July 31, 2025 4:14 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अधिकरण की विशेष अदालत ने 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित समेत सभी आरोपियों को बरी किया।
  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बिहार की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को वापस लेने की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज झारखंड के देवघर में एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
  • मौसम विभाग का आज असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  • राष्ट्र, आज स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
  • और, भारत तथा इंग्लैंड के बीच अंतिम और निर्णायक क्रिकेट टेस्ट मैच आज से लंदन के ओवल में शुरू होगा।

 

———————————————

 

मुंबई की एक विशेष एनआईए अदालत ने आज वर्ष 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया। न्‍यायालय ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष मामला साबित करने में विफल रहा  और आरोपियों को केवल संदेह के आधार पर दंड नहीं दिया जा सकता। अदालत ने कहा है कि गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम-यूएपीए के प्रावधान इस मामले पर लागू नहीं होते।

 

अदालत ने महाराष्ट्र सरकार को घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को दो-दो लाख और घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये का मुआवज़ा देने का भी निर्देश दिया। 29 सितंबर 2008 को, मालेगांव शहर में एक मस्जिद के पास मोटरसाइकिल पर बंधे विस्फोटक उपकरण में विस्फोट होने से छह लोग मारे गए थे और 95 अन्य लोग घायल हुए थे। मीडिया से बातचीत में एक आरोपी के वकील रंजीत नायर ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित करने में असफल रहा है।

 

कोर्ट के सीधे से ऑब्‍जर्वेशन यह है कि आरोपी के खिलाफ सबूत नहीं दाखिल कर पाई प्रॉसिक्‍यूशन, इस वजह से कोर्ट ने निर्दोष मुक्‍तता कर दिया। हमारे पास, किसी भी एक्‍यूज के पास में कोई सी भी बॉम्‍ब के.. ट्रेसेस नहीं रिकॉर्ड हुए।  

 

———————————————

 

भारतीय जनता पार्टी ने 2008 के मालेगांव विस्‍फोट में सभी आरोपियों को बरी करने के एनआईए की विशेष अदालत के फैसले का स्‍वागत किया है। नई दिल्‍ली में पार्टी सांसद रविशंकर प्रसाद ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। उन्‍होंने  देश में भगवा आतंकवाद का झूठा माहौल बनाने के कांग्रेस के षडयंत्र की आलोचना की। श्री प्रसाद ने कहा कि वोट बैंक के लिए रचा गया सुनियोजित राजनीतिक षडयंत्र अब धराशायी हो गया है।

 

———————————————

 

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कई बार बाधित हुई। पहले स्‍थगन के बाद दोपहर 12 बजे राज्‍यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सदस्‍यों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की मांग को लेकर फिर नारेबाजी शुरू कर दी। केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जे.पी नड्डा ने कल ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब के दौरान विपक्ष के वॉकआउट करने की आलोचना की।

 

पीठासीन अधिकारी घनश्‍याम तिवारी ने प्रश्‍नकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण उसमें व्‍यवधान आया। गतिरोध जारी रहने पर कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई। कार्यवाही फिर शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा और कार्यवाही शाम साढे चार बजे के लिए स्‍थगित करनी पडी। 

 

इससे पहले, सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होने पर राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश ने नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार-निसार उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी।

 

लोकसभा कार्यवाही भी बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण पहले दो बजे तक और फिर शाम चार बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्‍यक्ष ओम बिरला ने आंध्र प्रदेश में श्री हरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार-निसार उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी।

 

इस मिशन का उद्देश्‍य वैश्विक लैंड ईको सिस्‍टम तथा समुद्री क्षेत्रों का अध्‍ययन करना है। हमें अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की इस उत्‍कृष्‍ट उपलब्धि पर अत्‍यंत गर्व है। ये सभा इस सफलता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिकों की टीम को बधाई देती है। 

 

———————————————

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज झारखंड के देवघर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानएम्स के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। एक रिपोर्ट – 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2019 के एम बी बी एस बैच को पहली बार डिग्री प्रदान करेंगी। इसमें चार गोल्ड मेडलिस्ट शामिल रहेंगे। समारोह में झारखण्‍ड के राज्यपाल संतोष गंगवार व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित कई वरीय अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवघर एम्स के चेयरमैन प्रो. डॉ एनके अरोड़ा करेंगे। कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने आकाशवाणी को बताया कि यह समारोह न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हो रहे भावी स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों का उत्साहवर्द्धन भी करेगा। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची।

 

राष्ट्रपति, कल धनबाद में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 45वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।

 

———————————————

 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्‍त शनिवार को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्‍सा लेंगे। इस संबंध में कल नई दिल्ली में कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस दौरान श्री चौहान ने अधिकारियों को राष्ट्रीय, राज्य, जिला और ग्राम स्तर पर किसानों को इस कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए। श्री चौहान ने समूचे देश के किसानों से इस कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया।

 

प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्‍द्र मोदी जी दो अगस्‍त को ठीक ग्‍यारह बजे प्रधानमंत्री के साथ सम्‍मान निधि की राशि आपके खाते में डालने वाले इस अवसर पर वो जुड़कर आपसे बात भी करेंगे। कार्यक्रम आपके गांव में भी होगा। सभी कृषि विज्ञान केन्‍द्रों पर होगा। आईसीआर के संस्‍थानों में होगा। एग्रीकल्‍चर यूनिवर्सिटीज में होगा। मंडियों में होगा, पैक्‍स के मुख्‍यालयों पर होगा और इसलिए ये मेरी आप सबसे प्रार्थना है प्रधानमंत्री जी के किसी न किसी कार्यक्रम से जरूर जुडिये।

