October 27, 2025 3:46 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भारत अपनी रणनीतिक समुद्री स्थिति और मज़बूत नौसैनिक क्षमताओं के कारण हिंद-प्रशांत क्षेत्र और ग्लोबल साउथ के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- पिछले एक दशक में निजी क्षेत्र की भागीदारी से देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड डेढ लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
  • छत्तीसगढ़ के कांकेर ज़िले में 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने डिजिटल अरेस्ट मामलों में दर्ज एफआईआर पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से विवरण मांगा।
  • छठ पूजा पर व्रती आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे।
  • और चक्रवाती तूफ़ान मोन्था बंगाल की खाड़ी में चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व दक्षिण पूर्व में स्थित। तूफान के कल तट से टकराने की आशंका से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में तैयारियां पूरी।

 

*****************

 

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत का समुद्री दृष्टिकोण सुरक्षा, स्थिरता और आत्मनिर्भरता पर आधारित है। श्री शाह ने आज मुंबई में भारतीय समुद्री सप्ताह के उद्घाटन कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में किए गए व्यापक संरचनात्मक सुधारों से भारत एक मजबूत समुद्री शक्ति के रूप में सामने आया है।

 

भारत की मैरीटाइम स्‍टैंथ और स्‍ट्रैटेजिक लोकेशन इस बात से पता चलता है कि हमारी कोस्‍टलाइन 11 हजार किलोमीटर से लंबी है। 13 पोस्‍टल राज्‍य और यूटी और जीडीपी में लगभग 60 प्रतिशत योगदान हमारे मैरिटाइम बिजनेस का है। 23 दशमलव सात लाख किलोमीटर का स्‍पेशल इकनोमिक जोन दुनिया भर के इन्‍वेस्‍टर और मैन्‍युफैक्‍चरर को आकर्षित करता है और 800 मिलियन की आबादी लगभग आधी आबादी इन मैरिटाइम स्‍टेट में बसती है।

 

इस अवसर पर पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारत समुद्री सप्ताह दुनिया के सबसे प्रमुख समुद्री समारोहों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का विषय – महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को दर्शाता है।

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि वधावन बंदरगाह को भारत के सबसे बड़े और दुनिया के शीर्ष दस बंदरगाहों में से एक के रूप में विकसित किया जाएगा।

 

*****************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश के रक्षा विनिर्माण में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ रही है। श्री सिंह ने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात अब रिकॉर्ड 23 हजार 500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। नई दिल्ली में एसआईडीएम वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि पिछले एक दशक में देश का घरेलू रक्षा उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और इसमें निजी क्षेत्र का 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक का योगदान है।

 

पिछले 10 वर्षो में आप सब ने पूरे डिफेंस से जुडे हुए लोगों ने जो मेहनत की है उसका परिणाम यह है कि हमारा डोमेस्टिक डिफेंस प्रोडक्‍शन 2014 में यहां एप्रोक्‍सीमेटली 46 हजार करोड था, अब यह 1.51 लाख करोड पहुंच गया है। बडी बात यह है कि इसमें से 33 हजार करोड से अधिक का कॉन्ट्रिब्‍यूशन प्राइवेट सेक्‍टर का है।

 

*****************

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज स्टेट हाउस में सेशेल्स के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लै से मुलाकात की। श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस दौरान भारत-सेशेल्स के साझा विरासत, संस्कृति और लोगों के आपसी तालमेल पर आधारित बहुआयामी संबंधों पर चर्चा हुई। उपराष्ट्रपति ने श्री पिल्लै को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

*****************

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज कुआलालंपुर में आसियान बैठक से इतर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात की। डॉक्‍टर जयशंकर ने उन्‍हें प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की ओर से बधाई दी। उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने और एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को विकसित करने के लिए श्री लक्सन की प्रतिबद्धता का स्वागत किया।

 

विदेश मंत्री ने आज सुबह अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भी मुलाकात की। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

 

*****************

 

डॉ. जयशंकर ने मलेशिया के विदेशमंत्री मोहम्मद हाजी हसन से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में विदेश मंत्री ने कहा कि उनकी चर्चा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति पर केंद्रित रही। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने म्यांमार की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया।

 

*****************

 

विदेश मंत्रालय में पूर्वी मामलों के सचिव पी. कुमारन ने आज कुआलालम्‍पुर में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर से मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों अधिकारियों ने भारत-अमरीकी संबंधों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। श्री कुमारन ने श्री कपूर को इस पद पर उनकी नियुक्ति पर बधाई भी दी।

 

*****************

 

