October 26, 2025 4:18 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच गहरी एकता का प्रतीक है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में राष्ट्र को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने छठ व्रत रखने वाली महिलाओं की भक्ति को प्रेरणादायक बताया।

  • श्री मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है और जीएसटी बचत उत्सव को लेकर भी लोगों में उत्साह है।

  • प्रधानमंत्री आज 22वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे और आसियान-भारत संबंधों में प्रगति तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की पहलों की समीक्षा भी करेंगे।

  • उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सेशेल्स के लिए रवाना। वे नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

  • आंध्र प्रदेश तथा पुद्दुचेरी में चक्रवात मोन्था के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच की गहरी एकता का प्रतीक है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आज प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग छठ घाटों पर एक साथ आकर भारत की सामाजिक एकता का सबसे सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

 

छठ का महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच की गहरी एकता का प्रतिबिंब है। छठ के घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है। मैं छठी मैया को नमन करता हूँ। सभी देशवासियों को, विशेषकर बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देता हूँ।

 

श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित किया है।

 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया है। इस बार उन इलाकों में भी खुशियों के दीप जलाए गए जहाँ कभी माओवादी आतंक का अंधेरा छाया रहता था। लोग उस माओवादी आतंक का जड़ से खात्मा चाहते हैं जिसने उनके बच्चों का भविष्य संकट में डाल दिया था।

 

प्रधानमंत्री ने वस्तु और सेवा कर – जीएसटी बचत उत्सव को लेकर लोगों में उत्साह पर खुशी व्यक्त की।

 

जीएसटी बचत उत्सव को लेकर भी लोगों में बहुत उत्साह है। इस बार त्योहारों में एक और सुखद बात देखने को मिली। बाजारों में स्वदेशी सामानों की खरीदारी जबरदस्त तरीके से बढ़ी है। मैंने अपने पत्र में खाने के तेल में 10 प्रतिशत की कमी करने का भी आग्रह किया था, इस पर भी लोगों ने बहुत सकारात्मक रुख दिखाया है।

 

प्रधानमंत्री ने स्वच्छता के प्रयासों से संबंधित देश के विभिन्न शहरों की कुछ प्रेरक कहानियों का उल्लेख किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्लास्टिक कचरे की सफाई के लिए शुरू की गई अनूठी पहल का हवाला दिया। श्री मोदी ने कहा कि अंबिकापुर में कचरा कैफे चलाए जा रहे हैं, इनमें  लोगों को प्लास्टिक कचरे के बदले भरपेट भोजन दिया जाता है।

 

मैंग्रोव के महत्व के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंग्रोव समुद्र के खारे पानी और दलदली भूमि में उगते हैं और समुद्री व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।  

 

गुजरात के वन विभाग ने 5 साल पहले अहमदाबाद के नजदीक धोलेरा में मैनग्रोव लगाने का काम शुरू किया था, और आज, धोलेरा तट पर साढ़े तीन हजार हेक्टेयर में मैनग्रोव फैल चुके हैं। इन मैनग्रोव का असर आज पूरे क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। वहाँ के इको-सिस्‍टम में डॉल्फिन की संख्या बढ़ गई है। केकड़े और दूसरे जलीय जीव भी पहले से ज्यादा हो गए हैं।

 

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि इस अवसर पर प्रत्येक वर्ष गुजरात के एकता नगर में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के पास विशेष समारोह आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने सभी से रन फॉर यूनिटी में भाग लेने का आग्रह किया।

 

रन फॉर यूनिटी में आप भी  जरूर शामिल हों – और अकेले नहीं सब को साथ लेकर के शामिल हों । एक प्रकार से युवा चेतना का ये अवसर बनना चाहिए एकता की दौड़, एकता को मजबूती देगी। ये उस महान विभूति के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने भारत को एकता के सूत्र में पिरोया था ।

 

श्री मोदी ने ओडिशा की कोरापुट कॉफ़ी के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि कोरापुट कॉफ़ी का स्वाद अद्भुत है और इसकी खेती से इस क्षेत्र के लोगों को लाभ हो रहा है। प्रधानमंत्री ने भारत के राष्ट्रीय गीत – वंदे मातरम की चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह देशभक्ति शब्दों से परे एक भावना है।

 

