July 19, 2025 4:04 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा-विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए तकनीकी आधार तेजी से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवा पेशेवरों से विश्‍व स्‍तरीय तकनीक और उत्‍पाद तैयार करने का आह्वान भी किया।

 

  • प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामलों में गूगल और मेटा को नोटिस जारी किया।

 

  • सीरिया पर इस्राइल के हमलों के बाद इज़राइल और सीरिया युद्धविराम पर सहमत।

 

  • मौसम विभाग ने आज केरल और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की।

 

  • महिला शतरंज विश्व कप में भारत की चार खिलाड़ी क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचीं। यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत पहला देश बना।

 

  • महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा एक दिवसीय मैच आज लॉर्ड्स में खेला जाएगा।

 

******************

इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए तकनीकी आधार तेजी से तैयार किया जा रहा है। आईआईटी-हैदराबाद में आज दीक्षांत समारोह में भारत के तकनीक आधारित भविष्‍य का उल्‍लेख करते हुए श्री वैष्‍णव ने युवा पेशेवरों से विश्‍व स्‍तरीय तकनीक और उत्‍पाद तैयार करने का आह्वान भी किया।

 

श्री वैष्णव ने घोषणा की कि इस वर्ष पहली स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप तैयार हो जाएगी। रेलवे में किए जा रहे सुधारों पर श्री वैष्‍णव ने कहा कि देश में पहली बुलेट ट्रेन वर्ष 2027 में चलेगी। भारत के एआई मिशन के बारे में श्री वैष्‍णव ने कहा कि विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को एआई के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 

श्री वैष्णव ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत, वर्ष 2047 तक विश्‍व की शीर्ष दो अर्थव्‍यवस्‍थाओं में शामिल हो जाएगा।

******************

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि भारत का वर्ष 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनना तय है  और इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होगी। केरल में आईआईटी पलक्कड़ के दीक्षांत समारोह में उन्‍होंने विद्यार्थियों से परिवहन, आवास, चिकित्सा सुविधाओं और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

 

 शिक्षा मंत्री ने 328 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। श्री प्रधान ने कहा कि आईआईटी पलक्कड़ विकसित भारत में योगदान के लिए प्रतिबद्ध है।

******************

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने के लक्ष्‍य को हासिल करने के लिए नशामुक्‍त युवा के महत्‍व पर जोर दिया है। आज वाराणसी में आज युवा आध्‍यात्मिक सम्‍मेलन के प्रारंभिक सत्र को संबोधित करते हुए श्री मांडविया ने नागरिकों से राष्‍ट्र निर्माण को प्राथमिकता देने और नशामुक्‍त भारत अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्‍होंने सभी लोगों से इस अभियान में अपने साथ कम से कम पांच युवाओं को जोड़ने की शपथ लेने का भी आह्वान किया।

 

प्रधानमंत्री जी ने कई बार अपने मन की बात में और सार्वजनिक कार्यक्रम में देश के युवा एडिक्‍शन से दूर रहे नशा मुक्‍त हो आने वाले दिनों में सरकार की ओर से तो प्रयास हो रहा है। एजुकेशन मिनिस्‍ट्री अपने ओर से प्रयास करता है, सांस्‍कृतिक विभाग अपने ओर से प्रयास करता है, राज्‍य सरकार अपने ओर से प्रयास करती है। हमें हमारे देश को विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हमें युवा फॉर नशा मुक्ति विकसित भारत बनाना है।

 

सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्‍द्र कुमार ने विभिन्‍न कार्यक्रमों और पहल के माध्‍यम से युवाओं में नशे की लत से मुकाबला करने के सरकार के जारी प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

 

केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय ने वाराणसी के आध्‍यात्मिक महत्‍व का उल्‍लेख किया और सम्‍मेलन के दौरान साझा किए गए संदेशों के स्‍थायी प्रभाव पर जोर दिया। इस सम्‍मेलन में सामाजिक, सांस्‍कृतिक और आध्‍यात्‍म से जुड़े सौ संगठनों ने हिस्‍सा लिया। यह सम्‍मेलन काशी घोषण पत्र जारी होने के साथ ही कल संपन्‍न हो जाएगा।

******************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया के लेख का उल्‍लेख करते हुए कहा है कि युवा आध्‍यात्मिक शिखर सम्‍मेलन नशामुक्‍त भारत के निर्माण में एक बड़ा कदम है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि श्री मांडविया ने लेख में विस्‍तार से बताया है कि यह शिखर सम्‍मेलन नशामुक्‍त भारत के निर्माण में कैसे मदद कर रहा है। 

