Download
Mobile App

android apple
signal

May 15, 2025 4:09 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

  • रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सशस्त्र बलों को बधाई दी। कहा-पाकिस्तान के हाथों में परमाणु हथियार सुरक्षित नहीं हैं और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी-आई.ए.ई.ए.को इसे अपने नियंत्रण में ले लेना चाहिए।
  • जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के नादेर गांव में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए।
  • सेना ने मणिपुर के चंदेल जिले में 10 उग्रवादियों को मार गिराया।
  • बलूच राष्ट्रवादी नेताओं ने क्षेत्र में दशकों से जारी हिंसा और जबरन लोगों को गायब करने का हवाला देते हुए पाकिस्तान से आजादी की घोषणा की।
  • और, बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 का आज शाम समापन।

 

————————————-

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पिछले कई दशकों से    पाकिस्‍तान तथा पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू कश्‍मीर से फैलाये जा रहे आतंक के खिलाफ भारत की कठोर और कडी कार्रवाई है।

 

ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत द्वारा चलाई गई अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई है। 35-40 वर्षों से भारत सरहद पार से चलाई जा रही आतंकवाद का सामना कर रहा है। आज भारत ने पूरी दुनिया को ये साफ कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हम किसी भी हद तक जा सकते हैं।   

 

रक्षा मंत्री ने आज श्रीनगर में सेना के 15 कोर बादामी बाग छावनी में सैनिकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्‍होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना के साहस, शौर्य और कुशलतापूर्वक की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि देश को उनके साहस, संकल्‍प, समर्पण पर गर्व है।

 

प्रधानमंत्री माननीय नरेन्‍द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्‍व और मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आप ने जो कुछ भी किया है, उस पर पूरे देश को गर्व की अनुभूति हो रही है। पहलगाम हमले के बाद जम्‍मूकश्‍मीर की जनता ने पूरी एकजुटता के साथ और पाकिस्‍तान और साथ ही साथ आतंकवादियों के प्रति जिस प्रकार से अपने गुस्‍से का इजहार किया है, मैं जम्‍मूकश्‍मीर की जनता का भी अभिनंदन करता हूं।  

 

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्‍तान के परमाणु हथियार, अंतर्राष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षण में लिये जाने चाहिए।

 

पूरी दुनिया ने देखा है कि कैसे गैरजिम्‍मेदाराना तरीके से पाकिस्‍तान द्वारा भारत को अनेक बार एटमी धमकियां दी गई हैं। श्रीनगर की धरती से, मैं पूरी दुनिया के सामने यह सवाल उठाना चाहता हूं कि क्‍या ऐसे गैरजिम्‍मेदार और रोगनेशन के हाथों में परमाणु हथियार सुरक्षित हैं। मैं मानता हूं कि पाकिस्‍तान के एटमी हथियारों को इंटरनेशनल एटामिक एनर्जी एजेंसी की निगरानी में लिया जाना चाहिए। 

 

ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद श्री राजनाथ सिंह का जम्‍मू कश्‍मीर का यह पहला दौरा है। 22 अप्रैल को पहलगाम आंतकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के तहत  पाकिस्‍तान तथा पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया था।

 

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रूख और संदेश को स्‍पष्‍ट कर दिया है। उन्‍होंने यह भी कहा कि आतंकवाद और वार्ता साथ-साथ नहीं चल सकते तथा भविष्‍य में पाकिस्‍तान के साथ वार्ता सिर्फ आतंकवाद और पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले जम्‍मू कश्‍मीर के मुद्दे पर होगी। 

 

————————————-

 

पााकिस्‍तान सरेआम आतंकवाद से लडने का संकल्‍प तो लेता है लेकिन उसके द्वारा वैश्विक रूप से प्रतिबंधित आतंकवादियों को पनाह और वैधता देना जारी है। एक रिपोर्ट –

 

चरमपंथियों और आतंकवादियों की पाकिस्तान की राजनीति की मुख्यधारा में सक्रियता लंबे समय से रही है। वहां की राजनीति में घोषित आतंकवादी फैसल नदीम की सक्रिय उपस्थिति एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में इस्लामाबाद के दोहरे चरित्र को उजागर करती है। सार्वजनिक रूप से पहले से ही ऐसे ढेरों सबूत मौजूद हैं जो साबित करते हैं कि लश्करतैयबा और जैशमोहम्मद जैसे आतंकी संगठन का पाकिस्तानी सेना और सरकार के साथ गहरा नाता है। हाल ही में, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घोषित आतंकी संगठन लश्करतैयबा और अहले सुन्नत वल जमात ने कराची में पाकिस्तान सेना के समर्थन में एक रैली में कट्टरपंथियों के साथ हाथ मिलाया, जो आतंकी संगठनों को इस्लामाबाद के संरक्षण का एक और बड़ा उदाहरण है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

————————————-

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए जयपुर में आज तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई, बड़ी चौपड़ तक की यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है।

 

