मुख्य समाचार :
- बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – ऋण गारंटी योजना से वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा, सुचारू व्यावसायिक संचालन सुनिश्चित होगा तथा भारत को एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने में मदद मिलेगी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के इतिहास में सबसे लंबे शटडाउन को समाप्त करने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर किए।
- बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के मामले में फैसले की तारीख की घोषणा के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ने से देश में हाई अलर्ट।
- भारत ने आज ढाका में 24वीं एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता।
- और क्रिकेट में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का पहला एकदिवसीय मैच गुजरात में जारी।
*****************
बिहार विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती कल सुबह 8 बजे शुरू होगी। 243 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान दो चरणों में हुआ था। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में बिहार के मुख्य चुनाव अधिकारी, विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि मतदान में इस्तेमाल किए गए ईवीएम और वीवीपैट को त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली के तहत स्ट्रांग रूम के अंदर सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा, सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
टोटल हमारे 46 काउंटिंग सेंटर्स हैं, जहां बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतों की गणना की जाएगी। काउंटिंग सेंटर्स, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी से फुली कवर्ड है और कल आठ बजे से मतगणना का प्रारंभ शुरू हो जाएगा और उसके बाद मोस्ट प्रोबेबली नौ-सवा नौ से हम लोगो के रूझान आने शुरू हो जाएंगे और जब तक कम्प्लीट नहीं हो जाएगा, चलता रहेगा।
श्री गुंजियाल ने कहा कि उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्य पुलिस को तैनात किया गया है।
*****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा निर्यातकों के लिए ऋण गारंटी योजना की मंजूरी से वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और सुचारू व्यावसायिक संचालन सुनिश्चित होगा तथा भारत को एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने में मदद मिलेगी। श्री मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि निर्यात संवर्धन मिशन-ईपीएम, निर्यात प्रतिस्पर्धा में सुधार करेगा और एम एस एम ई, पहली बार निर्यात करने वाले तथा श्रम-प्रधान क्षेत्रों की मदद करेगा।
*****************
इससे पहले, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्यातकों के लिए एक नई ऋण आश्वासन योजना को मंजूरी दी है, जो एमएसएमई सहित निर्यातकों को शत-प्रतिशत ऋण का आश्वासन प्रदान करती है। यह योजना बीस हज़ार करोड़ रूपए तक का अतिरिक्त ऋण प्रदान करेगी। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य भारत को एक लाख करोड़ रूपए के निर्यात लक्ष्य का समर्थन करना और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देना है।
*****************
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने आतंकवाद के किसी भी रूप को कतई बर्दाश्त नहीं करने की देश की नीति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्रिमंडल ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत भर की कई सरकारों द्वारा व्यक्त एकजुटता और समर्थन के बयानों के लिए भी अपनी सराहना दर्ज की।
*****************
विदेश मंत्री डॉ० सुब्रहमण्यम जयशंकर ने दिल्ली विस्फोट घटना के बाद समर्थन और एकजुटता व्यक्त करने के लिए दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून और सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन के प्रति आभार व्यक्त किया है। डॉ० जयशंकर ने सोशल मीडिया में कहा है कि सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की भावनाओं का भारत सम्मान करता है।
*****************
राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद ने फरीदाबाद स्थित अल-फ़लाह विश्वविद्यालय को अपनी वेबसाइट पर गलत मान्यता प्रदर्शित करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अल-फ़लाह विश्वविद्यालय को न तो मान्यता प्राप्त है और न ही मूल्यांकन और प्रत्यायन के पहले चक्र के लिए स्वेच्छा से शामिल है, जैसा कि उनकी वेबसाइट पर बताया गया है। परिषद ने इसके लिए स्पष्टीकरण माँगा है और विश्वविद्यालय को अपनी वेबसाइट और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध या वितरित किसी भी अन्य दस्तावेज़ से परिषद के मान्यता विवरण को हटाने का निर्देश दिया है। दिल्ली विस्फोट मामले में विश्वविद्यालय कथित तौर पर जांच के घेरे में है।
