मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में 17वें राष्ट्रीय रोज़गार मेले में कहा- रोज़गार मेले युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन गए हैं।
- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेज़। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित किया।
- आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में बस में आग लगने से 20 लोगों की मौत।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- बहुपक्षवाद के प्रति वचनबद्धता मज़बूत बनी रहनी चाहिए और संयुक्त राष्ट्र का समर्थन किया जाना चाहिए।
- भारत ने बहरीन में एशियाई युवा खेलों-2025 में कबड्डी में दो स्वर्ण पदक जीते।
****** ****** ******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि रोजगार मेले युवाओं के सपनों को पूरा करने का माध्यम बन चुके हैं। आज नई दिल्ली में आयोजित 17वें राष्ट्रीय रोजगार मेले के दौरान श्री मोदी ने वीडियो संदेश में यह बात कही। कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेला पहल के अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव-नियुक्त कर्मियों को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र सौंपे गये। श्री मोदी ने कहा कि इन रोज़गार मेलों के माध्यम से ही 11 लाख से ज़्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत योजना’ की भी शुरुआत की। इसका लक्ष्य साढे तीन करोड़ युवाओं को रोज़गार प्रदान करना है। श्री मोदी ने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाना भाजपा-एनडीए सरकार की प्राथमिकता है। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि स्किल इंडिया मिशन जैसे अभियान युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
स्किल इंडिया मिशन जैसे अभियानों के जरिए युवाओं को स्किल की ट्रेनिंग दी जा रही है, वहीं साथ ही नेशनल करियर सर्विस प्लेटफार्म जैसे इनीशिएटिव उन्हें नए अवसरों से भी जोड़ रहे हैं। इसके माध्यम से अब तक 7 करोड़ से अधिक वैकेंसीज इसकी जानकारी युवाओं को दी जा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की कूटनीतिक वार्ताओं और वैश्विक समझौता ज्ञापनों में युवाओं के प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोज़गार सृजन के प्रावधान भी शामिल हैं।
हम भारत के युवा सामर्थ्य को भारत की बड़ी ताकत मानते हैं, यहां तक कि हमारी विदेश नीति भी भारत के युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है हमारी डिप्लोमेटिक टॉक्स, हमारे ग्लोबल एमओयू इनमें युवाओं की ट्रेनिंग, अपस्किलिंग और एंप्लॉयमेंट जेनरेशन को भी शामिल किया जा रहा है।
****** ****** ******
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज समस्तीपुर में चुनावी रैली के साथ विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी नेता जननायक कर्पूरी ठाकुर की विरासत को याद करते हुए राज्य में विकास को गति देने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
आज बिहार का ऐसा कोई कोना नहीं है, जहां विकास का कोई न कोई काम न हो रहा हो। आप किसी भी दिशा में 50, 100 किलोमीटर चले जाइए, आपको केन्द्र सरकार या तो राज्य सरकार द्वारा कोई न कोई विकास का काम चलता हुआ दिखाई देगा।
श्री मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनके जन्मस्थान कर्पूरी ग्राम में पुष्पांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने बेगूसराय में भी जनसभा को संबोधित किया। और ब्योरा हमारे संवाददाता से –
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने सुशासन को समृद्धि में बदलने का काम किया है, इसलिए बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में इस बार भी जंगल राज वालों को दूर ही रखेंगे। इधर, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव ने सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में उनका मुख्य मुद्दा बेरोजगारी और पलायन है। भाजपा के स्टार प्रचारक और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सिवान और बक्सर जिले में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी गोपालगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
****** ****** ******
जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा की चार सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे और नतीजे शाम 5 बजे तक आने की उम्मीद है।
****** ****** ******
आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में आज तड़के हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी स्लीपर बस के मोटरसाइकिल से टकराने से आग लग गई। इस दुर्घटना में 19 यात्री और एक बाइक चालक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए । ज़िला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने बताया कि बस में दो ड्राइवरों सहित 41 लोग सवार थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों की हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया।
****** ****** ******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि बहुपक्षवाद के लिए प्रतिबद्धता मज़बूत बनी रहनी चाहिए और संयुक्त राष्ट्र का समर्थन किया जाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र के 80 वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली में स्मारक डाक टिकट जारी करते हुए डॉ. जयशंकर ने शांति और सुरक्षा के साथ-साथ विकास और प्रगति के आदर्शों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद का प्रबल समर्थक रहा है और आगे भी रहेगा।
मैं शांति और सुरक्षा के साथ-साथ विकास तथा प्रगति के सिद्धांतों को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराना चाहता हूं। भारत हमेशा से संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद का प्रबल समर्थक रहा है और आगे भी रहेगा।
डॉ. जयशंकर ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आतंकवाद को लेकर संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया उसके सामने आने वाली चुनौतियों का एक स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा परिषद का एक वर्तमान सदस्य पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी लेने वाले संगठन का खुले तौर पर बचाव करता हैं तो इससे बहुपक्षवाद की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने इसे विडम्बनापूर्ण बताया कि वैश्विक रणनीति के नाम पर आतंकवाद के पीड़ितों और अपराधियों को एक समान माना जा रहा है।
