मुख्य समाचार :
- राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा फिर शुरू हुई। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने चर्चा की शुरुआत करते हुए, ऑपरेशन के दौरान सशस्त्र बलों के प्रदर्शन की सराहना की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – वंदे भारत रेल सेवा का विस्तार तीन साल में सभी राज्यों में हुआ।
- इसरो-नासा के सहयोगी उपग्रह निसार का प्रक्षेपण आज शाम श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा।
- रूस के कामचात्का प्रायद्वीप के पास आए भीषण भूकंप के बाद रूस, जापान और अमेरिका के हवाई के कुछ हिस्सों में सुनामी की लहरें उठीं और प्रशांत क्षेत्र में भी चेतावनी जारी की गई।
- और… मौसम विभाग ने बिहार, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
——————————————-
राज्यसभा में पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में मज़बूत, सफल और निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा फिर शुरू हो गई है। चर्चा में भाग लेते हुए विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने ऑपरेशन सिंदूर में सेना के प्रदर्शन और क्षमताओं की सराहना की और कहा कि इसके परिणामों से देश गौरवान्वित हुआ है। विदेश मंत्री ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के पीछे की मंशा जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को क्षति पहुंचाना था, जो अनुच्छेद-370 हटने के बाद सामान्य स्थिति और समृद्धि की ओर लौट रही थी। डॉक्टर जयशंकर ने कहा इस घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था, और दुनियाभर से इस मामले में एकजुटता तथा सहानुभूति व्यक्त की गई। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि इस तरह का हमला बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है, क्योंकि इसने सभी सीमाएं पार कर दी थी और ऐसे में दोषियों तथा उनके समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही आवश्यक थी।
विदेश मंत्री ने कहा कि हमले के बाद मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों से सम्बद्ध समिति ने पहला निर्णय यह लिया कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के समर्थन को नहीं छोड़ता, तब तक सिंधु जल संधि को निलम्बित रखा जाएगा।
श्री जयशंकर ने कहा कि कि लोगों को साठ वर्ष तक यह बताया गया कि जवाहर लाल नेहरु की गलती को सुधारा नहीं जा सकता, लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार ने यह साबित कर दिखाया कि उसे सुधारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत 1947 से सीमापार से आतंकवाद का सामना कर रहा है तथा खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से आतंकवाद को ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन, क्वाड तथा द्विपक्षीय वार्ता के स्तर पर वैश्विक मंचों पर उठाया है।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि यह भारतीय कूटनीति की सफलता का परिणाम है कि पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के प्रतिनिधि गुट द रजिस्टेंस फ्रंट को अमरीका द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने स्पष्ट संदेश दिया कि वह किसी भी मध्यस्थता के लिए तैयार नहीं है और परमाणु धमकी को स्वीकार नहीं करेगा।
——————————————-
चर्चा में भाग लेते हुए डी.एम.के. के एन.आर. इलांगो ने कहा कि आतंकवाद चाहे आंतरिक हो या सीमापार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भार की सम्प्रभुता पर किसी भी देश द्वारा किसी भी ढंग से दखल नहीं दिया जाना चाहिेए।
तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन और राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा ने भी चर्चा में भाग लिया। चर्चा जारी है।
——————————————-
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि केवल तीन वर्ष में ही वंदे भारत रेल सेवा सभी राज्यों में उपलब्ध है। लोकसभा में आज एक प्रश्न के उत्तर में श्री वैष्णव ने बताया कि इस रेलगाड़ी की संचालन प्रतिक्रिया काफी उत्साहजनक है और इसलिए राज्यों से ऐसी रेलगाडियों की और अधिक मांग आ रही है।
जब शताब्दी और राजधानी इंट्रड्यूज़ हुई थी जितने समय में देश के सारे राज्यों को कवर किया गया अगर उस समय को कम्पेयर करें करीब-करीब दो दशक से अधिक समय लगा था। आज मान्यवर प्रधानमंत्री जी ने वंदेभारत जब इंट्रड्यूज की तीन साल के शॉर्ट टाइम फ्रेम में देश के सारे के सारे राज्यों को कवर किया। एक सौ 44 सर्विसिज आज वंदेभारत की चल रही हैं। और देशभर से इसका बहुत अच्छा फीडबैक आता है।
——————————————-
