March 2, 2026 3:34 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

  1. भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग पर समझौतों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में संकट का संवाद और कूटनीति से समाधान निकालने का आह्वान किया।
  3. ईरान पर इज़राइल-अमरीका की संयुक्त सेनाओं के मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज हो गया है। ईरान का अमरीका के साथ बातचीत करने से इनकार।
  4. ब्रिटेन ने ईरानी मिसाइल स्थलों पर हमले करने के लिए अपने ठिकानों के इस्‍तेमाल की अनुमति दी।
  5. एयर इंडिया की संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इज़राएल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानें आज भी रद्द।
  6. केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण राज्यों को परामर्श जारी कर सावधानी बरतने को कहा।
  7. और, युद्ध के कारण तेल आपूर्ति में बाधा की आशंका से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि। दुनिया भर के शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई।

*************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कॉर्नी ने आज नई दिल्‍ली में हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्‍तर की वार्ता की। इस दौरान भारत और कनाडा के बीच विभिन्न क्षेत्रों में तीन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें महत्वपूर्ण खनिज सहयोग, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और सांस्कृतिक सहयोग शामिल हैं। बातचीत के बाद संयुक्‍त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री ने कहा कि समझौतों से आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।

 

क्रिटिकल मिनरल्‍स पर आज हुआ एम ओ यू, रिजिलियन्‍स सप्‍लाई चेन को मजबूती देगा। स्‍पेस सेक्‍टर में हम दोनों देशों के स्‍टार्टअप और इंडस्‍ट्रीज को जोडेंगे। ऊर्जा के क्षेत्र में हम नेस्‍ट जनरेशन पार्टनरशिप बना रहे हैं। जिसमें हाइड्रो कार्बन के साथसाथ रिन्‍यूबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और एनर्जी स्‍टोरेज पर विशेष बल दिया जाएगा। हमें खुशी है कि कनाडा ने इंटरनेशनल सोलर एलायंस और ग्‍लोबल बॉयो फ्यूल एलायंस से जुड़ने का निर्णय लिया है।

 प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है।

     

हमारा लक्ष्‍य है कि 2030 तक हमारा व्‍यापार, 50 बिलियन डॉलर तक पहुंचे। आर्थिक सहयोग का पूरा पोंटेशियल अनलॉक करना, यह हमारी प्राथमिकता है। इसलिए हमने काम्प्रिहेन्सिव इक्‍नॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट को जल्‍द ही फाइनलाइज करने का निर्णय लिया है। इससे दोनों देशों में निवेश और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

 

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा भारत के साथ अपने संबंधों को नवीनीकृत और विस्तारित कर रहा है। इससे पहले आज सुबह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने भविष्योन्मुखी साझेदारी की रूपरेखा तैयार करने के लिए उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। बाद में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कार्नी भी भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में संघर्ष पर गहरी चिंता व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने कहा कि भारत, संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है।

       

पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत डॉयलाग और डिप्‍लोमेसी के माध्‍यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए, हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए इसके खिलाफ दोनों देशों का घनिष्ठ सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

*************

केंद्र सरकार ने इस्राएल-अमरीका द्वारा ईरान पर हमलों के मद्देनजर भारत में संभावित हिंसा को लेकर राज्यों को चेतावनी जारी की है। सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर भड़काऊ भाषण देने वाले ईरान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशकों की पहचान करने को कहा है। पत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने से बचने के लिए खुफिया जानकारी साझा करने और कार्रवाई को तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया गया है।

*************    

 इस्राएल-ईरान संघर्ष के चलते फंसे भारतीय नागरिकों के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उनके बचाव और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में मीडिया से बात करते हुए श्री रिजिजू ने यह बात कही।

 

विदेश में जो हमारे भारतीय लोगों का समस्‍या जैसे होती है उनको लाने में और संभालने में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्‍व में जो आज तक होते आए हैं, कभी भी पहले ऐसे कोई सरकार नहीं करती थी। इतना व्‍यापक सहायता करते हैं। विदेश मंत्रालय के अपनेअपने मिशन्‍स होते हैं, हर देश में, उन मिशन्‍स के माध्‍यम से भारतीय लोगों को मदद करते हैं हमेशा।