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया है कि छत्तीसगढ़ के कांकेर ज़िले में 21 नक्‍सलियों ने अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने बताया कि 21 नक्‍सलियों में से 13 वरिष्ठ कार्यकर्ता थे। 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के उन्मूलन के अपने संकल्प को दोहराते हुए उन्‍होंने अन्‍य नक्‍सलियों से जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने की अपील की।

 

*****************

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नोटिस जारी कर डिजिटल अरेस्‍ट मामलों पर उनके द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी का विवरण मांगा है। न्‍यायालय ने देश में बढ़ते डिजिटल अरेस्‍ट की घटनाओं को देखते हुए सभी मामलों की जांच केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई को सौंपने पर भी विचार किया है।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय देश भर में डिजिटल अरेस्‍ट के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए स्‍वत: संज्ञान लेते हुए 17 अक्टूबर से इस मामले की सुनवाई कर रहा है।

 

*****************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि ‘एक ज़िला, एक उत्पाद’ के दृष्टिकोण से जुड़ी पहल किसानों को सशक्त बना रही हैं। इससे स्थानीय रोज़गार सृजित हो रहा है और ग्रामीण आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन का एक लेख साझा करते हुए श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह लेख इस बात पर प्रकाश डालता है कि घरेलू खाद्य प्रसंस्करण क्षमता को मज़बूत करना राष्ट्रीय सुरक्षा की प्राथमिकता है।

 

*****************

 

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 आज से मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्‍य देश में सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी को बढ़ावा देना और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण करना है। इस सप्ताह का विषय है, सतर्कता – हमारी साझा ज़िम्मेदारी। यह शासन और लोक प्रशासन में नैतिकता और पारदर्शिता के प्रति अधिक संवेदनशीलता पैदा करने के लिए मनाया जाता है।

 

केंद्रीय सतर्कता आयुक्त प्रवीण कुमार श्रीवास्तव और सतर्कता आयुक्त ए. एस. राजीव ने आज नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सतर्कता आयोग में इस अवसर पर अधिकारियों को शपथ दिलाई।

 

*****************

 

सेना आज 79वां इन्फैंट्री दिवस मना रही है। यह दिन स्वतंत्र भारत की पहली सैन्य कार्रवाई की स्मृति में मनाया जाता है, जब भारतीय सेना ने 27 अक्टूबर, 1947 को कश्मीर घाटी में हुए पहले हमले को विफल कर दिया था।

 

इस अवसर पर इन्फैंट्री के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार ने सभी पूर्व सैनिकों और सेवारत इन्फैंट्री जवानों को हार्दिक बधाई दी है। अपने संदेश में श्री कुमार ने उनके अटूट साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की।

 

आज के दिन राष्‍ट्र सेना के उन बहादुर जवानों के बलिदान को श्रद्धाजलि अर्पित करता है जिनकी वीरता और समर्पण ने हमारी स्‍वतंत्रता और सम्‍प्रभुता की रक्षा की है। हम सभी वीरों के परिवारों के प्रति कृतज्ञ हैं। मैं इस गौरवपूर्ण अवसर पर सेना के सभी पदों को अपनी शुभकामनाएं देता और और उनके भविष्‍य और राष्‍ट्र की सेवा में जारी प्रयासों की सफलता की कामना करता हूं।

 

*****************

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन कल से तमिलनाडु के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी तमिलनाडु की पहली यात्रा है। यात्रा के दौरान, श्री राधाकृष्णन कोयंबतूर, तिरुप्पुर, मदुरै और रामनाथपुरम में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

 

*****************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

 

*****************

 

नरेन्‍द्र मोदी सरकार द्वारा कई क्षेत्रों में जीएसटी दरों में कटौती से देशभर के नागरिकों को लाभ पहुंच रहा है। इसकी शुरूआत 22 सितंबर को हुई। आज की रिपोर्ट में हम बता रहे हैं कि कैसे अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दे रहे हैं। एक रिपोर्ट –

 

