October 31, 2025 3:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का नेतृत्व किया।  राष्ट्र के ताने-बाने को कमज़ोर करने वाले किसी भी विचार या कार्य को अस्वीकार करने पर जोर।

     

  • एनडीए का बिहार विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी। एक करोड़ सरकारी नौकरियां, किसानों को एमएसपी की गारंटी और पांच लाख रुपये तक के मुफ़्त इलाज का वादा।

     

  • भारत-अमरीका के बीच कुआलालंपुर में अगले दस वर्षों के लिए एतिहासिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर।

     

  • मौसम विभाग का आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान।

     

  • मेलबर्न में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पांच टी-20 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में ऑस्‍ट्रेलिया का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला।   

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लोगों से एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति के लिए खुद को समर्पित करने की अपील की। श्री मोदी ने कहा कि इससे विकसित भारत का सपना साकार होगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने ये बात कही। 

 

आजादी के बाद साढे पांच सौ से ज्‍यादा रियासतों को एक साथ जोड़ने का असंभव कार्य को उन्‍होंने संभव कर के दिखा दिया। एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत का विचार उनके लिए सर्वोपरि था। इसलिए आज सरदार पटेल की जयंती का दिन स्‍वाभाविक रूप से राष्‍ट्रीय एकता का महापर्व बन गया।

उन्‍होंने कहा कि 2014 से सरकार ने नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद पर एक निर्णायक और करारा प्रहार किया है।   

 

2014 के पहले देश के करीब सवा सौ जिले माओवादी आतंक की चपेट में थे। आज ये संख्‍या केवल 11 बची है और उसमें भी सिर्फ तीन जिलों में ही नक्‍सलवाद अभी भी कुछ गंभीर रूप से हावी है। मैं भरोसा दिलाता हूं जब तक देश नक्‍सलवाद, माओवाद आतंक से पूरी तरह मुक्‍त नहीं हो जाता हम रूकने वाले नहीं हैं।

 

प्रधानमंत्री ने देश की भाषाई विविधता की सराहना की और इसे भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के ताने-बाने को कमजोर करने वाले किसी भी विचार या कार्य को अस्वीकार करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने करोड़ों लोगों द्वारा ली गई एकता की शपथ में देशव्यापी भागीदारी पर कहा कि इससे राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के सामूहिक संकल्प की पुष्टि हुई है। 

 

देशभर में हो रही एकता दौड़, रन फॉर यूनिटी कोटि-कोटि भारतीयों का उत्‍साह, हम नए भारत की संकल्‍प शक्ति को साक्षात महसूस कर रहे हैं। अभी यहां जो कार्यक्रम हुए जो अद्भुत प्रस्‍तुति हुई उनमें भी अतीत की परंपरा थी, वर्तमान का श्रम और शौर्य था और भविष्‍य की सिद्धि की झलक भी थी।

 

हमारी संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिन की शुरुआत स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करके की।

 

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के चरणों में आज राष्ट्र ने जब एकता दिवस मनाया तो हवा में राष्ट्रीय गौरव गूँज रहा था। भव्य परेड ने वर्दी में नारी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया; सीमा सुरक्षा बल से लेकर विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों तक, सभी टुकड़ियों का नेतृत्व विशेष रूप से बहादुर महिला अधिकारियों ने किया। आत्मनिर्भर भारत का एक विशेष प्रदर्शन बीएसएफ की मार्चिंग टुकड़ी थी, जिसमें हमारे स्वदेशी रामपुर और मुधोल हाउंड्स ने असाधारण अनुशासन के साथ परेड की। आसमान से, भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित ‘सूर्य किरण’ टीम ने तिरंगे के रंग बिखेरे और अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

*************************

इस अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी.पी.राधाकृष्‍णन, गृहमंत्री अमित शाह सहित अन्‍य केन्‍द्रीय मंत्रियों और गणमान्‍य व्‍यक्तियों ने नई दिल्‍ली में सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्‍पांजलि अर्पित की। राष्‍ट्रपति ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपने अटूट संकल्‍प, अदम्‍य साहस और कुशल नेतृत्‍व से देश के एकीकरण का ऐतिहासिक कार्य किया।

*************************

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद देश को एकजुट करने और आज के भारत के निर्माण तथा एक अखंड राष्ट्र बनाने में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

*************************

मणिपुर, तेलंगाना और ओडिशा में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया और रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। 

*************************

सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की भारत के स्‍वाधीनता संग्राम में एक महत्वपूर्ण भूमिका थी। वे देश के पहले उपप्रधानमंत्री, गृहमंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री भी थे। सरदार पटेल ने हमेशा रेडियो के महत्व पर बल दिया था।

