मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। श्री मोदी ने कहा- भारत-फिलीपींस अपने संबंधों को महत्वपूर्ण साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत।
- भारत और फिलीपींस ने रक्षा, डिजिटल, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, समुद्री सहयोग, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में नौ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
- बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित।
- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सांसदों ने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव की सफलता पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रक्षा सुधारों की सराहना की।
- और मौसम विभाग का कल तक केरल और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
********************
भारत और फिलीपींस के बीच आज नौ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। ये समझौते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलदेज़ मार्कोस जूनियर की उपस्थिति में किए गए। इन समझौतों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक सहभागिता, आपराधिक मामलों, रक्षा, विज्ञान और तकनीक सहित अन्य क्षेत्रों में आपसी कानूनी सहायता संधि शामिल हैं।
मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फिलीपींस अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, ऐसे में फिलीपींस के राष्ट्रपति की यात्रा विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच प्राचीन काल से ही संबंध रहे हैं।
हमारा बाइलैटरल ट्रेड निरंतर बढ़ रहा है और 3 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है। इसे और मजबूत करने के लिए इंडिया आसियान फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के रिव्यू को जल्द से जल्द पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। साथ ही हमने द्विपक्षीय प्रोफेनशियल ट्रेड एग्रीमेंट की दिशा में काम करने का फैसला भी किया है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत-फिलीपींस अपने संबंधों को महत्वपूर्ण साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने और आतंकवाद के विरूद्ध लड़ाई में भारत का साथ देने के लिए फिलीपींस की सरकार और राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकासात्मक सहभागिता के तहत भारत, फिलीपींस में क्विक इम्पैक्ट परियोजनाओं की संख्या बढ़ाएगा।
डेवलेपमेंट पार्टनरशिप के अंतर्गत हम फिलिपींस में ट्विट इंपेक्ट प्रोजेक्ट की संख्या बढ़ायेंगे। और फिलिपींस में सोवरेंट डाटा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में भी सहयोग देंगे। धरती पर तो हमारी साझेदारी मजबूत है ही। और अब हमने अंतरिक्ष की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए आज समझौता भी किया गया है। मजबूत हो रहे रक्षा संबंध गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगातार बढ़ रहा है और 3 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। उन्होंने आगे कहा कि भारत-आसियान मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा जल्द से जल्द पूरी करना उनकी प्राथमिकता होगी। फिलीपींस के राष्ट्रपति ने दोनों देशों के संबंधों महत्वपूर्ण बताया और पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की।
फिलीपींस के राष्ट्रपति ने भारत सरकार के आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत और फिलीपींस दोनों रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने भारत के स्वदेशी रक्षा उद्योग के साथ साझेदारी में चल रहे फिलीपींस रक्षा आधुनिकीकरण की तीव्र गति पर भी संतोष व्यक्त किया।
********************
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्ष के हंगामें के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्षी दल बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे थे।
इससे पहले सुबह 11 बजे, लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर, कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल नारेबाजी करते हुए सदन के बीचो-बीच आ गए। हंगामे के बीच, अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया। श्री बिरला ने कहा कि प्रदर्शनकारी सदस्य पूर्व नियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों का आचरण संसदीय लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। हंगामे के कारण लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले, सदन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, पूर्व सांसद तिलकधारी प्रसाद सिंह और राम रति बिंद को श्रद्धांजलि दी गई।
वहीं, राज्यसभा में भी ऐसा ही देखने को मिला। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद, विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्होंने विपक्षी दलों की ओर से उपसभापति को एक पत्र लिखा है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड में स्पष्ट है कि केवल मार्शल ही सदन में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने श्री खरगे पर सदन को गुमराह करने और झूठे तथ्य पेश करने का आरोप लगाया।
हंगामे के बीच, सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा, सदन की कार्यवाही को बाधित करना संसदीय नियमों के खिलाफ है।
इनकी डेमोक्रेसी तब समाप्त हो जाती है जब वो अपने स्थान को छोडकर के किसी व्यक्ति को जिसे बोलने का अधिकार हो रूलिंग पार्टी में उसको डिस्टर्ब करते हैं। उसके बगल में नारे लगाते हैं। ये अनडेमोक्रेटिक भी है। दिस इज नॉट डिस्टर्बेंस, दिस इज एनारकिज्म और ये एनारकिज्म करने की कोशिश करते हैं।
उपसभापति हरिवंश ने भी लगातार व्यवधान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ सदस्य जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, प्रश्नकाल और शून्यकाल सार्वजनिक महत्व के मुद्दे को उठाने और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
********************
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी दलों के लगातार हंगामें पर नाराजगी व्यक्त की है। संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मॉनसून अधिवेशन का ये तीसरा सप्ताह है लेकिन एक भी विधेयक पारित नहीं कराया जा सका है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन बढ़ाए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित हो चुका है लेकिन ये अनुमोदन के लिए राज्यसभा में अभी तक लंबित है। श्री रिजिजू ने विपक्षी दलों से सहयोग करने और सदन को चलने देने का आग्रह किया।
********************
एनडीए संसदीय दल की बैठक आज सुबह नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और एनडीए के अन्य सांसद इसमें शामिल हुए।
बैठक के दौरान सांसदों ने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव की सफलता के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। सांसदों ने सशस्त्र बलों की भूमिका और उनके अडिग समर्पण की सराहना करते हुए ऑपरेशन की सफलता पर सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव भी पारित किया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजीजू ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले में जान गवांने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
