July 24, 2025 4:17 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :  

 

  • भारत और ब्रिटेन आज मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टार्मर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह वार्ता दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को नई गति देने पर केन्द्रित होगी।
  • संसद में लगातार चौथे दिन भी गतिरोध जारी। विपक्ष बिहार मतदाता सूची संशोधन और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में 12 आरोपियों को बरी करने के बम्‍बई  उच्‍च न्‍यायालय के आदेश पर रोक लगाई।
  • रूस का यात्री विमान चीन के सीमावर्ती क्षेत्र पूर्वी अमूर के पास दुर्घटनाग्रस्त। इसमें चालीस से अधिक लोग सवार थे।
  • मैनचेस्‍टर में इंग्‍लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज भारत पहली पारी में चार विकेट पर 264 रन से आगे खेलेगा।
  • और फिडे महिला शतरंज विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत की कोनेरू हम्पी का मुकाबला चीन की लेई टिंगजी से होगा।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टार्मर के साथ वार्ता करेंगे। यह वार्ता, दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को नई गति देने पर केन्द्रित हो सकती है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों देशों के लिए लाभदायक मुक्‍त व्‍यापार समझौते पर भी आज हस्‍ताक्षर किए जाएंगे।

 

इस व्यापार समझौते से सभी क्षेत्रों में भारतीय वस्तुओं के लिए व्यापक बाज़ार पहुंच सुनिश्चित होने की उम्मीद है। यूनाइटेड किंगडम के फ़ाइनेंशियल टाइम्स अख़बार ने अपने कॉलम में कहा है कि लंदन का मानना है कि इस व्यापार समझौते से वर्ष 2040 तक भारत को ब्रिटिश निर्यात में 60 प्रतिशत की वृद्धि होगी। सीबीआई बिज़नेस ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेन न्यूटन-स्मिथ के हवाले से, राष्ट्रीय दैनिक ने कहा है कि यह समझौता “दीर्घकालिक साझेदारी के लिए एक आधारशिला” है, जो ब्रिटिश कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने में सक्षम बनाएगा। इस बीच, वार्ता के बाद, संयुक्त प्रेस वक्तव्य भी जारी किए जाएंगे। बाद में, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, श्री मोदी की दोपहर के भोजन पर मेजबानी करेंगे। शाम में, अपने दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में, मालदीव की अपनी अगली यात्रा पर रवाना होने से पहले, श्री मोदी राजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात करेंगे। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, लंदन।

 

*****

 

भारत और श्रीलंका के बीच मज़बूत रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने लिए श्रीलंकाई आर्मी स्कूल ऑफ़ लॉजिस्टिक्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत का दौरा किया। 24 सदस्यों वाले इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एक ब्रिगेडियर ने किया। इसमें बांग्लादेश और जाम्बिया के सशस्त्र बलों के दो विदेशी छात्र अधिकारियों के साथ 21 अधिकारी भी शामिल थे। कार्यक्रम का आज अंतिम दिन है।

 

*****

 

भारत पांच वर्ष के अंतराल के बाद आज से चीनी नागरिकों को फिर पर्यटन वीज़ा जारी करेगा। पेचिंग में भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि चीनी नागरिक भारत के लिए पर्यटन वीज़ा के लिए ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। पेचिंग, शंघाई और ग्‍वांगझाउ में भारतीय वी़जा आवेदन केन्‍द्रों में व्‍यक्तिगत रूप से पासपोर्ट और आवश्‍यक दस्‍तावेज जमा कराने होंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से

 

यह फैसला ऐसे समय में हुआ है जब दोनों देश, 2020 में गलवान घाटी संघर्ष के बाद, तनाव कम करने और आपसी संबंध सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू करने का भी निर्णय लिया है। कोविड महामारी और गलवान संकट के बाद से सीधी विमान सेवा और कैलाश मानसरोवर यात्रा निलंब‍ित थी। दोनों देशों ने इस बात को समझा है कि इस वर्ष भारत और चीन के बीच राजनयिक संबंध शुरू होने की 75वीं वर्षगांठ का उपयोग आपसी भरोसा बहाल करने के राजनयिक प्रयासों के रूप में किया जा सकता है। समाचार कक्ष से आनंद पाठक। 

 

*****

 