******************

प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामलों में तकनीकी कंपनियों गूगल और मेटा को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार निदेशालय ने दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को सोमवार को दिल्ली मुख्यालय में पेश होने के लिए बुलाया है। एजेंसी  ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका की जांच कर रही है।

******************

जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस के अंतर्गत काउंटर इंटेलिजेंस कश्‍मीर- सीआईके, इस क्षेत्र के चार जिलों में दस स्‍थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। सीआईके अधिकारियों ने कहा कि ये तलाशी अभियान आतंकवादी स्लीपर सेल के आतंकवाद से जुड़े अपराध की जांच और सीमा पार से जैश-ए-मोहम्मद गुट के आतंकवादी कमांडर अब्दुल्ला गाजी द्वारा संचालित भर्ती मॉड्यूल के संबंध में चलाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया है कि यह अभियान दक्षिण कश्‍मीर के पुलवामा जिले में एक स्‍थान, मध्‍य कश्‍मीर के गांदरबल जिले में छह स्‍थानों, श्रीनगर में एक और बडगाम जिले में दो स्‍थानों पर जारी है।  

******************

डाक विभाग ने अगली पीढ़ी के एपीटी एप्लिकेशन शुरू करने की घोषणा की है। यह एप्लिकेशन बेहतर उपयोग, तेज़ सेवा और अधिक ग्राहक-अनुकूल इंटरफ़ेस प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि इस उन्नत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर निर्बाध और सुरक्षित बदलाव करने के लिए, सोमवार को एक निश्चित समय निर्धारित किया गया है।

******************

उत्तर प्रदेश में यमुना एक्‍सप्रेस-वे पर आज सुबह दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की मृत्‍यु हो गई और 19 घायल हो गए। मथुरा के वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक श्‍लोक कुमार ने बताया है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।

 

पहला एक्‍सीडेंट 140 माइलस्‍टोन पर रात्रि तीन बजे इसमें चलती इको का सामने चल रहे ट्रक में जाकर घुस गई, संभवत ड्राइवर को नींद आने के चलते यह घटना हुई है। घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दूसरी घटना 151 माइलस्‍टोन पर रात्रि चार बजे के करीब यह घटना हुई, इसमें एक प्राइवेट बस है उसमें भी ड्राइवर को मोस्‍ट प्रोबेबली नींद आने के कारण यह बस ऑवर टर्न कर गई जिससे कि उसमें सवार लोग मध्‍य प्रदेश जा रहे थे। इसमें घायल हैं उनको अस्‍पताल में भर्ती कराया गया।

******************

सिक्किम में नाथूला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। आज नाथूला से तिब्‍बत स्‍वायत्तशासी क्षेत्र के लिए छठे जत्‍थे की यात्रा शुरू हुई। एक रिपोर्ट-

 

अब तक चार जत्‍थों की यात्रा सफलता पूर्वक पूरी हो गई है जबकि पांचवां जत्‍था यात्रा पूरी करने के बाद गंगतोक के लिए रवाना हो गया है। नाथूला मार्ग से चार और जत्‍थे मानसरोवर यात्रा के लिए जाएंगे। सभी जत्‍थों के साथ डॉक्‍टर, रसोइए और संपर्क अधिकारी भी जा रहे हैं। देश के विभिन्‍न भागों से आ रहे यात्रियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्‍ध कराने के लिए सेना, आईटीबीपी, सीमा सड़क संगठन, बीएसएनएल, सिक्किम सरकार और अन्‍य एजेंसिया लगातार काम कर रही है। गंगटोक से मानस की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

******************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने स्‍वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे को आज उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे के साहस और वीरता की कहानियां देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

गृह मंत्री ने मंगल पांडे देश भक्ति का प्रेरणा स्रोत बताया है।

******************

तुर्किए में अमरीका के राजदूत टॉम बैरक ने कहा है कि सीरिया पर इस्राइल के हमले के बाद दोनों देश युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। इस्राइल ने दावा किया है कि ये हमले अरब धार्मिक अल्पसंख्यक ड्रूज़ समुदाय की रक्षा के लिए किए गए थे। दोनों देशों के बीच युद्धविराम की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब सीरिया के दक्षिणी स्वेदा प्रांत में ड्रूज़ समूहों और बेडौइन कबीलों के बीच फिर संघर्ष शुरू हो गया। संघर्ष में 300 से अधिक लोग मारे गए हैं और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं।

******************

चीन ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है और इस क्षेत्र के देशों से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए आतंकरोधी सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया है। इस आतंकी हमले में शामिल होने के लिए अमरीका द्वारा पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने पर चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है।

