November 11, 2025 3:49 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – दिल्ली में लाल किला कार विस्फोट के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और इसके ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विस्फोट के बाद सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

  • बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अब तक 47 प्रतिशत से अधिक मतदान की ख़बर।

  • भारत का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से आतंकवाद के वित्तपोषण को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति अपनाने का आग्रह।

  • दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर श्रेणी’ में पहुँची। सरकार ने ग्रैप-3 लागू किया। कक्षा 5 तक स्कूल हाइब्रिड मोड में चलेंगे।

  • हंगरी मूल के ब्रिटिश लेखक डेविड सोलॉय को उनके उपन्यास ‘फ्लेश’ के लिए इस वर्ष के बुकर पुरस्कार के लिये चुना गया।

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में लालकिले के पास हुए कार विस्‍फोट मामले में कहा है कि इस भयावह घटना के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और इसके ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। भूटान के थिम्पू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आज वह बहुत भारी मन से भूटान आए हैं और कल शाम दिल्ली में हुई घटना ने सभी को बहुत व्यथित किया है।

 

 

दिल्‍ली में हुई भयाव्‍य घटना ने सभी के मन को व्‍यथित कर दिया है। मैं पीडि़त परिवारों का दु:ख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रातभर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्‍वपूर्ण लोगों के साथ, संपर्क में था। विचार-विमर्श चलता था जानकारी के तार जोडे़ जा रहे थे। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएगी इसके पीछे के षड्यंत्रकार्यों को बख्‍सा नहीं जाएगा।

 

*************************

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कार विस्फोट के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए आज अपने निवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए के महानिदेशक उपस्थित थे। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

 

घटना के तुरंत बाद सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कल हुए विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक की टीमों ने जाँच शुरू कर दी है और विस्फोट का सटीक विवरण जल्द ही सामने आ जाएगा।

 

 

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक धीमी गति से चल रहा वाहन लाल बत्ती पर रुका और उसी वाहन में विस्फोट हुआ। दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियाँ रोकथाम अधिनियम- विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया और गृह मंत्री अमित शाह से बात की। श्री शाह ने कार विस्फोट स्थल का दौरा किया और एल.एन.जे.पी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। गृहमंत्री ने विस्फोट की गहन जाँच का वादा किया।   अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तुरंत सहायता सुनिश्चित करने के लिए आपात हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दिल्ली पुलिस आपातकाल के लिए 112, दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष के लिए: 011-229 100 10 या 011-229 100 11, एलएनजेपी अस्पताल के लिए 011-232 334 00 दिल्ली अग्निशमन सेवा के लिए: 101, एम्बुलेंस के लिए: 102 या 108 और एम्स ट्रॉमा सेंटर के लिए 011-265 944 05 हैं। दिल्‍ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने बताया है कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्‍टेशन को बंद कर दिया गया है। उन्‍होंने बताया कि अन्‍य सभी स्‍टेशन सामान्‍य रूप से खुले रहेंगे। लाल किला बृहस्‍पतिवार तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। सुप्रणा और भानू के साथ सामाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

 

*************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि दिल्ली कार विस्फोट के ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। आज नई दिल्ली में दिल्ली रक्षा संवाद को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने बताया कि प्रमुख जांच एजेंसियां कार विस्‍फोट की त्वरित और गहन जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। श्री सिंह  ने दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

 

 

मैं दिल्ली में कल हुई दुखद घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इस मंच से मैं अपने नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देश की प्रमुख जांच एजेंसियां इस घटना की त्वरित और विस्तृत जांच कर रही हैं। जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। मैं औपचारिक रूप से राष्ट्र को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और किसी भी स्थिति में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

 

*************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना में मारे गये लोगों के परिजनों और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

*************************

 

दिल्ली में कल हुए विस्फोट के बाद कई राज्‍यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जम्‍मू-कश्‍मीर में रियासी जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रीमाता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

 

*************************

 

तमिलनाडु में चेन्नई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों को अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए अपने निर्धारित समय से साढ़े तीन घंटे पहले और घरेलू उड़ानों के लिए डेढ़ घंटे पहले रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र में पाँच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।

 

*************************

 

बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में दिन में एक बजे तक 47 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। इस चरण में बीस जिलों के 122 निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं।

 

*************************

 