************

ईरान और इस्राएल-अमरीका के मिसाइल और ड्रोन हमलों से पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ गया है। ईरान और इसके समर्थित मिलिशिया ने इस्राएल तथा खाड़ी देशों पर मिसाइल हमले किए है। वहीं, इस्राएल और अमरीका ने ईरान के कई ठिकानों पर बमबारी की। ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने कहा है कि वे ईरान के हमलों का मुकाबला करने के लिए अमरीका के साथ हैं। बढ़ते तनाव के बीच ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने कहा है कि उनका देश अमरीका के साथ बातचीत नहीं करेगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने हाल ही में हुए अमरीकी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमरीका कुवैत में मारे गए अपने तीन सैनिकों की मौत का बदला लेगा। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान के नौ युद्धपोत डूब गए हैं और नौसेना का मुख्यालय भी काफी नष्ट हो गया है। उधर, इस्राएल ने बेरूत पर जवाबी कार्रवाई की। इस हमले में 31 लोग मारे गये। आज इस्राएल की वायु सेना ने अपने क्षेत्र में ईरान की ओर से मिसाइलें दागे जाने की सूचना दी। ईरान ने दावा किया है कि कुवैत में अमरीका का एफ-15 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

*************

इस बीच, एयर इंडिया ने पश्चिमी एशिया में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रा परामर्श जारी किया है। परामर्श में एयर लाइन ने कहा गया है कि संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इस्राएल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानें आज भी स्‍थगित रहेंगी। इसके अलावा, आज यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। इनमें अमृतसर से बर्मिंघम, दिल्ली से ज्यूरिख, दिल्ली से कोपेनहेगन और बर्मिंघम से दिल्ली जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। परामर्श में बताया गया है कि उत्तरी अमरीका और यूरोप जाने वाली अन्य सभी उड़ानें पश्चिमी एशिया में उपलब्ध हवाई क्षेत्रों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए निर्धारित समय पर संचालित होंगी। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है।

*************

अमरीका- इस्राएल हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामनेई की हत्या के विरोध में पूरे कश्मीर में लगाए गए प्रतिबंधों के कारण जम्मू-कश्मीर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घाटी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। कश्मीर क्षेत्र में सभी सरकारी और निजी स्कूल तथा कॉलेज आज और कल के लिए बंद कर दिए गए हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

*************

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज दिल्ली में महिलाओं को समर्पित चार योजनाएँ शुरू कीं। इनमें लखपति बिटिया योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड, मेरी पूंजी मेरा अधिकार और मुफ्त एल.पी.जी. सिलेंडर योजना शामिल हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकार की कई     कल्‍याणकारी योजनाओं का उल्‍लेख किया।

 

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं योजना के माध्‍यम से बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्‍जवला योजना करोड़ों महिलाओं को धुंए से मुक्ति दिलाती है। प्रधानमेंत्री मुद्रा योजना के द्वारा महिलाओं को स्‍वरोजगार के लिए ऋण सुविधा दी जा रही है। लखपति दीदी योजना जैसी पहलों से महिलाओं को आत्‍मनिर्भर बनाने का अवसर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं के स्‍वास्‍थ्‍य में अहम भूमिका निभा रही है। महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण, समान वेतन का अधिकार और संपत्ति में अधिकार के लिए भी अनेक सुधार किये गए हैं।

 

राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि उनका सम्मान और सशक्तिकरण एक सभ्य राष्ट्र की सच्ची पहचान है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में भारत का नाम रोशन कर रही हैं।

 

