September 23, 2025 3:31 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

  • दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी सहायता प्राप्‍त स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत के आज सात वर्ष पूरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – आयुष्मान भारत के कारण देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में क्रांति आ रही है।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। प्रतिष्ठित फिल्‍म अभिनेता मोहनलाल को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की उच्चस्तरीय चर्चा आज से शुरू होगी। वैश्विक संघर्ष और फ़लिस्तीन देश को मान्यता मुख्‍य मुद्दों में शामिल।
  • असम के प्रसिद्ध गायक ज़ुबीन गर्ग का कामरूप जिले में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
  • कोलकाता में रात भर हुई बारिश से जन-जीवन प्रभावित। बिजली का करंट लगने से पांच लोगों की मौत। महापौर ने निवासियों से घर में रहने का आग्रह किया।
  • एशिया कप क्रिकेट में आज शाम सुपर फोर में पाकिस्तान का मुकाबल श्रीलंका से।

********************

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना – आयुष्मान भारत के आज सात वर्ष पूरे हो गए है। सितंबर 2018 में रांची से शुरू की गई यह विश्‍व की सबसे बड़ी सरकारी सहायता प्राप्‍त स्वास्थ्य बीमा योजना है।

 

इस योजना से देश की स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी बदलाव आया है। इससे 55 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि स्वस्थ भारत, विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की कुंजी है।

********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि आयुष्मान भारत के कारण देश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में क्रांति आ रही है। इस योजना के सात साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इसने वित्तीय सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने दिखाया है कि कैसे क्षमता, करुणा और तकनीक मानव सशक्तिकरण को आगे बढ़ा सकते हैं।

 

 स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे लेख “आयुष्मान भारत – एक वायदे से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लिए एक जन आंदोलन तक।” को साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह लेख इस बात पर प्रकाश डालता है कि यह परिवर्तन प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सरकार के संकल्प का प्रमाण है और देश कितना आगे पहुँच गया है।

********************

गृह मंत्री अमित शाह ने स्टार्टअप्स को नए भारत की रीढ़ बताया। आज गांधीनगर के महात्मा मंदिर में दो दिवसीय स्टार्टअप सम्‍मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के स्टार्टअप तंत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप तंत्र बन गया है। भारत की युवा शक्ति पर ज़ोर देते हुए श्री शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि देश तीन वर्षों में वैश्विक नवाचार सूचकांक में शीर्ष दस में प्रवेश कर जाएगा।

 

आज का स्टार्टअप कॉन्क्लेव इन्नोवेट, एलीवेट और एक्सीलरेट इन 3 मंत्रों की थीम पर गुजरात में होने जा रहा है मुझे विश्वास है देश और प्रदेश दोनों के भविष्य को आगे बढ़ाने में हमें फायदा होगा और मोदी जी ने जो मंत्र दिया है माइंड टू मार्केट उसको मार्केट तक पहुंचाने का एक बहुत बड़ा मंच बनेगा उसका मुझे पूरा विश्वास है।

********************

रेल मंत्रालय ने पंजाब के फिरोजपुर छावनी से दिल्ली के लिए एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाडी  चलाने का प्रस्ताव रखा है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में पंजाब में पांच वंदे भारत रेलगाडियां चल रही हैं, जो राज्य के सात जिलों में जाती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ग्यारह वर्षों में पंजाब के रेल बजट में 24 गुना वृद्धि की गई है।

 

2014 से पहले मात्र 225 करोड रुपए का रेलवे का बजट मिलता था। मोदी जी आके उसको कई गुना करके आज करीब पांच हजार चार सौ करोड रुपए का मोदी जी बजट देते हैं पंजाब को मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी का बहुत-बहुत धन्‍यवाद दूंगा जिन्‍होंने पंजाब के लिए 24 गुना बजट बढ़ाया।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि सरकार ने 443 करोड़ रुपये की लागत वाली राजपुरा-मोहाली नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है।

********************

भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में कल से लागू किए गए अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार एक बड़ा कदम हैं। विभिन्न प्रकार की वस्तुओं और सेवाओं पर कर की दर कम करके ये सुधार लोगों को काफी राहत प्रदान करेंगे।

 

अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के तहत, सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई कटौती का लाभ ग्राहकों को मिलना शुरू हो गया है। लोगों को प्रत्यक्ष बचत का लाभ देने के लिए, सरकार ने रोज़मर्रा की ज़रूरत की चीज़ों और डिब्बा बंद खाद्य पदार्थों पर कर कम कर दिए गये हैं। जैसे हेयर ऑयल, साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट, टूथब्रश और शेविंग क्रीम जैसे उत्पादों पर जीएसटी की दरें 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई हैं। अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर दूध, पनीर, छैना, रोटी और पराठों पर, जीएसटी कर, पूरी तरह से हटा दिया गया है। नमकीन, भुजिया, सॉस, पास्ता, नूडल्स, चॉकलेट, कॉफ़ी, कॉर्नफ्लेक्स, मक्खन और घी जैसे खाद्य पदार्थों पर भी कर की दर घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है, जो पहले 12 प्रतिशत वाले स्लैब का हिस्सा था। वहीं, रसोई में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, डायपर और सिलाई मशीन जैसी अन्य घरेलू ज़रूरत की चीज़ों पर अब केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, दिल्ली निवासी पूजा ने नए जीएसटी सुधारों पर खुशी जताते हुए, सरकार के फैसले की सराहना की।

 

मेरा नाम पूजा है और मैं दिल्‍ली की रहने वाली हूं और मैं मोदी सरकार का बहुत-बहुत धन्‍यवाद करती हूं, जिन्‍होंने रोज की जरूरतों के हमारे चीजे जो भी सस्‍ती हुई है। उससे हमें बहुत राहत मिली है और त्‍योहार भी आने हैं तो उसमें भी हमारे बजट पर बहुत अच्‍छा फायदा मिलेगा हम लोगों को, और इसलिए हम मोदी सरकार का बहुत-बहुत आभार प्रकट करते हैं।

 

जीएसटी परिषद का यह निर्णय सीधे तौर पर परिवारों पर पढ़ने वाले वित्तीय बोझ को कम कर रहा है, और उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ाकर उन्हें मज़बूत करेगा। शिवांग के साथ, नीतिका गुप्ता, आकाशवाणी समाचार, नई दिल्ली।

********************

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में 71 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को बहुप्रतिष्ठित दादासाहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। एक रिपोर्ट-

 

वर्ष 2023 के लिए 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार कहानी कहने और अभिनय में उत्कृष्टता का जश्‍न मनाने के लिए  विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाएँगे। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म 12वीं फेलको दिया जाएगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म का पुरस्कार कटहल: ए जैकफ्रूट मिस्ट्रीको दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में, अभिनेता शाहरुख खान को उनकी फिल्म जवानके लिए और अभिनेता विक्रांत मैसी को 12वीं फेलके लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे। वहीं, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अभिनेत्री रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वेमें उनके प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा। सुदीप्तो सेन की द केरला स्टोरीको सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि हिंदी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानीको संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। शिल्पा राव को हिंदी फिल्म जवानऔर पी.वी.एन.एस. रोहित को तेलुगु फिल्म बेबीके गीतों के लिए सर्वश्रेष्‍ठ गायक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। शिवांग, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि वर्ल्‍ड फूड इंडिया 2025 ने वैश्विक खाद्य का केंद्र बनने में भारत को रणनीतिक मंच प्रदान किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने खाद्य प्रसंस्‍करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के लिखे एक लेख को साझा किया।

 

इस लेख में नवाचार, नीति सुधार और बढ़ते निवेश से संचालित कृषि – खाद्य क्षेत्र में भारत किस तरह एक वैश्विक नेता के रूप में अपना स्‍थान बना रहा है, इस पर बल दिया गया है।

********************

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, गोवा ने 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया। गोवा के राज्यपाल श्री पुष्पपति अशोक गजपति राजू ने धारगल परिसर में समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर गणमान्य व्यक्तियों ने कैंसर उपचार के लिए एक एकीकृत ऑन्कोलॉजी इकाई का उद्घाटन किया।

********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन के मंत्र से प्रेरित होकर सरकार परिवर्तन और प्रगति लाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। आज, इस विशेष श्रृंखला – ‘सेवा पर्व’ में, हम बता रहे हैं कि कैसे मोदी सरकार रोज़गार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है, और युवाओं को भविष्य के रोज़गार सृजक बनने के लिए सशक्त बना रही है। एक रिपोर्ट…

 