नये जीएसटी सुधारों के तहत सरकार ने विभिन्‍न क्षेत्रों में महत्‍वपूर्ण राहत प्रदान करते हुए जम्‍मू-कश्‍मीर की अर्थव्‍यवस्‍था को बढावा दिया है। जीएसटी 2.2 के तहत हस्‍तशिल्‍प पर्यटन और विशिष्‍ट उत्‍पादों पर कर की कम दरो ने बाजारों को व्‍यापक बनाया है। निर्यात को मजबूत किया है आजीविका को समृद्ध किया है। नए कर ढांचे के तहत पशमीना शॉल और कालीन जैसे उत्‍पादों पर कर की दर पहले के 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है। इस कदम से उन बुनकरों और कारीगरों को लाभ हुआ है जिनकी आजीविका इन शिल्‍पों पर निर्भर करती है। इसी प्रकार कश्‍मीरी बादाम, पैकेजिंग उद्योग पर अब 12 प्रतिशत के बजाय 5 प्रतिशत जीएसटी लग रहा है। इसके साथ ही पर्यटन और 7500 रूपये तक के होटल खर्चे पर भी जीएसटी 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इस निर्णय से पर्यटन रोजगार को बढावा मिला है। स्‍थानीय व्‍यवसायों में वृद्धि हुई है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में जम्‍मू-कश्‍मीर के निवासी अमित शर्मा ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से व्‍यापार को बढावा मिला है क्‍योंकि अब व्‍यापारियों को कम जीएसटी देना पड रहा है।

 

जो व्‍यापारी लोग थे जीएसटी पे करते थे और अब जैसे जीएसटी कम हुई है तो उनको काफी अच्‍छा लग रहा है और बेहतर है। जीएसटी कम होने से कई रोजगार के अवसर खुलेंगे और लोग अपना काम अच्‍छे तरीके से कर पाएंगे।

 

इस जीएसटी युक्तिकरण से लागत कम हो रही है और बाजार में प्रतिस्‍पर्धा बढ रही है जिससे राज्‍य के लोगों के लिए आय के अवसर बढ रहे हैं। रोहन के साथ दृष्टि पुनियानी आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

*****************

 

लोकआस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है।

 

खरना के बाद कल शाम से शुरू निर्जला उपवास में श्रद्धालु व्रती आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। कल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ ही चार दिन का यह पावन अनुष्ठान संपन्न होगा।

 

*****************

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी पी राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने आशा व्‍यक्‍त की कि छठ पर्व प्रत्‍येक के जीवन में सुख -समृद्धि लाएगा।

 

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि यह पर्व सभी को भगवान सूर्य और छठी मैया के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा को  अद्वितीय बताया।

 

गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह पर्व सब के जीवन में नई ऊर्जा और समृद्धि का संचार करेगा।

 

*****************

 

चक्रवाती तूफ़ान मोन्था, बंगाल की खाड़ी में चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र की नवीनतम अपडेट के अनुसार तूफान के अगले 12 घंटे में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य भागों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढने की संभावना है। तूफान के कल तट से टकराने की आशंका से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में तैयारियां पूरी। एक रिपोर्ट-

 

आसमान में कल से ही बादल छाए हुए हैं। चेन्नई और आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे ज़िलों में रुक-रुक कर हल्‍की से मध्‍यम बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण, चेन्नई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों का जलस्‍तर बढ रहा है। अतिरिक्त पानी समुद्र में छोड़ा जा रहा है। इस बीच आन्‍ध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि गुंटूर, बापटला, एनटीआर पलनाडु और पश्चिम गोदावरी जिलों में भी तेज वर्षा का अनुमान है। तटीय क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उच्च सतर्कता बनाए रखने, चक्रवात की गति पर प्रति घंटे निगरानी रखने और निचले तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्‍यमंत्री ने फसलों को नुकसान से बचाने के लिए नहरों के बांध को मजबूत करने के भी निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्री नायडू से बात कर तैयारियों की समीक्षा की।  जाय और अल्‍लु मुरली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*****************

 

आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढ़े नौ बजे जन स्वास्थ्य सुरक्षा में स्वच्छता की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान के औषधि विभाग के प्रोफेसर डॉक्‍टर पीयूष रंजन और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और कलावती सरन चिल्ड्रन हॉस्पिटल की बाल रोग विभाग की प्रोफेसर डॉक्‍टर अनु महेश्‍वरी चर्चा में भाग लेंगे।

 

*****************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भारत अपनी रणनीतिक समुद्री स्थिति और मज़बूत नौसैनिक क्षमताओं के कारण हिंद-प्रशांत क्षेत्र और ग्लोबल साउथ के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- पिछले एक दशक में निजी क्षेत्र की भागीदारी से देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड डेढ लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
  • छत्तीसगढ़ के कांकेर ज़िले में 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
  • सर्वोच्च न्यायालय ने डिजिटल अरेस्ट मामलों में दर्ज एफआईआर पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से विवरण मांगा।
  • छठ पूजा पर व्रती आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे।
  • चक्रवाती तूफ़ान मोन्था बंगाल की खाड़ी में चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व दक्षिण पूर्व में स्थित। तूफान के मद्देनजर कल तट से टकराने की आशंका से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में तैयारियां पूरी। ।

 

*****************