श्री वैष्णव ने कहा है कि वर्ष 2014-15 की तुलना में रेल दुर्घटनाओं में 77 प्रतिशत गिरावट आई है। लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने कवच जैसी नई प्रौद्योगिकी लाकर यात्रियों और रेलवे की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। कवच, स्वदेश विकसित स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली है।
——————————————-
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि संचार साथी पहल की मदद से एक करोड़ से अधिक फर्जी मोबाइल कनेक्शन निष्क्रिय किए गए हैं। लोकसभा में पूरक प्रश्न के जवाब में श्री सिंधिया ने बताया कि 35 लाख से अधिक लोगों ने इस पोर्टल पर मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
इस ऐप के आधार और पोर्टल के आधार पर इतनी सफलता हमें मिली है कि मोबाइल नंबर करीब-करीब 29 लाख हम लोगों ने डिस्कनेक्ट किए हैं। मोबाइल हैंडसेट करीब साढे पांच लाख हम लोगों ने ब्लॉक किए हैं। बल्क एसएमएस स्टैंडर्डस बीस हजार हम लोगों ने ब्लॉक किए हैं और व्हाट्सएप अकाउंट्स करीब-करीब 24 लाख हम लोगों ने ब्लॉक किए हैं।
——————————————-
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो आज सिंथेटिक अपरचर राडार उपग्रह-निसार अंतरिक्ष में भेजेगा। यह इसरो और अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी- नासा का संयुक्त मिशन है। इसमें नासा का एल-बैंड और इसरो का एस-बैंड राडार लगा है।
आंध्र प्रदेश में श्री हरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से जी.एस.एल.वी.-एफ16 रॉकेट से शाम पांच बजकर चालीस मिनट पर यह प्रक्षेपण होगा। इस मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बारह दिन पर पूरी पृथ्वी और इसकी आंतरिक हलचलों का बारीकी से निरीक्षण करना है। इससे जलवायु परिवर्तन, अनुसंधान और आपदा कार्रवाई के लिए उच्च गुणवत्ता के स्पष्ट चित्र और डेटा उपलब्ध होंगे। यह धरती और हिमखंडों में हो रहे बदलावों का भी अध्ययन करेगा। समाचार कक्ष से मैं मनोज।
——————————————-
रूस के कामचात्का प्रायद्वीप में आज सुबह आए भीषण भूकंप के बाद रूस, जापान और अमरीका के हवाई के कुछ हिस्सों में सुनामी की लहरें उठने के बाद दर्जनों अन्य देशों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 8 दशमलव 8 तीव्रता के इस शक्तिशाली भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में व्यापक सुनामी की चेतावनी जारी की गई और कई देशों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। एक रिपोर्ट-
भूकंप के कुछ ही घंटों बाद पहली लहरें हवाई पहुँच गईं और ओआहू तट पर 4 फीट ऊंची लहरें उठीं। अधिकारियों ने निवासियों और पर्यटकों से अगली सूचना तक निकासी क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया है। हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने पुष्टि की है कि लहरें अब हवाई को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह खतरा घंटों तक बना रह सकता है। जापान में, 10 लाख से ज़्यादा लोगों को तटीय क्षेत्रों को खाली करने के लिए कहा गया है। रूस के सखालिन क्षेत्र में आपातकालीन उपाय लागू किए गए हैं, जिनमें कुरील द्वीप समूह को पूरी तरह से खाली कराना भी शामिल है। हवाई और रूस के कुछ हिस्सों में जल सेवाएं और बिजली का बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हुआ है। माउई में, अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर जल आपूर्ति और अपशिष्ट जल प्रणालियों को बंद कर दिया है। अमरीका के तटरक्षक बल ने हवाई के सभी बंदरगाहों को आने वाले यातायात के लिए बंद कर दिया है और कई उड़ानों के मार्ग बीच में ही बदल दिये हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बयान जारी कर अमेरिकियों से स्थानीय दिशानिर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने का आग्रह किया है। चीन, फिलीपींस, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, पेरू और इक्वाडोर के गैलापागोस द्वीप समूह उन अन्य देशों में शामिल हैं जिन्होंने सुनामी की चेतावनी जारी की है। यहां के तटीय क्षेत्रों में 30 सेन्टीमीटर से लेकर 1 मीटर से अधिक ऊँची लहरें उठने की आशंका है। रूस के तट पर आया भूकंप आधुनिक इतिहास में दर्ज किए गए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। इस बीच, भूकंप और संभावित सुनामी को देखते हुए सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिकों को स्थानीय आपातकालीन प्रबंधन और अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्रों सहित अमेरिकी अधिकारियों की चेतावनियों पर सावधानीपूर्वक नज़र रखने और स्थानीय अलर्ट का पालन करने की सलाह दी है। दूतावास ने उनसे ऊंचे स्थानों और तटीय क्षेत्रों से बचने, आपात स्थिति के लिए तैयार रहने तथा उपकरणों को चार्ज रखने का भी आग्रह किया है। समाचार कक्ष से कनकलता।
