मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र को देश की सामूहिक उपलब्धियों का सच्चा उत्सव बताया। श्री मोदी ने कहा-ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरे विश्व ने भारत की सैन्य ताकत देखी, जब पहलगाम आतंकी हमले के षडयंत्रकारियों के ठिकानों को मिनटों में ध्वस्त किया गया।
- मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष के विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित। राज्यसभा की कार्यवाही जारी।
- सरकार ने कहा–विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो एयर इंडिया-171 विमान दुर्घटना की जाँच पारदर्शी तरीके से कर रहा है।
- मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के लिए रेड अलर्ट और दक्षिण ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस के मॉस्को में हवाई यात्रा बाधित। 140 से अधिक उड़ानें रद्द। प्रमुख हवाई अड्डे बंद होने से यात्री फंसे।
—–
संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो गया है। यह सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 21 बैठकें होगी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह संसद का पहला सत्र है।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा व्यक्त की है कि संसद का मॉनसून सत्र सार्थक होगा और सकारात्मक चर्चाओं से भरपूर होगा। यह सत्र देश के लोकतंत्र को सशक्त बनाएगा। संसद के मॉनसून सत्र की शुरूआत से पहले संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह सत्र राष्ट्र के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। यह सत्र हमारी सामूहिक उपलब्धियों का सच्चा उत्सव है। प्रधानमंत्री ने सभी दलों के सांसदों से आज से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र की सुचारू कार्यवाही में सहयोग करने का आग्रह किया।
मैं इस वास्तविकता को स्वीकार करता हूं कि दलहित में मत भले ही न मिले, लेकिन देशहित में मन जरूर मिले। इसी एक भावना के साथ इस मॉनसून सत्र से देश के विकास यात्रा को बल देने वाले, देश की प्रगति को बल देने वाले, देश के नागरिकों को सामर्थ्य देने वाले अनेक विधेयक प्रस्तावित हैं। सदन विस्तृत चर्चा करके उसको भी पारित करेगा। मेरी सभी मान्य सांसदों से उत्तम डिबेट चलाने के लिए शुभकामनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल किया।
पहलगाम की क्रूर हत्या, अत्याचार, नरसंहार पूरी दुनिया चौक उठी थी। आतंकवादी और आतंकवादी के आके दुनिया का ध्यान उनकी तरफ केन्द्रित हुआ और उस समय दलहित छोड़ करके देशहित में हमारे ज्यादातर दलों के प्रतिनिधि, ज्यादातर राज्यों के प्रतिनिधि ने विश्व भ्रमण किया। दुनिया के अनेक देशों में गए और एक स्वर से दुनिया के सामने आतंकवादियों का आका पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक बहुत सफल अभियान चलाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने आतंकवाद से लेकर नक्सलवाद तक बहुत सी हिंसक चुनौतियों का सामना किया है लेकिन आज नक्सलवाद और माओवाद का प्रभाव तेजी से कम हो रहा है।
देश में सैकड़ों जिले नक्सल की चपेट में से निकल करके आज मुक्ति की सांस ले रहे हैं। हमें गर्व है कि बम, बंदूक और पिस्तौल के सामने हमारे देश का संविधान जीत रहा है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए साफ दिख रहा है कि कल तक जो रेड कॉरिडोर थे, वो आज ग्रीन ग्रोथ जोन में परिवर्तित होते नजर आ रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि कई देशों में यूपीआई की लोकप्रियता बढ़ने के साथ डिजिटल भारत, विश्व में धूम मचा रहा है।
डिजिटल इंडिया यूपीआई आज भारत के एक नए सामर्थ्य को दुनिया देख रही है, पहचान रही है और ज्यादातर देश में उसके प्रति एक आकर्षण पैदा हो रहा है। यूपीआई ने फिनटैक की दुनिया में अपना एक नाम कमाया है। रियल टाइम, डिजिटल ट्रांजेक्शन दुनिया में सबसे ज्यादा हो रहे हैं। दुनिया में जितने हो रहे हैं, अकेले भारत में उससे ज्यादा हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मॉनसून, नवाचार और नवीकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रही मौसम की स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के हाल के एक वैश्विक शिखर सम्मेलन में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के अनुसार भारत में अब 90 करोड़ से अधिक लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में हैं। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन का भी उल्लेख किया।
