत आज से 60 रुपये बढ़ गई है। यह दर महानगरों में लागू होगी।  अब दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912 रुपये 50 पैसे, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928 रुपये 50 पैसे हो गए हैं। व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 115 रुपये की वृद्धि की गई है।

 

—-

 

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण, 9 मार्च से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष, ओम बिरला को उनके पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा निर्धारित है।

 

पिछले महीने बजट सत्र के पहले चरण के दौरान, विपक्ष ने लोकसभा के महासचिव को अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इसमें लोकसभा अध्यक्ष पर पक्षपातपूर्ण ढंग से कार्य करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की गई थी।

 

—-

 

सरकार ने सोशल मीडिया की इन खबरों का खंडन किया है कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर सिलीगुड़ी कॉरिडोर के पास एक नया केंद्रशासित प्रदेश बनाया जा रहा है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने स्पष्ट किया है कि सरकार के समक्ष ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

 

—-

 

और अब खेल खबरो के साथ हैं प्रियंका अरोड़ा।

 

सबसे पहले बात बैडमेंटन की ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष सिगंल्स सेमीफाइनल में आज शाम लक्ष्यसेन का सामना कनाडा के विक्टर लाई से होगा। कल लक्ष्य सेन ने क्वार्टरफाइनल में चीन के ली शी फेंग को हराया। उधर शतरंज, की बात करें तो चेक गणराज्‍य में प्राग अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट के मास्टर्स वर्ग में ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने कल नौवें और अंतिम दौर में स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो को हराया। अरविंद चिदंबरम ने अंतिम दौर में चेक गणराज्‍य के डेविड नवारा को हराकर 5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। चैलेंजर्स वर्ग में दिव्या देशमुख ने चेक गणराज्य की हर्बेक स्टेपन को हराकर 5 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली पांचवें स्थान पर रहे और आखिर में बात क्रिकेट की आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप के खिताबी मुकाबले में कल भारत और न्‍यूजीलैंड आमने सामने होंगे। फाइनल अहमदाबाद के नरेन्‍द्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। 

 

—-

 

अफगानिस्‍तान-पाकिस्‍तान सीमा पर सैन्‍य संघर्ष के कारण लगभग एक लाख 18 हजार लोग विस्‍थापित हुए हैं। इनमें अफगानिस्तान के लगभग एक लाख 15 हजार लोग और पाकिस्तान के लगभग तीन हजार लोग शामिल हैं।

 

संयुक्‍त राष्‍ट्र अफगानिस्‍तान सहायता मिशन ने दोनों देशों से शत्रुतापूर्ण कार्रवाई तुरंत रोकने और अंतर्राष्‍ट्रीय मानवाधिकार कानूनों का पालन करने की अपील की है।

 

—-

 

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और गुजरात में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले दो-तीन दिन तक पश्चिमी राजस्थान और कोंकण में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। ओडिशा में भी आज कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। अगले चार दिनों तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा।

 

—-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

नेपाल में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आम चुनाव में भारी जीत की ओर। 165 में से 36 सीटें जीती 83 सीटों पर आगे।

 

पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष आठवें दिन भी जारी। अमरीका ने इज़राइल को 151 मिलियन डॉलर की हथियार बिक्री को मंजूरी दी।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में 1 हजार 129 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

 

तेल कंपनियों ने महानगरों में गैर-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की।

 

और, चेक गणराज्‍य के प्राग में अंतर्राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट में डी. गुकेश ने नौवें और अंतिम दौर में स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो को हराया।

 

—-