————————————-

 

पंजाब के जालंधर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस ऑपरेशन के दौरान सेना का साहस, पराक्रम और रणनीति प्रत्‍येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

 

————————————-

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्‍साह के बीच समग्र राष्‍ट्र भारतीय जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। सशस्‍त्र बलों के प्रति सम्‍मान के रूप में आकाशवाणी समाचार ने विशेष श्रृंखला शुरु की है। आज हम परमवीर चक्र विजेता कैप्‍टन विक्रम बत्रा का स्‍मरण कर रहे हैं, जिन्‍होंने करगिल युद्ध के दौरान देश के लिए सर्वोच्‍च बलिदान किया था।

 

हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के निवासी कैप्‍टन विक्रम बत्रा ने भारतीय सैन्‍य अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्‍त किया और उन्‍हें 13वीं बटालियन जम्‍मू और कश्‍मीर राइफल्‍स में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली। कारगिल युद्ध के दौरान कैप्‍टन विक्रम बत्रा की यूनिट को द्रांस सबसेक्‍टर में रणनीतिक रूप से महत्‍वपूर्ण पर्वत शिखर प्‍वाइंट चार आठ सात पांच पर कब्‍जा करने का काम सौंपा गया था। सात जुलाई 1999 की रात को प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद कैप्‍टन बत्रा प्‍वाइंट चार आठ सात पांच पर कब्‍जा करने के लिए आगे बढ़े। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वे दुश्‍मन की ओर आगे बढे और अपनी व्‍यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना आक्रमण किया। कैप्‍टन बत्रा की बहादूरी की बदोलत भारत ने पाइंट चार आठ सात पांच पर कब्‍जा कर लिया लेकिन दुर्भाग्‍य से वे वीरगति को प्राप्‍त हो गए। युद्ध के दौरान उनका एक रेडियो संदेश यह दिल मांगे मोर बाद में कारगिल युद्ध का कैच लाइन बन गया।

 

उन्‍हें मरणोपरांत भारत का सर्वोच्‍च सैन्‍य सम्‍मान परमवीर चक्र से सम्‍मानित किया गया। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

————————————-

 

जम्मू-कश्मीर में अवंतीपोरा के नादर त्राल क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। इन आतंकवादियों की अभी पहचान नहीं की जा सकी है। यह अभियान आज सुबह शुरू किया गया था। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी के बिरदी ने आकाशवाणी समाचार के कश्‍मीर केंद्र को बताया कि इस अभियान के दौरान तीन हथियारबंद आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त दल द्वारा नादर त्राल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की विशिष्ट सूचना के आधार पर तलाशी अभियान और घेराबंदी अभियान शुरू किया गया था।

 

————————————-

 

मणिपुर में कल शाम चंदेल जिले के न्यू सोमटाल गांव में असम राइफल्स के जवानों के साथ गोलीबारी में कम से कम 10 संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। यह घटना भारतीय-म्यांमा सीमा के पास हुई। आर्मी की पूर्वी कमान के अनुसार असम राइफल्स की एक टीम ने क्षेत्र में हथियारबंद काडर के मूवमेंट की विशिष्ट खुफिया जानकारी मिलने के बाद अभियान शुरू किया जिसके बाद मुठभेड शुरू हो गई। पूर्वी कमान ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि अभियान के दौरान, सैनिकों पर संदिग्ध उग्रवादियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में सैनिकों ने तुरन्‍त इस फायरिंग का जवाब दिया। इस गोलीबारी के परिणामस्वरूप, 10 उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया और बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद भी बरामद किया गया। असम राइफल्स के सूत्रों ने कहा कि ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। सुरक्षा बलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 

————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मत्‍स्‍य पालन क्षेत्र की प्रगति और भविष्‍य की योजनाओं की समीक्षा के लिए आज एक बैठक की अध्‍यक्षता की। इसमें गहरे समुद्र में मछली पकडने और समुद्री आहार के निर्यात पर विचार विमर्श किया गया। 

 

————————————-

 

तमिलनाडु विधेयक मामले में सर्वोच्‍च न्‍यायालय के फैसले के बाद राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्‍यायालय से सवाल पूछे हैं। उन्‍होंने कहा कि संविधान में निर्धारित समय सीमा की व्‍यवस्‍था न होने पर भी क्‍या विधेयकों की मंजूरी के लिए राज्‍यपालों पर कोई समय सीमा तय की जा सकती है ? संविधान के अनुच्‍छेद 143 (1) के तहत राष्‍ट्रपति को विधि और लोक महत्‍व के मामलों में सर्वोच्‍च न्‍यायालय की राय लेने का अधिकार है। एक रिपोर्ट –

 

