January 1, 2026 3:07 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सभी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखने का आग्रह; कहा – ‘स्किल द नेशन चैलेंज’ अभियान भविष्य के लिए कार्यबल तैयार करेगा।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर रेलगाड़ी को जल्‍द ही रवाना करेंगे। यह रेलगाड़ी कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलेगी।
  • केंद्र सरकार ने चार नई श्रम संहिताओं के लिए मसौदा नियमों को अधिसूचित किया। लोगों से सुझाव मांगे।
  • भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा – देश की अर्थव्यवस्था लगातार सुदृढ़ होती जा रही है।
  • और, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए प्रमुख योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नौ वर्ष पूरे हुए।

 

—————————————————–

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तकनीक के साथ देश में सकारात्मक बदलाव लाने का एक अवसर है। वे राष्ट्रपति भवन में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के लिए कौशल विकास-एसओएआर के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का महत्व तेजी से बढ़ रहा है और अब हर किसी के लिए इस तकनीक को सीखना अनिवार्य हो गया है। 

 

भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के सौर यानी स्किलिंग फार ए आई रेडिनेस की पहल प्रशंसा योग्‍य है। इस पहल के अंतर्गत प्री ए आई मॉड्यूल्‍स तैयार किये गये हैं। इस मॉड्यूल्‍स के द्वारा ए आई से जुडे विषयों और मिशन लर्निंग के बेसिक कॉन्‍सेप्‍ट के बारे में भी जानकारी मिलती है। इस मिशन का उद्देश्‍य ए आई के बारे में जागरूकता बढाना, आर्थिक आत्‍मनिर्भरता को बढावा देना तथा एक टेक प्रीवेन देश के निर्माण में योगदान देना है।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने तकनीक के माध्यम से भारत के एक जिम्मेदार भविष्य को आकार देने का आह्वान किया।

 

सरकार विभिन्‍न संस्‍थाओं इंडस्‍ट्री पटना तथा एकेडमियों के साथ मिलकर ये सुनिश्चित कर रही है कि भारत केवल टेक्‍नोलॉजी को अपनाये ही नहीं बल्कि उसके माध्‍यम से रिस्‍पोंसिबल फ्यूचर को भी आकार दे। हम सब मिलकर विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप भारत को नोलेज सुपर पावर बनाने तथा टेक ड्राइव हिम समावेशी और समृद्ध भारत के इस निर्माण के लिए हम सब अपना योगदान दें।

 

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों और सांसदों को एआई प्रमाणपत्र प्रदान किए और ‘स्किल द नेशन चैलेंज’ नामक राष्ट्रीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।

 

—————————————————–

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द ही गुवाहाटी और कोलकाता के बीच चलेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे ने स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

 

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी आगामी कुछ ही दिनों में इस रूट पर पहली वंदे भारत स्लिपर को इनोग्रेट करेंगे फ्लैग ऑफ कर। ये रेलवे के लिए और देश के लिए और हमारे यात्रियों के लिए एक बहुत ही बडा माइलस्‍टोन है।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि 16 कोच वाली यह स्लीपर ट्रेन एक हज़ार से डेढ हज़ार किलोमीटर तक की लंबी दूरी की यात्रा के लिए शुरू की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि यह ट्रेन आरामदायक स्‍लीपर सीट, स्वचालित दरवाज़े और आधुनिक शौचालय सहित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।

 

—————————————————–

 

केंद्र सरकार ने चार नई श्रम संहिताओं के लिए मसौदा नियमों को अधिसूचित कर दिया है। इनमें मजदूरी संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य परिस्थिति संहिता 2020 शामिल हैं। इन संहिताओं में गिग वर्कर सहित अन्‍य श्रमिक, मजदूरी, रोजगार के प्रकार, ग्रेच्युटी, बोनस और सामाजिक सुरक्षा को परिभाषित किया गया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इन मसौदा नियमों पर 45 दिन के अंदर सभी हितधारक अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कर सकते हैं।

 

श्रम मंत्रालय ने देश में दशकों से चल रहे मौजूदा श्रम कानूनों को सरल और सुव्यवस्थित करने के लिए पिछले वर्ष 21 नवंबर को इन चार नई श्रम संहिताओं के कार्यान्वयन की घोषणा की थी। मंत्रालय के अनुसार, नई श्रम संहिताएँ देश के कार्यबल के लिए बेहतर मजदूरी, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करेंगी। श्रम संहिता सभी श्रमिकों के लिए समय पर न्यूनतम मजदूरी, युवाओं के लिए नियुक्ति पत्र, महिलाओं के लिए समान वेतन और सम्मान, 40 करोड़ श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा और एक वर्ष के रोजगार के बाद निश्चित अवधि के कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी की गारंटी देती है। ये सुधार 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच, ओवरटाइम के लिए दोगुना वेतन और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार श्रमिकों के लिए सामाजिक न्याय की गारंटी भी सुनिश्चित करते हैं, दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