*****************
इस बीच, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा है कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेगा। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है कि बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से चालू हैं।
*****************
अमरीका में सबसे लंबा सरकारी शटडाउन समाप्त हो गया है। संघीय कार्यों के लिए अस्थायी धन मुहैया कराने से संबंधित विधेयक पर राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के हस्ताक्षर करने के बाद यह शटडाउन समाप्त हुआ। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच 43 दिनों से चल रहे गतिरोध को समाप्त करने के लिए सीनेट ने इससे संबंधित विधेयक को मंजूरी दी। यह डेमोक्रेट्स के लिए एक झटका है, क्योंकि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम- ओबामाकेयर के लिए सब्सिडी बढ़ाने की मांग को स्वीकार नहीं किया गया। बजट पारित होने तक अस्थायी वित्त-पोषण का विधेयक सीनेट में अटका हुआ था, क्योंकि बहुमत वाली रिपब्लिकन पार्टी के पास मतदान के लिए आवश्यक 60 वोट नहीं थे।
*****************
बांग्लादेश में, अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके दो पूर्व शीर्ष सहयोगियों के मानवता के विरुद्ध अपराध के मामले में 17 नवंबर को अपना फैसला सुनाने की घोषणा की है। यह तारीख न्यायाधिकरण-1 के तीन सदस्यीय न्यायिक पैनल द्वारा तय की गई थी। न्यायाधिकरण ने कहा कि यह मामला पिछले साल जुलाई में हुए जन-विद्रोह के दौरान कथित अपराधों से संबंधित है, जिस कारण अगस्त में अवामी लीग सरकार के गिरने से पहले व्यापक हिंसा और राजनीतिक अशांति फैली थी। फ़ैसले से पहले ढाका और आसपास के इलाके हाई अलर्ट पर है। पुलिस, सेना और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश सहित क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों ने राजधानी में, विशेषकर सरकारी इमारतों, सचिवालय और न्यायाधिकरण परिसर के आसपास अतिरिक्त चौकियां स्थापित की हैं। अधिकारियों ने हाल के दिनों में आगजनी और देसी बम हमलों में वृद्धि की सूचना दी है। सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अवामी लीग और छात्र समूहों के अलावा अन्य राजनीतिक दलों ने स्थिति को अस्थिर करने के किसी भी प्रयास को रोकने का संकल्प लिया है। अवामी लीग ने अपने नेताओं पर चल रहे मुक़दमों और गिरफ़्तारियों के विरोध में आज “ढाका लॉकडाउन” की घोषणा की थी।
*****************
बोत्सवाना ने प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत भारत को आज प्रतीकात्मक रूप से चीते सौंपे। इस अवसर पर गेबरॉन के पास नेचर रिजर्व में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और बोत्सवाना के राष्ट्रपति डूमा बोको उपस्थित थे। भारत भेजे जाने से पहले ये चीते कुछ समय के लिए क्वारंटीन में रखे जाएंगे। बोत्सवाना, भारत में चीतों की संख्या बढ़ाने में सहायता के लिए आठ चीते सौंपेगा। प्रोजेक्ट चीता एक अनूठी पहल है जिसका उद्देश्य दशकों बाद चीतों को भारत में फिर से बसाना है। राष्ट्रपति की यात्रा कवर कर रहे हमारे संवाददाता ने बोत्सवाना से चीतों को लाये जाने के महत्व के बारे में बताया है।
बोत्सवाना को प्रोजेक्ट चीता के अगले चरण के लिए चुना गया है, क्योंकि यह दुनिया में चीतों की सबसे मजबूत आबादी वाले देशों में से एक है। अपने पड़ोसी नामीबिया के साथ मिलकर, बोत्सवाना दक्षिणी अफ्रीका के आधे से ज़्यादा चीतों का घर है और यह प्रजाति के लंबे समय तक बचाव और उसकी आनुवांशिक सेहत में अहम भूमिका निभाता है। बोत्सवाना से चीते लाने का फैसला इसलिए किया गया है ताकि भारत में पहले से मौजूद चीतों की आबादी में जेनेटिक डायवर्सिटी बढ़ाई जा सके। यह कदम प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक और संरक्षण संबंधी उद्देश्यों को भी मजबूत करेगा। मनीष शिवा, आकाशवाणी न्यूज, बोत्सवाना।
राष्ट्रपति मुर्मु आज यात्रा संपन्न करने से पहले भारतीय समुदाय के लोगों से मिलेंगी।
*****************
विदेश मंत्रालय में पूर्वी मामलों के सचिव पी. कुमारन ने चिली के अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मामलों की उप-मंत्री क्लोडिया सनह्वेजा से सैंटियागो में मुलाकात की। बैठक में भारत और चिली के बीच परस्पर साझेदारी सुदृढ करने पर चर्चा की गई। भारतीय दूतावास के अनुसार दोनों पक्षों ने आर्थिक संबंध को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहरायी।
*****************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवम्बर को तमिलनाडु के कोयंबतूर जाएंगे। वह तमिलनाडु के किसान संघों द्वारा आयोजित दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों के जैविक कृषि में विशेषज्ञता रखने वाले 50 वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करेंगे।
*****************
स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने आज कहा कि पिछले एक दशक में भारत सबसे गतिशील वैश्विक स्वास्थ्य नवाचार इकोसिस्टम के रूप में उभरा है। नई दिल्ली में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- आईसीएमआर के स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का स्वास्थ्य अनुसंधान इकोसिस्टम मजबूत हुआ है।