आंख की जो बिमारी ट्रेकोमा, अब भारत को डब्ल्यूएचओ ने, ट्रेकोमा फ्री घोषित किया है। तो आरोग्य के क्षेत्र में भी ये अपने आप में एक महत्वपूर्ण भारत के लिए सिद्धि है।
—–
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के सदस्यों की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। पहले स्थगन के बाद जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के आसन के पास आ गए। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने और शून्यकाल में भाग लेने की अपील की। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चर्चा के एजेंडे पर निर्णय लेने के लिए कार्य मंत्रणा समिति की बैठक दोपहर ढाई बजे निर्धारित है।
पहला दिन, इस तरह से हंगामा करना, ये तो ठीक नहीं है। नारा बाजी करके इस तरह का, समय का, लोग दुरुपयोग कर रहे हैं। इसलिए मैं अपील करता हूं कि सरकार चर्चा के लिए रेडी है, आप लोग आ जाइए चर्चा के लिए। जो भी बोलना है खुल के मैदान में चर्चा करेंगे। ये हंगामा करने से कुछ नहीं होता है। चर्चा करना है तो आप लोग आ जाइए, सरकार तो रेडी है चर्चा के लिए।
रक्षा मंत्री और लोकसभा में उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार किसी भी प्रस्तावित विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
—–
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि सरकार विपक्षी सदस्यों को सदन में बोलने नहीं दे रही है।
हाउस में डिफेंस मिनिस्टर को बोलने देते हैं। उनके लोगों को बोलने देते हैं। मगर अगर विपक्ष का कोई कुछ कहना चाहता है तो अलाउड नहीं है। मैं लीडर ऑफ अपोजिशन हूं, मेरा हक है, तो मुझे तो कभी बोलने ही नहीं देते हैं। तो ये नया अप्रोच है, मगर इशू ये है कि कन्वेंशन कहता है कि अगर सरकार के लोग कुछ बोलें तो हमें भी स्पेस मिलनी चाहिए।
—–
अब और जानकारी के लिए बात करते हैं संसद में मौजूद हमारे संवाददाता दीपेन्द्र से-
प्रश्न – दीपेन्द्र आज मॉनसून सत्र का पहला दिन है, दोनों सदनों में आज क्या प्रमुख मुद्दे छाए हुए हैं।
जानकारी के लिए धन्यवाद, दीपेन्द्र
—–
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा है कि विमान दुर्घटना जाँच ब्यूरो एयर इंडिया – 171 विमान दुर्घटना की जाँच पारदर्शी तरीके से कर रहा है। श्री नायडू ने कहा कि यह प्रक्रिया अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं, संबंधित अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों के साथ की जा रही है। आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि जाँच का प्रारंभिक चरण पूरा हो चुका है और एक प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है।
श्री नायडू ने कहा कि सरकार सच्चाई के साथ खड़ी रहना चाहती है और यह तभी सामने आएगा जब जाँच पूरी हो जाएगी।
—–
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। इस सत्र में कुल पाँच बैठकें होंगी। सत्र 25 जुलाई को समाप्त होगा।
—–
बम्बई उच्च न्यायालय ने आज निर्णायक साक्ष्य की कमी का हवाला देते हुए 2006 के मुंबई ट्रेन धमाका मामले में 12 दोषियों को बरी कर दिया है। न्यायाधीश अनिल किलोर और श्याम चांडक की एक विशेष खंडपीठ ने कहा कि दोषियों के विरूद्ध मामला साबित करने में अभियोजन पक्ष पूरी तरह से विफल रहा।
—–
जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले पुराने रास्ते पर कल शाम हुए भीषण भूस्खलन में एक श्रद्धालु की मौत हो गई और पांच तीर्थयात्रियों सहित नौ अन्य घायल हो गए। तेज बारिश के कारण गुलशन का लंगर के पास भूस्खलन हुआ। राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और स्थानीय स्वयंसेवक बचाव कार्य में लगे हैं। यात्रा स्थगित कर दी गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
—–
हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश जारी है और मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक अत्याधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। ब्योरा हमारे संवाददाता से –