 

रेडियो आजकल की जिन्दगी में कौम के लिए एक आवशयक वस्तु हो गई है। उससे बहुत फायदा पहुंचता है लोगों को और भारत की एकता में भी उसका काफी हिस्सा हो जाता है।

*************************

विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के एक हज़ार 466 कर्मियों को वर्ष 2025 के लिए केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्रदान करने की घोषणा की गई है। गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि यह पदक चार क्षेत्रों में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के उत्कृष्ट कार्य को मान्यता देने और उनके उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है। ये चार क्षेत्र हैं: विशेष अभियान, जांच, खुफिया जानकारी और फोरेंसिक विज्ञान। पुरस्कार विजेताओं की सूची गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस पदक की घोषणा प्रत्‍येक वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है।

*************************

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज संयुक्‍त संकल्‍प पत्र जारी किया।संकल्‍प पत्र में रोजगार सर्जन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और किसानों को वित्‍तीय सहायता उपलब्‍ध कराने पर बल दिया गया। बिहार के एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्‍ध कराने और एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की भी घोषणा की गई है। जिसमें एक करोड़ सरकारी नौकरियों, किसानों को एमएसपी की गारंटी और पांच लाख रुपये तक के मुफ़्त इलाज का वादा किया गया।

 

एनडीए के घोषणापत्र में केजी से लेकर पीजी तक गरीब परिवारों को मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की गई है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि बिहार गति शक्ति प्‍लान के तहत सात नए एक्सप्रेसवे राज्‍य में बनाए जाएंगे। इसके अलावा बिहार में विश्वस्तरीय एजुकेशन सिटी बनाने और पटना के पास नया ग्रीनफ़ील्ड शहर बसाने की भी घोषणा की गई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए, 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश एग्री इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर में किया जाएगा। इधर, कांग्रेस ने एनडीए के घोषणापत्र को “झूठ का पुलिंदा” बताया है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

मुख्‍यमंत्री नितिश कुमार, भाजपा अध्‍यक्ष जे.पी नड्डा, प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और एनडीए के अन्‍य नेताओं की उपस्थिति में यह संकल्‍प पत्र जारी किया गया। प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए के चुनाव घोषणा पत्र का मतलब प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की गारंटी और बिहार के मुख्‍यमंत्री नितिश कुमार का विश्‍वास है।

 

एनडीए का मेनिफेस्‍टो यानि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी का गारंटी और आदरणीय मुख्‍यमंत्री श्री नीतिश कुमार जी का विश्‍वास। इसको कहते हैं एनडीए का मेनिफेस्‍टो और पांच पांडव आज साथ बैठकर अपने महाभारत के पहले इस मेनिफैस्‍टो को जारी कर रहे हैं। मतदाता मोदी जी के गारंटी पर और नीतिश कुमार जी पर विश्‍वास करती है।

वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए ने पहले भी बिहार के लोगों के लिए काम किया है और आने वाले वर्षों में भी करता रहेगा।

 

ओबीसी हो, अति पिछड़ा हो, दलित समाज हो, नौजवान हो, किसान हो, महिला हो, सबको फोकस किया गया है और एनडीए ने आज भी काम किया और कल भी काम करेगी।

 

एनडीए के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि “एनडीए पिछले 20 सालों से बिहार की सत्ता में है और उसे घोषणापत्र जारी करने के बजाय रिपोर्ट कार्ड लेकर आना चाहिए।”

 

बीस बरस पहले जब आपकी सरकार बनी थी तब भी देश का सबसे गरीब और पिछड़ा राज्‍य बिहार था और आज भी देश का सबसे गरीब और पिछड़ा राज्‍य बिहार है। एनडीए को ये बताना चाहिए कि बिहार मे पलायन क्‍यों नहीं रूका। बिहार में रोजगार अभी तक क्‍यों नहीं आया। फैक्ट्रियां क्‍यों नहीं लगीं, बिहार में शिक्षा व्‍यवस्‍था क्‍यों ध्‍वस्‍त है। जो सत्‍ता में है उसको तो अपना रिपोर्ट कार्ड देना चाहिए। बिना रिपोर्ट कार्ड के और एक घोषणा पत्र और एक वादा करना उसका तो कोई मतलब ही नहीं है।

*************************

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार आज खराब मौसम के कारण प्रभावित हुआ है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारकों और वरिष्‍ठ नेताओं के हेलीकॉप्‍टरों की उड़ान में देरी हुई। भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा का आज बक्‍सर और पटना में जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