—————————————————–

 

सरकार ने कहा है कि ऑटोमोबाइल के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन योजना में अब तक 35 हजार छह सौ 57 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। भारी उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत कुल 10 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया और दो लाख 38 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों को प्रोत्साहन दिया गया है। लगभग 80 हजार इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहनों और लगभग एक हजार चार सौ इलेक्ट्रिक बसों को भी इस योजना से प्रोत्साहन मिला है।

 

—————————————————–

 

एकीकृत भुगतान प्रणाली-यूपीआई से दिसंबर में 29 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 21 अरब 63 करोड लेन देन किए गए। भारतीय राष्‍ट्रीय भुगतान निगम के आंकड़ों के अनुसार यह लेनदेन वार्षिक 20 प्रतिशत बढ़कर लगभग 28 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वर्ष नवंबर में यह 87 हजार 721 करोड़ रुपये था। औसत दैनिक लेनदेन की संख्या अब बढ़कर 69 करोड 80 लाख हो गई है।

 

—————————————————–

 

तेल विपणन कंपनियों ने महानगरों में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के मूल्‍य में एक सौ ग्‍यारह की रुपये की वृद्धि की है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अनुसार, दिल्ली में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की खुदरा कीमत अब एक हजार छह सौ इक्‍यानबे रुपये और 50 पैसे हो गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के मूल्‍य में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

 

—————————————————–

 

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत गति से बढ़ रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह बात भारतीय रिज़र्व बैंक ने अपनी नवीनतम वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट में कही है।

 

मजबूत घरेलू मांग, मध्यम मुद्रास्फीति और विवेकपूर्ण व्यापक आर्थिक नीतियों के समर्थन से ये संभव हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार मजबूत बैलेंस शीट, अनुकूल वित्तीय परिस्थितियों और वित्तीय बाजारों में कम अस्थिरता के कारण घरेलू वित्तीय प्रणाली लचीली बनी हुई है। इसमें भू-राजनीतिक घटनाक्रम और व्यापार संबंधी चुनौतियों सहित बाहरी अनिश्चितताओं के कारण निकट भविष्य में जोखिमों की चेतावनी भी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार राजकोषीय समर्थन और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस में मजबूत निवेश के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था ने लचीलापन दिखाया है। इसमें बढ़ती अनिश्चितता, बढ़ते सार्वजनिक ऋण स्तर और वैश्विक वित्तीय बाजारों में अव्यवस्थित सुधार की संभावना से उत्पन्न होने वाले जोखिमों के बारे में भी चेतावनी दी गई है। समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार।

 

—————————————————–

 

गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए सरकार की एक प्रमुख योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आज नौ वर्ष पूरे हो गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह योजना पहली जनवरी 2017 को गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना केंद्र सरकार की एक प्रमुख योजना है। इसका उद्देश्य समाज के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को मातृत्व के दौरान आर्थिक मदद देना है। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को नगद सहायता दी जाती है। पहले बच्चे के लिए पांच हजार रुपये दिए जाते हैं वहीं, दूसरे बच्चे के रूप में यदि लड़की का जन्म होता है तो छह हजार रुपये की सहायता मिलती है। योजना की राशि दो किस्तों में दी जाती है। पहली किस्‍त तीन हजार रुपये, गर्भावस्था के दौरान पंजीकरण पर मिलती है। दूसरी किस्त दो हजार रुपये बच्चों के जन्म के बाद दी जाती है। इसके अलावा पात्र महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत भी प्रोत्साहन राशि मिलती है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार अब तक इस योजना में करीब चार करोड  पचास लाख महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं और 19 हजार करोड रुपए से अधिक की राशि लाभार्थियों को वितरित की चुकी है। यह योजना गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्वास्थ्य जांच और मां के साथ-साथ बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में मदद कर रही है। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

—————————————————–

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग का दौरा किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए।

 

—————————————————–

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन दिवस पर वैज्ञानिकों, कर्मियों तथा उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री सिंह ने संगठन की अटूट प्रतिबद्धता, वैज्ञानिक उत्कृष्टता और राष्ट्रीय कर्तव्य भावना की प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा कि ये गुण देश की रक्षा तैयारियों को सशक्‍त करने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