महिलाएं हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। सैनिक के रूप में ये देश की सीमाओं की रक्षा कर रही हैं। वैज्ञानिक के रूप में प्रयोगशालाओं में शोध कर रही हैं। खेल, प्रतिस्‍पर्धाओं में अंतर्राष्‍ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहरा रही हैं। राजनीति, समाज सेवा, प्रशासन तथा व्‍यापार जगत सभी क्षेत्र में महिलाएं नई उंचाइयां छू रही हैं। देशभर के दीक्षांत समारोह में उपाधि और पदक प्राप्‍त करने वाले विद्यार्थियों में बेटियों की बढ़ती संख्‍या मेरे सामने प्रेरणादायक दृश्‍य प्रस्‍तुत करती है।

  ****************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज संस्कृत सुभाषितम् पाठ सोशल मीडिया पोस्ट में साझा किया। इस पाठ में आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के महत्व पर बल दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की युवा शक्ति के अतुलनीय संकल्‍प पर बल दिया।

—————-

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि लगभग 19 विदेशी विश्वविद्यालय, चालू शैक्षणिक सत्र में भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए तैयार हैं। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्टडी इन इंडिया एजुकेशन-डिप्लोमैटिक कॉन्क्लेव 2026’ को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि भारतीय संस्थान सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जैव प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि और सतत प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में वैश्विक संस्थानों के साथ सहयोग कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने विदेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

***********

प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने आज अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के प्रावधानों के अंतर्गत लगभग 18 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। निदेशालय ने बताया कि इस मामले में जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य अब 37 करोड़ 23 लाख रुपये हो गया है।

************

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण आज दोपहर वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में लगभग नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान की आशंका बढ़ गई है। होर्मुज से वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत और भारत के कच्चे तेल आयात का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा गुजरता है। ताजा समाचारों के अनुसार, ब्रेंट क्रूड 9 दशमलव 4 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 79 डॉलर और 76 सेंट प्रति बैरल पर और डब्‍ल्‍यू टी आई-क्रूड भी आठ दशमलव आठ प्रतिशत बढ़कर 72 डॉलर और 89 सेंट प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

*********

पश्चिमी एशिया में संघर्ष तेज होने के कारण आज घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। दोपहर के कारोबार के दौरान दोनों दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतिम रिपोर्ट के अनुसार, सेंसेक्स एक हजार छह सौ 79 अंक लुढकर 79 हजार छह सौ 8 जबकि निफ्टी पांच सौ 11 अंक गिरावट के साथ 24 हजार छह सौ 68 पर था।

***********

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें अंगदान के महत्‍वपर विशेष परिचर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञों से प्रश्‍न पूछ सकेंगे। हमारा  टेलीफोन नंबर है- 011-2331-0481, 011-2371-7117, 011-2371-7106 और 011 – 2331-4444. आप हमारे व्हाट्सएप नंबर 92890-94044 पर भी प्रश्न पूछ सकते हैं। हैशटैग आस्क.आई.आर. के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी सवाल पोस्ट किये जा सकते हैं।

**************

टी-20 क्रिकेट विश्‍वकप में, भारत ने वेस्‍टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल बुधवार को ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा। दूसरा सेमीफाइनल बृहस्‍पतिवार को मुंबई में भारत और इंग्लैंड के बीच होगा।दोनों मैचों के विजेता 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेन्‍द्र मोदी स्टेडियम में फाइनल खेलेंगे।

***************

मौसम विभाग ने उत्‍तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

**********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  1. भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा और सांस्कृतिक सहयोग पर समझौतों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।
  2. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में संकट का संवाद और कूटनीति से समाधान निकालने का आह्वान किया।
  3. ईरान पर इस्राइल और अमरीका की संयुक्त सेनाओं के मिसाइल हमलों से पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज हो गया है। ईरान का अमरीका के साथ बातचीत करने से इनकार।
  4. ब्रिटेन ने ईरानी मिसाइल स्थलों पर हमले करने के लिए अपने ठिकानों के इस्‍तेमाल की अनुमति दी।
  5. एयर इंडिया की संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इज़राएल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानें आज भी रद्द।
  6. केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण राज्यों को परामर्श जारी कर सावधानी बरतने को कहा।
  7. और, युद्ध के कारण तेल आपूर्ति में बाधा की आशंका से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि। दुनिया भर के शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई।

*****

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.