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले बारह घंटों से लगातार बारिश हो रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में भूस्खलन से इस समय 3 राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित चार सौ 68 सड़कें बंद हैं। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, मंडी और सिरमौर में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जबकि तीन अन्य जिलों चंबा, कुल्लू और शिमला में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन द्वारा आज कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला के कुछ स्थानों में सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
—–
मौसम विभाग ने आज उत्तरी तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के जेनामणि ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि दक्षिणी ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
21 जुलाई के लिए हमारा रेड कलर वॉर्निंग है जम्मू रीजन के लिए और आगे बात करें तो वेस्टर्न हिमालयन रीजन में सिस्टम जो है फेवरेबल मॉनसून कंडीशन की वजह से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड में भी काफी बारिश चल रहा है, तो इसलिए जो है रेड कलर का वॉर्निंग हिमाचल प्रदेश में भी दिया गया है। पूर्व भारत में मेनली जो है आंध्रप्रदेश है और उसी के साथ-साथ दक्षिण ओडिशा, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ इस जगह में जो भारी बारिश का ऑरेंज कलर का वॉर्निंग है।
इस बीच, दिल्ली और आस-पास के क्षेत्र में दिन में बादल छाए रहने और सामान्य वर्षा की संभावना है।
—–
सावन माह के दूसरे सोमवार को देशभर के सभी शिवालयों में भक्त सुबह से ही दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान शिव की सवारी धूमधाम से निकाली जाएगी। एक रिपोर्ट –
उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकाल मंदिर में परंपरागत रूप से ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की दूसरी सवारी धूमधाम से निकाली जाएगी। वहीं खण्डवा जिले की तीर्थ नगरी ओम्कारेश्वर में भगवान ओम्कारेश्वर और भगवान ममलेश्वर की सवारी शाम चार बजे विधिवत पूजन-अर्चन के साथ ओम्कारेश्वर मन्दिर के सभा मण्डप से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण पर रवाना होगी। मंदसौर के पशुपति नाथ और जबलपुर में गुप्तेश्वर महादेव सहित प्रदेश के सभी मंदिरों में प्रशासन ने दर्शनों के लिए विशेष व्यवस्था की है। अभिषेक कटियार आकाशवाणी समाचार भोपाल।
—–
रूस पर यूक्रेन द्वारा किए गए कई ड्रोन हमलों के कारण मॉस्को के मुख्य हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। इस कारण कम से कम 140 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रूस की मीडिया ने खबर दी है कि शेरेमेत्येवो, वनुकोवो, दोमोडेदोवो, झुकोवस्की हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। इन व्यवधानों के कारण पूरे देश में यात्रा प्रभावित हुई है।
—–
शतरंज में कोनेरू हम्पी ने फिडे महिला शतरंज विश्व कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहुँच कर इतिहास रचा है। आज क्वार्टर फाइनल में दिव्या देशमुख और हरिका द्रोणावल्ली का मुकाबला होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजकर 35 मिनट पर शुरू होगा।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र को देश की सामूहिक उपलब्धियों का सच्चा उत्सव बताया। श्री मोदी ने कहा-ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरे विश्व ने भारत की सैन्य शक्ति देखी, जब पहलगाम आतंकी हमले के षडयंत्रकारियों के ठिकानों को मिनटों में ध्वस्त किया गया।
- मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष के विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित। राज्यसभा की कार्यवाही जारी।
- सरकार ने कहा–विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो एयर इंडिया-171 विमान दुर्घटना की जाँच पारदर्शी तरीके से कर रहा है।
- मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश के लिए रेड अलर्ट और दक्षिण ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस के मॉस्को में हवाई यात्रा बाधित। 140 से अधिक उड़ानें रद्द। प्रमुख हवाई अड्डे बंद होने से यात्री फंसे।
*****