******************

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्‍प ने वॉल स्ट्रीट जर्नल और उसके मालिकों पर दस अरब डॉलर की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अखबार के मालिकों में श्री रूपर्ट मर्डोक और श्री डॉव जोन्स सहित अन्य शामिल हैं। मियामी की संघीय अदालत में दायर मान‍हानि के मुकदमे में श्री ट्रम्‍प ने आरोप लगाया कि इस खबर ने उनकी प्रतिष्ठा और वित्तीय स्थिति को नुकसान पहुंचाया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल के प्रकाशित समाचार में कहा गया था कि वर्ष 2003 में जेफ्री एपस्टीन को जन्मदिन की शुभकामना देने वालों की सूची में श्री ट्रम्‍प का नाम भी शामिल था।

******************

फिडे महिला शतरंज विश्व कप में ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी, डी हरिका, आर वैशाली और अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। जॉर्जिया के बटुमी में प्री क्‍वार्टर फाइनल में कल इन चारों ने टाईब्रेक मैच जीतकर ये उपलब्धि हासिल की। इसके साथ भारत ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल चरण में चार खिलाड़ियों के साथ पहला देश बनकर इतिहास रच दिया है। हम्पी ने स्विट्जरलैंड की एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को पराजित किया। दिव्या ने चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त झू जिनर को हराकर उलटफेर किया। हरिना ने रूस की कैटरीना लागनो से पहला गेम हारने के बाद वापसी की और दूसरा गेम जीता, फिर ड्रॉ खेला और फिर टाईब्रेक में जीत हासिल की। वैशाली भी टाईब्रेक जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं। अब खिताब और शीर्ष तीन स्थानों के लिए भारत और चीन के बीच मुकाबला होगा।  उधर क्रिकेट में मेज़बान इंग्‍लैड और भारत की महिला टीमों के बीच तीन एक दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रंखला का दूसरा मैच आज लंदन के लॉडर्स मैदान पर खेला जाएगा। समाचार कक्ष से सौरभ अग्रवाल।

******************

हॉकी इंडिया ने आज सीनियर महिला राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए 40 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की घोषणा की है। यह शिविर 21 जुलाई से 29 अगस्त तक बेंगलुरु में आयोजित किया जायेगा। यह शिविर महिला हॉकी टीम 5 सितंबर से चीन के हांगझोऊ में होने वाले महिला एशिया कप की तैयारी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

******************

मौसम विभाग ने आज माहे और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक कोंकण, गोवा और कर्नाटक के विभिन्न भागों में भी मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में, मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर के जेनामणि ने कहा कि आज उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में अत्यधिक तेज वर्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग से जो अपडेट है, जो डिपरेशन था उत्तर पश्चिमी राजस्‍थान में चुरू के पास वो अभी भी केन्‍द्रीभूत है और उसी के कारण से भारी बारिश और अति भारी बारिश मेनली पश्चिमी राजस्‍थान में रहेगा उत्तरी भाग में तो इसलिए रेड अलर्ट जारी है। अदरवाइज गुजरात और कर्नाटक, केरला और कोंकण, गोवा, मध्‍य महाराष्‍ट्र में भी ऑरेंज अलर्ट का वार्निंग जारी है। पूर्व भारत में ऐसी कोई मेजर वार्निंग नहीं है, क्‍योंकि मानसून वीक में चल रहा है।

******************

मौसम विभाग ने केरल में अत्यधिक तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। राज्‍य के पांच उत्‍तरी जिलों- कासरगोड, कन्‍नूर, वायनाड, कोझिकोड और मलप्पुरम में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पलक्कड़, त्रिशूर, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूरे राज्‍य में 23 जुलाई तक मूसलाधार वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। कासरगोड और कन्‍नूर जिलों में कल तक के लिए रेड अलर्ट जबकि सात अन्‍य जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटों पर समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के शैक्षणिक संस्थानों में आज अवकाश रहा। 

******************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा-विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए तकनीकी आधार तेजी से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवा पेशेवरों से विश्‍व स्‍तरीय तकनीक और उत्‍पाद तैयार करने का आह्वान भी किया।

 

  • प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामलों में गूगल और मेटा को नोटिस जारी किया।

 

  • सीरिया पर इस्राइल के हमलों के बाद दोनों देश युद्धविराम पर सहमत।

 

  • मौसम विभाग ने आज केरल और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की।

 

  • महिला शतरंज विश्व कप में भारत की चार खिलाड़ी क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंची। यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत पहला देश बना।

 

  • महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा एक दिवसीय मैच आज लॉर्ड्स में खेला जाएगा।  

 

******************