संसद में लगातार चौथे दिन भी गतिरोध जारी है। विपक्ष बिहार मतदाता सूची संशोधन और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है। संसद के दोनो सदनों की कार्यवाही विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई। लोकसभा में आज सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्‍यक्ष ओम बिरला ने प्रश्‍नकाल शुरू किया लेकिन विपक्षी सदस्‍य बिहार में मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्‍य मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे और सदन के बीचोंबीच आ गये। श्री बिरला ने विपक्ष से प्रश्‍नकाल शुरू करने की अपील की। उन्‍होंने सदन में व्‍यवधान डालने और तख्तियां दिखाने पर चिंता व्‍यक्‍त की तथा विपक्षी सदस्‍यों से अपनी सीट पर वापस जाने का आग्रह किया।

 

पुन: आपसे आग्रह करता हूं कि लोगों की अपेक्षा, आकांक्षा उठाने के लिए तख्‍तियां लेकर मेजें तोड़ने के लिए नहीं भेजा है। आप अपने-अपने आसन पर जाएं। प्रश्‍नकाल के बाद नियमों के तहत आपको हर मुद्दे विषय पर बोलने दिया जाएगा।

 

इस बीच लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

 

*****

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि अब लगभग समूचे देश में स्‍वच्‍छ ऊर्जा प्राप्‍त हो रही है। लोकसभा में आज एक प्रश्‍न के उत्‍तर में श्री पुरी ने कहा कि सरकार सीएनजी और पीएनजी सहित सभी तरह की स्‍वच्‍छ ऊर्जा के लिए प्रतिबद्ध है।

 

*****

 

राज्‍यसभा में तमिलनाडु के छह सदस्‍यों को विदाई दी गई, जिनका कार्यकाल आज समाप्‍त हो रहा है। इनमें डीएमके के एम मोहम्मद अब्दुल्ला, एम षणमुगम और पी विल्सन, आल इंडिया अन्‍ना डीएमके के एन चंद्रशेखरन, एमडीएमके के वाइको और पीएमके के अंबुमणि रामदास शामिल हैं। हालांकि, श्री विल्सन पुनः निर्वाचित हुए हैं और उनका कार्यकाल कल से शुरू होगा। उपसभापति हरिवंश ने कहा कि इनमें से प्रत्‍येक सदस्‍य ने सदन में हुई चर्चा में सार्थक योगदान दिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जे पी नडडा ने उनके सदन के अंदर और बाहर अमूल्‍य योगदान की सराहना की।

 

प्रजातंत्र में चर्चा होना, वाद-विवाद होना ये स्‍वाभाविक है। डेमोक्रेसी की ड्यूटी है कि हम डिसएग्री करते है इसको हम एग्री करते है और इसलिए नीतियों में पोलिसिस के साथ चर्चाओं में जिस तरीके से हमारे छह साथियों ने पार्टिसपेट किया है उससे हाउस बहुत एनरिच हुआ है उनकी कॉन्ट्रिब्‍यूशन सदा ये हाउस ये याद रखेगा। मैं उनको इसके लिए बहुत बधाई देता हूं और इनको शुभकामनाएं देता हूं।

 

इसके बाद श्री हरिवंशन ने प्रश्‍नकाल शुरू किया लेकिन विपक्षी सदस्‍यों ने अपने अपने मुद्दों पर नारेबाजी शुरू कर दी। उपसभापति ने सदन के सुचारू संचाचन की अपील की लेकिन हंगामा जारी रहने पर उन्‍होंने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी। इससे पहले, श्री हरिवंश ने मनोनीत सदस्‍य उज्‍ज्‍वल निकम को आज शपथ दिलाई। उन्‍होंने मराठी भाषा में शपथ ली।

 

*****

 

जनता दल यूनाइटेड के नालंदा से सांसद कौशलेन्‍द्र कुमार ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर राजनीति करने के लिए विपक्ष की आलोचना की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री कुमार ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति करने का इच्‍छुक है।

 

सरकार तो तैयार है पीठ से भी कहा गया था, रक्षा मंत्री ने कहा, गृह मंत्री ने कहा, संसदीय कार्य मंत्री ने अनुरोध किया कि भाई आप चर्चा कल लीजिए, खाली हल्‍ला क्‍यों करते हों। लेकिन तख्‍ती लेकर तो ये लोग खड़े हो जाते हैं, हल्‍ला करते हैं। चर्चा भी नहीं करना चाहते, इसलिए कि बिहार में चुनाव है, तो इंडिया गठबंधन एक मुद्दा बनाया है कि बिहार के मुद्दे पर ही हल्‍ला हो और सदन को चलने नहीं दिया जाए।

 

विपक्षी सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आज संसद के बाहर प्रदर्शन किया और इसके वापस लेने की मांग की।