7 नवंबर को हम ‘वन्देमातरम्’ के 150वें वर्ष के उत्सव में प्रवेश करने वाले हैं। 150 वर्ष पूर्व ‘वन्देमातरम्’ की रचना हुई थी और 1896 (अट्ठारह सौ छियानवे) में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने पहली बार इसे गाया था। वन्देमातरम्’ के गान में करोड़ों देशवासियों ने हमेशा राष्ट्र प्रेम के अपार उफान को महसूस किया है। ‘वन्देमातरम्’ हमारे इन प्रयासों में हमेशा हमारी प्रेरणा बनेगा।

 

प्रधानमंत्री ने सभी से वंदे मातरम के महिमामंडन के लिए प्रयास करने और हैशटैग वंदेमातरम 150 के साथ सुझाव भेजने का आग्रह किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आज़ादी और जनजातीय समुदाय के अधिकारों के लिए उनके कार्य अद्वितीय है।

******

तेलंगाना के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आदिवासी योद्धा, कोमाराम भीम के योगदान को याद करने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कोमाराम भीम के पड़पोते कोमाराम सोनेराव ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।

 

कोमाराम भीम के बारे में प्रधानमंत्री का उल्‍लेख पूरे समुदाय के लिए गौरव की बात है। कोमाराम भीम की निजाम के विरुद्ध जनजातीय लोगों के अधिकारों के लिए जल, जंगल, जमीन की लड़ाई का उद्देश्‍य कुछ हद तक पूरा हुआ। हालांकि कुछ स्‍थानों पर जनजातीय लोग अब भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में समस्‍याओं का सामना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का हमारे देवता को श्रद्धांजलि देना वास्‍तव में पूरे जनजातीय  समुदाय का विशेष सम्‍मान है। सरकार जनजातीयों के कल्‍याण के लिए कई कार्यक्रम चला रही है, आदि कर्मयोगी जैसे और कार्यक्रम भी जनजातीय समुदाय के हित में लागू किए जाने चाहिए।

 

कोमाराम भीम आसिफाबाद जिले के सेवानिवृत्त मंडल शिक्षा अधिकारी, एन शंकर ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जनजातीय और अन्य लोगों के अधिकारों की रक्षा में उनके अपार योगदान के लिए कोमाराम भीम का भगवान की तरह सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि मन की बात में प्रधानमंत्री के उल्लेख से पूरे जिले को पहचान मिली है। 

 

केंद्र सरकार ने कर्मयोगी प्रोजेक्‍ट आदिवासी की उन्‍नति के लिए प्रवेश किया। इस प्रोजेक्‍ट से आदिवासी को उपलब्‍ध किया जा रहा है। हमारे तेलंगाना सरकार ने असीफाबाद जिला को कोमाराम भीम नाम लगाया गया है। ये बहुत खुशी की बात है। प्रधान जी आदिवासी के लिए हर तरह से सहायता करना मुझे बहुत आनंद दिया है। अपना प्रधानमंत्री जी नरेन्‍द्र मोदी जी को धन्‍यवाद कर रहा हूं।

*****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि निजी क्षेत्र के अच्छे स्वास्थ्य संस्थान, स्वस्थ और विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने में अमूल्य योगदान दे सकते हैं। राष्ट्रपति ने आज गाजियाबाद के इंदिरापुरम में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन करते हुए कहा कि पूरे देश में स्वास्थ्य और चिकित्सा संबंधी बुनियादी ढांचे, संस्थानों और सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

*****

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दो दिन की यात्रा पर सेशेल्स रवाना हो गए हैं। वे सेशेल्स के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे डॉ. हर्मिनी को भारत की ओर से शुभकामनाएँ देंगे और दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और दीर्घकालिक संबंधों की पुष्टि करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि सेशेल्स भारत के विज़न ‘महासागर’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

*****

दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन-आसियान का वार्षिक शिखर सम्मेलन आज से मलेशिया के कुआलालम्‍पुर में शुरू हो गया है। दो दिन के इस सम्मेलन में व्यापार, सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर चर्चा होगी। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प सहित कई प्रमुख वैश्विक नेता इस सम्‍मेलन में भाग ले रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आसियान-भारत शिखर बैठक में वर्चुअल माध्‍यम से शामिल होंगे।