इस बीच, मुंगेर के जमालपुर में बारिश के कारण महागठबंधन के नेता तेजस्‍वी प्रसाद यादव की रैली शुरू नहीं हो सकी। उनका बेगुसराय, खगडि़या और समस्‍तीपुर में भी जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

*************************

भारत और अमरीका ने आज अगले दस वर्षों के लिए रक्षा क्षेत्र में सहयोग हेतू एक समझौते पर हस्ताक्षर किेए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट पर बताया कि उन्होंने मलेशिया के कुआलालम्पुर में अमरीकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के साथ बैठक की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने एक रूपरेखा पर हस्‍ताक्षर किये जो दोनों पक्षों की पहले से मजबूत रक्षा साझेदारी में नये युग की शुरूआत करेगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह रक्षा रूपरेखा भारत अमरीका रक्षा संबंधों के सम्‍पूर्ण आयामों के लिए नीतिगत दिशा प्रदान करेगी।

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम नई दिल्ली के रोहिणी में अंतरराष्ट्रीय आर्य महा-सम्मेलन में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम महर्षि दयानंद सरस्वती की दो सौवीं जयंती और आर्य समाज की समाज सेवा के 150 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित ज्ञान ज्योति महोत्सव का हिस्सा है।

सम्मेलन का उद्देश्य महर्षि दयानंद सरस्वती की सुधारवादी और शैक्षिक विरासत का सम्मान करना और विकसित भारत 2047 के साथ स्वदेशी मूल्यों का समन्वय करना है।

*************************

पूर्व क्रिकेटर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने आज तेलंगाना राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने हैदराबाद राजभवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 16 हो गई है।

*************************

नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने 22 सितंबर को वस्‍तु और सेवाकर-जीएसटी दरों में कटौती के साथ जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत की थी। इससे पूरे देश के नागरिकों को लाभ हुआ। आज हम बात करते हैं कि नई पीढी के जीएसटी सुधार के बारे में जिसमें महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।

 

नए जीएसटी सुधारों से महाराष्ट्र के कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिल रहा है। नए कर ढांचे के अंतर्गत सरकार ने चीनी, जूस, जैम और सॉस पर कर की दरों को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इस कटौती से खपत मूल्य संवर्धन और किसानों को समर्थन मिला है। वहीं, सरकार ने 2,500 रुपये प्रति जोड़ी या उससे कम कीमत वाले जूते तथा चप्‍पलों पर जीएसटी को घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इससे राज्‍य के प्रसिद्ध कोल्हापुरी चप्पलों की कीमतों में कमी आएगी और इस उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। महाराष्ट्र अपने फिल्म और मनोरंजन उद्योग के लिए भी प्रसिद्ध है। जीएसटी 2.0 के अंतर्गत 100 रुपये या उससे कम कीमत वाले सिनेमा टिकटों पर भी कर की दरें घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है। इससे आम आदमी के लिए सिनेमा और अधिक किफायती हो जाएगा। नए जीएसटी सुधारों से महाराष्ट्र के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। आरजू और रिशू के साथ सकलेन अखतर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*************************

राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली स्थित शक्ति स्थल पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री खरगे ने कहा कि इंदिरा गांधी ने राष्ट्र की सेवा और उसकी अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

*************************

भारत और मेजबान ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पांच टी-20 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच आज मेलबर्न में खेला जा रहा है। ऑस्‍ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने …….6………ओवर में ….4…… विकेट पर ….46…. रन बना लिए हैं। श्रृंखला का पहला मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। मेलबर्न में आज भी बारिश की संभावना है। 

*************************

 मौसम विभाग ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और नागालैंड के कुछ हिस्सों में भी दिन में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और गुजरात के कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली चमकने का भी अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

*************************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का नेतृत्व किया।  राष्ट्र के ताने-बाने को कमज़ोर करने वाले किसी भी विचार या कार्य को अस्वीकार करने पर जोर।

     

  • एनडीए का बिहार विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी। एक करोड़ सरकारी नौकरियां, किसानों को एमएसपी की गारंटी और पांच लाख रुपये तक के मुफ़्त इलाज का वादा।

     

  • भारत-अमरीका के बीच कुआलालंपुर में अगले दस वर्षों के लिए एतिहासिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर।

     

  • मौसम विभाग का आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान।

     

  • खेलों में, मेलबर्न में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पांच टी-20 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में ऑस्‍ट्रेलिया का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला।   

*************************