 

*****

 

सर्वोच्च न्यायालय ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में सभी 12 आरोपियों को बरी करने के बम्बई उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी है। सर्वोच्च न्यायालय ने आज महाराष्ट्र सरकार द्वारा दायर आपराधिक अपीलों पर नोटिस जारी किया, जिसमें बम्बई उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें 2006 में 11 जुलाई को हुए मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया था।

 

*****

 

प्रवर्तन निदेशालय ने आज रिलायंस अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर धोखाधड़ी और धन शोधन के मामले में 35 स्थानों पर छापेमारी की। इस जांच में 50 कंपनियां और 25 से ज़्यादा लोग शामिल हैं।

 

*****

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राष्ट्रीय राजधानी में सात नए सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल खोलने की घोषणा की। दिल्ली सचिवालय में 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन करते हुए उन्‍होंने कहा कि दिल्ली सरकार शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य ढाँचे के साथ-साथ माध्यमिक और सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को भी बेहतर बनायेगी। 

 

सात अस्‍पताल कोविड के समय में जिनकी नींव रखी गई थी परंतु वह शुरू नहीं हो पाए थे, जिन्हें आईसीयू हॉस्पिटल डेवलप करने के लिए सोचा गया था। उन सातों प्रीमिसिज को हम सुपर स्पेशलिटी आईसीयू हॉस्पिटल बनाएंगे जहां हर एक बीमारी के लिए एक स्‍पेशन अस्पताल और उन अस्पतालों में जाकर के जो आईसीयू बेड की कमी दिल्ली में है उसे पूरा किया जाएगा।

 

*****

 

देश भर में आज आयकर दिवस मनाया जा रहा है। यह भारत के वित्तीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। एक रिपोर्ट

 

पिछले कुछ वर्षों में, भारत की कराधान प्रणाली में व्यापक परिवर्तन आया है। वर्ष 1981 में कर चालानों का इलेक्ट्रॉनिक प्रसंस्करण तकनीकी उन्नयन का प्रतीक बना। वर्ष 1995 में स्थायी खाता संख्या (पैन) की शुरुआत से वित्तीय लेनदेन को जोड़ने और ट्रैक करने में मदद मिली। आयकर रिटर्न के लिए ई-फाइलिंग पोर्टल एक और क्रांतिकारी कदम साबित हुआ। इससे अनुपालन लागत कम हुई और चौबीसो घंटो तक पहुंच आसान हुई। वर्तमान डिजिटल युग में, कराधान की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से की जाती है, जिसमें प्रोजेक्ट इनसाइट जैसी अभूतपूर्व पहल शामिल हैं। इन परिवर्तनों ने न केवल पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है, बल्कि लोगों के लिए इस प्रक्रिया को भी सुगम बनाया है। भानू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*****

 

रूस का यात्री विमान आज चीन के सीमावर्ती क्षेत्र पूर्वी अमूर के टिंडा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें चालीस से अधिक लोग सवार थे। सूत्रों के अनुसार कम दृश्यता में लैंडिंग के दौरान चालक दल की गलती को इसका संभावित कारण माना जा रहा है।

 

*****

 

मैनचेस्‍टर में इंग्‍लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज भारत पहली पारी में चार विकेट पर 264 रन से आगे खेलेगा। यह मैच भारतीयानुसार साढे तीन बजे शुरू होगा।

 

*****

 

शतरंज में, फिडे महिला विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत की कोनेरू हम्‍पी और चीन की लेई टिंगजी, टाईब्रेक में आमने-सामने होंगी।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • भारत और ब्रिटेन आज मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टार्मर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह वार्ता दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को नई गति देने पर केन्द्रित होगी।
  • संसद में लगातार चौथे दिन भी गतिरोध जारी। विपक्ष बिहार मतदाता सूची संशोधन और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में 12 आरोपियों को बरी करने के बम्‍बई  उच्‍च न्‍यायालय के आदेश पर रोक लगाई।
  • रूस का यात्री विमान चीन के सीमावर्ती क्षेत्र पूर्वी अमूर के पास दुर्घटनाग्रस्त। इसमें चालीस से अधिक लोग सवार थे।
  • मैनचेस्‍टर में इंग्‍लैंड के साथ चौथे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन आज भारत पहली पारी में चार विकेट पर 264 रन से आगे खेलेगा।
  • और फिडे महिला शतरंज विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत की कोनेरू हम्पी का मुकाबला चीन की लेई टिंगजी से होगा।

 

*****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.