****** ****** ******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश को विकासशील भारत बनाने के लिए महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व वाला समाज अधिक मानवीय और प्रभावी होगा। राष्ट्रपति आज केरल के एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह का उद्घाटन कर रही थीं। उन्होंने पिछले कई दशकों से महिलाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने में संस्थान के प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रपति ने कॉलेज के शताब्दी प्रतीक चिन्ह का विमोचन भी किया।
****** ****** ******
आज भारत तिब्बत सीमा पुलिस-आईटीबीपी का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और गृह मंत्री अमित शाह ने बल के वीर नायकों की सराहना की। सोशल मीडिया पोस्ट में, उपराष्ट्रपति ने कहा कि आईटीबीपी ने अपनी स्थापना के बाद से ही भारत की सीमाओं और लोगों की सुरक्षा के लिए साहस, अनुशासन और अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में, हिमवीरों की कठोर परिस्थितयों और कठिन जलवायु में राष्ट्र की सुरक्षा में उनके साहस और समर्पण के लिए सराहना की।
****** ****** ******
जन योजना अभियान – सबकी योजना, सबका विकास पर आधारित दो मिनट की जन सेवा जागरूकता फिल्म आज से 6 नवंबर तक पूरे देश के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। पंचायती राज मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनभागीदारी और सरकारी योजनाओं की व्यापकता के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस अभियान का उद्देश्य 2026-27 के लिए पंचायत विकास योजना की तैयारी में जन जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
****** ****** ******
आज विश्व पोलियो दिवस है। इस अवसर पर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सशक्त जनभागीदारी के माध्यम से पोलियो उन्मूलन में भारत की उल्लेखनीय यात्रा पर प्रकाश डाला। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री नड्डा ने कहा कि पोलियो उन्मूलन में सफलता स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों से संभव हुई है। इन्होंने हर घर तक पहुँचकर यह सुनिश्चित किया कि इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई में कोई भी बच्चा पीछे न छूटे।
****** ****** ******
नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा कई क्षेत्रों में जीएसटी दरों में कटौती के साथ, 22 सितंबर को जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत हुई, जिससे देश भर के नागरिकों को लाभ हुआ। आज, हमारी संवाददाता की एक रिपोर्ट हैं कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार कर्नाटक की अर्थव्यवस्था को कैसे बढ़ावा दे रहे हैं।
अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के अंतर्गत कर्नाटक की अर्थव्यवस्था को अत्यधिक बढ़ावा मिला है। कॉफी, डेयरी, वस्त्र, हस्तशिल्प, कॉयर और आवश्यक औद्योगिक वस्तुओं सहित प्रमुख वस्तुओं पर कर में कमी से घरेलू मांग को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ ही राज्य के एमएसएमई और निर्यातकों को भी लाभ हो रहा है। कर की नई दरों में, कॉफी के अर्क, एसेंस और इंस्टेंट कॉफी पर जीएसटी को 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे उत्पादों की खुदरा कीमतों में लगभग 11 से 12 प्रतिशत की कमी आई है। इसी प्रकार, अल्ट्रा-हाई टेम्प्रेचर वाले दूध और पनीर पर जीएसटी 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है। घी और मक्खन पर जीएसटी 12 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे खुदरा कीमतों में 5 से 7 प्रतिशत की कमी आई है। नए जीएसटी सुधारों ने कर्नाटक की अर्थव्यवस्था को काफी लाभ पहुंचाया हैं। इससे कॉफ़ी, डेयरी और काजू की खेती करने वाले किसानों को मदद मिल रही है। जीएसटी सुधार हथकरघा और हस्तशिल्प के कारीगरों तथा राज्य में औद्योगिक और तकनीकी विकास को गति देने वाले उद्यमियों को सशक्त बना रहे हैं। विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
****** ****** ******
बहरीन में एशियाई युवा खेल-2025 प्रतियोगिता में भारत के अंडर -18 लडकों और लडकियों की टीमों ने स्वर्ण पदक जीत लिये हैं। लड़कियों की टीम ने फाइनल में ईरान को 75-21 से हराया। लड़कों की टीम ने भी फाइनल में ईरान को 35-32 से पराजित किया।
****** ****** ******
झारखंड के रांची में आज से चौथी दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स महासंघ – सैफ चैंपियनशिप शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में तीन दिवसीय एथलेटिक्स खेलों का उद्घाटन करेंगे। इस चैंपियनशिप में छह देश- भारत, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और मालदीव के 206 एथलीट भाग लेंगे।
****** ****** ******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से छठ पूजा से जुड़े गीत साझा करने का आग्रह किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने बताया कि बिहार सहित देश भर के श्रद्धालु इस पर्व की तैयारियों में पूरी श्रद्धा के साथ जुटे हुए हैं।
****** ****** ******
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने फिजी, फिलीपीन्स और पापुआ न्यू गिनी में एच आई वी के बढते मामलों पर चिन्ता जताई है और इसे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की क्षेत्रीय निदेशक साया माउ पिउकला और यूएन-एड्स के निदेशक एमानो मर्फी ने शीघ्र निदान और सार्वभौमिक उपचार सहित तत्काल और लक्षित कार्रवाई का आह्वान किया है।
****** ****** ******
तमिलनाडु मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। कम दबाव के कारण तमिलनाडु के उत्तरी जिलों में अगले 24 घंटों तक बारिश का अनुमान है। मछुआरों को अगले चार दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
****** ****** ******
मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
****** ****** ******
घरेलू शेयर सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी, आज सुबह से गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स 525 अंक गिरकर 84 हजार 31 पर, जबकि निफ्टी 150 अंक गिरकर 25 हजार 741 पर आ गया
****** ****** ******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में 17वें राष्ट्रीय रोज़गार मेले में कहा- रोज़गार मेले युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बन गए हैं।
- बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेज़। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित किया।
- आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में बस में आग लगने से 20 लोगों की मौत।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- बहुपक्षवाद के प्रति प्रतिबद्धता मज़बूत बनी रहनी चाहिए और संयुक्त राष्ट्र का समर्थन किया जाना चाहिए।
- भारत ने बहरीन में एशियाई युवा खेलों-2025 में कबड्डी में दो स्वर्ण पदक जीते।
****** ****** ******