तीन करोड़ सत्‍तर लाख से अधिक मतदाता 136 महिलाओं सहित एक हजार तीन सौ दो उम्‍मीदवारों के राजनीतिक भाग्‍य का फैसला करेंगे। सुबह सात बजे शुरू मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। सात निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने मतदान के सुचारू संचालन के लिए विशेष प्रबंध किये हैं।

 

*************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मतदाताओं से अधिक संख्‍या में वोट डालने की अपील की है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने पहली बार वोट डाल रहे युवा मतदाताओं से मतदान कर दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। दोनों चरणों के वोटों की गिनती 14 नवम्‍बर को होगी।

 

*************************

 

सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए भी आज वोट डाले जा रहे हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर में बडगाम और नगरोटा, राजस्थान में अंता, झारखंड में घाटशिला, तेलंगाना में जुबली हिल्स, पंजाब में तरन तारन, मिज़ोरम में डम्पा और ओडिशा में नुआपाड़ा विधानसभा सीट है। वोटो की गिनती 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के साथ होगी।

 

*************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भूटान के थिम्पू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन भूटान, वहां के शाही परिवार और विश्व शांति में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सदियों से भारत और भूटान के बीच संबंध बहुत गहरे, सौहार्दपूर्ण और सांस्कृतिक रहे हैं, इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाग लेना भारत और उनकी प्रतिबद्धता है।

 

 

थिम्‍पारू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी का स्‍वागत भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने किया। चिंगली निथान स्‍टेडियम में आते ही सांस्‍कृतिक कार्यक्रम और शाही सेना के मिलिट्री मार्च के द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का स्‍वागत किया गया है। आज भारत और भूटान के प्रधानमंत्री एक हजार बीस मेगावाट के पूनंग सांग सू हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्‍ट का उद्घाटन करेंगे। श्‍वेता सिंह, आकाशवाणी समाचार थिम्‍पू।

 

 

*************************

 

 

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने बताया कि सुरक्षा कारणों से नेपाल तथा उत्‍तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखण्‍ड से लगी सीमाएं बंद कर दी गई हैं और इनपर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

 

*************************

 

भारत ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद से आंतकवाद में इस्‍तेमाल अवैध हथियारों के लिए वित्‍तीय सहायता देने और उनकी तस्‍करी करने वालों पर कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति अपनाने का आग्रह किया है। छोटे हथियारों पर संयुक्‍त राष्‍ट्र में चर्चा के दौरान भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतानेनी हरीश ने कहा कि देश ने दशकों तक सीमापार आंतकवाद से संघर्ष किया है, जिसे अक्‍सर अवैध हथियारों की तस्‍करी से बढावा मिला है। पाकिस्‍तान का अप्रत्‍यक्ष रूप से जिक्र करते हुए उन्‍होंने चेतावनी दी कि आंतकवादी गुटों की छोटे हथियारों तक पहुंच गंभीर वैश्‍विक खतरा है।

 

*************************

 

हंगरी मूल के ब्रिटिश लेखक डेविड सोलॉय को उनके उपन्‍यास फ्लेश के लिए इस वर्ष के बुकर पुरस्कार के लिये चुना गया है। यह घोषणा लंदन में आयोजित एक समारोह में की गई।

 

*************************

राजधानी दिल्‍ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंचने के बाद केंद्र सरकार ने आज दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप के तीसरे चरण के अंतर्गत सख्त प्रदूषण विरोधी प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। कक्षा पांच तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है, और कक्षाओं को ऑनलाइन मोड में बदल दिया गया है। निजी बी एस-थ्री-पेट्रोल वाहनों और बी एस-फोर डीजल के हल्के मोटर वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाने के आदेश दिये गये हैं।

 

*************************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – दिल्ली में लाल किला कार विस्फोट के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और इसके ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विस्फोट के बाद सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

  • बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अब तक 47 प्रतिशत से अधिक मतदान की ख़बर।

  • भारत का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से आतंकवाद के वित्तपोषण को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति अपनाने का आग्रह।

  • दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर श्रेणी’ में पहुँची। सरकार ने ग्रैप-3 लागू किया। कक्षा 5 तक स्कूल हाइब्रिड मोड में चलेंगे।

  • हंगरी मूल के ब्रिटिश लेखक डेविड सोलॉय को उनके उपन्यास ‘फ्लेश’ के लिए इस वर्ष के बुकर पुरस्कार के लिये चुना गया।

*************************