इंडिया पार्लियामेंट्री पार्टी मीटिंग में एक रेजुलेशन पास हुआ। ऑपरेशन सिंदूर का सक्सेसफुल हमारा मिलेट्री एक्शन के बाद फिर ऑपरेशन महादेव का जो सक्सेस है। भारत के सेना को आर्म फोसेस को हमने अभिनंदन किया और सराहना करते हुए देश की ओर से हम हमेशा सेना के साथ खड़ा रहेंगे।
एनडीए संसदीय दल के प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असाधारण नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा गया कि उनके अटूट संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ता ने सभी भारतीयों के हृदय में एकता और गर्व की भावना को पुन: जागृत किया।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रक्षा क्षेत्र में शुरू की गई सुधारों की श्रृंखला का भी जिक्र किया गया। ये सुधार ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निर्णायक साबित हुए। प्रस्ताव में कहा गया कि एनडीए सरकार मजबूत, विकसित और शांतिपूर्ण विकसित भारत के निर्माण के लिए अथक प्रयास कर रही है।
********************
भारतीय जनता पार्टी के सांसद अरुण सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को ऐतिहासिक बताया। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में श्री अरूण सिंह ने कहा कि एनडीए संसदीय दल की बैठक के दौरान सभी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके निर्णायक नेतृत्व के लिए धन्यवाद दिया।
********************
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि कर्तव्य भवन को दिल्ली भर में कार्यरत विभिन्न मंत्रालयों और विभागों को एक साथ लाकर दक्षता, नवाचार और सहयोग को बढ़ाने के लिए सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया है। नई दिल्ली में उन्होंने बताया कि यह अत्याधुनिक कार्यालय परिसर लगभग 1 दशमलव 5 लाख वर्ग मीटर में दो बेसमेंट और 6 मंजिलों में फैला हुआ है।
प्रधानमंत्री स्वयं कर्तव्य पथ पर ही एक सभा को संबोधित करेंगे। भवन अब नया बना है। बहुत से रिफार्म्स इसके अंदर लाए गए हैं। आज की टेक्नोलॉजी के हिसाब से आज की आवश्यकता के हिसाब से उन सब चीजों का ध्यान रखा गया है। डिजिटल इंडिया के नाते से भी जितनी आवश्यकता आज किसी कार्यालय को चलाने की होती हैं। अब ई-ऑफिस बन रहे हैं। सभी ई-ऑफिसेस का एक नेटवर्क मोर एफिशिएंट तरीके से उसे डिजिटल सिस्टम को बनाया जाएगा और जिसमें कोर्डिनेशन आपस में अच्छा होगा और उसको मैनेज करने के लिए मोर प्रोपरली उसको मैनेज कर पायेंगे।
********************
हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नवनिर्मित कर्तव्य भवन का उद्घाटन करेंगे।
कर्तव्य भवन सेंट्रल विस्टा परियोजना का ही एक हिस्सा है। यह भवन प्रशासनिक प्रक्रियाओं और शासन की सुव्यवस्था के उद्देश्य से भविष्य में निर्मित होने वाले केंद्रीय सचिवालय भवनों में पहला है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया है कि कर्तव्य भवन के निर्माण का उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों को साथ लाकर दक्षता, नवाचार और सहयोग को बढावा देना है। वर्तमान में विभिन्न मंत्रालय और विभाग राजधानी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित है। कर्तव्य भवन आधुनिक कार्यालय परिसर है, जो करीब डेढ लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह भवन प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप आधुनिक, कुशल और नागरिक-केंद्रित शासन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की प्रमुख उपलब्धि साबित होगा। रहीसुद्दीन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कनकलता।
********************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि निरंतर सुधारों और किसान-केंद्रित पहलों से कृषि क्षेत्र में तेजी से वृद्धि हुई है। कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखे गए एक लेख को साझा करते हुए, श्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ये सुधार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
श्री चौहान ने अपने लेख में कहा है कि कृषि न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि एक आत्मनिर्भर और मजबूत भारत की नींव भी है। उन्होंने आगे कहा कि कृषि लाखों लोगों की आजीविका का आधार है।
********************
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने आज कहा कि आधुनिक, समावेशी और कुशल मीडिया तथा मनोरंजन पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सूचना तथा जनसंपर्क सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस बीच, सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि भारत में हाल ही में सामग्री निर्माण में तेजी से वृद्धि देखी गई है।
********************
मौसम विभाग का कल तक केरल और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक मूसलाधार वर्षा का अनुमान किया है।
मौसम विभाग ने आज केरल, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज से अत्यधिक तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने बताया कि इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
********************
उत्तर प्रदेश में बाढ़ राहत और बचाव कार्य तेज़ हो गए हैं। बाढ़ ने 21 जिलों की 48 तहसीलों को प्रभावित किया है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के अनुसार, अब तक 38 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा चुका है।
********************
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल, सत्यपाल मलिक का आज दोपहर निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने गोवा और मेघालय के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया।
********************
जानेमाने टेनिस खिलाडी नोवाक जोकोविच ने सिनसिनाटी ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने गैर-चिकित्सीय कारणों का हवाला देते हुए नाम वापस लिया है।
********************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। श्री मोदी ने कहा- भारत-फिलीपींस अपने संबंधों को महत्वपूर्ण साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत।
- भारत और फिलीपींस ने रक्षा, डिजिटल, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, समुद्री सहयोग, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में नौ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
- बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित।
- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सांसदों ने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव की सफलता पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रक्षा सुधारों की सराहना की।
- मौसम विभाग का कल तक केरल और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
********************