 

—————————————————–

 

केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना श्रमिकों के लिए रोजगार को बढ़ावा देगी। उन्‍होंने किसानों, श्रमिकों, मजदूरों और लखपति दीदियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाएगी और ग्रामीण उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करेगी।

 

—————————————————–

 

दुनिया भर में नववर्ष 2026 धूमधाम से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी पी राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि नव वर्ष नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

 

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में आशा व्यक्त की कि यह वर्ष सभी के लिए शांति, स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि लेकर आएगा।

 

प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त करते हुए कहा है कि नव वर्ष सभी के लिए अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

 

—————————————————–

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा करते हुए लोगों कहा कि सभी अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं, उन्‍नति करें और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें।

 

नव वर्ष आपके जीवन में नया संकल्प, नई ऊर्जा, नए आत्मविश्वास के साथ आपके जीवन में नई खुशियां लेकर आए। नववर्ष पर हम सामूहिक मिलकर देश और प्रदेश को नए विकास के आयाम पहुंचाने में, सामाजिक जनकल्याण में और किस तरीके से हमारे योगदान से हम देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने में हमारा योगदान कर सकते हैं, इसके लिए प्रयास करें।

 

—————————————————–

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

 

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में देश-विदेश से भारी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने कड़ाके की ठंड के बीच नए साल 2026 का गर्मजोशी से स्वागत किया। राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन द्वारा भी पर्यटकों के मनोरंजन सुरक्षा व सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। राजधानी शिमला और विश्व प्रसिद्ध कांगड़ा घाटी में विशेष रूप से विंटर कार्निवाल का भी आयोजन किया गया। नए साल 2026 की अलसुबह प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की सौगात लेकर भी आई और पर्यटकों ने अटल टनल रोहतांग सहित अन्य उंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर हल्की बर्फबारी का आनंद उठाया। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

—————————————————–

 

ओडिशा में धूमधाम से नया साल 2026 का स्वागत किया गया। ब्‍यौरा हमारे संवददाता से…

 

आज सुबह दो बजे से लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के पवित्र दर्शन करके नए साल 2026 की शुरुआत करने के लिए पुरी के पवित्र शहर में इकट्ठा हुए हैं। भारी भीड़ को मैनेज करने के लिए एंट्री सिर्फ सिंह द्वार से रेगुलेट की जा रही है जबकि मंदिर के अंदर दर्शन बाहर और काठे से हो रहे हैं। भुवनेश्वर के स्त्रीलिंगराज मंदिर संबलपुर के मां समलेश्वरी मंदिर और राज्य के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी भारी भीड़ देखी जा रही है। साल के पहले दिन पिकनिक स्पॉट और टूरिस्ट जगहों पर भी बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। प्रमुख मंदिरों, टूरिस्ट जगह और पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।

 

—————————————————–

 

नागालैंड में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर कल गिरजाघरों में विशेष धन्यवाद सभाएं आयोजित की गईं, जहां लोग चिंतन, गीत-संगीत और साझा अनुभव के लिए एकत्रित हुए।

 

—————————————————–

 

पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण ने अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के प्रबंधन के लिए स्वतंत्र रूप से पेंशन फंड स्थापित करने की स्‍वीकृति दे दी है। अब ये बैंक पेंशन फंड के प्रायोजक बनने के भी पात्र होंगे। प्राधिकरण ने पेंशन फंड के लिए निवेश प्रबंधन शुल्क संरचना में भी संशोधन किया है।

 

—————————————————–

 

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने श्री तरुण गर्ग को प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। कंपनी के लगभग 29 साल के इतिहास में इस पद पर नियुक्‍त होने वाले वह पहले भारतीय हैं।

 

—————————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सभी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखने का आग्रह; कहा – ‘स्किल द नेशन चैलेंज’ अभियान भविष्य के लिए कार्यबल तैयार करेगा।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर रेलगाड़ी को जल्‍द ही रवाना करेंगे। यह रेलगाड़ी कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलेगी।
  • केंद्र सरकार ने चार नई श्रम संहिताओं के लिए मसौदा नियमों को अधिसूचित किया। लोगों से सुझाव मांगे।
  • भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा – देश की अर्थव्यवस्था लगातार सुदृढ़ होती जा रही है।
  • और, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए प्रमुख योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नौ वर्ष पूरे हुए।

 

—————————————————–

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.