 

———————————————

 

केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई ने कथित रिश्‍वत मामले में दिल्‍ली विकास प्राधिकरण के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के बयान के अनुसार आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से उसकी दुकान के फ्रीहोल्‍ड के लिए आवेदन आगे बढ़ाने के सिलसिले में कथित रूप से 50 हजार रूपये की रिश्‍वत की मांग की थी।

 

———————————————

 

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर० मार्कोस सोमवार से पांच दिन की यात्रा पर भारत आएंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद श्री मार्कोस की भारत की यह पहली यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि श्री मार्कोस की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

 

———————————————

 

अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से ऑर्किड अभियान को मज़बूत करने के लिए, अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव मनीष कुमार गुप्ता ने थाईलैंड में भारत के राजदूत नागेश सिंह के साथ वर्चुअल माध्‍यम से बैठक की। इस दौरान ऑर्किड की खेती में संभावित साझेदारियों पर चर्चा हुई। एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को कुशल बनाना है।

 

———————————————

 

उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि 39 वर्ष की सेवा के बाद आज सेवानिवृत्त हो गए। श्री सुब्रमणि ने अपना कार्यकाल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से शुरू किया और दिसंबर 1985 में उन्हें गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि रणनीतिक और सामरिक गतिशीलता, विशेष रूप से पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर उनकी गहरी समझ ने परिचालन तैयारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

———————————————

 

होमगार्ड दिल्‍ली के वर्तमान महानिदेशक एस.बी.के. सिंह को दिल्‍ली के पुलिस आयुक्‍त का अतिरिक्‍त प्रभार दिया गया है। गृह मंत्रालय ने एक आदेश में यह जानकारी दी। श्री सिंह 1988 के एजीएमयूटी कैडर के पुलिस अधिकारी हैं।

 

———————————————

 

केरल में 52 दिनों से जारी ट्रॉलिंग प्रतिबंध आज मध्यरात्रि को समाप्त हो जाएगा। एक रिपोर्ट-

 

मछली प्रजनन के दौरान समुद्री संसाधनों की रक्षा के लिए जाल और मशीनों से मछली पकड़ने की गतिविधियों पर 52 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया था। आज आधी रात से केरल के समुद्री पुल मछुआरों के लिए खोल दिए जाएँगे। कोल्लम, कोच्चि, कोझीकोड और आसपास के इलाकों में मछली पकड़ने वाले बंदरगाहों पर सैकड़ों मछली पकड़ने वाली नाव मौजूद हैं। मछुआरे बर्फ, खाना, ईंधन औऱ पानी जैसी सामग्री जमा करने में व्यस्त हैं। प्रतिबंध खत्म होने के बाद अन्य राज्यों के अधिकांश मछुआरे, मछली पकड़ने के लिए अपने घरों से लौट आए हैं। थिरूवनन्तपुरम से ऐम स्मिथि की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।

 

———————————————

 

नीलामी घर सदबी ने भारत को बुद्ध के अवशेषों से जुड़े माने जाने वाले पवित्र रत्नों का एक सेट लौटा दिया है। सदबी ने बताया कि मुंबई स्थित गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने ये रत्न खरीदे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इस वापसी की जानकारी देते हुए इसे गर्व और खुशी का क्षण तथा देश की सांस्कृतिक विरासत की जीत बताया। उन्होंने कहा कि ये अवशेष 127 साल बाद स्वदेश लौट रहे हैं।

 

———————————————

 

राष्‍ट्र, आज महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह को उनके 86वें बलिदान दिवस पर श्रद्धाजंलि अर्पित कर रहा है।

 

उधम सिंह ग़दर पार्टी और हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिक एसोसिएशन से जुड़े थेI उन्होने 1919 में अमृतसर में हुए जलियाँवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए 13 मार्च 1940 को ब्रिटिश पंजाब के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओडायर को लंदन के कैक्‍सटन हॉल में गोली मार दी थी। हिरासत में रहते हुए, उन्होंने राम मोहम्मद सिंह आज़ादनाम का इस्तेमाल किया, जो भारत के तीन प्रमुख धर्मों और उनकी उपनिवेशवाद-विरोधी भावना का प्रतिनिधित्व करता था। उन्हें हत्या का दोषी ठहराया गया और आज ही के दिन 1940 में फांसी दे दी गई थी। पंजाब के संगरूर ज़िले में उनके पैतृक स्थान सुनाम में उनकी स्मृति में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की है। पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा है की शहीद उधम सिंह का निडर न्यायप्रिय कार्य हमारे राष्ट्र की नींव रखने वाले बलिदानों की एक सशक्त प्रेरणा है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार,जालंधर।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

———————————————

 

मौसम विभाग ने आज असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने अगले छह से सात दिनों के लिए पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

———————————————

 

भारत, आज लंदन के ओवल मैदान में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी और निर्णायक क्रिकेट टेस्ट मैच में एंडरसन-तेंदुलकर की पाँच मैचों की टेस्ट सीरीज़ बराबर करने की कोशिश करेगा।

 

———————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अधिकरण की विशेष अदालत ने 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित समेत सभी आरोपियों को बरी किया।
  • संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बिहार की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को वापस लेने की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज झारखंड के देवघर में एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
  • मौसम विभाग का आज असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  • राष्ट्र, आज स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
  • और, भारत तथा इंग्लैंड के बीच अंतिम और निर्णायक क्रिकेट टेस्ट मैच आज से लंदन के ओवल में शुरू होगा।

 

———————————————

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.