——————————————-
इस बीच, अमरीका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, सुनामी कैलिफ़ोर्निया के तट तक पहुंच गई है। इंडोनेशिया के पापुआ स्थित जयापुरा शहर की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने तटीय क्षेत्र के निवासियों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी का कहना है कि सुनामी की लहरें देश के तटीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों तक पहुंच गई हैं।
——————————————-
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पहली बार नहीं हो रहा है। ऐसा कई बार हो चुका है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और इस प्रक्रिया से डरने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि यह तकनीक का इस्तेमाल करके वैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है।
——————————————-
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने विपक्षी सदस्यों पर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन आयोग का निर्णय था और इसके लेकर विपक्ष का विरोध अनुचित है।
एस आई आर हमारे देश के चुनाव आयोग की एक व्यवस्था है। दशकों से ये व्यवस्था देश में लागू है। अपने राजनीतिक पैंतराबाजी के लिए, सुविधा के लिए लोग उसको एक राजनीतिक उद्देश्य से विरोध कर रहे है, ये चिंताजनक है, निंदनीय है।
मत्स्य और पशु पालन राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा है कि निर्वाचन आयोग पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतंत्र को मज़बूत करने और देश के फायदे के लिए कर रहा है। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर विदेशी घुसपैठियों के समर्थन से भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचान का आरोप लगाया।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन अकेला दुनिया की वो पार्टी है जो विदेशी घुसपैठियों को, जो इस देश के नागरिक नहीं है उनको नागरिकता भी दिलाना चाह रहे हैं और उनको मतदाता सूची में भी शामिल करना चाह रहे हैं। चुनाव आयोग जो भी काम करता है वो चुनाव आयोग को प्रदत्त शक्तियों के निहित ही करता है। कई आयोगों ने अपनी शक्तियों का उपयोग नहीं किया लेकिन एक भी आयोग ऐसा नहीं है जिसने अपनी शक्ति से बाहर जाकर काम किया।
——————————————-
प्रवर्तन निदेशालय कथित चिकित्सा आपूर्ति घोटाले के सिलसिले में छत्तीसगढ़ में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। ईडी ने एक बयान में कहा कि ये परिसर मोक्षित कॉर्पोरेशन के शशांक चोपड़ा या छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा निगम लिमिटेड के अधिकारियों से संबंधित हैं।
——————————————-
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आज पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया। आकाशवाणी के जम्मू संवाददाता ने बताया कि ये आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े थे। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों का हाल में ही सफाया किये जाने के बाद यह मुठभेड़ हुई है।
——————————————-
भारतीय मौसम विभाग ने आज पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी तेज बारिश की संभावना है।
ओडिशा, बंगाल और झारखंड एरिया है वहां भी हेवी टू वेरी हेवी रेन फॉल हो सकता है। तमिलनाडु, वेस्ट बंगाल में भी हो सकता है क्योंकि वहां भी एमिड साइक्लोनिक सरकुलेशन है उत्तर पश्चिम, बे ऑफ बंगाल, और अगर दिल्ली का राष्ट्रीय राजधानी का बात करें तो बारिश तो रहेगा ओवर कास्ट लेकिन यही है कि लाइट टू वेरी लाइट रेनफॉल आज रहेगा।
——————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा फिर शुरू हुई। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने चर्चा की शुरुआत करते हुए, ऑपरेशन के दौरान सशस्त्र बलों के प्रदर्शन की सराहना की।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – वंदे भारत रेल सेवा का विस्तार तीन साल में सभी राज्यों में हुआ।
- इसरो-नासा के सहयोगी उपग्रह निसार का प्रक्षेपण आज शाम श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा।
- रूस के कामचात्का प्रायद्वीप के पास आए भीषण भूकंप के बाद रूस, जापान और अमेरिका के हवाई के कुछ हिस्सों में सुनामी की लहरें उठीं, प्रशांत क्षेत्र में भी चेतावनी जारी की गई।
- और… मौसम विभाग ने बिहार, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
——————————————-