राष्‍ट्रपति ने 14 सवालों पर न्‍यायालय की राय पूछी है। इसमें कहा गया है कि संविधान के अनुच्‍छेदों 200 और 201 जिसमें राज्‍यपालों और राष्‍ट्रपति के लिए विधेयकों की मंजूरी की प्रक्रिया निर्धारित की गई है, उसमें किसी तरह की समय सीमा या विशेष प्रक्रिया संबंधी आवश्‍यकताओं का उल्‍लेख नहीं है। राष्‍ट्रपति ने शीर्ष न्‍यायालय से पूछा है कि संविधान के अनुच्‍छेद-200 के अंतर्गत जब राज्‍यपाल को विधेयक मंजूरी के लिए भेजा जाता है उस समय उसके पास क्‍या संवैधानिक विकल्‍प है। इसके अतिरिक्‍त यह भी पूछा गया है कि अगर विधेयकों पर राज्‍यपाल द्वारा संविधान के अनुसार लिया गया फैसला न्‍यायसंगत हो, तो संविधान के अनुच्‍छेद-361 के तहत उनके फैसलों पर कब न्‍यायिक समीक्षा को पूरी तरह रोका जा सकता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय के उस निर्देश पर सवाल उठाया है, जिसमें कहा गया है कि विधेयकों पर तय समयसीमा में मंजूरी न देने की स्थिति में उसे स्‍वीकृत मान लिया जाएगा। समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

 

————————————-

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि वह 20 मई को वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अंतरिम राहत पर विचार करेगा। प्रधान न्यायाधीश बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को 19 मई तक अपने लिखित नोट दाखिल करने का निर्देश दिया है। पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई 20 मई को होगी।

 

————————————-

 

भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार ने आज संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। डॉ. कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1985 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उन्होंने पूर्व में अगस्त 2019 से अक्टूबर 2022 तक रक्षा सचिव के पद पर कार्य किया था।

 

————————————-

 

उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज एक चलती बस में भीषण आग लगने से दो बच्‍चों सहित पांच लोगों की मृत्‍यु हो गई। लखनऊ दक्षिण के पुलिस उपायुक्‍त निपुण अग्रवाल ने बताया कि बस में लगभग सत्‍तर लोग सवार थे। शुरूआती जांच से पता चला है कि बस का आपातकालीन दरवाजा न खुलने से पिछली सीटों पर बैठे यात्री आग की चपेट में आ गए और समय से बाहर नहीं निकल पाये। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चला है। जांच जारी है।

 

————————————-

 

बलूचिस्‍तान में राष्‍ट्रवादी नेताओं ने पाकिस्‍तान से आजादी की घोषणा कर दी है।   उन्‍होंने इस क्षेत्र में दशकों से चल रही हिंसा और मानवाधिकार उल्‍लंघनों का हवाला दिया। सोशल मीडिया में स्‍वतंत्र बलूचिस्‍तान के प्रस्‍तावित राष्‍ट्रीय ध्‍वज और मानचित्र की तस्वीरें लगातार आ रही हैं। प्रमुख बलूच नेता और लेखक मीर यार बलूच ने कहा कि पाकिस्‍तान अधिकृत बलूचिस्‍तान के लोग आज़ादी की मांग करते हुए और ”बलूचिस्‍तान, पाकिस्‍तान नहीं है” की घोषणा करते हुए सड़कों पर निकल आए हैं।

 

————————————-

 

और अब खबरें खेलो इंडिया से

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स आज शाम सम्‍पन्‍न हो रहे हैं। बिहार के पटना में कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम साढे छह बजे आयोजित रंगारंग समारोह के साथ यूथ गेम्स का समापन होगा। एक रिपोर्ट –

 

आज आखिरी दिन पटना और राजगीर में बास्केटबॉल, कुश्ती और तलवारबाजी में पदक के लिए निर्णायक मुकाबले खेले जा रहे हैं। लड़कों की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने आज सुबह दिल्ली को हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं पंजाब की लड़कियों की टीम ने महाराष्ट्र को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का चैंपियन बनने के लिए पूरी तरह से तैयार है। महाराष्ट्र 56 स्वर्ण और 45 रजत सहित 149 पदक जीतकर पहले स्थान पर है। हरियाणा ने 107 पदकों के साथ शानदार वापसी करते हुए 35 स्वर्ण और 26 रजत जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं राजस्थान 22 स्वर्ण सहित 55 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। धर्मेन्‍द्र की रिर्पोट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार। 

 

————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सशस्त्र बलों को बधाई दी। कहा-पाकिस्तान के हाथों में परमाणु हथियार सुरक्षित नहीं हैं और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी-आई.ए.ई.ए.को इसे अपने नियंत्रण में ले लेना चाहिए।
  • जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के नादेर गांव में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए।
  • सेना ने मणिपुर के चंदेल जिले में 10 उग्रवादियों को मार गिराया।
  • बलूच राष्ट्रवादी नेताओं ने क्षेत्र में दशकों से जारी हिंसा और जबरन लोगों को गायब करने का हवाला देते हुए पाकिस्तान से आजादी की घोषणा की।
  • और, बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 का आज शाम समापन।

 

————————————-