*****

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर हैं। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेता प्रचार में जुटे हैं। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज पटना में कहा कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो पंचायती राज प्रतिनिधियों को 50 लाख रुपये का बीमा कवरेज दिया जाएगा। इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केवल एनडीए की डबल इंजन वाली सरकार ही बिहार को विकास के रास्‍ते पर ले जा सकती है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के बाद दूसरे चरण के लिए भी चुनाव प्रचार तेज हो गया है । महा गठबंधन की ओर से आज राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने सीमांचल के क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। कटिहार के आजमनगर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनती है तो वक्फ कानून को हटाया जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल द्वारा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान वक्फ कानून का विरोध करने पर भाजपा ने कड़ी आलोचना की है । भाजपा नेता दानिश इकबाल  ने कहा कि इससे राष्ट्रीय जनता दल की सांप्रदायिक सोच का सच सामने आ गया है।जनता दल यूनाइटेड , लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अलावा वाम दल, जन सुराज पार्टी और अन्य दलों के नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

*****

वस्‍तु और सेवा-कर बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित जीएसटी बचत उत्‍सव 22 सितम्‍बर से शुरू हुआ था। आज हम आपको बताएंगे कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों से किस तरह उत्‍तर प्रदेश की अर्थव्‍यवस्‍था में तेजी आ रही है।

 

नये जीएसटी सुधार उत्तर प्रदेश के किसानों, कारीगरों, छोटे व्यवसायों और स्थानीय उद्योगों के लिए महत्‍वपूर्ण साबित हुए हैं। खिलौनों और लघु शिल्प वस्तुओं पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे राज्‍य के हस्‍तशिल्‍प खिलौना निर्माण समूहों को काफी लाभ मिला है। इसी प्रकार 2,500 रुपये तक की कीमत वाले चमड़े के सामान पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लगने से कानपुर और आगरा के चमड़ा उद्योग के व्‍यापार पर भी बढोतरी हुई है। इसके अलावा, पीतल के बर्तनों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत करने से एमएसएमई की लाभप्रदता को बढ़ावा मिला है और कारीगरों के रोज़गार में स्थिरता आई है। वहीं, कांच के बने पदार्थ और चूड़ियों पर जीएसटी 5 प्रतिशत हो जाने से एक लाख से अधिक श्रमिकों और कारीगरों को रोजगार देने वाले जिले फिरोजाबाद को भी लाभ मिला है। इस कदम से कारीगरों की आय में वृद्धि हुई है। इस बीच, पेठे पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत करने से आगरा में पर्यटकों की खरीदारी बढ़ी है और छोटी मिठाई की दुकानों को पैकेज्ड कैंडीज़ के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद मिली है। इन नए जीएसटी सुधारों ने सामर्थ्य, रोज़गार सृजन को बढ़ाया है और उत्‍तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया है। रोहन और समर्थ के साथ, अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

चक्रवात मोन्था को देखते हुए आंध्र प्रदेश हाई अलर्ट पर है। इस चक्रवात के असर से दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 27, 28 और 29 अक्टूबर को तेज़ हवाओं के साथ मूसलाधार वर्षा की आशंका है। कई जिला प्रशासन ने अगले तीन दिन तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हैं।

*****

चक्रवात मोन्था के मंगलवार रात तक केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के काकीनाडा पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने चक्रवात के मद्देनजर यनम में एहतियाती उपाय किये हैं।

*****

छठ महापर्व का आज दूसरा दिन है। इसे खरना के नाम से जाना जाता है। चार दिवसीय छठ पूजा कल नहाय-खाय के साथ शुरू हुई।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए छठ व्रत रखने वाली महिलाओं की भक्ति को प्रेरणादायक बताया।

*****

भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और दिव्या देशमुख ने हाल ही में संपन्न यूरोपीय शतरंज क्लब कप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। भारत के निहाल सरीन ने भी व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने में सफलता प्राप्त की।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच गहरी एकता का प्रतीक है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में राष्ट्र को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने छठ व्रत रखने वाली महिलाओं की भक्ति को प्रेरणादायक बताया।

  • श्री मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है और जीएसटी बचत उत्सव को लेकर भी लोगों में उत्साह है।

  • प्रधानमंत्री आज 22वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे  और आसियान-भारत संबंधों में प्रगति तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की पहलों की समीक्षा भी करेंगे।

  • उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सेशेल्स के लिए रवाना। वे नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

  • आंध्र प्रदेश और पुद्दुचेरी में चक्रवात मोन्था के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए।

*****