*****************
31वां कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज सम्पन्न हो रहा है। इस महोत्सव का उद्घाटन 6 नवम्बर को हुआ था। एक रिपोर्ट –
31वां कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज शाम समाप्त हो जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय फिल्म श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों और सर्वश्रेष्ठ निर्देशकों को नकद पुरस्कार के साथ रॉयल बंगाल टाइगर ट्रॉफी दी जाएगी। महोत्सव के दौरान 39 देशों की 215 फिल्में कोलकाता के 21 सिनेमाघरों में दिखाई गई हैं। इस वर्ष महान फिल्म निर्माता ऋतिक घटक के जीवन और कार्यों पर विशेष कार्यक्रम और संगोष्ठी तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। निर्देशक रमेश सिप्पी ने सत्यजीत रे स्मृति व्याख्यान पर अपना भाषण दिया। महोत्सव में ऋतिक घटक, संतोष दत्ता, सलिल चौधरी और रिचर्ड बर्टन सहित 6 महान व्यक्तित्वों को शताब्दी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
*****************
भारत सरकार ने दो पारंपरिक लेप्चा वाद्ययंत्रों – तुंगबुक और पुमटोंग पुलित – को जी आई टैग प्रदान किया है। तुंगबुक और पुमटोंग वाद्य यंत्र लेप्चा लोक संगीत का एक अभिन्न अंग हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम शामिल हुए। जीआई पंजीकरण न केवल लेप्चा समुदाय के इन विशिष्ट लोक वाद्ययंत्रों को औपचारिक मान्यता प्रदान करता है, बल्कि उनके संरक्षण और पुनरुद्धार के प्रयासों को भी बल देता है। यह पहचान युवा पीढ़ी के बीच ज्ञान के अंतर को पाटने और इन वाद्ययंत्रों को बनाने वाले कारीगरों की आजीविका को सहारा देने में मदद करेगी। लेप्चा समुदाय ने जीआई टैग हासिल करने में शामिल सभी लोगों, विशेष रूप से राष्ट्रीय दर्जा पाने के इस प्रयास में दो साल के सहयोग के लिए नाबार्ड का आभार व्यक्त किया। गंगतोक से मैनाक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
*****************
तमिलनाडु के पुदुकोट्टई के पास त्रिची-पुदुकोट्टई मार्ग पर स्थित नार्तामलइ गाँव में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पायलट सहित तीन लोग घायल हो गए। पायलट ने कहा है कि विमान में खराबी के कारण विमान को उतारा गया। सभी लोग सुरक्षित हैं।
*****************
क्रिकेट में भारत-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए टीमों के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका-ए टीम ने ताजा समाचार मिलने तक 9 ओवर में 4 विकेट पर 36 रन बना लिये हैं।
भारत-ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं। आखिरी समय में हरफनमौला नीतिश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है।
*****************
भारत ने ढाका में 24वें एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए आज दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। भारतीय तीरंदाजी संघ के अनुसार दीपशिखा, ज्योति सुरेखा वेन्नम और प्रीथिका प्रदीप की महिला कम्पाउंड टीम ने कोरिया को 234 के मुकाबले 236 अंक से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अभिषेक वर्मा, साहिल जाधव और प्रथामेश की पुरूष कंपाउंड टीम को कजाख्स्तान से मामली अंतर से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
*****************
घरेलू शेयर बाजार का सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी, आज सुबह के कारोबार में आधे प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स 403 अंक बढ़कर 84 हजार 870 पर पहुँच गया, जबकि निफ्टी 117 अंक बढ़कर 25 हजार 992 पर था।
*****************
मौसम विभाग ने केरल और माहे के विभिन्न स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी शीत लहर की स्थिति रह सकती है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण को लागू कर दिया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 403 दर्ज किया गया।
*****************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – ऋण गारंटी योजना से वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा, सुचारू व्यावसायिक संचालन सुनिश्चित होगा तथा भारत को एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने में मदद मिलेगी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के इतिहास में सबसे लंबे शटडाउन को समाप्त करने वाले विधेयक पर हस्ताक्षर किए।
- बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के मामले में फैसले की तारीख की घोषणा के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ने से वहां हाई अलर्ट।
- भारत ने आज ढाका में 24वीं एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता।
- और क्रिकेट में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का पहला एकदिवसीय मैच गुजरात में जारी।
*****************