रोज़गार सृजन और रोज़गार के अवसरों का विस्तार पिछले 11 वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। भर्ती, उद्योग विकास और निर्यात पर केंद्रित प्रयासों ने विभिन्न क्षेत्रों में औपचारिक रोज़गार सृजन में मदद की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2022 में शुरू किया गया रोज़गार मेला देश भर में रोज़गार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य युवाओं को सार्थक रोज़गार के अवसर प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाना और राष्ट्रीय विकास में उनकी भूमिका को बढ़ाना है। अब तक 16 राष्ट्रीय स्तर के रोज़गार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इस वर्ष अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री विकासशील भारत रोजगार योजना शुरू करने की घोषणा की, जिसके तहत लगभग साढे तीन करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएँगे।

 

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना आज ही 15 अगस्‍त को लागू हो रही है। यह आपके लिए खुशखबरी है। इस योजना के तहत नीजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले नौजवान को बेटे-बेटी को 15 हजार रुपए सरकार की तरफ से दिये जाएंगे। कंपनियों को भी नये रोजगार देने के अवसर जो भी ज्‍यादा जुटाएगा उनको भी प्रोत्‍साहन राशि दी जाएगी। दूसरी ओर, स्टार्टअप इंडिया पहल ने देश में एक जीवंत उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2016 में शुरू की गई इस पहल ने 1 लाख 60 हजार से ज़्यादा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को सहायता प्रदान की है और 17 लाख 60 हजार से ज़्यादा रोज़गार सृजित किए हैं। अप्रैल 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना लाखों छोटे उद्यमियों को आसान ऋण प्रदान करती है। इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान, भोपाल के एक मुद्रा लाभार्थी लवकुश मेहरा ने 2021 में 5 लाख रुपये के शुरुआती ऋण के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने के बारे में बताया।

 

पहले में किसी के यहां नौकरी करता थ‍ा तो नौकर था, आपने हमारी गारंटी ली है कि मुद्रा लोन के माध्‍यम से और आज हम मालिक बन गये हैं। मुद्रा योजना के तहत अब तक लगभग 33 लाख करोड़ रुपये के 52 करोड़ से ज़्यादा ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे देशव्यापी उद्यमशीलता क्रांति को बढ़ावा मिला है। इस प्रकार देश का फलता-फूलता स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को नौकरी चाहने वालों से नौकरी देने वाले बनने में मदद कर रहा है।

********************

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा के 80वें सत्र की उच्‍च स्‍तरीय चर्चा आज शुरू होगी। इस सत्र के लिए विश्‍व के नेता न्‍यूयॉर्क में एकत्रित हुए हैं। इस सत्र में गाजा और यूक्रेन के युद्ध तथा फलीस्‍तीन को अलग देश के रूप में बढ़ती पश्चिमी मान्यता का मुद्दा चर्चा में मुख्‍य रूप से रह सकता है। इस वर्ष का विषय – एक साथ बेहतर: शांति, विकास और मानवाधिकारों के लिए 80 वर्ष और उससे अधिक है।

********************

लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग को आज असम के राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सर्बानंद सोनोवाल मौजूद थे। इस दौरान पुजारियों ने मंत्रोच्चार किया और प्रशंसकों ने उनके गीत गाए।

********************

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्‍सों में रातभर हुई तेज बारिश के कारण कोलकाता और आस-पास के क्षेत्रों में हुए जलभराव में करंट फैलने से पांच लोगों की मृत्‍यु हो गई है।

 

पश्चिम-बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर सरकारी सहायता वाले और सरकारी स्‍कूलों के लिए बुधवार तथा बृहस्‍पतिवार को अवकाश की घोषणा की है। महापौर ने निवासियों से घर में रहने का आग्रह किया है।

********************

एशिया कप क्रिकेट के सुपर फोर चरण में आज पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा। यह मैच संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।

********************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी सहायता प्राप्‍त स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत के आज सात वर्ष पूरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – आयुष्मान भारत के कारण देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में क्रांति आ रही है।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। प्रतिष्ठित फिल्‍म अभिनेता मोहनलाल को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की उच्चस्तरीय चर्चा आज से शुरू होगी। वैश्विक संघर्ष और फ़लिस्तीन देश को मान्यता मुख्‍य मुद्दों में शामिल।

  • असम के प्रसिद्ध गायक ज़ुबीन गर्ग का कामरूप जिले में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

  • कोलकाता में रात भर हुई बारिश से जन-जीवन प्रभावित। बिजली का करंट लगने से पांच लोगों की मौत। महापौर ने निवासियों से घर के अंदर रहने का आग्रह किया।

  • एशिया कप क्रिकेट में आज शाम सुपर फोर में पाकिस्तान का मुकाबल श्रीलंका से।

********************